
सुशील जायसवाल
कोरबा। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का गंभीर मामला सामने आया है। पोड़ीउपरोड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत दसमहझुड़ा में आयोजित शासकीय कार्यक्रम के दौरान नियमों के विरुद्ध राष्ट्रीय ध्वज उल्टा फहराए जाने का आरोप लगाया गया है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।
ग्रामीणों द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोड़ीउपरोड़ा को लिखित शिकायत सौंपकर बताया गया कि 26 जनवरी 2026 को ग्राम पंचायत भवन में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान ग्राम सरपंच द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का सही प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया, जिससे तिरंगे का अपमान हुआ। शिकायत में इसे गंभीर एवं दंडनीय कृत्य बताते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन में यह भी उल्लेख है कि घटना से संबंधित फोटो साक्ष्य संलग्न किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय प्रतीक का अपमान किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है और ऐसे कृत्य पर त्वरित कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो।
मामले ने पूरे क्षेत्र में चर्चा और नाराजगी का माहौल बना दिया है। अब प्रशासन की भूमिका पर सभी की निगाहें टिकी हैं कि जांच के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है। यह मामला कोरबा जिला में संवेदनशील विषय बन गया है।







