तिहाड़ जेल से छूटते ही बना लुटेरा, बिलासपुर में होटल व्यवसायी को बनाया निशाना

✍️ भागीरथी यादव

 

दिल्ली का आरोपी अनुपपुर से गिरफ्तार, फरार साथियों की तलाश तेज

बिलासपुर।

दिल्ली की कुख्यात तिहाड़ जेल से हत्या के मामले में सजा काटकर बाहर निकला एक अपराधी बिलासपुर में लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। सरकंडा थाना क्षेत्र में होटल व्यवसायी से पिस्टल अड़ाकर लूटपाट के प्रयास के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मध्यप्रदेश के अनुपपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

सुबह-सुबह हथियार के दम पर लूट का प्रयास

पुलिस के अनुसार, 19 दिसंबर की सुबह करीब 7:15 बजे, जबड़ापारा निवासी लखन उर्फ निटी देवांगन अपनी एक्टिवा से कंपनी गार्डन के पास स्थित समोसा दुकान जा रहा था। आनंद डेयरी के पास पहुंचते ही बाइक सवार तीन युवकों ने रास्ता रोक लिया। पीछे बैठे आरोपी ने पीड़ित की गर्दन में पहनी सोने की चेन पकड़कर कट्टा अड़ा दिया और “चेन दे दो, नहीं तो गोली मार दूंगा” कहते हुए फायर कर जान से मारने की धमकी दी।

हालांकि, पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया, जिससे घबराकर आरोपी मुख्य सड़क की ओर फरार हो गए।

तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस को मिली बड़ी सफलता

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में एसीसीयू, साइबर सेल और सरकंडा थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों का लोकेशन अनुपपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेस हुआ।

पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर गगनदीप बंसल, निवासी दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया।

तिहाड़ जेल में बनी दोस्ती, बाहर आकर शुरू किया अपराध

पूछताछ में गगनदीप बंसल ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह पूर्व में तिहाड़ जेल में हत्या के मामले में बंद था, जहां उसकी दोस्ती विजय लाम्बा (दिल्ली) से हुई। जेल से रिहा होने के बाद विजय लाम्बा, आमीर और शकील के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और बिलासपुर में वारदात को अंजाम दिया।

चोरी की बाइक, रेलवे स्टेशन पर छोड़ी

घटना को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने तखतपुर और अम्बिकापुर से दो मोटरसाइकिल चोरी की थीं। वारदात के बाद दोनों बाइक को बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों बाइक बरामद कर ली हैं।

मुख्य आरोपी फरार, हथियार की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, वारदात में प्रयुक्त देशी कट्टा फिलहाल फरार आरोपी विजय लाम्बा के पास है। आरोपी विजय लाम्बा, आमीर और शकील की तलाश लगातार की जा रही है।

पुलिस का सख्त संदेश

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जेल से छूटकर दोबारा अपराध करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

  • Related Posts

    प्रशासनिक फेरबदल, कई तहसीलदारों का तबादला

    ✍️ भागीरथी यादव       बिलासपुर, 9 मार्च 2026। जिला कलेक्टर बिलासपुर द्वारा प्रशासनिक दृष्टि से जिले में पदस्थ तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों के साथ ही कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के प्रभार में फेरबदल करते हुए नए पदस्थापन के आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार कई तहसीलदारों का स्थानांतरण कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश के तहत गरिमा ठाकुर को अति. तहसीलदार बिलासपुर से तहसीलदार सीपत, सोनू अग्रवाल को तहसीलदार सीपत से तहसीलदार रतनपुर, संदीप कुमार साहू को तहसीलदार बोदरी से तहसीलदार मस्तूरी, शिल्पा भगत को तहसीलदार रतनपुर से तहसीलदार बोदरी तथा जयंती देवांगन को तहसीलदार मस्तूरी से तहसीलदार नजूल पदस्थ किया गया है। इसी तरह पंकज सिंह को अधीक्षक भू-अभिलेख से सहायक प्रोटोकॉल अधिकारी बिलासपुर, समर्थ ध्रुवदत्त को नायब तहसीलदार बेलगहना से नायब तहसीलदार बेलतरा, श्रद्धा सिंह को नायब तहसीलदार गनियारी से नायब तहसीलदार पचपेड़ी, राहुल साहू को नायब तहसीलदार बेलतरा से नायब तहसीलदार बेलगहना, टोपलाल सिदार को नायब तहसीलदार बेलतरा से नायब तहसीलदार उप तहसील सकरी पदस्थ किया गया है। इसके अलावा ओम प्रकाश चंद्रवंशी को नायब तहसीलदार बोदरी से नायब तहसीलदार गनियारी, विनीता शर्मा को नायब तहसीलदार पचपेड़ी से नायब तहसीलदार बिलासपुर तथा सहोदरिक को नायब तहसीलदार उप तहसील सकरी से नायब तहसीलदार तहसील बेलतरा पदस्थ किया गया है। वहीं स्थानांतरण पर उपस्थित अंकित सिंह राजपूत को जनगणना कार्य हेतु संलग्न किया गया है। इसी आदेश में प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव करते हुए प्रवेश पेंकरा को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मस्तूरी से संयुक्त कलेक्टर जिला कार्यालय बिलासपुर तथा शिव कुमार कंवर को डिप्टी कलेक्टर से अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मस्तूरी पदस्थ किया गया है। कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

    होटल की छत पर चल रहा था हुक्का बार, चकरभाठा पुलिस की रेड में संचालक गिरफ्तार

    ✍️ भागीरथी यादव     बिलासपुर। अवैध रूप से होटल में हुक्का संचालन करने वालों के खिलाफ चकरभाठा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने होटल की छत पर चल रहे हुक्का बार पर छापा मारकर हुक्का से जुड़ा सामान और नकदी जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से होटल और बार में हुक्का संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि बोदरी स्थित होटल शिवा इन की छत पर अवैध रूप से हुक्का पिलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान मौके से होटल संचालक सिद्धार्थ गुप्ता (39 वर्ष) पिता ओमप्रकाश गुप्ता, निवासी होटल शिवा इन बोदरी थाना चकरभाठा को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 12 हुक्का पॉट, 6 पैकेट कोको जेल कोयला, 12 स्टैंड, 12 चिलम, 12 पाइप, 1 कोल हीटर, तीन प्लास्टिक डिब्बों में अलग-अलग तंबाकू युक्त फ्लेवर और 5000 रुपये नकद जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की धारा 21(1), 21(2), 27 और 4 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है।

    अन्य खबरे

    प्रशासनिक फेरबदल, कई तहसीलदारों का तबादला

    प्रशासनिक फेरबदल, कई तहसीलदारों का तबादला

    होटल की छत पर चल रहा था हुक्का बार, चकरभाठा पुलिस की रेड में संचालक गिरफ्तार

    होटल की छत पर चल रहा था हुक्का बार, चकरभाठा पुलिस की रेड में संचालक गिरफ्तार

    जादू-टोना के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, पति समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

    जादू-टोना के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, पति समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

    बालोद जिला-सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मिली सूचना; कोर्ट परिसर खाली कराया गया

    बालोद जिला-सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मिली सूचना; कोर्ट परिसर खाली कराया गया

    कोरबा अग्रसेन चौक ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो में भीषण आग, देखें VIDEO – मची अफरा-तफरी

    कोरबा अग्रसेन चौक ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो में भीषण आग, देखें VIDEO – मची अफरा-तफरी

    अयोध्यापुरी के पार्षद व एमआईसी सदस्य बंटी सरोज शांडिल भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला मंत्री नियुक्त

    अयोध्यापुरी के पार्षद व एमआईसी सदस्य बंटी सरोज शांडिल भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला मंत्री नियुक्त