होटल की छत पर चल रहा था हुक्का बार, चकरभाठा पुलिस की रेड में संचालक गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव     बिलासपुर। अवैध रूप से होटल में हुक्का संचालन करने वालों के खिलाफ चकरभाठा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने होटल की छत पर चल रहे हुक्का बार पर छापा मारकर हुक्का से जुड़ा सामान और नकदी जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से होटल और बार में हुक्का संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि बोदरी स्थित होटल शिवा इन की छत पर अवैध रूप से हुक्का पिलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान मौके से होटल संचालक सिद्धार्थ गुप्ता (39 वर्ष) पिता ओमप्रकाश गुप्ता, निवासी होटल शिवा इन बोदरी थाना चकरभाठा को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 12 हुक्का पॉट, 6 पैकेट कोको जेल कोयला, 12 स्टैंड, 12 चिलम, 12 पाइप, 1 कोल हीटर, तीन प्लास्टिक डिब्बों में अलग-अलग तंबाकू युक्त फ्लेवर और 5000 रुपये नकद जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की धारा 21(1), 21(2), 27 और 4 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है।

जादू-टोना के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, पति समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

    जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम गट्टी महुआ में जादू-टोना के शक में एक महिला की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतका के पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान गोईदी बाई (48 वर्ष) के रूप में हुई है। 6 मार्च को मृतका के भाई सहलू राम ने थाना सन्ना में बहन के घर में मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी थी। जांच के दौरान पुलिस को हत्या के संकेत मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गुप्तांग में कठोर वस्तु से गंभीर चोट लगने के कारण मौत होना पाया गया। जांच में सामने आया कि 5 मार्च को घर में विवाद के बाद मृतका के पति ठूपन राम, सौतन फुला बाई, सुनील राम और सुरन्ती बाई ने मिलकर जादू-टोना के शक में उसे झोपड़ी में ले जाकर हमला किया। आरोपियों ने लकड़ी का डंडा गुप्तांग में डाल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में शव को घर लाकर बिस्तर पर रख दिया गया। पुलिस ने मामले में ठूपन राम, फुला बाई, सुनील राम और सुरन्ती बाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।

बालोद जिला-सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मिली सूचना; कोर्ट परिसर खाली कराया गया

✍️ भागीरथी यादव     बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिला-सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को हड़कंप मच गया। अज्ञात व्यक्ति ने कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर ई-मेल भेजकर धमकी दी है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे जिला-सत्र न्यायालय के आधिकारिक मेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। इसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की बात लिखी गई थी। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराया गया और वहां मौजूद वकीलों, कर्मचारियों तथा अन्य लोगों को बाहर निकाल दिया गया। साथ ही कोर्ट के आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पर भी अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई। करीब 12 बजे बम स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन जांच शुरू की गई। पुलिस संदिग्ध वस्तुओं की तलाश कर रही है और मेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

कोरबा अग्रसेन चौक ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो में भीषण आग, देखें VIDEO – मची अफरा-तफरी

    कोरबा। शहर के व्यस्त अग्रसेन चौक ओवरब्रिज पर सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक स्कॉर्पियो में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे ओवरब्रिज से गुजर रही स्कॉर्पियो से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही दिखाई देने लगीं। घटना के बाद पुल पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई। टीआई मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। वहीं आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग को भी तत्काल सूचना दी गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह रही कि समय रहते वाहन सवार बाहर निकल गए, जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शहर के सबसे व्यस्त ओवरब्रिज पर हुई इस घटना से कुछ देर के लिए इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। (देखें VIDEO)

अयोध्यापुरी के पार्षद व एमआईसी सदस्य बंटी सरोज शांडिल भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला मंत्री नियुक्त

✍️ भागीरथी यादव     कोरबा। भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक विस्तार के तहत एक महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है। अयोध्यापुरी से पार्षद एवं एमआईसी सदस्य बंटी सरोज शांडिल को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा का जिला मंत्री नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से संगठन में नई ऊर्जा और मजबूती आने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर की गई इस नियुक्ति को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बंटी सरोज शांडिल लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में सक्रिय रूप से जनसेवा के कार्यों में लगे रहे हैं। उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। नियुक्ति के बाद बंटी सरोज शांडिल ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वे कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को मजबूत बनाने तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितों और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उनकी नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व और सक्रियता से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में डेनियल मंगेशकर जिला उपाध्यक्ष नियुक्त, कार्यकर्ताओं में उत्साह

    कोरबा। भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक विस्तार के तहत एक महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है। पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर डेनियल मंगेशकर को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, जिला कोरबा का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से संगठन में नई ऊर्जा और मजबूती आने की उम्मीद जताई जा रही है। यह नियुक्ति भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव और प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय की सहमति से की गई है। वहीं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सनम जागड़े के अनुमोदन तथा भाजपा कोरबा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अनुशंसा पर अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेश लहरे ने जिला कोरबा के पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों की घोषणा करते हुए डेनियल मंगेशकर को यह जिम्मेदारी सौंपी है। नियुक्ति के बाद डेनियल मंगेशकर ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगे तथा अनुसूचित जाति वर्ग के हितों और पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। वहीं मुकुन्द सिंह कंवर, पार्षद वार्ड क्रमांक 54 जमनीपाली एवं सदस्य जिला खनिज न्यास कोरबा के करीबी कहे जाने वाले डेनियल मंगेशकर की इस नियुक्ति से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलेगी।

युवा भाजपा नेता मनोज यादव बने पिछड़ा वर्ग के जिला उपाध्यक्ष, दर्री मंडल में संगठन को मिलेगी मजबूती

    कोरबा। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से युवा नेता मनोज यादव को पिछड़ा वर्ग मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद दर्री क्षेत्र सहित भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। मनोज यादव लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वे पहले भाजपा युवा मोर्चा में सक्रिय रहे हैं और इसके अलावा दर्री मंडल के महामंत्री तथा भाजपा जिला मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दर्री क्षेत्र में युवाओं और आम लोगों के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता के कारण उन्हें पार्टी का एक मजबूत और जमीनी कार्यकर्ता माना जाता है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के करीबी माने जाने वाले मनोज यादव की नियुक्ति को संगठन की रणनीतिक पहल के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव और सक्रियता से कोरबा जिले में भाजपा संगठन को और मजबूती मिलेगी। नियुक्ति के बाद मनोज यादव ने भाजपा के जिला और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे तथा संगठन के विकास और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।।

दर्री डैम हसदेव नदी में नहाने गया युवक तेज बहाव में बहा, तलाश जारी

✍️ भागीरथी यादव     कोरबा। दर्री क्षेत्र के कलमीदुग्गू के पास हसदेव नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से एक युवक तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को चार दोस्त कलमीदुग्गू के पास हसदेव नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान नहाते समय नौशाद अंसारी अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया और बहने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी का बहाव तेज होने के कारण वे उसे बाहर नहीं निकाल सके। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि लापता युवक का नाम नौशाद अंसारी (पिता कलामुद्दीन) है। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और लोगों की मदद से नदी में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है और उसकी तलाश जारी है। घटना के बाद परिजनों में चिंता और मातम का माहौल बना हुआ है।  

जिला कांग्रेस कमेटी की प्रेस वार्ता: प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार पर उठाए सवाल, अफीम खेती मामले में भाजपा पर साधा निशाना

✍️ भागीरथी यादव     मनेंद्रगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार, अवैध अफीम की खेती और युवाओं के भविष्य पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में नशीले पदार्थों का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है, लेकिन सरकार इस पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल साबित हो रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में नशीली दवाइयों, प्रतिबंधित गोलियों और अन्य मादक पदार्थों का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। बीते महीनों में नारकोटिक्स के हजारों मामले सामने आए हैं, लेकिन इसके बावजूद सरकार और प्रशासन की कार्रवाई पर्याप्त नहीं दिख रही है। इससे यह संदेह पैदा होता है कि कहीं न कहीं सत्ता के संरक्षण में यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने दुर्ग जिले के समोदा गांव में फार्म हाउस के भीतर लगभग 10 एकड़ में अफीम की अवैध खेती का खुलासा होने को बेहद गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश नशे के कारोबार का अड्डा बनता जा रहा है और इसकी नैतिक जिम्मेदारी सरकार को लेनी चाहिए। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि प्रदेश की युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रही है। शराब, गांजा, अफीम और अन्य मादक पदार्थों का नेटवर्क गांव-गांव तक फैल चुका है, लेकिन सरकार इसे रोकने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि जिस भाजपा नेता के यहां अफीम की खेती का मामला सामने आया है, वह पूर्व में भाजपा किसान मोर्चा के दुर्ग जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि उक्त नेता की तस्वीरें भाजपा के कई बड़े नेताओं के साथ सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं। मिश्रा ने यह भी कहा कि उनकी तस्वीर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ भी सामने आई है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि इस अवैध कारोबार में शामिल सभी लोगों की भूमिका सामने आ सके। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ ग्रामीण अध्यक्ष रामनरेश पटेल ने कहा कि प्रदेश की युवा पीढ़ी को बचाने के लिए सरकार को नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाना चाहिए, लेकिन वर्तमान सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठा पा रही है। जिला कांग्रेस महामंत्री रफीक मेमन ने कहा कि बिना सत्ता के संरक्षण के प्रदेश में इतने बड़े स्तर पर नशे का कारोबार संभव नहीं है। कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करती है। आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमोल सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाती है, तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

बिलासपुर में पति ने पत्नी की कर दी हत्या, नशे में मारपीट के बाद सिर पटककर की वारदात, आरोपी फरार

✍️ भागीरथी यादव     बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने अपनी ही पत्नी की मारपीट कर हत्या कर दी। घटना नेहरू नगर स्थित MIG-33 मकान की है। पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका पुष्प लता यादव (37 वर्ष) अपने पति युवराज यादव (43 वर्ष) के साथ नेहरू नगर MIG-33 में रहती थी। युवराज यादव मूल रूप से मोहन भाटा, कोटा का निवासी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 1 बजे मकान मालकिन किराए का घर खाली करने की बात कहने आई थी। इसी बात को लेकर आरोपी पति नशे की हालत में पत्नी से गाली-गलौज करने लगा और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद के दौरान आरोपी ने पत्नी को मारते हुए घर के अंदर ले जाकर बाथरूम के पास उसका सिर जोर से पटक दिया, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आई। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।  

अन्य खबरे

होटल की छत पर चल रहा था हुक्का बार, चकरभाठा पुलिस की रेड में संचालक गिरफ्तार
जादू-टोना के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, पति समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
बालोद जिला-सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मिली सूचना; कोर्ट परिसर खाली कराया गया
कोरबा अग्रसेन चौक ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो में भीषण आग, देखें VIDEO – मची अफरा-तफरी
अयोध्यापुरी के पार्षद व एमआईसी सदस्य बंटी सरोज शांडिल भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला मंत्री नियुक्त
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में डेनियल मंगेशकर जिला उपाध्यक्ष नियुक्त, कार्यकर्ताओं में उत्साह