भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की संस्कृति की भव्य प्रस्तुति, 44वें अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में गूँजा—“छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया
✍️ भागीरथी यादव नई दिल्ली, 24 नवम्बर 2025 राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आज छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं ने अद्भुत आभा बिखेरी। 44वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित छत्तीसगढ़ की विशेष सांस्कृतिक संध्या दर्शकों के लिए मंत्रमुग्ध कर देने वाली रही। लोक कलाकारों की पारंपरिक नृत्य-शैली, लोकगीत और सांस्कृतिक विविधता से भरी प्रस्तुतियों ने पूरा सभागार उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया शुभारंभ कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। इससे पूर्व उन्होंने छत्तीसगढ़ पवेलियन का निरीक्षण किया तथा हस्तशिल्प, कला-कृतियों और स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों में प्रदर्शित नवाचारों और परंपरागत कला का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कलाकारों और उद्यमियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के संवाहक बताया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा— “दिल्ली में जब ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ की गूँज उठती है तो हर छत्तीसगढ़वासी गर्व से भर जाता है।” उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में रायपुर में देश के पहले डिजिटल जनजातीय संग्रहालय के लोकार्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कदम छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने वाला ऐतिहासिक अवसर है। मुख्यमंत्री ने राज्य की मिलेट्स परंपरा, जनजातीय कला, हस्तशिल्प और लोक-नृत्यों को छत्तीसगढ़ की असीम संभावनाओं का प्रतीक बताया। उन्होंने देशवासियों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक गौरव का अनुभव करने के लिए आमंत्रित किया। लोक-नृत्यों ने बाँधा समां सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ की विविध लोक-शैलियों का ऐसा समागम देखने को मिला जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गौरा-गौरी की श्रद्धा भोजली की हरियाली का उल्लास राउत नाचा की रोमांचक ऊर्जा सुआ नृत्य की गीतमय धुन पंथी की आध्यात्मिक गरिमा करमा की मनभावन लय इन सबने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को शानदार रूप में प्रस्तुत किया। दर्शक लगातार तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे। विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने बढ़ाई शोभा कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, कांकेर सांसद भोजराज नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, साहित्य अकादमी अध्यक्ष शशांक शर्मा, विधायक संपत अग्रवाल व प्रबोध मिंज, मुख्य सचिव विकास शील, विभागीय सचिव रोहित यादव, संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य, इन्वेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सैन, आवासीय आयुक्त श्रुति सिंह सहित अनेक अधिकारी भी मौजूद रहे।
धान खरीदी केंद्र चैतमा पाली का गोपालपुर में शुभारंभ, किसान छवि कश्यप बने प्रथम विक्रेता
✍️ ज्ञान शंकर तिवारी गोपालपुर/चैतमा, 24 नवम्बर 2025 आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चैतमा पंजीयन क्रमांक 3050 के अंतर्गत संचालित धान खरीदी केंद्र चैतमा का शुभारंभ आज गोपालपुर झींगा पालन बांध के समीप विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। पहले यह केंद्र चैतमा में संचालित होता था, लेकिन जगह की कमी के कारण इस वर्ष खरीदी स्थल को स्थानांतरित कर गोपालपुर बांध मैदान में स्थापित किया गया है। केंद्र के लिए सभी तैयारियाँ पूर्व में ही पूर्ण कर ली गई थीं। शुभारंभ दिवस पर मदनपुर क्षेत्र के किसान छवि कश्यप द्वारा 12 क्विंटल धान विक्रय कर खरीदी कार्य की शुरुआत की गई। प्रथम विक्रेता किसान के रूप में उनका सम्मान समिति द्वारा किया गया। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष टम्पाल सिंह तंवर, कांजीपानी के पूर्व सरपंच जीवन पाल, अमरनाथ कैवर्त्य, ग्राम पंचायत गोपालपुर के सरपंच राम सिंह कंवर, ग्राम पंचायत चैतमा के सरपंच राजलाल, किसान कांग्रेस पाली तानाखार के अध्यक्ष डी.के. आदिले, चैतमा के उपसरपंच सुकालुराम प्रजापति, गोपालपुर के उपसरपंच इशरार मोहम्मद, दिलबोधन, पुराणासिंह, रामगोपाल तंवर, अमूंदलाल भारीया, माखन कंवर, संवाददाता चौथी प्रसाद जायसवाल, चैतमा के भूतपूर्व सरपंच हेमंत नागदेव, जनक कैवर्त्य, जगमोहन मरावी, शीतल शर्मा, कल्याण दास, जयलाल सिंह कंवर, उपसरपंच ईरफ, भुवनसिंह, गिरिश पारसे, चमरूसिंह, बाबूलाल सारथी, श्यामलाल, मनहरण नागदेव सहित आसपास के अनेक किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन समिति के प्रभारी प्रबंधक कमल दूबे द्वारा किया गया। समिति के समस्त कर्मचारियों ने आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
आज का राशिफल (25 नवम्बर 2025)
✍️ भागीरथी यादव ♈ मेष (Aries) आज का दिन कार्यक्षेत्र में उत्साह बढ़ाने वाला रहेगा। कोई रुका हुआ काम आगे बढ़ सकता है। पारिवारिक माहौल खुशहाल रहेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। — ♉ वृषभ (Taurus) आर्थिक मामलों में सतर्कता जरूरी होगी। जरूरत से ज्यादा खर्च से बचें। परिवार में किसी मुद्दे पर बातचीत से समाधान निकलेगा। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी। — ♊ मिथुन (Gemini) नई योजनाओं पर काम शुरू करने का सही समय है। नौकरी में तरक्की के संकेत मिल सकते हैं। दोस्तों से मुलाकात मूड बेहतर करेगी। यात्राओं से लाभ होगा। — ♋ कर्क (Cancer) घर-परिवार से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभानी होंगी। भावनाओं में बहकर निर्णय न लें। दफ्तर में आपका काम सराहा जाएगा। स्वास्थ्य में सुधार रहेगा। — ♌ सिंह (Leo) आज भाग्य आपका साथ देगा। व्यापार में लाभ और नए अवसर मिल सकते हैं। किसी नए व्यक्ति से मुलाकात उपयोगी साबित हो सकती है। खुद पर विश्वास बनाए रखें। — ♍ कन्या (Virgo) काम का दबाव बढ़ सकता है, लेकिन आप आसानी से संभाल लेंगे। आर्थिक योजनाएं सफल होंगी। जीवनसाथी के साथ समय बिताने से रिश्ते मजबूती पाएंगे। — ♎ तुला (Libra) आज का दिन संतुलन बनाकर चलने का है। झगड़ों या तकरार से बचें। कामकाज में सुधार होगा और आय के नए स्रोत बनेंगे। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। — ♏ वृश्चिक (Scorpio) आपकी मेहनत का फल आज मिल सकता है। किसी बड़े व्यक्ति से मदद मिलेगी। नौकरी बदलने की सोच रहे हैं तो समय अनुकूल रहेगा। परिवार का सहयोग मिलेगा। — ♐ धनु (Sagittarius) नई शुरुआतों का दिन है। शिक्षा, करियर और प्रतियोगिता परीक्षाओं में सफलता के संकेत हैं। यात्रा का योग बन रहा है। मन में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहेगी। — ♑ मकर (Capricorn) आर्थिक लाभ की संभावना है, खासकर व्यापारियों के लिए। पारिवारिक कार्यों में व्यस्तता रहेगी। स्वास्थ्य में थोड़ा उतार-चढ़ाव संभव है, खानपान पर ध्यान दें। — ♒ कुंभ (Aquarius) आपके काम की सराहना होगी और लोग आपकी राय को महत्व देंगे। प्रेम जीवन में खुशियों का आगमन होगा। अचानक धन लाभ या पुराने पैसे मिलने की संभावना है। — ♓ मीन (Pisces) आज रचनात्मक कार्यों में मन लगेगा। किसी दोस्त या रिश्तेदार से अच्छी खबर मिल सकती है। दिमागी शांति बढ़ेगी। खर्च बढ़ सकते हैं लेकिन आय संतुलन बनाए रखेगी।
अंबिकापुर में हथियारबंद हरियाणा गैंग के तीन आरोपी गिरफ्तार
सरगुजा पुलिस ने अंबिकापुर में जमीन कब्जाने पहुंचे हरियाणा गैंग के तीन सदस्यों को धर लिया है। आरोपी बलेनो कार से मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने बांस, चापड़ और स्टील रॉड से स्थानीय लोगों पर हमला कर दहशत फैला दी थी। 22 नवंबर को घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कोतवाली पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हथियार और वाहन जब्त कर लिया। जांच में सामने आया कि जमीन की नापाई के दौरान विवाद बढ़ा तो एक पक्ष ने हरियाणा से गुंडे बुलाकर हमला करवाया। हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी और विरोध करने वालों के मोबाइल तोड़ दिए। पुलिस ने घटनास्थल निरीक्षण और गवाहों के बयान के आधार पर तीन आरोपियों को फरार होने के दौरान गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं समेत आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना जारी है।
सगाई समारोह में गोलीबारी से सनसनी: पुरानी रंजिश में युवक को निशाना, 7 आरोपी गिरफ्तार
✍️ भागीरथी यादव नागपुर के मोहापा शंकरपट गांव में सगाई का समारोह रविवार दोपहर तब दहशत में बदल गया, जब पुरानी रंजिश के चलते मंच से कुछ ही दूरी पर फायरिंग हो गई। विवाद उमरेड के बाल्या गूजर और देवा एकनाथ के बीच पुराने आपराधिक मामले को वापस लेने को लेकर भड़का, जो देखते ही देखते गोलियों और मारपीट में बदल गया। फायरिंग में बाल्या गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि भगदड़ में तीन अन्य लोग जख्मी हुए। शादी जैसा माहौल पलों में रणभूमि बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर देवा समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और समारोह की खुशियों को गहरा सदमा दे दिया है।
अयोध्या में इतिहास रचेंगे पीएम मोदी: श्री राम जन्मभूमि मंदिर पर होगा भव्य भगवा ध्वजारोहण
अयोध्या मंगलवार को एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनेगा, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नव-निर्मित श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर दोपहर 12 बजे पवित्र भगवा ध्वज फहराएंगे। मंदिर निर्माण पूर्ण होने के बाद यह पहला ध्वजारोहण होगा, जो राम राज्य के आदर्शों, सांस्कृतिक निरंतरता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देगा। सुबह अयोध्या पहुंचने पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। पीएम मोदी सप्तमंदिर, शेषावतार मंदिर और माता अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन करेंगे, इसके बाद राम दरबार और राम लला गर्भगृह में पूजा-अर्चना करेंगे। विशेष रूप से निर्मित 10×20 फुट के भगवा ध्वज पर सूर्य, ‘ॐ’ और कोविदारा वृक्ष का अंकन है, जो भगवान श्रीराम की तेजस्विता, पवित्रता और मर्यादा को दर्शाता है। मंदिर परिसर की दीवारों पर वाल्मीकि रामायण की 87 शिल्प नक्काशियां और भारतीय संस्कृति पर आधारित 79 कांस्य कथाएँ इस दिव्य स्थल की भव्यता को और बढ़ाती हैं। इस शुभ अवसर पर पीएम मोदी सार्वजनिक सभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम मार्गशीर्ष शुक्ल पंचमी, विवाह पंचमी और गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस के पावन संगम पर आयोजित होगा, जिससे इसका आध्यात्मिक महत्व और बढ़ जाता है।
बॉलीवुड ने खोया अपना ही-मैन: धर्मेंद्र का 89 वर्ष में निधन”
✍️ भागीरथी यादव हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने 89 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। लंबे समय से चल रही बीमारी और सांस लेने में दिक्कत के बीच उनका स्वास्थ्य लगातार गिरता गया। परिवार की देखभाल और डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद वे जिंदगी की जंग हार गए। उनके निधन से फिल्म जगत में गहरा शोक है। ‘शोले’ के वीरू से लेकर ‘फूल और पत्थर’ के नायक तक — धर्मेंद्र ने छह दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया। उनकी मुस्कान, उनका सादापन और उनका अभिनय — हमेशा यादों में जिंदा रहेगा।
संचार मंत्रालय की सख्त चेतावनी: छेड़छाड़ किए गए IMEI व फर्जी सिम के उपयोग पर होगी कठोर कार्रवाई
✍️ भागीरथी यादव नई दिल्ली। मोबाइल कनेक्टिविटी के तेजी से विस्तार के बीच संचार मंत्रालय ने नागरिकों को मोबाइल उपकरणों और सिम कार्ड से जुड़े दुरुपयोग को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। मंत्रालय ने सोमवार को स्पष्ट किया कि छेड़छाड़ किए गए IMEI नंबर, फर्जी दस्तावेजों से खरीदे गए सिम कार्ड और अपने नाम पर लिए गए सिम को किसी अनजान व्यक्ति को देने पर कड़े कानूनी परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। आधिकारिक बयान के अनुसार, छेड़छाड़ किए गए IMEI नंबर वाले मोबाइल का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। मंत्रालय ने बताया कि कई नागरिक अनजाने में फर्जी या छेड़छाड़ किए गए मोबाइल डिवाइस और सिम का उपयोग करते हैं, जो साइबर अपराधों को बढ़ावा देता है और उन्हें भी अपराधी की श्रेणी में ला देता है। मंत्रालय का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति के नाम पर खरीदा गया सिम कार्ड किसी और के द्वारा साइबर धोखाधड़ी में उपयोग किया जाता है, तो मूल खरीदार भी दोषी माना जाएगा। इसलिए नागरिकों के लिए यह बेहद जरूरी है कि वे अपने नाम पर खरीदे गए सिम किसी अनजान व्यक्ति को न दें और न ही फर्जी पहचान का उपयोग करके सिम प्राप्त करें। सरकार ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे संचार साथी पोर्टल या संचार साथी ऐप के माध्यम से अपने मोबाइल डिवाइस के IMEI नंबर को अवश्य सत्यापित करें। ऐप पर उपयोगकर्ताओं को डिवाइस का ब्रांड, मॉडल और निर्माता की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाती है। मंत्रालय ने महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों का उल्लेख करते हुए बताया कि दूरसंचार अधिनियम, 2023 टेलीकम्युनिकेशन आइडेंटिफायर्स से छेड़छाड़ पर कठोर दंड का प्रावधान करता है। धारा 42(3)(c): किसी भी प्रकार से टेलीकम्युनिकेशन आइडेंटिफायर, जैसे IMEI, में छेड़छाड़ पर प्रतिबंध। धारा 42(3)(e): फर्जी दस्तावेजों से सिम कार्ड या टेलीकम्युनिकेशन आइडेंटिफायर लेने पर रोक। मंत्रालय ने एक बार फिर जोर देकर कहा कि डिजिटल सुरक्षा में लापरवाही अब महंगी पड़ सकती है। नागरिकों को जिम्मेदारी और सावधानी के साथ मोबाइल व सिम का उपयोग करने की अपील की गई है, ताकि साइबर अपराधों पर रोक लगाई जा सके और डिजिटल वातावरण को सुरक्षित बनाया जा सके।
सूरजपुर में अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई: 300 बोरा धान जब्त, गोदाम सील – प्रशासन सख्त
✍️ भागीरथी यादव मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के स्पष्ट निर्देश के बाद प्रदेशभर में अवैध रूप से धान के भंडारण और परिवहन पर कड़ी निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में अंतरराज्यीय सीमाओं से लगे जिलों में प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। सूरजपुर जिले में कलेक्टर के निर्देशन पर लगातार अभियान चल रहा है। सोमवार को एसडीएम भैयाथान के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम रजबहर में एक बड़े गोदाम पर छापेमारी की। जांच के दौरान व्यापारी के गोदाम में 220 बोरा धान (88 क्विंटल) बिना किसी वैध दस्तावेज के भंडारित पाया गया। दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर प्रशासन ने तत्काल गोदाम को सील कर धान जब्त कर लिया। इसी कार्रवाई के दौरान टीम ने ग्राम भांडी, तहसील ओड़गी के एक किसान को उक्त व्यापारी के गोदाम से 80 बोरा धान (32 क्विंटल) खरीदकर परिवहन करते हुए पकड़ा। बिना अनुमति परिवहन पर सख्त कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने ट्रैक्टर व धान को जप्त कर थाना झिलमिली के सुपुर्द कर दिया। कलेक्टर सूरजपुर ने स्पष्ट कहा है कि— “जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” प्रशासन की यह मुस्तैदी किसानों के हितों की सुरक्षा और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।
13 दिसंबर को होगी वर्ष 2025 की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत—तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की बड़ी समीक्षा बैठक संपन्न
✍️ भागीरथी यादव छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशन में वर्ष 2025 की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी 13 दिसंबर 2025 को होने जा रहा है। आम जनता को त्वरित, सुलभ और किफायती न्याय दिलाने के लक्ष्य के साथ इस महाअभियान की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर ने एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। यह बैठक माननीय अध्यक्ष/प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती विनीता वार्नर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेकर लोक अदालत की तैयारी, प्रकरणों के चिन्हांकन और जन-जागरूकता रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। — दो पालियों में हुई विस्तृत समीक्षा प्रथम पाली – राजस्व एवं प्रशासनिक अमला पहले सत्र में अपर कलेक्टर श्री जगरनाथ वर्मा, जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (SDM) और कार्यकारी मजिस्ट्रेट (तहसीलदार) मौजूद रहे। इस सत्र में राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर देते हुए अधिकतम मामलों को लोक अदालत के लिए चिन्हित करने के निर्देश प्रदान किए गए। द्वितीय पाली – पुलिस विभाग दूसरे सत्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SP) श्री प्रशांत कुमार ठाकुर, सभी थाना प्रभारी और यातायात प्रभारी उपस्थित रहे। पुलिस से संबंधित विवादों और छोटे-मोटे दंडनीय मामलों को लोक अदालत के माध्यम से निपटाने पर गहन चर्चा की गई। — बैठक के प्रमुख निर्णय और रणनीति राजीनामा योग्य मामलों का चिन्हांकन: जिला न्यायालय, तालुका न्यायालय, कुटुंब न्यायालय और सभी राजस्व न्यायालयों में लंबित समझौतायोग्य प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए लोक अदालत में प्रस्तुत करने पर सहमति बनी। प्री-लिटिगेशन मामलों पर विशेष फोकस: पारिवारिक विवाद जमीन-सीमा विवाद वित्तीय सेवाओं से जुड़े मामले (बैंक रिकवरी, बिजली/पानी/फोन बिल आदि) इन मामलों को प्रारंभिक स्तर पर ही लोक अदालत के माध्यम से सुलझाने पर जोर दिया गया। जन-जागरूकता अभियान: जिले के अंतिम छोर तक लोक अदालत की जानकारी पहुंचाने के लिए सक्रिय प्रचार-प्रसार, ग्राम स्तर पर बैठकें और जागरूकता अभियानों को बढ़ाने का निर्णय लिया गया। लक्ष्य: राज्य और जिला प्रशासन की समन्वित निगरानी में वित्तीय सेवाओं से संबंधित प्री-लिटिगेशन मामलों में अधिकतम राहत प्रदान करना—इस राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य तय किया गया है।— बैठक में रहे उपस्थित श्रीमती विनीता वार्नर – अध्यक्ष/प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मानवेंद्र सिंह – प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री डी.एस. बघेल – मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री पायल टोपनो – सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण साथ ही न्यायिक, प्रशासनिक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। — राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को न्यायिक राहत उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ सूरजपुर जिले में तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। यह आयोजन आम जनता के लिए न्याय को सुगम, सरल और सुलभ बनाने की एक प्रभावी पहल साबित होगा।















