एकतरफा प्रेम में दरिंदगी: युवती पर कटर से हमला, ICU में भर्ती

  दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम की सनक ने भयावह रूप ले लिया। महाशिवरात्रि के दिन मायके आई युवती पर एक युवक ने कटर से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक होने के कारण ICU में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसके शरीर पर लगभग 60 टांके लगाए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में रायपुर निवासी आशीष नवरंगे से विवाह के बाद युवती अपने पति के साथ रायपुर में रह रही थी। त्योहार पर वह शिवपारा स्टेशन मरोदा स्थित मायके आई थी। बैकुंठधाम मंदिर से लौटते समय इंदिरा चौक के पास गली में पहले से घात लगाए बैठे आरोपी योगेंद्र कुमार यादव ने उसे रोका और बातचीत का दबाव बनाया। मना करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवती की गर्दन, कलाई, गाल और पसलियों के पास गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से उसकी जान बच सकी। परिजनों के अनुसार आरोपी पिछले छह वर्षों से युवती को परेशान कर रहा था और पहले भी धमकियां दे चुका था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना ने एक बार फिर एकतरफा प्रेम की आड़ में बढ़ती आपराधिक मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

महाशिवरात्रि पर गुलमी वाटरफॉल में CISF जवान डूबा, तलाश जारी

✍️ भागीरथी यादव   छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर स्थित गुलमी वाटरफॉल में महाशिवरात्रि के दिन घूमने गए CISF के एक जवान के डूबने की घटना सामने आई है। रविवार दोपहर से उसकी तलाश जारी है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। मिली जानकारी के अनुसार, बस्तर जिले के नगरनार स्थित NMDC प्लांट में तैनात 5-6 जवान घूमने के लिए वाटरफॉल पहुंचे थे। भोजन के बाद 28 वर्षीय आकाश चौधरी नहाने के लिए पानी में उतरा, तभी वह गहरे हिस्से में चला गया और डूब गया। साथियों ने तत्काल खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना ओडिशा के कोटपाड़ थाना पुलिस को दी गई। पुलिस और स्थानीय प्रशासन गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।  

शराब घोटाला मामला: सौम्या चौरसिया की जमानत पर हाईकोर्ट सख्त, ED को 20 फरवरी तक जवाब देने का निर्देश

  कोयला घोटाले के बाद चर्चित शराब (आबकारी) घोटाला प्रकरण में गिरफ्तार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की डिप्टी सेक्रेटरी रहीं सौम्या चौरसिया ने हाईकोर्ट में दो अलग-अलग जमानत याचिकाएं दायर की हैं। सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) और राज्य शासन ने जवाब दाखिल करने के लिए 10 दिन का समय मांगा, जिसे कोर्ट ने सख्ती से अस्वीकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला जस्टिस अरविंद वर्मा की बेंच ने स्पष्ट कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मामले में दो सप्ताह के भीतर निर्णय लेने का निर्देश दिया है। ऐसे में जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय देना शीर्ष अदालत के आदेश का उल्लंघन होगा। हाईकोर्ट ने ED और राज्य शासन को 20 फरवरी से पहले अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। पहले कोयला घोटाले में हुई थी गिरफ्तारी सौम्या चौरसिया को पहले कथित कोयला घोटाले में गिरफ्तार किया गया था। लंबी न्यायिक हिरासत के बाद सुप्रीम कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई थी। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने उन्हें आबकारी घोटाले में फिर से गिरफ्तार किया। हाईकोर्ट से राहत नहीं, सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया गिरफ्तारी के बाद सौम्या चौरसिया ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। 9 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें पहले हाईकोर्ट जाने का निर्देश देते हुए कहा कि उनकी जमानत याचिका पर प्राथमिकता से सुनवाई की जाए। बार-बार गिरफ्तारी का आरोप सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान उनकी ओर से कहा गया कि केंद्र और राज्य की जांच एजेंसियां नई-नई FIR दर्ज कर लगातार गिरफ्तारी कर रही हैं, जो राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा है। याचिका में यह भी उल्लेख किया गया कि अब तक उन्हें छह बार हिरासत में लिया जा चुका है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इस चरण पर कोई सीधी राहत देने के बजाय हाईकोर्ट में विधिवत जमानत याचिका दायर करने का निर्देश दिया था। अब मामला फिर से हाईकोर्ट में विचाराधीन है और 20 फरवरी से पहले एजेंसियों को अपना पक्ष रखना होगा।

मुड़ापार में अखण्ड नवधा रामायण: श्री मुकेश जायसवाल ने दिया सदाचार का संदेश

पाली/कोरबा से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट पाली क्षेत्र के ग्राम मुड़ापार में आयोजित अखण्ड नवधा रामायण पाठ के अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मुकेश जायसवाल विशेष रूप से रामभक्तों के बीच कथा श्रवण हेतु पहुंचे। कार्यक्रम में उन्होंने भगवान श्रीराम की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर श्री जायसवाल ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि मनुष्य अपने भीतर के विकारों को दूर कर ले, तो वह स्वयं भगवान श्रीराम के समान आचरण कर सकता है। उन्होंने संत तुलसीदास द्वारा रचित रामचरितमानस के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया और कहा कि मर्यादा, संयम और सेवा भाव से ही जीवन सार्थक बनता है। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों और ग्रामवासियों ने श्री जायसवाल का बुके, माला और श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। उनके सम्मान में देशभक्ति गीत भी प्रस्तुत किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो उठा। इस मौके पर भाजपा मंडल हरदीबाजार के महामंत्री अमरनाथ कौशिक ने कहा कि मुड़ापार के ग्रामवासी सौभाग्यशाली हैं, जहां प्रतिदिन विभिन्न रामायण मंडलियों द्वारा कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा श्रवण के लिए श्रद्धालुओं की लगातार भीड़ उमड़ रही है और प्रसाद ग्रहण कर भक्तजन पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि श्री कुंवर सिंह राज, लक्ष्मी श्रीवास, शंकर साहु, पितर सिंह, जगतराम साहु, विजय जायसवाल, राजकुमार पटेल, कुंजराम, झुम्मन राज, सागर राम, शारदा यादव, नीतेश पांडेय, गंभीर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। आयोजन पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बनकर उभरा।

कोरिया में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 69 अधिकारियों–कर्मचारियों के तबादले

✍️ भागीरथी यादव     कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पुलिस महकमे में व्यापक स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने जिले के 69 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तबादला सूची जारी की है। जारी आदेश में विभिन्न थानों, चौकियों, रक्षित केंद्र, कंट्रोल रूम, साइबर सेल और अन्य शाखाओं में पदस्थ अधिकारियों के नाम शामिल हैं। एसपी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी स्थानांतरित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करें। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रशासनिक आवश्यकता और विभागीय कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए यह तबादले किए गए हैं। सूची में निरीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक स्तर के कर्मचारी शामिल हैं। थाना बैकुंठपुर, चरचा, पटना, सोनहत सहित विभिन्न चौकियों में पदस्थापना में बदलाव किया गया है। कुछ अधिकारियों को विशेष शाखा, साइबर सेल और कंट्रोल रूम जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी बिना विलंब के जॉइनिंग सुनिश्चित करें, ताकि जिले की कानून व्यवस्था एवं पुलिसिंग व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे।  

मेला देखने बुलाकर युवक को जलाने की कोशिश, तालाब में कूदकर बची जान

    कोरबा। जांजगीर-चांपा के कटओथ गांव में एक युवक को जिंदा जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसे युवक को कोरबा के जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, युवक को उसकी प्रेमिका ने मेला दिखाने के बहाने गांव बुलाया था। आरोप है कि वहां पहुंचने पर युवती के भाई ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जान बचाने के लिए युवक पास के तालाब में कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत होता है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में भीषण आग, कोई जनहानि नहीं

    बिलासपुर। बिलासपुर के तिफरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अनव इंडस्ट्री की पेंट, टाइल्स और पुट्टी निर्माण फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री परिसर में रखे केमिकल में आग भड़कने के बाद लपटें तेजी से फैल गईं और कुछ ही देर में पूरा परिसर धुएं से भर गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ज्वलनशील सामग्री अधिक होने से आग पर काबू पाने में मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग से हुए नुकसान का आकलन बाद में किया जाएगा। एहतियातन आसपास की फैक्ट्रियों में काम रोक दिया गया है।

अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, पंडरी थाना पुलिस की कार्रवाई

  रायपुर। राजधानी के रायपुर स्थित पंडरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद की गई है। मामले में पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, 15 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि पंडरी इलाके के भिक्षुक केंद्र के पास एक युवक संदिग्ध हालत में पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिए के आधार पर युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद हुई। उत्तर जोन पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुरानी बस्ती निवासी नंदू शर्मा के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि उसे पिस्टल कचरे के ढेर में मिली थी, जिसे वह अपने पास रखे हुए था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी है और पूर्व में हत्या व मारपीट जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बरामद हथियार कहां से आया और इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश तो नहीं थी। फिलहाल आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है। पंडरी थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।  

कब्र से मासूम का सिर गायब, तंत्र-मंत्र की आशंका से दहशत

  बालोद। जिले के हल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माहुद बी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। एक मासूम बच्ची की कब्र के साथ छेड़छाड़ कर उसके शव का सिर गायब कर दिया गया। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। परिजन जब बच्ची की कब्र पर पहुंचे तो वहां का दृश्य देख सन्न रह गए। कब्र के ऊपर नींबू, अगरबत्ती, चावल और काला धागा बिखरा हुआ था। इसे देखकर तांत्रिक क्रिया की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कराई गई। जांच के दौरान सामने आया कि शव का सिर गायब है, जबकि शरीर के अन्य अंग वहीं मौजूद थे। इस भयावह दृश्य ने उपस्थित लोगों को झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने शव के अवशेषों को पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक परीक्षण के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में अंधविश्वास या तांत्रिक गतिविधि की आशंका जताई जा रही है, हालांकि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक जांच की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ जारी है और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

महाशिवरात्रि पर सेवा का उदाहरण: दर्री–जामनीपाली में ठंडाई व फल वितरण

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर दर्री–जामनीपाली क्षेत्र में सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मारवाड़ी युवा मंच दर्री–जामनीपाली द्वारा 15 फरवरी 2026, रविवार को साडा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर परिसर में ठंडाई एवं केला वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। दोपहर 1 बजे से ही स्वयंसेवकों ने ठंडाई निर्माण की तैयारी प्रारंभ कर दी थी, जबकि वितरण कार्यक्रम दोपहर 2 बजे विधिवत शुरू हुआ। आयोजन के दौरान लगभग 500 श्रद्धालुओं को ठंडाई के साथ केले का प्रसाद वितरित किया गया। शिवभक्तों में विशेष उत्साह और आस्था का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम की व्यवस्था मंच के सदस्यों ने सुव्यवस्थित ढंग से संभाली। संरक्षक मनोज अग्रवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष सुमित अग्रवाल, प्रांतीय सदस्य विकास अग्रवाल एवं अजय अग्रवाल, अध्यक्ष प्रतीक अग्रवाल, सचिव सौरभ अग्रवाल, कोषाध्यक्ष बालकिशन अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, पूर्व कोषाध्यक्ष विनय केडिया सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। संरक्षक मनोज अग्रवाल ने कहा कि महाशिवरात्रि जैसे आध्यात्मिक पर्व पर सेवा-कार्य करना समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम है। अध्यक्ष प्रतीक अग्रवाल ने मंच के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्था सेवा और सहयोग की भावना को समाज में निरंतर सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सचिव सौरभ अग्रवाल ने सभी सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। मंच पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा-आधारित आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे, ताकि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक एकता और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा मिलता रहे।  

अन्य खबरे

दर्री सीएसईबी कॉलोनी में पानी टंकी के पास भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर बनाया वीडियो, ब्लैकमेल कर मांगे एक लाख रुपये — महिला गिरफ्तार
दर्री डैम हसदेव नदी में डूबे युवक नौशाद खान का शव दो दिन बाद मिला, इलाके में शोक
कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी में आरिफ खान बने उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह
सिमगा संकुल में वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर बैठक सम्पन्न, प्राचार्य ने दिए आवश्यक निर्देश
ग्रामीणों को दस्तावेज उपलब्ध कराने सैचुरेशन शिविर आयोजित करें – कलेक्टर संबित मिश्रा