रायपुर में युवा महापंचायत: मनरेगा और मजदूर हितों पर समझौता नहीं

✍️ भागीरथी यादव     रायपुर में आयोजित “युवा महापंचायत” में मनरेगा और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा को लेकर सशक्त स्वर उठे। मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत युवा कांग्रेस ने ऐलान किया कि ग्रामीण रोजगार और श्रमिक हितों पर किसी भी प्रकार का आघात अब स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में Indian Youth Congress के अध्यक्ष Uday Bhanu Chib सहित छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश भर के पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसे कमजोर करने का प्रयास सीधे तौर पर किसानों और मजदूरों पर हरकत माना जाएगा। नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल मंच तक सीमित नहीं रहेगा। गांव-गांव चौपाल लगाकर श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा और जनसमर्थन को व्यापक रूप दिया जाएगा। युवा महापंचायत से यह संदेश दिया गया कि मनरेगा की मजबूती ही गांवों की स्थिरता और मजदूरों की सुरक्षा की गारंटी है। आंदोलनकारी संगठनों ने संकल्प लिया कि यदि जरूरत पड़ी तो सड़क से लेकर गांव की चौपाल तक संघर्ष तेज किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने धारा 306 में दोषसिद्धि रद्द की, आरोपी बरी

✍️ भागीरथी यादव     बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने आत्महत्या के लिए उकसाने (धारा 306 आईपीसी) के एक मामले में निचली अदालत द्वारा सुनाई गई चार वर्ष की सजा को निरस्त करते हुए आरोपी को बरी कर दिया है। जस्टिस रजनी दुबे की एकल पीठ ने कहा कि अभियोजन पक्ष आत्महत्या के लिए उकसाने के आवश्यक और ठोस साक्ष्य प्रस्तुत करने में विफल रहा। यह मामला जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र का है। बसंत कुमार सतनामी पर आरोप था कि उसकी पत्नी टिकैतिन बाई ने विवाह के लगभग चार वर्ष बाद कथित प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश, एफटीसी जांजगीर ने 31 जुलाई 2007 को आरोपी को धारा 306 के तहत दोषी ठहराते हुए चार वर्ष के सश्रम कारावास और 500 रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई थी। निचली अदालत के फैसले के खिलाफ आरोपी ने हाईकोर्ट में अपील दायर की। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने पाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं बताया गया था। चिकित्सक ने गवाही में स्वीकार किया कि मौत उल्टी-दस्त से भी हो सकती है, जबकि एस्फिक्सिया की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया। मामले में एफएसएल रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की गई। अदालत ने यह भी नोट किया कि गवाहों के बयान परस्पर विरोधाभासी थे। कुछ ने जहर सेवन, कुछ ने शराब पीने, तो कुछ ने उल्टी-दस्त से मृत्यु होने की बात कही। ऐसे विरोधाभासों के चलते मृत्यु का कारण स्पष्ट रूप से स्थापित नहीं हो सका। अपने फैसले में हाईकोर्ट ने कहा कि पति-पत्नी के बीच सामान्य विवाद या पारिवारिक कलह मात्र से धारा 306 के तहत उकसाने का अपराध सिद्ध नहीं होता, जब तक कि स्पष्ट आपराधिक मंशा और प्रत्यक्ष उकसावे का प्रमाण न हो। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न निर्णयों का हवाला देते हुए कहा कि दोषसिद्धि के लिए ठोस और विश्वसनीय साक्ष्य आवश्यक हैं। अंततः कोर्ट ने माना कि अभियोजन यह साबित नहीं कर सका कि मृतका की मृत्यु आत्महत्या थी या आरोपी ने उसे आत्महत्या के लिए उकसाया। इस आधार पर ट्रायल कोर्ट की दोषसिद्धि को टिकाऊ नहीं मानते हुए आरोपी को बरी कर दिया गया।

संघर्ष और सामाजिक न्याय के प्रतीक कॉमरेड नवरंग लाल की 27वीं पुण्यतिथि आज

✍️ भागीरथी यादव     समाज के वंचित, दलित, मजदूर और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले कॉमरेड नवरंग लाल की 27वीं पुण्यतिथि 16 फरवरी 2026 को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर उनके समर्थक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। कॉमरेड नवरंग लाल ने अपना पूरा जीवन सामाजिक असमानता, शोषण और अन्याय के खिलाफ लड़ाई को समर्पित किया। वे केवल एक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि जनसंघर्षों की सशक्त आवाज थे। मजदूरों के अधिकार, दलितों के सम्मान और गरीबों को न्याय दिलाने के मुद्दों पर वे हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे। उनकी पहचान सादगी, निर्भीकता और स्पष्ट विचारों के लिए थी। वे मानते थे कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति को सम्मान और अवसर नहीं मिलेगा, तब तक वास्तविक लोकतंत्र और न्याय संभव नहीं है। आज भी उनके विचार और संघर्ष समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं। उनकी पुण्यतिथि पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित कर उनके सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया जाएगा।

टी-20 वर्ल्ड कप में ऑनलाइन सट्टा संचालन का खुलासा, रायपुर ग्रामीण पुलिस ने आरोपी दबोचा

      रायपुर। राजधानी रायपुर के ग्रामीण क्षेत्र में टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से नगद राशि, मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज और सट्टे से जुड़ा रिकॉर्ड जब्त किया गया है। ग्रामीण पुलिस को सूचना मिली थी कि तिल्दा नेवरा क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोहका स्थित एक मकान में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एएसपी प्रशांत शुक्ला, सीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी और थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बीएसयूपी मकान पर छापा मारा। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला (43 वर्ष) बताया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन में ऑनलाइन बेटिंग साइट्स “777 ग्रैंड एक्सचेंज” और “JMD BET” आईडी के माध्यम से क्रिकेट सट्टा खेलना और खिलाना पाया गया। तलाशी में उसके कब्जे से 1 लाख 80 हजार रुपये नगद, तीन मोबाइल फोन (कीमत लगभग 75 हजार रुपये), 20 बैंक पासबुक, 10 चेकबुक, 14 एटीएम कार्ड, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, सट्टे का हिसाब-किताब दर्ज छह कॉपियां, एक पेन और एक कैलकुलेटर जब्त किया गया। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 2 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 65/26 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, 8 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी का स्थायी पता माजरा, थाना अर्बन, जिला रोहतक (हरियाणा) बताया गया है, जबकि वह कोहका में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस जब्त बैंक खातों की जांच कर रही है और मामले में जुड़े अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।

आस्था की अलौकिक छटा में डूबी महाशिवरात्रि, भोपालपटनम में वैदिक रीति से संपन्न हुआ भव्य शिव-विवाह

✍️ भागीरथी यादव     बीजापुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिलेभर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनुपम दृश्य देखने को मिला। ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि भोपालपटनम में पारंपरिक दक्षिण भारतीय पद्धति से आयोजित शिव-विवाह समारोह मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। महादेव घाट पर उमड़ा जनसैलाब जिला मुख्यालय स्थित महादेव घाट और पुराने शिव मंदिर में तड़के से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया। बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि तथा क्षेत्र की खुशहाली की कामना की गई। दिनभर रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और विशेष पूजन कार्यक्रमों का क्रम चलता रहा। भोपालपटनम में दक्षिण भारतीय परंपरा से शिव-विवाह सीमावर्ती नगर भोपालपटनम में महाशिवरात्रि का पर्व विशिष्ट धार्मिक गरिमा के साथ मनाया गया। यहाँ भगवान शिव और माता पार्वती का पारंपरिक दक्षिण भारतीय पद्धति से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सजकर इस दिव्य अनुष्ठान में भाग लिया और शिव-पार्वती विवाह के साक्षी बनकर पुण्य अर्जित किया। पड़ोसी राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु भोपालपटनम की भौगोलिक स्थिति के कारण इस आयोजन में महाराष्ट्र और तेलंगाना सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मेले में पूजा सामग्री, खिलौने, खान-पान की दुकानों और बच्चों के लिए झूलों ने उत्सव में अतिरिक्त रंग भर दिया। पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा। सुरक्षा और व्यवस्था रही चाक-चौबंद आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के विशेष प्रबंध किए थे। पुलिस बल की तैनाती और सुव्यवस्थित व्यवस्था के चलते दिनभर और देर रात तक चले कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के सम्पन्न हुए। महाशिवरात्रि का यह उत्सव जिले में धार्मिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक आस्था का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।

बलरामपुर में पत्नी की हत्या कर जंगल में लटकाया शव, आत्महत्या दिखाने की कोशिश नाकाम – पति समेत दो गिरफ्तार

    बलरामपुर। जिले के ग्राम झपरा-लातापानी में एक महिला की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पति और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार 13 फरवरी 2026 की शाम जंगल में एक पेड़ से महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतिका के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध हो गया। डॉक्टरों की टीम द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत मारपीट से हुई है। मृतिका की पहचान बंधनी (लगभग 50 वर्ष), निवासी ग्राम झपरा, के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि उसका पति गुना राम (58 वर्ष) पत्नी के चरित्र पर शक करता था। बताया गया कि महिला बाजार गई थी और रात में घर नहीं लौटी। अगले दिन लौटने पर पति ने गुस्से में आकर उसे धक्का दिया और बांस के डंडे व हाथ-पैर से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने अपने साथी लखन कुम्हरिया (50 वर्ष) के साथ मिलकर शव को जंगल में ले जाकर पेड़ पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या लगे। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर हत्या और साजिश की धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 15 फरवरी 2026 को दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है मामले की आगे की जांच जारी है।

चैतमा में शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण का आरोप, कार्रवाई न होने से बढ़ा असंतोष

ज्ञान शंकर तिवारी   कोरबा/चैतमा। ग्राम पंचायत चैतमा में शासकीय जमीन पर कथित अवैध अतिक्रमण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुराने बाईपास मुख्य मार्ग सहित कई स्थानों पर सरकारी भूमि पर बेखौफ तरीके से मकान और दुकानों का निर्माण किया जा रहा है, जबकि राजस्व विभाग इस पर प्रभावी रोक लगाने में विफल नजर आ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, मामले की शिकायत पूर्व में अनुविभागीय अधिकारी पाली और तहसीलदार पाली को की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि एक ही व्यक्ति द्वारा पहले से कब्जाई गई भूमि के अतिरिक्त आसपास की शासकीय जमीन पर भी नया निर्माण किया जा रहा है, जिससे अतिक्रमणकारियों का हौसला और बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि स्कूल की शासकीय भूमि, वन विभाग के लिए आरक्षित क्षेत्र, बाजार भूमि, मछली बाजार के आसपास, बांसटाल क्षेत्र, सोसायटी परिसर, उचित मूल्य दुकान और धान खरीदी केंद्र के पास तक अतिक्रमण के मामले सामने आए हैं। कुछ स्थानों पर स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण जारी रहने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हल्का पटवारी को अवगत कराने पर यह जवाब मिलता है कि संबंधित भूमि पर पहले से कब्जा है, जबकि पास की खाली शासकीय जमीन पर नए सिरे से निर्माण किया जा रहा है। आरोप यह भी है कि कुछ अतिक्रमणकारी खुलेआम अधिकारियों के नाम लेकर कार्रवाई से बचने का दावा करते हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाएं। साथ ही, कब्जाई गई जमीन की कथित खरीदी-बिक्री में शामिल लोगों एवं दस्तावेजों में गवाह बनने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन से समय रहते सख्त कदम उठाने की अपील की है, अन्यथा भविष्य में शासकीय भूमि का अस्तित्व ही खतरे में पड़ सकता है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोग प्रशासनिक हस्तक्षेप की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

बालोद में मालगाड़ी से कटकर अज्ञात व्यक्ति की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

✍️ भागीरथी यादव   बालोद। जिले में शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात व्यक्ति की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। घटना रात करीब 11 से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही लगभग 1 बजे बालोद कोतवाली थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल बालोद की मर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया। थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि रेलवे से देर रात ट्रेन से कटने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या जैसा प्रतीित हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक मालगाड़ी से टकराया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। यह घटना भैंसबोड़ स्टेशन और रानीतराई के बीच रेलखंड पर हुई। हादसे के बाद आसपास के गांवों के कोटवारों को सूचना देकर मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही परिजनों की जानकारी मिलेगी, पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

रायपुर में दर्दनाक हादसा: सिलतरा इंडस्ट्रियल एरिया में ट्रक की चपेट में आया श्रमिक, मौके पर मौत

  रायपुर। राजधानी के रायपुर स्थित सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिक की जान चली गई। घटना धरसींवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अविनाश लॉजिस्टिक पार्क के पास की है, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार मजदूर को कुचल दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बोधीराम चौहान (33 वर्ष) पिता हेमलाल चौहान, निवासी ग्राम बिछिया, सरायपाली के रूप में हुई है। वह पिछले तीन वर्षों से सिलतरा स्थित श्रीराम प्लास्ट (पाइप निर्माण इकाई) में श्रमिक के तौर पर कार्यरत था। शनिवार शाम वह अपनी मोटरसाइकिल (CG 04 CT 8965) से किसी आवश्यक कार्यवश फैक्ट्री परिसर से बाहर निकला था। इसी दौरान ट्रक (CG 04 J 5043) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार के सिर में गंभीर चोट आई और वह सड़क पर गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद फैक्ट्री के सुपरवाइजर और कंप्यूटर ऑपरेटर ने घायल को तत्काल धरसींवा स्थित शहीद योगेंद्र शर्मा शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

अन्य खबरे

दर्री सीएसईबी कॉलोनी में पानी टंकी के पास भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर बनाया वीडियो, ब्लैकमेल कर मांगे एक लाख रुपये — महिला गिरफ्तार
दर्री डैम हसदेव नदी में डूबे युवक नौशाद खान का शव दो दिन बाद मिला, इलाके में शोक
कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी में आरिफ खान बने उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह
सिमगा संकुल में वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर बैठक सम्पन्न, प्राचार्य ने दिए आवश्यक निर्देश
ग्रामीणों को दस्तावेज उपलब्ध कराने सैचुरेशन शिविर आयोजित करें – कलेक्टर संबित मिश्रा