डिंडोलभांठा में पंचदिवसीय रामायण आयोजन, मुकेश जायसवाल ने की कथा श्रवण
ज्ञान शंकर तिवारी कोरबा। डिंडोलभांठा स्थित सरोवर एवं शिव मंदिर के समीप वटवृक्ष के नीचे आयोजित पंचदिवसीय रामायण कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश जायसवाल शामिल हुए। उत्कर्ष युवा मानस सेवा समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन में उन्होंने विधिवत श्रीफल चढ़ाकर भगवान राम के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए। समिति के पदाधिकारियों ने श्री जायसवाल का श्रीफल, रामनाम पट्टिका एवं बैच पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रामचरितमानस मानव जीवन को दिशा देने वाला ग्रंथ है। इसमें पारिवारिक और सामाजिक जीवन के आदर्शों का वर्णन है—चाहे वह पिता-पुत्र का संबंध हो, पति-पत्नी का, भाई-भाई, मित्र या स्वामी-सेवक का। उन्होंने कहा कि रामचरितमानस के आदर्शों को अपनाकर जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित रामभक्तों के बीच पहुंचकर उनका हालचाल भी जाना। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता दुर्गेश कश्यप, मंडल महामंत्री हरदीबाजार अमरनाथ कौशिक, संतोष कौशिक, जगदीश कश्यप, सोनू कश्यप सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
बिलासपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक रात में 126 वारंटी और 11 फरार आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए गए विशेष कांबिंग गश्त अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक ही रात में 126 वारंटियों और 11 लंबे समय से फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 41 निगरानीशुदा गुंडा-बदमाशों की सघन जांच कर उन्हें वैधानिक चेतावनी दी गई। डीआईजी सह एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर मंगलवार रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाया गया। करीब 300 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें बनाकर संभावित ठिकानों, संदिग्ध स्थानों, होटल-ढाबों और वारंटियों के घरों पर दबिश दी गई। 126 वारंटियों की गिरफ्तारी अभियान के दौरान कुल 126 वारंटियों को पकड़ा गया। इनमें 50 स्थायी वारंटी और 76 गिरफ्तारी वारंट से संबंधित आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहे 11 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए अभिरक्षा में लिया गया। निगरानी बदमाशों की चेकिंग, 10 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई निगरानी सूची में दर्ज 41 गुंडा-बदमाशों का सत्यापन किया गया और उनकी गतिविधियों की जांच की गई। संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 10 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। एक व्यक्ति के पास से धारदार हथियार बरामद होने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पिछले एक सप्ताह में 105 लोगों पर नशे की हालत में वाहन चलाने के मामले दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
गांवों में निगरानी तंत्र मजबूत करने को कोरबी चौकी में बैठक
सुशील जायसवाल कौरबी-चोटिया। ग्राम स्तर पर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस चौकी कोरबी में क्षेत्र के सभी ग्राम कोटवारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांवों में सतर्कता बढ़ाने और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की समय पर जानकारी देने, असामाजिक तत्वों की पहचान करने तथा अपराध की पूर्व सूचना पुलिस तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। कोटवारों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने गांवों में अजनबी व्यक्तियों की आवाजाही, चोरी, अवैध शराब, जुआ-सट्टा, नशाखोरी, घरेलू विवाद, भूमि विवाद समेत अन्य किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखें और तत्काल पुलिस चौकी को सूचित करें। चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने कहा कि ग्राम कोटवार पुलिस और ग्रामीणों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सक्रिय भूमिका से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना संभव है। उन्होंने ग्रामवासियों से भी अपील की कि किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी निडर होकर पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने बताया कि जनसहयोग से अपराध नियंत्रण को मजबूत करने के लिए इस तरह की बैठकों का आयोजन आगे भी नियमित रूप से किया जाएगा। बैठक में थाना स्टाफ और सभी ग्राम कोटवार मौजूद रहे।
पाली के शासकीय नवीन महाविद्यालय में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब का गठन
सुशील जायसवाल पाली (जिला कोरबा)। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों, हायर सेकेंडरी स्कूलों, कॉलेजों एवं उच्च शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ई.एल.सी.) का गठन किया जा रहा है। इसी क्रम में 11 फरवरी 2026 को शासकीय नवीन महाविद्यालय पाली, जिला कोरबा में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह की उपस्थिति में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ई.एल.सी.) का गठन किया गया। इस अवसर पर मतदाता साक्षरता क्लब (ई.एल.सी.) एवं विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) के महत्व पर केंद्रित कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में क्लब के सदस्य छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सतीश प्रकाश सिंह ने ई.एल.सी. के उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) की प्रक्रिया समझाते हुए कहा कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं से अपील की कि वे राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में अपना नाम पंजीकृत कराएं। कार्यक्रम में समाजशास्त्र के प्राध्यापक डॉ. हर्ष पांडेय सहित मतदाता साक्षरता क्लब के सदस्यों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर तथा हाथों में मेहंदी सजाकर मतदाता जागरूकता और एस.आई.आर. के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालयीन स्वीप नोडल अधिकारी श्रीमती रीता पटेल ने किया। इस अवसर पर प्राध्यापक टी.आर. कश्यप, डॉ. शेख तस्लीम अहमद, डॉ. कविता ठक्कर, संत राम खांडेकर, वर्षा लकड़ा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
पलक विकास सुखवानी के प्रयासों से वार्ड 13 में गार्डन व चौपाटी निर्माण को 1 करोड़ की स्वीकृति, मंत्री टंक राम वर्मा का जताया आभार
तिल्दा-नेवरा। नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा के वार्ड क्रमांक 13 को एक बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वार्ड में आधुनिक गार्डन एवं चौपाटी निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। वार्ड 13 के पार्षद एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष पलक विकास सुखवानी ने इस स्वीकृति के लिए प्रदेश सरकार एवं मंत्री टंक राम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की लंबे समय से मांग थी कि क्षेत्र में एक सुव्यवस्थित गार्डन और चौपाटी का निर्माण किया जाए, जिससे नागरिकों को मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान मिल सके। शासन की स्वीकृति से अब यह मांग पूरी होने जा रही है। मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि गार्डन में चौपाटी निर्माण से नागरिकों को एक ही स्थान पर घूमने, बैठने और समय बिताने की बेहतर सुविधा मिलेगी। बच्चों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह स्थान आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह निर्माण कार्य क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ लोगों के जीवन स्तर को भी सकारात्मक रूप से प्रभावित करेगा। स्थानीय नागरिकों ने भी इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उनका कहना है कि वार्ड 13 में बनने वाला नया गार्डन क्षेत्र की पहचान बनेगा और परिवार के साथ समय बिताने के लिए एक नया व बेहतर स्थान उपलब्ध कराएगा। नगर पालिका द्वारा शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
व्हाट्सऐप के जरिए चल रहा था सट्टे का धंधा, चिरमिरी पुलिस ने आरोपी दबोचा
✍️ भागीरथी यादव एमसीबी जिले के चिरमिरी शहर में मोबाइल और व्हाट्सऐप के माध्यम से संचालित हो रहे सट्टे के अवैध कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। छोटा बाजार क्षेत्र की एक गली में आरोपी घर के सामने बैठकर सट्टा-पट्टी का खेल चला रहा था। जिला पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिरमिरी थाना प्रभारी विजय सिंह ने विशेष टीम गठित की थी। मुखबिर से मिली सूचना पर टीम ने छोटा बाजार निवासी सदानंद उर्फ सद्दा बिसाई (लगभग 56 वर्ष) के ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस ने मौके पर सदानंद को व्हाट्सऐप के जरिए सट्टा-पट्टी लेते हुए पकड़ा। तलाशी में उसके पास से सट्टा-पट्टी, नगद 2,210 रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिन्हें जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सदानंद संगठित तरीके से सट्टा संचालित कर रहा था और छोटा बाजार निवासी शिवराम सोनवानी तक सट्टा-पट्टी पहुंचाता था। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के दौरान शिवराम फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। जब्त मोबाइल में मिले अन्य संपर्क नंबरों की भी जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय सिंह सहित प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, अशोक एक्का, विश्वनाथ सिंह, चंद्रसेन राजपूत, मदन राजवाड़े, हाफिज कुरैशी तथा महिला आरक्षक राजेंद्र कुमारी और यसोदा राजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
जशपुर में पत्नी ने की पति की हत्या, शव जलाकर मिटाने की कोशिश
जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। आए दिन शराब के नशे में मारपीट और झगड़े से परेशान एक महिला ने अपने पति की हत्या कर दी। वारदात के समय घर में मौजूद दो नाबालिग बेटियों ने पूरी घटना देखी। बाद में मां-बेटियों ने मिलकर शव को जंगल में ले जाकर पेट्रोल डालकर जला दिया, ताकि पहचान मिटाई जा सके। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी महिला समेत तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। 18 अक्टूबर 2025 को ग्राम पुरना नगर के तुरीटोंगरी जंगल में एक अधजला शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि शव गड्ढे में जला हुआ पड़ा था और शरीर का अधिकांश हिस्सा बुरी तरह झुलस चुका था। पहचान करना मुश्किल था। पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट हुआ कि मौत सामान्य नहीं, बल्कि हत्या थी। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238(क) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। शव अज्ञात होने के कारण पुलिस ने आसपास के थानों में फोटो भेजी और गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की। दिसंबर 2025 में महावीर राम भगत के भाई ने थाने पहुंचकर शक जताया कि दिवाली के समय से उसका भाई लापता है। पत्नी सुमित्रा भगत ने उसकी तलाश में कोई रुचि नहीं दिखाई थी। परिजनों के दबाव में उसने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि महावीर राम और सुमित्रा के संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण थे। विवाद और मारपीट के कारण पत्नी बच्चों के साथ अलग रह रही थी। 18 अक्टूबर को महावीर आखिरी बार पत्नी के घर आया था। पुलिस ने जंगल में मिले शव के नमूने और महावीर के बच्चों के डीएनए सैंपल की जांच कराई। रिपोर्ट में सैंपल मैच हो गया, जिससे पुष्टि हुई कि अधजला शव महावीर राम भगत का ही था। यह भी सामने आया कि हत्या के बाद पहचान मिटाने के लिए पेट्रोल डालकर शव जलाया गया था। शक के आधार पर सुमित्रा को हिरासत में लिया गया। पहले उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपिया सुमित्रा भगत के अनुसार, उसका पति शराब पीकर अक्सर मारपीट करता था और जान से मारने की धमकी देता था। 18 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे वह स्कूटी से उसके घर पहुंचा। उसके हाथ में कुल्हाड़ी थी। विवाद बढ़ने पर सुमित्रा ने कुल्हाड़ी छीनकर उसके सिर और चेहरे पर वार कर दिया। महावीर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद सुमित्रा उसकी छाती पर बैठ गई और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद मां और दोनों नाबालिग बेटियों ने पड़ोस के एक नाबालिग लड़के की मदद ली। शव को लकड़ी की बल्ली से बांधकर जंगल ले जाया गया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सुमित्रा भगत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि तीनों नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। मामले की विवेचना जारी है।
कोरबा: युवक की गिरफ्तारी के बाद मां की मौत, मोहल्लेवासियों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र में मंगलवार को हुई पुलिस कार्रवाई के बाद एक महिला की मौत से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। अवैध शराब बिक्री के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिए जाने के बाद उसकी मां की तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों का दावा है कि बेटे की गिरफ्तारी का सदमा महिला सहन नहीं कर सकीं। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस कार्रवाई और विवाद पुलिस के अनुसार, युवक के खिलाफ अवैध शराब बेचने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई नियमानुसार की गई है। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान पुलिस का व्यवहार सख्त था, जिससे परिवार पर मानसिक दबाव पड़ा। एसपी कार्यालय पहुंचा मामला घटना के विरोध में बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। लोगों ने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि जांच पारदर्शी तरीके से हो और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाए तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कराने और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री निवास घेराव, धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग
✍️ भागीरथी यादव एमसीबी/रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर जारी विवाद के बीच आम आदमी पार्टी ने 10 फरवरी 2026 को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया। पार्टी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश के करीब तीन लाख किसान अब तक अपना धान नहीं बेच पाए हैं। पार्टी नेताओं ने मांग की कि धान खरीदी की अंतिम तिथि 28 फरवरी तक बढ़ाई जाए और किसानों को उनकी उपज का भुगतान एकमुश्त किया जाए। सरकार पर लगाए गंभीर आरोप पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष देवलाल नरेटी ने कहा कि बुवाई से लेकर खरीदी तक किसानों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ा। बीज और खाद की उपलब्धता से लेकर टोकन व्यवस्था तक अव्यवस्था रही। उनका दावा है कि बड़ी संख्या में किसान अब भी धान बेचने से वंचित हैं और कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खरीदी अवधि नहीं बढ़ाई गई तो पार्टी किसानों के साथ मिलकर आंदोलन तेज करेगी। भुगतान प्रक्रिया पर सवाल कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने कहा कि जिन किसानों ने धान बेच दिया है, उन्हें भी भुगतान में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि सहकारी बैंकों में किसानों को एक बार में सीमित राशि ही दी जा रही है, जिससे उन्हें बार-बार चक्कर लगाना पड़ रहा है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि खरीदी केंद्रों की दैनिक सीमा घटाने और टोकन प्रणाली में गड़बड़ी के कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। खरीदी अवधि बढ़ाने की मांग कोरबा लोकसभा अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा ने कहा कि धान खरीदी 6 फरवरी को बंद कर दी गई है, जबकि अभी भी कई किसानों का धान शेष है। उन्होंने मांग की कि खरीदी तब तक जारी रखी जाए जब तक हर किसान का पूरा धान नहीं खरीद लिया जाता। घेराव कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की बड़ी कार्रवाई: चिट्टा बेचते रंगे हाथों पकड़ा गया आरक्षक
रायपुर। सूखे नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने ही विभाग के एक आरक्षक को अवैध मादक पदार्थ बेचते हुए गिरफ्तार किया है। इस घटना के सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु बर्मन (34) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में रायपुर में पदस्थ था। वह मूल रूप से कबीरधाम जिले का निवासी है और पुलिस लाइन स्थित जनता कॉलोनी में रह रहा था। ऐसे हुई कार्रवाई पुलिस को 11 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि मठपारा क्षेत्र में नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे एक व्यक्ति एक्सिस वाहन (CG-04-PW-1372) में बैठकर चिट्टा (हेरोइन) बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से प्लास्टिक की पुड़िया में रखा लगभग 1 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपये आंकी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), सहायक पुलिस आयुक्तों तथा थाना टिकरापारा और आजाद चौक की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। सोर्स से डेस्टिनेशन तक जांच पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है। मादक पदार्थ कहां से आया और किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है।
















