बलरामपुर में नदी किनारे रेत में दबा मिला अज्ञात शव, हत्या की आशंका
✍️ भागीरथी यादव बलरामपुर जिले में सेंदुर नदी के किनारे रेत के नीचे दबा एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह मामला बलरामपुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है। गुरुवार शाम कुछ ग्रामीण नदी की ओर गए थे, तभी उनकी नजर रेत में दबे शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव को जानबूझकर रेत में दबाकर छिपाया गया था, जिससे हत्या की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया है। थाना प्रभारी भापेंद्र साहू ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।
जिले में किरायेदार सत्यापन अनिवार्य, कलेक्टर के आदेश से लागू होगी सख्ती
✍️ भागीरथी यादव एमसीबी। जिले में नागरिकों की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने किरायेदार सत्यापन को अनिवार्य कर दिया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डी. राहुल वेंकट (आईएएस) द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। जिला पुलिस प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत नगरीय एवं नगर बाह्य क्षेत्रों में प्रभावशील किया गया है। आदेश के तहत अब बिना पुलिस सत्यापन किसी भी व्यक्ति को मकान या कमरा किराए पर देना प्रतिबंधित रहेगा। मकान मालिकों पर बढ़ी जिम्मेदारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी मकान मालिकों को अपने किरायेदारों की पूरी जानकारी संबंधित थाना में अनिवार्य रूप से देनी होगी। इसमें किरायेदार का नाम, स्थायी पता, मोबाइल नंबर और वैध पहचान पत्र शामिल है। साथ ही, पहले से निवासरत किरायेदारों का भी तत्काल पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देना होगा अनिवार्य जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि बिना पहचान पत्र वाले किसी भी व्यक्ति को किराये पर न रखा जाए। यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करना मकान मालिक की जिम्मेदारी होगी। उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई आदेश का पालन नहीं करने पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश जारी तिथि से आगामी दो माह अथवा अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन की नागरिकों से अपील जिला प्रशासन ने सभी मकान मालिकों और नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और किरायेदार सत्यापन प्रक्रिया का पूर्ण रूप से पालन करने की अपील की है।
छत्तीसगढ़ से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व की अहम बैठक, BJP सरकार पर साधा निशाना
दिल्ली – दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल के साथ छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ की राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी और महासचिव सचिन पायलट ने बताया कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने राज्य से जुड़े प्रमुख राजनीतिक मुद्दों पर स्पष्ट दिशानिर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की BJP सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। सचिन पायलट ने आरोप लगाया कि राज्य में माइनिंग को बैकडोर से प्रवेश दिया जा रहा है, जिससे आदिवासी समुदाय प्रभावित और परेशान है। कांग्रेस आदिवासी भाई-बहनों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि BJP सरकार ने मनरेगा को कमजोर कर नया कानून लागू किया है, जिससे पंचायतों, गरीबों और मजदूरों के अधिकार छीने गए हैं। कांग्रेस इस मुद्दे पर केंद्र सरकार पर लगातार दबाव बनाएगी और यह नया कानून वापस लेने के लिए मजबूर करेगी। बैठक में छत्तीसगढ़ से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ-साथ आने वाले समय में संगठन को मजबूत करने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर भी चर्चा हुई। सचिन पायलट ने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस की विचारधारा वाला प्रदेश है। युवाओं और आम जनता को कांग्रेस से बड़ी उम्मीदें हैं और पार्टी उन उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।
चनवारीडांड में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और बिक्री का मामला, जांच आदेश के बावजूद कार्रवाई लंबित
✍️ भागीरथी यादव एमसीबी। मनेंद्रगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत चनवारीडांड में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और खरीद–फरोख्त का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि भू-माफियाओं द्वारा कई शासकीय खसरा नंबरों पर कब्जा कर न केवल मकान निर्माण कर लिया गया, बल्कि जमीन के टुकड़ों की अवैध बिक्री भी की गई है। इस संबंध में ग्राम पंचायत चनवारीडांड के पूर्व सरपंच राम सिंह मरावी ने जिला कलेक्टर एमसीबी को लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। आवेदन में बताया गया है कि राजस्व निरीक्षक मंडल मनेन्द्रगढ़ (ग्रामीण) के अंतर्गत आने वाली शासकीय भूमि पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण किया गया है। इन खसरा नंबरों पर अतिक्रमण का आरोप शिकायत के अनुसार, खसरा नंबर 263 (रकबा 0.7000 हेक्टेयर) खसरा नंबर 261 (रकबा 0.2900 हेक्टेयर) खसरा नंबर 250 (रकबा 2.6100 हेक्टेयर) खसरा नंबर 252 (रकबा 0.6100 हेक्टेयर) इन भूमि खंडों पर कहीं अवैध रूप से आवासीय निर्माण कर लिया गया है, तो कहीं जमीन की अवैध खरीद-बिक्री हो चुकी है। इससे शासन को राजस्व नुकसान हो रहा है और ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। चार प्रमुख मांगें रखीं पूर्व सरपंच द्वारा दिए गए आवेदन में प्रशासन से राजस्व अमले से मौके पर जांच कराने, अतिक्रमण हटाकर भूमि को शासन के कब्जे में लेने, दोषियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने, तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को अतिक्रमण मुक्त शासकीय भूमि उपलब्ध कराने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के कई आवेदन केवल भूमि उपलब्ध न होने के कारण निरस्त हो चुके हैं। यदि शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया जाए तो जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ मिल सकता है। जांच आदेश के बाद भी प्रगति नहीं पूर्व सरपंच का आवेदन कलेक्टर जनदर्शन में पत्र क्रमांक 2290125001022 के तहत दर्ज किया गया था। प्रशासनिक अभिलेखों के अनुसार यह प्रकरण 23 सितंबर 2025 को तहसीलदार मनेन्द्रगढ़ को जांच हेतु भेजा गया, जिसकी जिम्मेदारी तहसीलदार श्रीकांत पाण्डेय को सौंपी गई थी। इसके बावजूद अब तक न तो स्थल जांच की गई और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई सामने आई है। लंबे समय से प्रकरण लंबित रहने के कारण प्रशासनिक उदासीनता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में कब ठोस कदम उठाता है या शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का यह गंभीर मामला कागजों तक ही सीमित रह जाएगा।
शहीद दिवस पर शराब बिक्री को लेकर कांग्रेस का हमला, पूनम सिंह ने सरकार के फैसले की निंदा की
✍️ भागीरथी यादव एमसीबी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि एवं शहीद स्मृति दिवस के अवसर पर प्रदेश में शराब दुकानें खुली रखने के निर्णय को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। कांग्रेस नेत्री पूनम सिंह ने इस फैसले को गांधीवादी विचारधारा और देश के शहीदों के सम्मान के विपरीत बताते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। जारी बयान में पूनम सिंह ने कहा कि 30 जनवरी का दिन वर्षों से पूरे देश में शहीदों को श्रद्धांजलि देने और संयम का संदेश देने के उद्देश्य से शुष्क दिवस के रूप में मनाया जाता रहा है। ऐसे पवित्र दिन पर शराब की बिक्री की अनुमति देना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन आदर्शों के खिलाफ है, जिनके लिए महात्मा गांधी और अन्य शहीदों ने अपना जीवन बलिदान किया। सुशासन के दावों पर सवाल कांग्रेस नेत्री ने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार सुशासन के दावे करती है, लेकिन शहीद दिवस पर शराब दुकानें खुली रहना इन दावों पर प्रश्नचिह्न लगाता है। चुनाव के समय शराबबंदी और नैतिक मूल्यों की बात करने वाली भाजपा सरकार ने अपने ही वादों से पीछे हटने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व को प्राथमिकता देकर सरकार ने छत्तीसगढ़ की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं की अनदेखी की है। मनेन्द्रगढ़ सहित पूरे प्रदेश में शराब बिक्री जारी रहना जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। जनता से माफी की मांग पूनम सिंह ने सरकार से मांग की कि वह इस निर्णय के लिए प्रदेश की जनता और गांधीवादी विचारधारा में विश्वास रखने वाले लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। उन्होंने कहा कि जनता सरकार के हर फैसले पर नजर रखे हुए है और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से अपना जवाब देगी।
मुस्कान की नई पहचान बना मनेन्द्रगढ़, श्री राम डेंटल केयर ने रचा इतिहास
✍️ भागीरथी यादव एमसीबी। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में मनेन्द्रगढ़ लगातार नई उपलब्धियाँ हासिल कर रहा है। इसी कड़ी में शहर का श्री राम डेंटल केयर एंड इंप्लांट सेंटर अब आधुनिक दंत चिकित्सा का भरोसेमंद केंद्र बनकर उभरा है। अत्याधुनिक तकनीक और अनुभवी चिकित्सकों के नेतृत्व में इस सेंटर ने अब तक 200 से अधिक सफल डेंटल इंप्लांट्स कर क्षेत्र के लोगों का विश्वास जीत लिया है। डॉ. आयुष सिंह और डॉ. नमिता के कुशल मार्गदर्शन में संचालित यह सेंटर उन मरीजों के लिए राहत का केंद्र साबित हो रहा है, जिन्हें पहले बेहतर इलाज के लिए रायपुर, बिलासपुर या नागपुर जैसे बड़े शहरों की ओर रुख करना पड़ता था। अब वही सुविधाएं मनेन्द्रगढ़ में ही उपलब्ध हैं। जिले का एकमात्र 3D स्कैन (CBCT) सेंटर श्री राम डेंटल केयर की सबसे बड़ी विशेषता है जिले की पहली और एकमात्र CBCT (3D CT Scan) मशीन। यह तकनीक दांतों, जबड़े और नसों की सटीक स्थिति को स्पष्ट रूप से दर्शाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, जहां सामान्य एक्स-रे सीमित जानकारी देता है, वहीं 3D स्कैन से बीमारी की गहराई तक सही निदान संभव होता है, जिससे सर्जरी पूरी तरह सुरक्षित बन जाती है। माइक्रोस्कोपिक RCT से बढ़ी इलाज की सफलता रूट कैनाल ट्रीटमेंट को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सेंटर में एडवांस माइक्रोस्कोपिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। सूक्ष्मदर्शी की सहायता से दांत की बेहद बारीक नसों को देखकर उनका उपचार किया जाता है, जिससे इलाज की सफलता दर बढ़ी है और दांत लंबे समय तक सुरक्षित रहता है। 200 से अधिक सफल इंप्लांट्स कम समय में 200 से अधिक सफल डेंटल इंप्लांट्स कर श्री राम डेंटल केयर ने क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। आधुनिक डिजिटल इंप्लांट तकनीक के कारण मरीजों को अब कम दर्द, कम समय और बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। संचालकों का बयान डॉ. आयुष सिंह और डॉ. नमिता ने बताया, “हमारा उद्देश्य है कि क्षेत्र के मरीजों को वही अत्याधुनिक तकनीक उपलब्ध कराई जाए, जो अब तक केवल बड़े शहरों तक सीमित थी। 3D स्कैन और माइक्रोस्कोपिक तकनीक के जरिए हम इलाज की गुणवत्ता और सटीकता को नए स्तर तक ले जा सके हैं।” प्रमुख सुविधाएं जिले का इकलौता 3D CBCT स्कैन सेंटर दर्दरहित और सुरक्षित डिजिटल डेंटल इंप्लांट्स माइक्रोस्कोपिक तकनीक से जड़ों का सटीक उपचार समय और खर्च की बचत, इलाज अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध
कोरबा: गांधी पुण्यतिथि पर शराब बिक्री से आक्रोश, युवा कांग्रेस ने आबकारी मंत्री का पुतला फूंका देखें वीडियो
✍️ भागीरथी यादव कोरबा। महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि जैसे पवित्र अवसर पर जिले में शराब की बिक्री जारी रहने को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखा विरोध देखने को मिला। इस मुद्दे पर युवा कांग्रेस कोरबा शहर ने राज्य सरकार और विशेष रूप से कोरबा विधायक एवं आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिस दिन पूरा देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करता है, उसी दिन शराब की दुकानें खुली रहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। यह निर्णय न केवल गांधी जी के नशामुक्ति के आदर्शों के खिलाफ है, बल्कि कोरबा की जनता और छत्तीसगढ़ महतारी की भावनाओं का भी खुला अपमान है। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टी.पी. नगर स्थित प्रीमियम वाइन शॉप के सामने आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन का पुतला दहन कर सरकार की नीतियों के खिलाफ आक्रोश जताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि आबकारी मंत्री होने के नाते श्री देवांगन की नैतिक जिम्मेदारी थी कि बलिदान दिवस पर शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाता, लेकिन ऐसा न कर सरकार ने अपनी संवेदनहीनता उजागर कर दी है। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी ऐसे राष्ट्रीय और ऐतिहासिक अवसरों पर शराब बिक्री बंद नहीं की गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान “नशे से नहीं, संस्कार से बनेगा छत्तीसगढ़” जैसे नारे भी लगाए गए।
शादी का झांसा, फिर रेप और मजबूरी में मातृत्व; कोर्ट ने दोषी को सुनाई 20 साल की कड़ी सजा
बालोद: प्यार का झांसा देकर नाबालिग की अस्मत से खेलने वाले आरोपी जागेश्वर गंडावी (21 वर्ष) को अदालत ने उम्रकैद के समान कठोर सजा सुनाई है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश कृष्ण कुमार सूर्यवंशी की कोर्ट ने आरोपी को 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाते हुए समाज में कड़ा संदेश दिया है। मामले की गंभीरता: आरोपी ने शादी का झांसा देकर साल 2023 से नाबालिग के साथ लगातार दुष्कर्म किया। मामला तब उजागर हुआ जब अगस्त 2024 में पीड़िता ने एक बच्चे को जन्म दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की। लोक अभियोजक बसंत कुमार देशमुख की प्रभावी पैरवी के चलते आरोपी को कड़ी सजा और अर्थदंड से दंडित किया गया है।
कोरबा: दौदरो में अवैध रेत उत्खनन का बोलबाला, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
✍️ भागीरथी यादव कोरबा: जिले की ग्राम पंचायत दौदरो में अवैध रेत उत्खनन का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन के पीछे स्थित नाले और अमलीमना नाला क्षेत्र से दिन-रात ट्रैक्टरों के जरिए रेत की चोरी की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि मुख्यमंत्री जनदर्शन पोर्टल पर शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। निशाने पर प्राकृतिक संसाधन: ग्रामीणों के अनुसार, नाले और शासकीय रास्तों को खोदकर रेत निकाली जा रही है, जिससे पर्यावरण और सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुँच रहा है। चिह्नित वाहन: अवैध परिवहन में मुख्य रूप से CG-12 पासिंग वाले ट्रैक्टरों का उपयोग किया जा रहा है। पोर्टल पर शिकायत बेअसर: मामले की शिकायत पहले ही मुख्यमंत्री जनदर्शन में दर्ज कराई जा चुकी है। टोकन नंबर होने के बाद भी खनिज विभाग की निष्क्रियता ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। बढ़ते हौसले: आरोप है कि शिकायत होने के बाद रेत तस्करों की गतिविधियां और भी तेज हो गई हैं, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें कानून का कोई डर नहीं है। कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग ग्रामीणों ने हाल ही में कलेक्टर जनदर्शन में लिखित आवेदन सौंपकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस अवैध कारोबार पर नकेल कसता है या यह मामला फाइलों में ही दबा रह जाएगा।
कवर्धा: महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष पर भाई ने किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर
✍️ भागीरथी यादव कवर्धा (कबीरधाम): छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष गंगोत्री योगी पर उनके सगे बड़े भाई ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी भाई ने सब्जी काटने वाले हंसिया (सिकल) से उन पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। फिलहाल, उन्हें इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विवाद सुलझाने के दौरान हुआ हमला पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 जनवरी की शाम पिपरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव की है। गंगोत्री योगी एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अपने बड़े भाई नेम नाथ योगी के घर गई थीं। वहां नेम नाथ अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। जब गंगोत्री ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराने की कोशिश की, तो आरोपी भाई ने गुस्से में आकर उन पर हंसिया से हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर आईं गंभीर चोटें इस हमले में गंगोत्री योगी के सिर, चेहरे, हाथ और पीठ पर गहरे जख्म आए हैं। अधिक खून बह जाने के कारण वह बेहोश हो गई थीं। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस की कार्रवाई पिपरिया थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी नेम नाथ योगी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी अमित कश्यप ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
















