सेक्स सीडी कांड में नया मोड़: सेशन कोर्ट ने CBI कोर्ट का फैसला किया रद्द, भूपेश बघेल को फिर ट्रायल का सामना
✍️ भागीरथी यादव छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित सेक्स सीडी कांड मामले में एक बार फिर बड़ा कानूनी मोड़ सामने आया है। रायपुर सेशन कोर्ट ने 24 जनवरी को CBI की लोअर कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले को निरस्त करते हुए CBI की रिव्यू पिटिशन को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को एक बार फिर मुकदमे का सामना करना होगा। सेशन कोर्ट ने भूपेश बघेल को नियमित कोर्ट में पेश होने के निर्देश दिए हैं। इस मामले की पहली सुनवाई 23 फरवरी 2026 को तय की गई है। भूपेश बघेल के अधिवक्ता फैजल रिजवी ने कोर्ट में पेशी की तारीख की पुष्टि की है। सेशन कोर्ट के फैसले के बाद भूपेश बघेल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पूरी कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा है। उन्होंने कहा, “यह केंद्र और राज्य सरकार की सोची-समझी चाल है। अदालत में सच्चाई सामने आएगी। हम लड़ेंगे और जीतेंगे।” गौरतलब है कि इसी मामले में 4 मार्च 2025 को रायपुर की विशेष CBI कोर्ट ने भूपेश बघेल को साक्ष्यों के अभाव में सभी आरोपों से बरी कर दिया था। कोर्ट ने स्पष्ट कहा था कि उनके खिलाफ मुकदमा चलाने का कोई ठोस आधार नहीं है और सभी धाराएं हटा दी गई थीं। हालांकि, CBI ने उस फैसले के खिलाफ सेशन कोर्ट में रिव्यू याचिका दाखिल की थी, जिसे अब स्वीकार कर लिया गया है। सेशन कोर्ट ने 2024-25 में मजिस्ट्रेट कोर्ट द्वारा दिए गए राहत आदेश को रद्द कर दिया है, जिससे भूपेश बघेल की कानूनी मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। इससे पहले भूपेश बघेल की ओर से जबलपुर हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष दत्त ने अदालत में पक्ष रखते हुए कहा था कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है। उन्होंने दलील दी थी कि भूपेश बघेल ने न तो किसी सीडी का निर्माण कराया और न ही उसका वितरण किया, और उन्होंने किसी भी प्रकार का अपराध नहीं किया है। अब सेशन कोर्ट के फैसले के बाद यह मामला फिर से ट्रायल के दौर में प्रवेश कर गया है, जिस पर पूरे प्रदेश की राजनीतिक निगाहें टिकी हुई हैं।
नगरनार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओडिशा से रायपुर ले जाए जा रहे गांजे के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
✍️ भागीरथी यादव बस्तर – नगरनार पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ओडिशा से रायपुर ले जाए जा रहे गांजे की तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से 4.667 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 लाख 44 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी को नगरनार पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम धनपुंजी मंडी नाका, राष्ट्रीय राजमार्ग-63 के पास एक महिला गांजा लेकर रायपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर पुलिस ने बताए गए हुलिए की एक महिला को सड़क किनारे नीले रंग का बैग लिए खड़ा पाया। पुलिस टीम को देखते ही महिला घबरा गई और भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों की सतर्कता से उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना नाम सुमन पाल (उम्र 40 वर्ष) बताया, जो उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित संजय गांधी नगर की रहने वाली है। तलाशी के दौरान उसके बैग से दो पैकेटों में भरा कुल 4.667 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और 1,000 रुपए नकद भी जब्त किए हैं। जब्त किए गए कुल सामान की कीमत करीब 2 लाख 44 हजार 350 रुपए आंकी गई है। नगरनार पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के आंदोलन का असर
ज्ञान शंकर तिवारी दीपका–डूमरकछार मार्ग की जर्जर सड़क व पुलों की मरम्मत शुरू कोरबा। दीपका से डूमरकछार को जोड़ने वाली मुख्य सड़क और जर्जर पुलों को लेकर लंबे समय से क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त था। अब गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जनआंदोलन और लगातार जनदबाव के बाद प्रशासन ने इस मार्ग पर सड़क एवं पुलों के मरम्मत कार्य की शुरुआत कर दी है। मरम्मत कार्य शुरू होते ही क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। भीमसेनिया जंगल के पास तथा डूमरकछार से पहले सड़क का बड़ा हिस्सा बीच से पूरी तरह उखड़ चुका था। जगह-जगह गहरे गड्ढे, उभरी हुई सतह और असंतुलित लेवल के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। वहीं रैनपुर और धौराभांटा के पास स्थित पुलों की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि भारी वाहनों के साथ-साथ आम नागरिकों की जान भी जोखिम में थी। इन गंभीर समस्याओं को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी लगातार प्रशासन का ध्यान आकर्षित करती रही। इसी कड़ी में प्रदेश प्रवक्ता ईश्वर अर्मेक्शन के नेतृत्व में 19 जनवरी 2026 को एकदिवसीय महापंचायत, धरना-प्रदर्शन एवं चक्का जाम का आयोजन किया गया। इस आंदोलन को जिला सरपंच संघ सहित विभिन्न सरपंच संघों का पूर्ण समर्थन मिला, जिससे यह आंदोलन व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सका। प्रदेश प्रवक्ता ईश्वर अर्मेक्शन ने कहा कि दीपका–डूमरकछार मार्ग की बदहाल सड़क और जर्जर पुल जनता की जान के साथ सीधा खिलवाड़ थे। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने जनहित और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह आंदोलन किया। मरम्मत कार्य की शुरुआत इस बात का प्रमाण है कि संगठित, शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक संघर्ष से ही जनसमस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी आने वाले समय में भी जल, जंगल, ज़मीन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर जनता के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। यदि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बरती गई, तो पार्टी भविष्य में और भी व्यापक आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। मरम्मत कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में संतोष और उम्मीद का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा हुआ, तो वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।
पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में देशभक्ति का सैलाब, जगह-जगह शान से लहराया तिरंगा
सुशील जायसवाल कोरबी, सिरमिना, सिमगा, पाली सहित ग्रामीण अंचलों में हर्षोल्लास के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस पोड़ी उपरोड़ा (कोरबी चोटिया)। राष्ट्रीय पर्व 26 जनवरी – 77वां गणतंत्र दिवस पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के कोरबी चोटिया, पाली, सिरमिना, सिमगा सहित दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में उत्साह, गौरव और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। शासकीय विद्यालयों, पंचायत कार्यालयों, पुलिस चौकियों एवं सहकारी संस्थाओं में ध्वजारोहण कर गणतंत्र की गरिमा को नमन किया गया। कोरबी चोटिया में भव्य आयोजन कोरबी ग्राम पंचायत में सरपंच राजू राम मरावी द्वारा पंचायत कार्यालय, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया। पुलिस चौकी में प्रातः 7:30 बजे चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें “जय हिंद” के नारों से पूरा गांव गूंज उठा। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल एवं आत्मानंद विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। डीजे की मधुर धुनों पर लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, भाषण एवं नृत्य प्रस्तुत किए गए। विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में पालक, ग्रामीणजन एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य रामाश्रय सिंह तंवर, शिक्षकगण एवं स्टाफ के सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की गई। इस अवसर पर अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया तथा सरपंच राजू राम मरावी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को ₹2000 नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। सिरमिना, सिमगा और लाद में भी दिखा उत्साह जिले के सीमावर्ती ग्राम सिरमिना स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी आत्मानंद विद्यालय में प्राचार्य राजकुमार ओगरे ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती कैलाश श्याम, संस्था अध्यक्ष कमला पेद्रो, शिक्षकगण, पालक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सिमगा हायर सेकेंडरी स्कूल में प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह द्वारा ध्वजारोहण किया गया। सरपंच श्रीमती गायत्री आयम ने प्राथमिक शाला सरपता के शिक्षकों को ₹1250 सम्मान राशि प्रदान की। हाईस्कूल लाद में प्राचार्य जे.एल. जगत ने पूजा-अर्चना के साथ तिरंगा फहराया। विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में सरपंच लाल बहादुर सिंह, उपसरपंच कन्हैया लाल कुर्रे सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे। सहकारी समितियों में भी मनाया गया गणतंत्र दिवस कोरबी, सिरमिना एवं कुल्हरिया स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कार्यालयों में समिति पदाधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस मनाया गया। कार्यक्रमों में समिति सदस्य, किसान, कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। पाली में शान से फहराया तिरंगा ग्राम पंचायत पाली के हाईस्कूल में प्राचार्या शकुंतला सारथी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर सरपंच सुमार सिंह, पूर्व प्राचार्य गंगाराम कुर्रे, पालक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रेम नगर आंगनबाड़ी में गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति की गूंज
कोरबा। दर्री क्षेत्र के प्रेम नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का पर्व देशभक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गरिमामय ध्वजारोहण से हुई, जिसे वार्ड क्रमांक 44 के पार्षद सुनील पटेल ने संपन्न किया। कार्यक्रम में टी.एस. बाबा फैन क्लब के अध्यक्ष संजय कुमार कौशिक की विशेष उपस्थिति रही। उनकी सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को और अधिक प्रेरणादायक बना दिया। इस दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और वातावरण को भावनात्मक बना दिया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पार्षद पटेल ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की जागरूकता और कर्तव्यनिष्ठा से ही संभव है। उन्होंने सभी से राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। आयोजन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों के साथ किया गया।
पखांजूर में नाबालिग से हैवानियत: 52 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, पानी मांगने के बहाने घर में घुसा था दरिंदा
पखांजूर। कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक 52 वर्षीय व्यक्ति ने घर में अकेली पाकर एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। प्यास बुझाने के बहाने दी दरिंदगी को अंजाम जानकारी के अनुसार, घटना 17 जनवरी 2026 की है। ग्राम पीवी 59 निवासी आरोपी विकास बाईन (52 वर्ष) सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच पीड़िता के घर पहुँचा। उस वक्त नाबालिग घर में अकेली थी। आरोपी ने प्यास लगने का बहाना कर पानी मांगा और जैसे ही मासूम पानी लेकर आई, आरोपी ने उसे जबरन कमरे में खींच लिया और उसके साथ अनाचार किया। पूरे परिवार को खत्म करने की दी थी धमकी हैवानियत की हदें पार करने के बाद आरोपी ने जाते-जाते मासूम को खौफजदा कर दिया। उसने धमकी दी कि यदि उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया, तो वह उसके पूरे परिवार को जान से मार देगा। डरी-सहमी पीड़िता ने अंततः परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद थाने में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में मामले की गंभीरता को देखते हुए पखांजूर पुलिस ने जाल बिछाया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी विकास बाईन को धर दबोचा। दर्ज धाराएं: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 351(3) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 4 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस सफल कार्रवाई में पखांजूर थाना प्रभारी लक्ष्मण केवट, SI अनिल कुमार पालेश्वर, ASI बिन्दुलता देवांगन सहित रूबेन टोप्पो और आरक्षक दिव्या की मुख्य भूमिका रही।
अंबिकापुर में फर्जी नाम-धर्म से प्रेमजाल: आदिवासी युवती से धोखाधड़ी और शोषण का आरोप, आरोपी हिरासत में
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अंबिकापुर में एक युवक पर नाम और पहचान छुपाकर आदिवासी युवती को प्रेमजाल में फंसाने, शादी का झांसा देने तथा आर्थिक व मानसिक शोषण करने के आरोप लगे हैं। पीड़िता की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी का असली नाम मोहम्मद महफूज है, जो बिहार के पटना का निवासी बताया जा रहा है। उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर हिंदू नाम से फर्जी आईडी बनाकर खुद को रेलवे कर्मचारी बताया और इसी झूठी पहचान के जरिए युवती से संपर्क स्थापित किया। बातचीत के दौरान आरोपी ने शादी, नौकरी और सुरक्षित भविष्य का भरोसा दिलाकर युवती का विश्वास जीता। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया था, जिसमें उसने अपना नाम और धर्म बदलकर खुद को हिंदू दर्शाया। इसी दस्तावेज के आधार पर उसने युवती को अपने झांसे में लिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उससे शारीरिक संबंध बनाए और अलग-अलग बहानों से 54 हजार रुपये नकद भी लिए, जिसके स्क्रीनशॉट सबूत के तौर पर पुलिस को सौंपे गए हैं। हिंदू संगठनों ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि आरोपी अंबिकापुर के नए बस स्टैंड क्षेत्र स्थित एक लॉज में फर्जी नाम से ठहरा हुआ था। संगठन के नेताओं का दावा है कि आरोपी इसी तरह दो-तीन अन्य युवतियों को भी धोखे में रख चुका है। मामले के सामने आने के बाद संगठनों ने कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस पूरे प्रकरण पर सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर लिया गया है। विवेचना के दौरान आरोपी के मोबाइल की जांच में यह संकेत मिले हैं कि वह पहले भी अन्य लड़कियों के साथ इसी तरह की धोखाधड़ी कर चुका है। आरोपी द्वारा पहचान छुपाकर गलत मंशा से संबंध बनाने, आर्थिक ठगी और दैहिक शोषण के प्रयास के साक्ष्य मिले हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की अग्रिम विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि यदि अन्य पीड़िताएं सामने आती हैं, तो मामले में धाराएं और बढ़ाई जा सकती हैं।
कोरबा : गणतंत्र दिवस पर पंचायत भवन में उल्टा फहराया गया तिरंगा, ग्रामीणों में आक्रोश
सुशील जायसवाल पोड़ी उपरोड़ा | 26 जनवरी जहां एक ओर पूरा देश 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मना रहा था, वहीं कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दम्हामुड़ा में राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का गंभीर मामला सामने आया है। पंचायत भवन में ध्वजारोहण के दौरान तिरंगा झंडा उल्टा फहराया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराज़गी देखी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गणतंत्र दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत दम्हामुड़ा के सरपंच मटुक लाल ओडे द्वारा ध्वजारोहण किया गया। सरपंच दिनभर तीन अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल थे। इसी दौरान पंचायत भवन में राष्ट्रीय ध्वज उल्टा फहरा दिया गया, जो लगभग दो से तीन घंटे तक उसी स्थिति में रहा। जानकारी मिलने पर सुधारा गया झंडा बताया गया कि ध्वजारोहण के समय पंचायत सचिव मोहन कौशिक मौके पर उपस्थित नहीं थे। झंडा लगाने की जिम्मेदारी एक कर्मचारी संतोष कुमार को दी गई थी, जिनकी जानकारी के अभाव में तिरंगा उल्टा लगा दिया गया। उसी अवस्था में सरपंच द्वारा ध्वजारोहण भी कर दिया गया। बाद में जब ग्रामीणों एवं पंचों द्वारा इस गंभीर त्रुटि की जानकारी दी गई, तब सरपंच ने स्वयं झंडे को सही करवाया। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बताया राष्ट्रध्वज का अपमान इस घटना को लेकर ग्रामवासियों में तीव्र रोष व्याप्त है। ग्राम पंचायत दम्हामुड़ा निवासी एवं गो.ग.पा. के युवा नेता कांति कुमार ने कहा कि “राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा फहराना घोर लापरवाही ही नहीं, बल्कि राष्ट्रध्वज का अपमान है। यह मामला अत्यंत गंभीर श्रेणी में आता है।” वहीं स्थानीय निवासी एवं अधिवक्ता अरविंद राज ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि “ऐसे गैर-जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के खिलाफ शासन को तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करनी चाहिए। इतनी बड़ी चूक अक्षम्य है।” जांच और कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने एक स्वर में इस पूरे मामले की शासन स्तर पर जांच कराए जाने और संबंधित सरपंच के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।
महासमुंद में बैरियर तोड़कर भागे गांजा तस्कर रायपुर में दबोचे गए, डायल 112 को मारी टक्कर
✍️ भागीरथी यादव रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस ने नशे के कारोबार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी महासमुंद में बैरियर तोड़कर फरार हुए थे और रायपुर में पुलिस से बचने के लिए डायल 112 की गाड़ी को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन विधानसभा पुलिस की मुस्तैदी से दोनों को धर दबोचा गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महासमुंद पुलिस ने विधानसभा थाना पुलिस को सूचना दी थी कि एक सफेद रंग की किया कार (क्रमांक MH 46 CV 2841) संदिग्ध सामान के साथ रायपुर की ओर तेज़ी से बढ़ रही है। इस दौरान कार सवार आरोपियों ने महासमुंद में पुलिस बैरियर को तोड़ दिया था। सूचना मिलते ही विधानसभा थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक प्रफुल्ल परीक्षा के नेतृत्व में टीम ने रिंग रोड नंबर 3 पर घेराबंदी की। जैसे ही कार को रोका गया, आरोपियों ने तेज़ रफ्तार में गाड़ी भगाते हुए डायल 112 की पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार की रफ्तार धीमी हुई और पुलिस ने चारों ओर से घेरकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राकेश गुप्ता (निवासी ठाणे जिला) और अमित सिंह (निवासी रायगढ़, महाराष्ट्र) बताए। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनकी गाड़ी से 35 किलो से अधिक गांजा बरामद किया। पुलिस की पुष्टि विधानसभा सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपी गांजा तस्करी में शामिल थे। उन्होंने कहा कि गांजा कहां से लाया गया और कहां ले जाया जा रहा था, इस संबंध में पुलिस की टीम गहन जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 👉 पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर गांधी चौक में सांसद प्रतिनिधि राम पंजवानी ने फहराया तिरंगा
तिल्दा नेवरा। नगर के ऐतिहासिक गांधी चौक में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर गरिमामय ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रायपुर लोकसभा के सांसद प्रतिनिधि राम पंजवानी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ उपस्थित नागरिकों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के पश्चात सांसद प्रतिनिधि राम पंजवानी ने “गणतंत्र दिवस अमर रहे”, “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के नारों के साथ पूरे गांधी चौक को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। उपस्थित नागरिकों, बच्चों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी उत्साहपूर्वक नारों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान तिरंगे के सम्मान में परेड का आयोजन किया गया तथा बच्चों द्वारा संक्षिप्त सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। बड़ी संख्या में नगरवासियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। गणतंत्र दिवस का यह आयोजन हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी उल्लास, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ संपन्न हुआ।















