सिरमिना क्रिकेट प्रीमियर लीग का भव्य समापन, अमका बनी चैंपियन

सुशील जायसवाल   सिरमिना/कोरबी। विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत दूरस्थ वनांचल ग्राम पंचायत सिरमिना में नववर्ष के अवसर पर आयोजित ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रीमियर लीग–2026 का भव्य समापन फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 7 जनवरी से 14 दिनों तक किया गया, जिसमें आसपास के क्षेत्रों एवं पड़ोसी जिलों से तीन दर्जन से अधिक टीमों ने भाग लिया। क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल मुकाबला एमसीबी जिले की अमका टीम एवं कोटया टीम के बीच स्वामी आत्मानंद स्कूल खेल मैदान में खेला गया। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में खेले गए कड़े संघर्षपूर्ण मुकाबले में अमका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, वहीं कोटया टीम उपविजेता रही। विजेता टीम अमका को मुख्य अतिथियों द्वारा ₹25,000 नगद एवं शील्ड, जबकि उपविजेता टीम कोटया को ₹12,500 नगद एवं शील्ड प्रदान की गई। प्रतियोगिता में तीसरा एवं चौथा स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को भी आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अमका टीम के खिलाड़ी को तथा मैन ऑफ द सीरीज का सम्मान अमन को प्रदान किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा अध्यक्ष माधुरी देवी तंवर, उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जाखड़, सरपंच संघ ब्लॉक अध्यक्ष एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप सिंह मरावी, जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम, पूर्व तहसीलदार जेपी सिंह, जनपद सदस्य कमला पेंद्रो, मंडल महामंत्री राकेश जायसवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष रवि मरकाम, ग्राम पंचायत सिरमिना की सरपंच श्रीमती कैलाश श्याम सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि डॉ. पवन कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत जीवन का हिस्सा है, जीत में संयम और हार में धैर्य जरूरी है। उन्होंने मंच से ही ग्राम सिरमिना में सांस्कृतिक मंच निर्माण हेतु ₹5 लाख देने की घोषणा भी की। जनपद उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जाखड़ ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं। मैदान में दर्शकों और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए आयोजन समिति द्वारा छक्के एवं शानदार कैच पर डीजे की धुन पर सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिससे पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस सफल आयोजन में मंच संचालन लालचंद पैंदरो द्वारा किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों, स्वयंसेवकों एवं ग्रामवासियों के सहयोग से यह 14 दिवसीय क्रिकेट महोत्सव खेल भावना, अनुशासन और सौहार्द के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

गरियाबंद में ‘ऑपरेशन निश्चय’ की बड़ी कामयाबी

        राजिम पुलिस ने 19.696 किलो गांजा के साथ दो तस्कर दबोचे, ₹11.63 लाख की संपत्ति जब्त गरियाबंद | अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ रायपुर रेंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे रेंज स्तरीय “ऑपरेशन निश्चय” के तहत गरियाबंद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना राजिम क्षेत्र में पुलिस ने करीब 20 किलो अवैध गांजा के साथ दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार करते हुए ₹11 लाख 63 हजार 450 रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के अनुरूप अवैध गांजा, हीरा एवं वन्यजीव तस्करी पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 19 जनवरी 2026 को थाना राजिम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर एनएस 400 मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक गांधीनगर की ओर राजिम पुल के रास्ते आ रहे हैं और उनके पास अवैध गांजा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजिम के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर घेराबंदी की गई। संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम राकेश सिंह (21) तथा पीछे बैठे युवक ने डोमेश्वर सिंह (22) बताया। दोनों आरोपी ग्राम सलोनी, वार्ड क्रमांक 12, भाठापारा, थाना जालबांधा, जिला खैरागढ़ के निवासी हैं। तलाशी के दौरान बाइक पर रखे काले रंग के बैग से गांजा के दो पैकेट बरामद किए गए। गवाहों के समक्ष तौल कराने पर गांजा का कुल वजन 19.696 किलोग्राम (12.46 किग्रा एवं 7.230 किग्रा) पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹9,98,450 आंकी गई। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर एनएस 400 मोटरसाइकिल (₹1.50 लाख) तथा 2 मोबाइल फोन (₹15 हजार) भी जब्त किए गए। इस प्रकार कुल ₹11,63,450 की संपत्ति पुलिस ने कब्जे में ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना राजिम में अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार करते हुए माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस अब गांजा तस्करी के नेटवर्क और स्रोत की भी गहन जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी राकेश सिंह पिता परमेश्वर सिंह, उम्र 21 वर्ष डोमेश्वर सिंह पिता पवन सिंह, उम्र 22 वर्ष (दोनों निवासी ग्राम सलोनी, वार्ड नं. 12, भाठापारा, थाना जालबांधा, जिला खैरागढ़, छत्तीसगढ़) जप्त सामग्री • 19.696 किलोग्राम अवैध गांजा – ₹9,98,450 • बजाज पल्सर एनएस 400 मोटरसाइकिल – ₹1,50,000 • 2 मोबाइल फोन – ₹15,000 👉 गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई को “ऑपरेशन निश्चय” के तहत मादक पदार्थ तस्करी पर एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है।    

रतनपुर में 25 जनवरी को सर्व यादव समाज महिला प्रकोष्ठ का ऐतिहासिक महिला सम्मेलन

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा/रतनपुर। सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में मां भगवती महामाया सिद्ध शक्ति पीठ की पावन धरा रतनपुर, जिला बिलासपुर में ऐतिहासिक महिला सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन रविवार, 25 जनवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे से आयोजित होगा। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती धनमती यादव, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती किरण यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सविता यादव एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्रीमती गीता यादव के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। महिला सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश महिला संगठन का गठन करना है। संगठन गठन के पश्चात शपथ ग्रहण समारोह भी विधिवत संपन्न किया जाएगा। सम्मेलन के माध्यम से यादव समाज की महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक, आध्यात्मिक एवं राजनीतिक सर्वांगीण विकास को सशक्त करने का संकल्प लिया जाएगा। कार्यक्रम आयोजकों ने यादव समाज की सभी माताओं एवं बहनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सम्मेलन को सफल बनाएं। आयोजकों का कहना है कि नारी शक्ति को जागृत कर यादव समाज को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह सम्मेलन एक महत्वपूर्ण कदम है। इस संबंध में जिला कोरबा संगठन महामंत्री श्रीमती शांति यादव ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि समाज की महिलाओं की सक्रिय सहभागिता ही इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी सफलता होगी।  

कोनारी में एस आर एस स्टील एंड पावर की जनसुनवाई शांतिपूर्ण, क्षेत्रीय विकास और रोजगार की नई उम्मीदें

तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा तिल्दा ब्लॉक के ग्राम कोनारी में प्रस्तावित एस आर एस स्टील एंड पावर लिमिटेड परियोजना को लेकर आयोजित जनसुनवाई सोमवार को शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर उमाशंकर बंदे और क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी प्रकाश राबड़े की उपस्थिति में प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की गई। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक सरोकार रखने वाले लोग उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान कुछ स्थानों पर हल्का-फुल्का विरोध जरूर देखने को मिला, लेकिन संपूर्ण कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अधिकांश ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया। ग्रामीणों ने जनसुनवाई में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, भूमि अधिग्रहण पर उचित मुआवजा, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार, स्वरोजगार के अवसर, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार जैसे मुद्दे शांतिपूर्वक रखे। ग्रामीणों की बातों को प्रशासन और कंपनी प्रबंधन द्वारा गंभीरता से सुना गया। कंपनी के प्रबंध निदेशक प्रदीप अग्रवाल ने सामाजिक और धार्मिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए ग्राम कोनारी स्थित शिव मंदिर एवं महामाया मंदिर के विकास के लिए ढाई-ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की। इस घोषणा का उपस्थित ग्रामीणों ने खुले मन से स्वागत किया और इसे सकारात्मक पहल बताया। कंपनी की ओर से विवेक साहनी ने कहा कि एस आर एस स्टील एंड पावर लिमिटेड क्षेत्र में रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कंपनी स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाकर पारदर्शिता के साथ कार्य करेगी। साथ ही जनसुनवाई को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, पर्यावरण विभाग, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। जनसुनवाई में एसडीएम आशुतोष देवांगन, तहसीलदार रामप्रसाद बघेल, थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से शांतिपूर्ण रूप में संपन्न हुई, जिससे क्षेत्र में विकास को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।

पुनर्वास–मुआवजा को लेकर भिलाईखुर्द में जुटे ग्रामीण, जय सिंह अग्रवाल बोले—अन्याय नहीं होने देंगे

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा नगर पालिक निगम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भिलाईखुर्द क्रमांक–01 में एसईसीएल से प्रभावित ग्रामीणों के आह्वान पर उनके ग्राम में पुनर्वास एवं मुआवजा प्रकरण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एसईसीएल से प्रभावित ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं, पुनर्वास, मुआवजा एवं अन्य अधिकारों से जुड़े मुद्दों को विस्तार से रखा। पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए वे हरसंभव सहयोग एवं मदद प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रभावित ग्रामीणों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पुनर्वास एवं मुआवजा संबंधी मामलों को लेकर प्रशासन एवं एसईसीएल प्रबंधन से ठोस स्तर पर बात की जाएगी।

Korba Breaking NH-130 पर रफ्तार का कहर, तान नदी पुल बना हादसे का गवाह देखें वीडियो…

सुशील जायसवाल   गलत साइड से आई पिकअप ने कार को मारी सीधी टक्कर, कार के उड़े परखच्चे—बाल-बाल टली बड़ी अनहोनी कोरबी चोटिया कटघोरा–अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130 पर सोमवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बांगे थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरसिया के पास तान नदी पुल के समीप तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बड़े हादसे को जन्म दे दिया। शाम करीब 6 बजे कार और पिकअप वाहन (TATA MAX) के बीच हुई आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत में कार के चीथड़े उड़ गए, हालांकि किस्मत अच्छी रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार कटघोरा से अंबिकापुर की ओर जा रही थी, जबकि अंबिकापुर से कटघोरा की दिशा में तेज रफ्तार से आ रही पिकअप वाहन गलत साइड में घुस गई। तान नदी पुल के पास दोनों वाहनों की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने सराहनीय तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना में पिकअप चालक को मामूली चोटें आईं, जिसे उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन का नंबर CG-08-AJ-1635 बताया गया है। सूचना मिलते ही बांगे थाना पुलिस मौके पर पहुंची, क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 👉 यह हादसा एक बार फिर NH-130 पर तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग के खतरे की चेतावनी दे गया। देखें वीडियो… 🎥

36 मोड़ की खाई में मिली रहस्यमय महिला की लाश, सड़ी-गली हालत ने बढ़ाई हत्या की आशंका

✍️ भागीरथी यादव   एमसीबी/चिरमिरी। एमसीबी जिले के चिरमिरी–बिलासपुर मार्ग पर स्थित चर्चित 36 मोड़ के पास जंगल की गहरी खाई में एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की मौत कई दिन पहले हो चुकी है। स्थानीय लोगों द्वारा शव देखे जाने की सूचना मिलते ही चिरमिरी पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्गम और घने जंगल वाले क्षेत्र में कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को खाई से बाहर निकलवाया और मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को ऐसा कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि महिला की मौत हत्या है या दुर्घटना। हालांकि घटनास्थल की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि महिला को ऊपर से खाई में फेंका गया हो सकता है, जिससे मामला संदिग्ध बन गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस रहस्यमय घटना के बाद से 36 मोड़ और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।

कांकेर पुलिस की बड़ी सफलता: रायपुर रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी गिरफ्तार

    कांकेर। अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए कांकेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंचोर के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस ने सघन कार्रवाई शुरू की। लगातार प्रयासों और सायबर सेल की तकनीकी सहायता से थाना अंतागढ़ पुलिस ने फरार आरोपी गुलशन निषाद (30 वर्ष), निवासी संजयपारा, अंतागढ़ को रायपुर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर धर दबोचा। आरोपी को 19 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित और सुनियोजित कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप है। कांकेर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून से भागना अब आसान नहीं, हर आरोपी तक पहुंचकर उसे सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। स

एनएच-30 पर भीषण सड़क हादसा: कार–बाइक टक्कर में अधेड़ की मौत, अंधेरे चौक बना जानलेवा

✍️ भागीरथी यादव     कांकेर। कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 एक बार फिर मौत का गवाह बना। चारामा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रतेसरा के पास कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक अधेड़ व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा 19 जनवरी की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच हुआ। मिली जानकारी के अनुसार कांकेर से चारामा की ओर जा रही कार की टक्कर ग्राम रतेसरा से हाईवे पर निकल रही बाइक से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही चारामा थाना की पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल चारामा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अरुण यादव, निवासी ग्राम बाबू दबेना के रूप में हुई है। घटना स्थल गांव का मुख्य चौक बताया जा रहा है, जो सीधे नेशनल हाईवे से जुड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां स्ट्रीट लाइट की कोई व्यवस्था नहीं होने से अंधेरे में अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह अपनों को न खोना पड़े।

कबीरधाम में दहेज की बलि: पत्नी की पिटाई के बाद जहर देकर हत्या, पति गिरफ्तार

  कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से दहेज प्रताड़ना की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लोहारा थाना क्षेत्र के महाराटोला गांव में दहेज की मांग ने एक विवाहिता की जान ले ली। मायके पक्ष का आरोप है कि पति ने पहले पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर जहर पिलाकर उसकी हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार आरोपी पति जोहन साहू ने वारदात के बाद खुद को बचाने के लिए पत्नी लोकेश्वरी को लोहारा अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। इधर, मृतका के मायके पक्ष ने एसपी कार्यालय पहुंचकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। पिता का कहना है कि दहेज को लेकर लोकेश्वरी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और ससुराल के अन्य सदस्य भी इस घटना में शामिल हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी पति को जेल भेज दिया गया है और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच जारी है। दोषी पाए जाने पर सभी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। एक बार फिर दहेज की काली प्रथा ने एक बेटी की जिंदगी छीन ली, जिसने समाज और कानून दोनों को झकझोर कर रख दिया है।

अन्य खबरे

भाजपा जिला कार्यालय का कांग्रेस ने किया घेराव, अफीम और नशे के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन
कटघोरा–पेंड्रा रोड की जर्जर सड़क से लोग परेशान, दुर्घटना का खतरा बढ़ा
अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक का पैर बुरी तरह कुचला
बिलासपुर में 757 किलो से अधिक गांजा सहित मादक पदार्थों का नष्टीकरण
प्रोजेक्ट धड़कन से बिलासपुर की पीहू को मिला नया जीवन
कोरबा के दर्री गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर के लिए हाहाकार, बुकिंग नंबर बंद होने से उपभोक्ता परेशान