मानवाधिकार दिवस पर भावुक मिलन : 5 वर्ष से लापता मानसिक रूप से विकलांग युवती ममता परिवार से मिली
✍️ भागीरथी यादव रायपुर, 11 दिसंबर 2025। मानवाधिकार दिवस के अवसर पर मानवता की एक अनूठी मिसाल सामने आई। नारी निकेतन अम्बिकापुर ने 4–5 वर्षों से लापता मानसिक रूप से विक्षिप्त और शारीरिक रूप से विकलांग युवती ममता उर्फ अंशु पासवान को उसके परिवार से मिलाकर एक बड़ी संवेदनशील पहल की है। अक्टूबर 2025 में बैकुंठपुर रेलवे स्टेशन के पास भटकती मिली ममता न तो अपना नाम बता पा रही थी, न ही घर का पता। नारी निकेतन में उपचार, पोषण और काउंसलिंग के बाद धीरे-धीरे उसकी स्मृति लौटी और उसे अपने पिता का मोबाइल नंबर याद आया। इसी सुराग से उसकी पहचान नालंदा (बिहार) निवासी के रूप में हुई। सखी वन स्टॉप सेंटर नालंदा के सहयोग से परिवार का पता भी मिल गया। 10 दिसंबर को नारी निकेतन में ममता को औपचारिक रूप से उसके पिता कैलाश पासवान के सुपुर्द किया गया। वर्षों बाद बेटी को देखकर पिता की आंखें भर आईं। उन्होंने संस्था द्वारा दी गई सुरक्षा, देखभाल और उपचार के लिए गहरी कृतज्ञता जताई और कहा—“बेटी का सुरक्षित मिलना हमारे लिए चमत्कार से कम नहीं।” नारी निकेतन के समर्पित प्रयासों ने न सिर्फ एक युवती की पहचान लौटाई, बल्कि एक बिछड़े परिवार को फिर से मिलाकर मानवता और मानवाधिकारों की सच्ची जीत को भी साबित किया।
लिंगियाडीह बचाओ आंदोलन 20वें दिन तेज, महिलाओं की अगुवाई में उग्र हुआ विरोध — कई संगठनों का मिला समर्थन
बिलासपुर :- लिंगियाडीह में बेदखली नोटिस के खिलाफ चल रहा महाधरना 20वें दिन और तेज हो गया। लगभग 130 परिवारों को हटाने की तैयारी ने क्षेत्र में गहरी चिंता पैदा कर दी है। महिलाओं की अगुवाई में हो रहे इस शांतिपूर्ण आंदोलन को अब कई सामाजिक, राजनीतिक और नागरिक संगठनों ने खुला समर्थन दिया है। आज शिवसेना, नागरिक सुरक्षा मंच, महिला कांग्रेस समेत कई संगठनों के पदाधिकारी धरना स्थल पहुँचे और प्रदर्शनकारियों का मनोबल बढ़ाया। समर्थकों ने प्रशासनिक कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि सड़क व नाला निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है, फिर भी गरीब बस्तियों को खाली कराने की कोशिश अमानवीय है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा घृतेश ने चेतावनी देते हुए कहा कि गरीब परिवारों को बेघर करने का हर प्रयास सड़क से सदन तक रोका जाएगा। दुर्गा नगर समेत कई इलाकों की महिलाओं की बड़ी उपस्थिति से धरना और सशक्त दिखाई दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक नोटिस वापस नहीं लिए जाते, आंदोलन जारी रहेगा। लिंगियाडीह का यह संघर्ष अब शहर का बड़ा जन मुद्दा बन चुका है, जिसमें रोज़ाना नई आवाजें शामिल हो रही हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने मनेंद्रगढ़ क्षेत्र को दिए ₹19 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
एमसीबी/ मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को बड़ा प्रोत्साहन मिला है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल ₹19 करोड़ से अधिक की प्राविधिक स्वीकृति जारी की गई है। स्वीकृत राशि में नगर निगम चिरमिरी – ₹9.72 करोड़ नगर पालिका मनेंद्रगढ़ – ₹6.48 करोड़ नगर पंचायत झगराखंड – ₹3 करोड़ शामिल हैं। यह धनराशि सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य बुनियादी संरचनाओं के विकास में खर्च की जाएगी। मंत्री जायसवाल ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताया तथा कहा कि यह बजट स्थानीय जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा।
अनिश्चितकालीन धरने के बीच युक्तियुक्तिकरण-पीड़ित शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सैकड़ों युक्तियुक्तिकरण-पीड़ित शिक्षक बुधवार को लोक शिक्षण संचालनालय पहुँचे और मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संचालक की अनुपस्थिति में ज्ञापन उप-संचालक आशुतोष चावरे को दिया गया। शिक्षकों ने युक्तियुक्तिकरण प्रक्रिया में हुई विसंगतियों, वेतन-निरोध, वरिष्ठता उल्लंघन और सुनवाई के अभाव का मुद्दा उठाते हुए तत्काल समाधान की मांग की। विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिनिधियों के साथ कई संगठन भी खुलकर समर्थन में उतरे और लिखित समर्थन पत्र सौंपे। 6 दिसंबर से शुरू अनिश्चितकालीन धरने में लगातार शिक्षक शामिल हो रहे हैं। संघ ने चेतावनी दी कि यदि वेतन आहरण बहाली, वरिष्ठता पुनर्स्थापना व रिक्तियों का सत्यापन जल्द नहीं किया गया, तो आंदोलन के अगले चरण में लोक शिक्षण संचालनालय व शिक्षा मंत्रालय का घेराव किया जाएगा।
मनेंद्रगढ़ में कांग्रेस का आक्रामक प्रदर्शन, डीएफओ पर बड़े आरोप — शहर ठप, प्रशासन कटघरे में
मनेंद्रगढ़ में 9 दिसंबर को कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन जिला राजनीति में हलचल मचा गया। डीएफओ मनीष कश्यप पर अवैध कटाई–तस्करी, बैगा परिवारों पर अत्याचार और जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार के आरोपों को लेकर हज़ारों कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस से झड़प, बैरिकेड्स टूटने और घंटों जाम से शहर थम गया। सबसे बड़ा खुलासा यह रहा कि भाजपा के नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव और उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा ने भी स्वीकार किया कि कुछ माह पहले शिकायत लेकर पहुंचने पर डीएफओ ने उनके साथ अभद्रता की थी और मामला विधायक के दखल से शांत हुआ था। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा नेतृत्व के संरक्षण के कारण कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते आज जनता को सड़क पर उतरना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की तैयारी पर भी सवाल उठे—पूर्व में रूट डाइवर्ट जारी न होने से स्कूल के बच्चे, एंबुलेंस और आमजन घंटों जाम में फंसे रहे। डीएफओ कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश चरम पर पहुंचा। “डीएफओ हटाओ”, “जंगल माफिया पर कार्रवाई करो” जैसे नारे गूंजते रहे। पुलिस-कार्यकर्ता झड़प के बाद अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। नेताओं ने चेतावनी दी—यदि तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, तो अगला घेराव कलेक्टर कार्यालय का होगा। पूर्व विधायक गुलाब कमरों, जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष नीरज पांडे सहित कई नेताओं ने आरोप लगाया कि वन विभाग में करोड़ों की अनियमितताएं चल रही हैं और बैगा जनजाति के साथ अन्याय हुआ है। कांग्रेस ने स्पष्ट कहा—“यह शुरुआत है, कार्रवाई न हुई तो निर्णायक आंदोलन होगा।” मनेंद्रगढ़ के इस अभूतपूर्व प्रदर्शन ने साफ कर दिया कि जनता अब वन विभाग की कथित मनमानी के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी।
मुंगेली में भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा का भव्य स्वागत
डिंडोरी मंडल के युवा कार्यकर्ताओं में दिखा गजब का उत्साह मुंगेली :- भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा के प्रथम मुंगेली आगमन पर डिंडोरी मंडल के युवा कार्यकर्ताओं ने ज़ोरदार और ऐतिहासिक स्वागत किया। जिले की सीमा में काफिले के प्रवेश करते ही कार्यकर्ताओं ने गज-मालाओं और पारंपरिक ढंग से उनका अभिनंदन किया। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन से युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में रघुवीर साहू, उत्तम लोनिया, राजाराम साहू, देव राज यादव सहित बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे। युवाओं ने जिले की समस्याओं और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी भी साझा की। टिकरिहा ने सभी को संगठन की मजबूती और जनसेवा के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष की उपस्थिति से पूरे मंडल में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
धान खरीदी केंद्र नुनेरा में अव्यवस्थाओं के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार धरना प्रदर्शन
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट पाली/नुनेरा। धान खरीदी केंद्र नुनेरा में चल रही अव्यवस्थाओं और किसानों की लगातार उपेक्षा के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय किसानों ने आज जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन स्थल पर भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, ग्रामीण और किसान एकत्रित हुए तथा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केंद्र में किसानों का धान समय पर नहीं खरीदा जा रहा है, जिससे किसानों को कई दिनों से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नेताओं ने कहा कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण किसान बार-बार केंद्र का चक्कर काटने को मजबूर हैं, परंतु धान खरीदी की प्रक्रिया में तेजी नहीं लाई जा रही है। धरना सभा को संबोधित करते हुए पार्टी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि धान खरीदी व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की रीढ़ हैं और उनकी परेशानी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। धरना स्थल पर उपस्थित प्रमुख नेताओं में ग्रामीण जिला अध्यक्ष कोरबा मनोज चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष पाली यशवंत लाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राम, दुलेश्वरी सिदार, खिलावन तिवारी, राजेश पूरी गोस्वामी, सरदेशी राम देवांगन, सुकालू राम पटेल, कादिर हुसैन, शिवदास मानिकपुरी, ज्ञान शंकर तिवारी, अमरिका पटेल, कृष्णा अहीर, शंकर सिंह, रमेश अहीर, शुभम् शुक्ला, प्रकाश तिवारी, महेंद्र सिंह ठाकुर, नारायण सिंह राजपूत, पंचराम, डीके आदिले, कमल दास, दीपक जायसवाल, सुरभवन कंवर, अनूप कंवर, नरेंद्र सिंह, देवेंद्र यादव, ठंडाराम, कुशाल सिंह, राधे देवांगन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय किसान शामिल रहे। किसानों की आवाज को मजबूत करने के लिए हुए इस प्रदर्शन से क्षेत्र में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।
विश्व मानवाधिकार दिवस पर अमने में विधिक जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को मिली महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी
बिलासपुर :- विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर 10 दिसंबर 2025 को ग्राम पंचायत अमने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश सिराजुद्दीन कुरैशी तथा सचिव अनिल कुमार चौहान के निर्देशन में संपन्न हुआ। शिविर की अध्यक्षता तालुका विधिक सेवा समिति कोटा की अध्यक्ष श्रीमती दीप्ति बरवा ने की। उन्होंने मानवाधिकारों के महत्व, महिलाओं के कानूनी संरक्षण, घरेलू हिंसा अधिनियम, साइबर अपराध जागरूकता, निःशुल्क विधिक सहायता और आगामी नेशनल लोक अदालत के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कानूनी जानकारी का अभाव अक्सर व्यक्ति को उसके अधिकारों से दूर कर देता है, इसलिए ऐसे शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। पैरा लीगल वॉलंटियर विवेक कुमार गेरे और संदीप मिश्राम ने ग्रामीणों को व्यवहारिक कानूनी सलाह दी। सरपंच, उपसरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। लाभार्थी: महिला – 25 पुरुष – 30 कुल – 55 ग्रामीणों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने कई कानूनी संदेहों का समाधान प्राप्त किया।
युवा शक्ति ही बनाएगी विकसित भारत का आधार : सुशांत शुक्ला
बिलासपुर :- भारतीय जनता युवा मोर्चा, बिलासपुर ग्रामीण द्वारा आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत आयोजित विशेष बैठक में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने युवाओं को आत्मनिर्भरता और उद्यमिता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत को पुनः वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जाने में युवा शक्ति ही वास्तविक धुरी बनेगी। शुक्ला ने कहा कि आज भी कई युवा सरकारी नौकरी को ही रोजगार मानते हैं, जबकि देश में स्टार्टअप, नवाचार और कौशल विकास के असीम अवसर खुल चुके हैं। उन्होंने युवाओं से कौशल व संसाधनों पर भरोसा कर नए आयाम स्थापित करने का आह्वान किया। बैठक में जिला ग्रामीण प्रभारी प्रबल प्रताप जूदेव ने कहा कि विश्व का सबसे युवा राष्ट्र होने के नाते भारत की प्रगति युवाओं के संकल्प पर निर्भर करती है। जिला मंत्री निखिल केशरवानी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान को राष्ट्र निर्माण का महाअभियान बताया, वहीं जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल ने कौशल व तकनीक के आधुनिक अवसरों को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने पर जोर दिया। बैठक में बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे और आत्मनिर्भर भारत अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
झारखंड में बंधक श्रमिकों की सकुशल वापसी कलेक्टर की त्वरित पहल से 16 मजदूरों को मिली आज़ादी
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। जनदर्शन में मिली शिकायत पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झारखंड के सेमडेगा में बंधक बनाए गए बिलासपुर जिले के 16 श्रमिकों—जिनमें महिलाएँ, पुरुष और दो बच्चे शामिल थे—को सकुशल मुक्त करा लिया। मस्तूरी के सरगवाँ गांव के निवासी अमित कुमार मधुकर ने 9 दिसंबर को जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल को बताया था कि सभी श्रमिक एक ईंट भट्ठे पर अमानवीय परिस्थितियों में काम करने को मजबूर हैं और उनके साथ मारपीट, प्रताड़ना व जबरन श्रम कराया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल श्रम विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। विभाग ने लेबर ठेकेदार नीलकंठ अंबेडकर को नोटिस जारी किया और श्रम न्यायालय में कार्रवाही की तैयारी शुरू कर दी। बिलासपुर और सेमडेगा जिला प्रशासन के समन्वय से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। टीमों ने मौके पर पहुंचकर सभी 16 श्रमिकों को सुरक्षित मुक्त कराया और उनकी वापसी की व्यवस्था की। 10 दिसंबर की सुबह सभी मजदूर सकुशल अपने गांव लौट आए। परिजनों में खुशी का माहौल है। श्रमिकों ने प्रशासन व कलेक्टर संजय अग्रवाल के प्रति आभार जताया। प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने और लेबर ठेकेदारों पर कड़ी निगरानी की घोषणा की है। यह मामला जनदर्शन की प्रभावशीलता और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के महत्व को एक बार फिर साबित करता है।















