**डॉ. अंबेडकर की पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस की श्रद्धांजलि सभा

  संविधान की रक्षा का लिया संकल्प**   बिलासपुर। जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) ने 6 दिसंबर को अम्बेडकर चौक में भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और नागरिक जुटे और अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।   शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का संपूर्ण जीवन सामाजिक अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और समानता की स्थापना को समर्पित रहा। उन्होंने शिक्षा, कानून और राजनीति के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से राष्ट्र को नई दिशा दी।   ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि अंबेडकर ने सिर्फ राजनीतिक स्वतंत्रता नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और बराबरी के अधिकारों के लिए भी आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने आरक्षण को सामाजिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनाकर देश के वंचित वर्गों को नई पहचान दी।   कार्यक्रम में ज़फ़र अली और हरीश तिवारी ने अंबेडकर के जीवन, संघर्ष, बौद्ध धर्म दीक्षा और उनके संवैधानिक योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने वाली प्रवृत्तियों के विरुद्ध संविधान सबसे मजबूत प्रहरी है।   सभा में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने अंबेडकर के विचारों, संविधान के मूल्यों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया।   कार्यक्रम में शहर व ग्रामीण कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं नागरिक मौजूद रहे।

आदिवासी–गरीब परिवारों से लाखों की ठगी : कांग्रेस का मोर्चा, कलेक्टर–एसपी को ज्ञापन

  एमसीबी। जिले में “राधा स्वामी संगठन” और कंप्यूटर सेंटर के नाम पर सैकड़ों आदिवासी, गरीब और बेरोजगार परिवारों से लाखों रुपये की ठगी के खुलासे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।   जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सौरव मिश्रा के नेतृत्व में पीड़ितों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए मनेंद्रगढ़ थाने में FIR दर्ज कर ली है।   पीड़ितों के अनुसार आरोपी एम.डी. आलम कंप्यूटर सेंटर चलाकर भरोसा जीतता रहा और “40% डिस्काउंट” के लालच में वाहन, कंप्यूटर, स्वास्थ्य कार्ड और कन्या विवाह सामग्री दिलाने का झांसा देता था। 60% राशि अग्रिम लेकर रसीदें देता रहा, लेकिन अचानक कार्यालय बंद कर फरार हो गया। कई परिवारों ने कर्ज लेकर पैसा जमा किया था और अब भारी आर्थिक संकट में हैं।   सौरव मिश्रा ने इसे गरीब और आदिवासी समुदाय के साथ बड़ा अन्याय बताया। उन्होंने आरोपी की संपत्ति व बैंक खातों की जांच कर पीड़ितों की रकम वापस दिलाने की मांग की। उनका कहना है—   “करीब 300 परिवार ठगी के शिकार हुए हैं। जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होता और पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, संघर्ष जारीरहेगा।”  

*गरीबों का आशियाना उजाड़ना अन्याय : अनिल यादव

  लिंगियाडीह बचाओ आंदोलन को यादव समाज का मजबूत समर्थन, 16वें दिन जनसैलाब**   बिलासपुर। लिंगियाडीह बचाओ सर्वदलीय धरना आंदोलन अपने 16वें दिन भी पूरे जोश के साथ जारी रहा। दुर्गानगर और चौक क्षेत्र के 113 परिवारों को उजाड़ने की प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में महिलाएँ, पुरुष और बच्चे रोजाना की तरह गुरुवार को भी धरना स्थल पर जुटे रहे। हर दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लोग अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए प्रशासनिक निर्णय के खिलाफ एकजुटता दिखा रहे हैं। धरना स्थल पर पहुंचे लोगों ने बताया कि वे पिछले करीब 50 वर्षों से इस क्षेत्र में निवासरत हैं, फिर भी नगर निगम उन्हें हटाकर गार्डन और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स निर्माण करने की तैयारी में है। यह परिवार कई वर्षों से संपत्तिकर और अन्य करों का नियमित भुगतान करते रहे हैं। इतना ही नहीं, इन्हें राजीव आश्रय योजना के तहत पट्टा और जोन-7 के अंतर्गत 10 रुपए प्रति वर्गफुट के हिसाब से प्रीमियम जमा कर रसीदें भी दी गईं, बावजूद इसके बेदखली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रशासन का यह कदम शासन के स्पष्ट नियमों के विपरीत है, जिसमें साफ कहा गया है कि जिस स्थान पर नागरिक निवासरत हैं, वहीं उन्हें पट्टा दिया जाना चाहिए। धरना स्थल पर उपस्थित लोगों ने यह भी याद दिलाया कि पिछली बार रामनगर, श्यामनगर और चिंगराजपारा में सड़क–नाली निर्माण के नाम पर सैकड़ों मकान तोड़े गए थे। अब दुर्गानगर के साथ मोपका, चिल्हांटी, चिंगराजपारा, बहतराई, खमतराई, बिरकोना और मंगला में तोड़फोड़ की चर्चाओं ने माहौल में तनाव और भय पैदा कर दिया है। इस बीच आज यादव समाज ने आंदोलन को अपना पूरा समर्थन दिया। जिला अध्यक्ष अनिल यादव, आकाश यादव (मोपका), अमित यादव (त्रिफरा) सहित अन्य वक्ताओं ने कहा— > “गरीबों का आशियाना उजाड़ना किसी भी स्थिति में न्यायसंगत नहीं है। यदि प्रशासन विकास चाहता है तो पहले प्रभावित परिवारों का समुचित पुनर्वास सुनिश्चित करे।” यादव समाज के समर्थन में जुटने वालों में अनिल यादव, आकाश यादव, अमित यादव, सुखराम यादव, विक्की यादव, भोलाराम यादव, दीपक यादव, मंगल यादव, दिलीप यादव, विनोद यादव, घुरऊ राम यादव सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। इसके अतिरिक्त आज धरना स्थल पर शांति साहू, सरिता साहू, लक्ष्मीन साहू, सतरूपा साहू, पूर्णिमा साहू, विद्या साहू, शिवा साहू, सीता साहू सहित अनेक महिलाओं की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। साथ ही साखन लाल, पवनदास मानिकपुरी, चिंटू मानिकपुरी, श्रवण, प्रशांत मिश्रा, चतुर सिंह, रीता देवांगन, लक्ष्मी सिंह, यशोदा पाटिल, पिंकी गुप्ता, सचिन कश्यप, ओम प्रकाश सूर्या, दुर्गा कुर्रे, प्रमिला मानिकपुरी, सोनबाई ठाकुर, शिवकुमारी देवांगन, मधु यादव सहित विविध समुदायों के लोग भी आंदोलन के समर्थन में डटे रहे। धरना स्थल पर बढ़ती भीड़ यह संदेश दे रही है कि यदि प्रशासन जल्द समाधान नहीं निकालता, तो विरोध और तेज़ हो सकता है।

चिरमिरी की बेटी भूमिका सोनी ने राजधानी रायपुर में चमकाया नाम

  यक्षगान नृत्य से जीता दर्शकों का दिल   चिरमिरी। एमसीबी/नगर निगम चिरमिरी क्षेत्र अंतर्गत पौड़ी मालवीय नगर की प्रतिभाशाली बेटी भूमिका सोनी, पिता जयंत सोनी, ने राजधानी रायपुर में अपने शानदार नृत्य प्रदर्शन से चिरमिरी का नाम रोशन किया।   राजधानी रायपुर स्थित राजभवन के छत्तीसगढ़ पवेलियन में “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” योजना के तहत कर्नाटक, तमिलनाडु, दिल्ली, उत्तराखंड, लक्षद्वीप और पुदुच्चेरी के स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाए गए। इस गरिमामयी कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।   इस विशेष अवसर पर अमिटी स्कूल ऑफ कम्युनिकेशन की छात्रा भूमिका सोनी ने कर्नाटक के प्रसिद्ध पारंपरिक लोकनृत्य यक्षगान की मनमोहक प्रस्तुति दी। उनकी सशक्त, अभिव्यक्तिपूर्ण और ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।   भूमिका की प्रस्तुति ने न केवल कर्नाटक की सांस्कृतिक धरोहर को खूबसूरती से प्रदर्शित किया, बल्कि “एकता में विविधता” की भावना को भी जीवंत किया। उनके प्रदर्शन की जमकर सराहना हुई और चिरमिरी के लोगों में गर्व की लहर दौड़ गई।   भूमिका सोनी का यह शानदार प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि कला न सीमाओं की मोहताज है, न अवसरों की—प्रतिभा जहाँ भी होती है, अपनी चमक दिखाती है।     —

दुर्ग: सूदखोर गैंग पर बड़ी कार्रवाई, रिटायर्ड कर्मचारी से 10 लाख की जबरन वसूली — तीन गिरफ्तार

  दुर्ग। जिले में सूदखोरी के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। थाना भिलाई भट्टी क्षेत्र में सेवानिवृत्त कर्मचारी से ब्याज के नाम पर जबरन 10 लाख रुपये वसूलने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों—ओमप्रकाश, प्रदीप नायक और एम. कृष्णा रेड्डी—को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।   पीड़ित ने शिकायत में बताया कि उसने 3 लाख रुपये उधार लिए थे, जिसकी पूरी राशि वह ब्याज सहित चुका चुका था। इसके बावजूद आरोपी चेक और एग्रीमेंट वापस नहीं कर रहे थे। मामला तब बिगड़ा जब पीड़ित 30 नवंबर को रिटायर हुआ और 3 दिसंबर को बैंक पहुंचा। वहां आरोपियों ने पति-पत्नी को धमकाकर और गाली-गलौज कर RTGS के जरिए 9 लाख रुपये और 1 लाख रुपये नगद—कुल 10 लाख रुपये जबरन ट्रांसफर करा लिए।   पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी संगठित रूप से सूदखोरी का नेटवर्क चलाते थे। छापेमारी में पीड़ित के कोरे चेक और एग्रीमेंट दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं और छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

इंडिगो की उड़ान सेवाएँ पटरी से उतरीं, देशभर में हज़ारों यात्री बेहाल

✍️ भागीरथी यादव   शनिवार को भी इंडिगो एयरलाइंस की अव्यवस्था जारी रही, जिसके चलते देशभर के एयरपोर्टों पर हज़ारों यात्री घंटों फंसे रहे। मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद और गुवाहाटी जैसे प्रमुख हवाईअड्डों पर लंबी कतारें और भीड़ ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं।   इंडिगो ने शनिवार सुबह तक 109 उड़ानें रद्द कीं। केवल दिल्ली एयरपोर्ट पर ही 106 उड़ानें रद्द हुईं, जबकि हैदराबाद से 69 उड़ानों के रद्द होने की पुष्टि हुई। पूर्वोत्तर में स्थिति और खराब रही—गुवाहाटी एयरपोर्ट पर यात्रियों को बिना सूचना घंटों इंतज़ार करना पड़ा।   कई यात्रियों ने शिकायत की कि री-शेड्यूल की गई उड़ानें भी अंतिम समय पर रद्द कर दी गईं, जिससे परिवारों और कनेक्टिंग यात्रियों को भारी परेशानी हुई।   इस व्यापक अव्यवस्था के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय सक्रिय हुआ है। मंत्रालय ने इंडिगो को तात्कालिक सुधार उपाय लागू करने का आदेश दिया है। रद्द उड़ानों पर ऑटोमैटिक फुल रिफंड, फंसे यात्रियों के लिए होटल ठहराव, वरिष्ठ नागरिकों को लाउंज एक्सेस, तथा देर से चल रही उड़ानों के लिए स्नैक्स व जरूरी सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।   सरकार ने बताया कि उड़ान संचालन आधी रात तक स्थिर होने की उम्मीद है और अगले कुछ दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी।

मुख्यमंत्री के निवास में हल्बा-हल्बी समाज का प्रतिनिधिमण्डल, दो बड़े आयोजनों के लिए दिया आमंत्रण

✍️ भागीरथी यादव   राजधानी रायपुर में आज मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से छत्तीसगढ़ हल्बा-हल्बी समाज के प्रतिनिधिमण्डल ने सौजन्य भेंट कर समाज के आगामी दो महत्वपूर्ण आयोजनों की जानकारी दी और मुख्यमंत्री को सादर आमंत्रित किया।   प्रतिनिधिमण्डल ने बताया कि समाज द्वारा 27 दिसंबर 2025 को दुर्ग के पुलगांव में समाजिक सम्मेलन एवं शक्ति दिवस, तथा 20 जनवरी 2026 को रायपुर में क्रांतिकारी अमर शहीद गेंद सिंह जी के 201वीं शहादत दिवस का आयोजन किया जा रहा है। दोनों कार्यक्रम समाज की सांस्कृतिक धरोहर, इतिहास और एकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।   मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने समाज के आमंत्रण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हल्बा-हल्बी समाज की सांस्कृतिक विरासत, वीरता और प्रेरणादायी इतिहास पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने समाज के प्रयासों की सराहना की और दोनों आयोजनों के सफल एवं भव्य आयोजन की शुभकामनाएँ दीं।   भेंट के दौरान समाज के वरिष्ठ सदस्यों—श्री महेश गागड़ा, डॉ. देवेंद्र महला, श्री गिरिवर ठाकुर, श्री हृदय राम कोसमा, श्री मिथीर राम सलेंद्र सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।   हल्बा-हल्बी समाज के इन कार्यक्रमों को प्रदेश की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूती देने वाली पहल के रूप में देखा जा रहा है।

छत्तीसगढ़ में राज्य वीरता पुरस्कार 2025 के लिए आवेदन शुरू, अदम्य साहस दिखाने वाले बच्चों को मिलेगा सम्मान

✍️ भागीरथी यादव   रायपुर, 06 दिसंबर 2025   छत्तीसगढ़ शासन ने अदम्य साहस, शौर्य और संकट की घड़ी में दिखाई गई बुद्धिमत्ता का सम्मान करने के लिए प्रतिष्ठित “राज्य वीरता पुरस्कार 2025” हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह सम्मान उन बालक-बालिकाओं को दिया जाता है जिन्होंने किसी विशेष घटना में निस्वार्थ होकर किसी व्यक्ति का जीवन बचाने या बड़े नुकसान को टालने में असाधारण बहादुरी दिखाई हो।   सरकार द्वारा जारी दिशा–निर्देशों के अनुसार पुरस्कार के लिए वही बच्चे पात्र होंगे जिनकी आयु 18 वर्ष से कम है और जिनका साहसिक कार्य 1 जनवरी 2025 से 15 दिसंबर 2025 के बीच संपन्न हुआ हो। चयनित बाल वीरों को 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि, सम्मानित मेडल, और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।   आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 20 दिसंबर 2025 तक अपने जिले के महिला एवं बाल विकास कार्यालय में निर्धारित प्रारूप में आवेदन जमा कर सकते हैं। पात्रता मापदंड, आवेदन की प्रक्रिया और अन्य विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।   राज्य सरकार का मानना है कि ऐसे पुरस्कार न केवल साहसिक बच्चों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि समाज को भी मानवता और वीरता के मूल्यों से जोड़ते हैं। अब प्रदेश भर के लोग यह देखने को उत्सुक हैं कि इस वर्ष किन नन्हें वीरों की बहादुरी पूरे राज्य का गौरव बढ़ाएगी।

ग्राम पंचायत डोड़की के सचिव पर मनमानी के आरोप तेज, सरपंच और ग्रामीणों ने कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग की

पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की विशेष रिपोर्ट   कोरबा। ग्राम पंचायत डोड़की में सचिव जुगुल श्रीवास के खिलाफ ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आक्रोश चरम पर है। सचिव की कथित मनमानी, अनियमितता और लापरवाही से परेशान होकर सरपंच समेत ग्रामीणों ने कलेक्टर को एक विस्तृत शिकायत आवेदन सौंपते हुए उनके तत्काल स्थानांतरण और अन्य कार्रवाई की मांग की है।   ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सचिव जुगुल श्रीवास पंचायत कार्यालय में शायद ही नियमित रूप से दिखाई देते हैं। बताया गया है कि वे अधिकतर दिनों में अपने घर से ही कामकाज निपटाते हैं और केवल ग्राम सभा या विशेष बैठकों के दौरान ही कार्यालय पहुंचते हैं। इस वजह से जाति–निवास प्रमाणपत्र, पात्रता–अर्हता जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए आने वाले लोगों को कई-कई दिनों तक भटकना पड़ता है।   आवेदन में यह भी उल्लेख है कि सचिव न तो फोन पर सही जानकारी देते हैं और न ही ग्रामीणों से शालीन व्यवहार रखते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सचिव की कार्यशैली के कारण शासन की योजनाओं की जानकारी समय पर नहीं मिलती, जिससे लाभार्थियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि कार्यालय में किसी कार्य को बोलने पर उनसे पैसे मांगने जैसी शिकायतें सामने आई हैं। सरपंच प्रतिमा पैकरा भी नाराज़ पहली बार निर्वाचित सरपंच श्रीमती प्रतिमा पैकरा ने भी सचिव पर सहयोग न करने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सचिव का गैर-जिम्मेदाराना रवैया पंचायत के विकास कार्यों को सीधा प्रभावित कर रहा है। “सचिव न दिशा दिखाते हैं, न मार्गदर्शन देते हैं। कई योजनाएं रुकी पड़ी हैं और ग्रामीण लगातार शिकायत कर रहे हैं,” सरपंच ने कहा। ग्रामीणों की कलेक्टर से दोटूक मांग ग्रामीणों का कहना है कि सचिव की लापरवाही ने पंचायत के सुचारू संचालन पर असर डाला है। इसलिए कलेक्टर से स्पष्ट मांग की गई है कि वर्तमान सचिव को तत्काल हटाकर उनकी जगह किसी जिम्मेदार, सक्रिय और संवेदनशील अधिकारी की नियुक्ति की जाए, ताकि गांव की समस्याओं का समाधान और योजनाओं का क्रियान्वयन सही तरीके से हो सके।   ग्राम पंचायत डोड़की के लोग अब कलेक्टर कार्यालय की कार्रवाई की प्रतीक्षा में हैं, ताकि पंचायत के कार्यों में फिर से पारदर्शिता और गति आ सके।

रायपुर में ड्रग्स का बड़ा खेल बेनकाब

✍️ भागीरथी यादव    साइंस कॉलेज मैदान के पास कार में बैठे दो तस्कर गिरफ्तार, 26.22 ग्राम हेरोइन बरामद करीब 23 लाख का सामान जब्त, पुलिस कर रही सप्लाई नेटवर्क की जांच   रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ड्रग तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सरस्वती नगर थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26.22 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत 2.60 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। तस्करों के पास से 20 लाख की कार, 7 मोबाइल सहित कुल 23 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।   ● कार में बैठकर कर रहे थे ड्रग डील की तैयारी   घटना 5 दिसंबर की रात की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि साइंस कॉलेज मैदान के पास, डीडीयू ऑडिटोरियम रोड पर एक काली कार में दो युवक हेरोइन बेचने की फिराक में ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों युवकों को दबोच लिया।   ● गिरफ्तार तस्कर आयुष दुबे उर्फ मयंक, निवासी पंचशील नगर, रायपुर मृत्युंजय दुबे उर्फ एमडी, निवासी पचपेड़ी नाका, रायपुर तलाशी के दौरान कार से चिट्टा, 7 मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान मिला।   ● बरामदगी   ✔ 26.22 ग्राम हेरोइन (कीमत लगभग 2,60,100 रुपए) ✔ हुंडई कार CG 04 NT 3892 (कीमत करीब 20 लाख रुपए) ✔ 7 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 74,000 रुपए) ✔ कुल जब्ती—करीब 23 लाख रुपए   ● सप्लाई चेन की जांच शुरू सरस्वती नगर पुलिस अब यह पता लगा रही है कि तस्कर यह चिट्टा कहां से लाए थे? किसे सप्लाई करने वाले थे? क्या इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है? पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस ड्रग रैकेट का पूरा खुलासा किया जाएगा।  

अन्य खबरे

जनकपुर काष्ठागार में लकड़ी घोटाले का खुलासा: टीपी में 150 की जगह ट्रक से निकली 208 नग लकड़ी, 58 नग अतिरिक्त मिलने से मचा हड़कंप
तिल्दा-नेवरा में 16 मार्च को चेट्रीचंड्र महोत्सव, वर्ल्ड फेमस नंबर वन सिंधी सिंगर मोहित लालवानी देंगे प्रस्तुति
खेत में युवक की संदिग्ध हालत में मिली लाश, सिर पर चोट के निशान — जांच में जुटी पुलिस
छेड़छाड़ से आहत नाबालिग ने लगाई फांसी, आरोपी युवक गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
चिरमिरी के जंगलों में आगजनी, वन संपदा पर मंडराया खतरा; संसाधनों की कमी से जूझ रहा वन विभाग
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के आरोप, 3000 रुपये तक वसूली की चर्चा; होटलों के सामने गैस संकट