
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक विस्तार के तहत एक महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है। अयोध्यापुरी से पार्षद एवं एमआईसी सदस्य बंटी सरोज शांडिल को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा का जिला मंत्री नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से संगठन में नई ऊर्जा और मजबूती आने की उम्मीद जताई जा रही है।
पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर की गई इस नियुक्ति को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बंटी सरोज शांडिल लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में सक्रिय रूप से जनसेवा के कार्यों में लगे रहे हैं। उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति के बाद बंटी सरोज शांडिल ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वे कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को मजबूत बनाने तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितों और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
उनकी नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व और सक्रियता से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।





