बेलगहना पुलिस की त्वरित कार्रवाई: लूट की कोशिश नाकाम, दो आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर जिले के कोटा थाना अंतर्गत बेलगहना चौकी क्षेत्र में घातक हथियारों के साथ लूट की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर बड़ी वारदात को टाल दिया। आरोपियों के पास से धारदार चाकू और बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

🚨 क्या है पूरा मामला?

घटना 1 अप्रैल 2026 की रात की है, जब विचारपुर निवासी हरिल साय टोप्पों अपने साथियों निलिमा तिर्की और रामप्यारी तिर्की के साथ मरीज को अस्पताल में भर्ती कराकर कार से लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे बेलगहना-कोनचरा मार्ग पर नीलगिरी प्लांट के पास सुनसान जंगल में बाइक सवार दो युवकों ने उनकी कार को रोकने की कोशिश की।

आरोपियों ने चाकू दिखाकर कार सवारों को डराने और लूट की कोशिश की, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कार निकाल ली। इसके बाद आरोपी करीब 7 किलोमीटर तक पीछा करते हुए विचारपुर तक पहुंचे और वहां फिर से रोककर जान से मारने की धमकी देते हुए लूट का प्रयास किया।

👥 ग्रामीणों की सतर्कता से टली वारदात

घटना के दौरान गांव के लोगों के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। भागते समय वे अपनी बिना नंबर की मोटरसाइकिल वहीं छोड़ गए। ग्रामीणों की सजगता से एक बड़ी वारदात टल गई।

👮 पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पीड़ित की रिपोर्ट पर 2 अप्रैल को बेलगहना पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हेमंत सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस ने चंद घंटों में ही घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया:

सिद्धांत पाण्डेय उर्फ राज पाण्डेय (20 वर्ष) – निवासी गंगानगर, बेलगहना

राजकुमार पोर्ते उर्फ सोनू (20 वर्ष) – निवासी करवा, बेलगहना

🔪 क्या-क्या हुआ बरामद?

बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल

एक खंजरनुमा धारदार चाकू

एक स्टील का फोल्डिंग चाकू

⚖️ किन धाराओं में मामला दर्ज?

आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(3), 312, 126(2), 3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

📌 आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

मुख्य आरोपी सिद्धांत पाण्डेय का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले बलात्कार, पोक्सो और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में आरोपी रह चुका है।

👉 पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस कार्रवाई में बेलगहना चौकी स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।