महादेव ऐप की तर्ज पर चल रहा था ‘सट्टा सिंडिकेट’, रायपुर पुलिस ने किया भंडाफोड़; 95 लाख का मशरुका जब्त

Oplus_16908288

✍️ भागीरथी यादव 

 

रायपुर: राजधानी की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने ऑनलाइन सट्टे के एक नए और बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। महादेव ऐप की कार्यप्रणाली को कॉपी कर ‘jmdbet777.com’ और ‘Classic777.com’ जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को दांव लगवाने वाले सिंडिकेट के 6 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

करोड़ों का दांव और लाखों की जब्ती

पुलिस ने इस कार्रवाई में आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नगदी और सामान बरामद किया है:

नगद राशि: 37 लाख 50 हजार रुपये।

वाहन: 3 लग्जरी कारें।

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स: 10 मोबाइल फोन।

कुल जब्ती: लगभग 95 लाख रुपये की संपत्ति।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

रखब देव पाहुजा (दुर्ग) – मास्टर आईडी होल्डर

पीयूष जैन (रायपुर) – मास्टर आईडी होल्डर

जितेन्द्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू (रायपुर) – लोकल डिस्ट्रीब्यूटर

कमल राघवानी (रायपुर) – लोकल डिस्ट्रीब्यूटर

सचिन जैन (रायपुर) – लोकल डिस्ट्रीब्यूटर

दीपक अग्रवाल (बिलासपुर) – लोकल डिस्ट्रीब्यूटर

ऐसे फैला था सिंडिकेट का जाल

जांच में सामने आया कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था। सिंडिकेट के मुख्य सदस्य रवि सोनकर (दुर्ग), नितिन मोटवानी (रायपुर) और अंकित (नागपुर) पैनल को आईडी प्रोवाइड कराते थे। पकड़े गए आरोपी रखब देव और पीयूष मास्टर आईडी को आगे डिस्ट्रीब्यूट करते थे, जबकि अन्य आरोपी स्थानीय स्तर पर लोगों को आईडी बांटकर सट्टा खिलाते थे।

फरार आरोपियों की तलाश: सिंडिकेट के तीन मुख्य सदस्य रवि, नितिन और अंकित फिलहाल फरार हैं। पुलिस की विशेष टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

ऐप में थे 40 से ज्यादा गेम्स

आरोपी जिन वेबसाइट्स का उपयोग कर रहे थे, उनमें क्रिकेट से लेकर कैसिनो तक 40 से ज्यादा गेम्स उपलब्ध थे। पुलिस अब इन वेबसाइट्स के सर्वर और वित्तीय लेन-देन (Financial Trail) की गहराई से जांच कर रही है ताकि अन्य सफेदपोश चेहरों को बेनकाब किया जा सके।