
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा जिले में गुरुवार रात एक भयावह सड़क हादसे ने शहर को झकझोर कर रख दिया। उरगा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और पलटते हुए तीन बार उलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में कांग्रेस नेता सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
उरगा थाना प्रभारी के मुताबिक, एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय अपने साथियों के साथ बालको में एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे कार कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान रास्ता भटक गई और निर्माणाधीन लेन में उतरते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कुछ ही पलों में कार खाई में गिर गई और लगातार पलटती चली गई।
हादसे में राहुल राय और ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल को सिर व सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और राहुल नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे साथियों ने पुलिस को सूचना दिए बिना घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को सुरक्षित रखकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पड़ताल में निर्माणाधीन सड़क पर संकेतक और सुरक्षा इंतजामों की कमी सामने आ रही है, जिसे हादसे का बड़ा कारण माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
यह हादसा एक बार फिर निर्माणाधीन सड़कों पर सुरक्षा मानकों और स्पष्ट संकेतकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।






