
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैंप-1 स्थित जनता स्कूल के पास दो युवकों ने लिफ्ट मांगने के बहाने एक युवक को रोका और फिर उस पर कटर से जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित ऋतिक चौधरी (निवासी संतोषी पारा, वार्ड-33), जो गौरव पथ आम्रपाली के पास आलू-पराठा की दुकान लगाता है, शनिवार को अपनी दुकान के लिए सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान जनता स्कूल के पास दो अज्ञात युवकों ने उसे रोककर लिफ्ट मांगी।
शुरुआत में ऋतिक ने मना किया, लेकिन युवकों के लगातार दबाव बनाने पर उसने मानवता दिखाते हुए उन्हें गाड़ी पर बिठा लिया और जनता स्कूल के पास छोड़ दिया।
उतरते ही शुरू कर दी मारपीट
घटना तब हिंसक हो गई जब गाड़ी से उतरते ही दोनों युवकों ने ऋतिक के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे थप्पड़ जड़ दिया। ऋतिक द्वारा विरोध किए जाने पर उनके बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी बीच मिलन चौक निवासी सुशांत नामक आरोपी ने अचानक कटर निकाला और ऋतिक के सीने और हाथ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
अस्पताल में उपचार जारी, आरोपी फरार
लहूलुहान हालत में ऋतिक को देख आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई: छावनी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के रूप में सुशांत की पहचान की है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।





