
✍️ भागीरथी यादव
रायपुर: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर द्वारा मुख्यमंत्री को लिखे पत्र को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा नेता कांग्रेस की आलोचना करते हैं, अब उनकी ही पार्टी में वरिष्ठ नेताओं की स्थिति कैसी है, यह देखा जाना चाहिए।
पत्र में कंवर ने कोरबा कलेक्टर को हटाने की मांग की थी और तीन दिन में कार्रवाई न होने पर धरना देने की चेतावनी दी थी। बघेल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पहले कंवर राज्यपाल और कलेक्टर के सामने खड़े थे, अब देखना होगा कि उनका अल्टीमेटम क्या परिणाम लाता है।
देश की नीतियों पर टिप्पणी करते हुए बघेल ने कहा कि जीएसटी 2.0 के लागू होने के बावजूद पिछले आठ वर्षों में गलत तरीके से इसे लगाया गया, जिससे आम जनता पर बोझ बढ़ा। महंगाई कम होने के दावे केवल नकल जैसे भाषणों तक सीमित हैं।
गौ हत्या और गौ तस्करी के मुद्दे पर बघेल ने कहा कि भारत बीफ निर्यात में पहले नौवें स्थान पर था, अब दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गौ माता के नाम पर वोट लेती है, लेकिन बीफ निर्यातकों से चंदा भी लेती है।
इसके अलावा, पटना में होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की विस्तारित बैठक पर भी चर्चा हुई। बघेल के साथ छत्तीसगढ़ से कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू और फूलोदेव नेताम भी बैठक में शामिल होंगे।






