
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 28 मार्च। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भैसमा-उरगा मुख्य मार्ग पर ग्राम कुकरीचोली स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रेलर ने दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में कोरबा जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष विक्की कंवर समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर काफी तेज गति में था और अचानक अनियंत्रित होकर बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी और तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश जारी है।
