
✍️ भागीरथी यादव
छत्तीसगढ़–आंध्र प्रदेश सीमा पर सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सुकमा इलाके में चल रही मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली कमांडर माडवी हिडमा और उसकी पत्नी राजे मारे जाने की खबर की पुष्टि हुई है। हिडमा पर 50 लाख रुपए का इनाम था। अब तक 6 नक्सलियों के ढेर होने की जानकारी सामने आई है।
यह मुठभेड़ आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीतारामराजू जिले के मारेदुमिल्ली के पास सुबह 6 से 7 बजे के बीच हुई। पिछले कुछ हफ्तों से AP SIB और इंटेलिजेंस को AP–छत्तीसगढ़–ओडिशा बॉर्डर पर नक्सल गतिविधियों के बढ़े मूवमेंट के इनपुट मिल रहे थे, जिसके आधार पर इस संयुक्त अभियान को अंजाम दिया गया।
कौन था हिडमा?
जन्म: 1981, पूवर्ति, सुकमा
पद: PLGA बटालियन नंबर-1 का प्रमुख—नक्सलियों की सबसे घातक हमलावर यूनिट का कमांडर
कई बड़े हमलों का मास्टरमाइंड, जिनमें 2013 का दरभा घाटी नरसंहार सबसे कुख्यात
हिडमा के मारे जाने को सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी रणनीतिक जीत बताया है। इस ऑपरेशन के बाद सीमावर्ती जंगल क्षेत्रों में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है।





