
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। शहर में असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस ने अवैध रूप से चाकू रखने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बटनदार स्टील का चाकू बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना तारबाहर प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम पेट्रोलिंग पर निकली थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शिवनेरी होटल की पार्किंग में एक युवक जेब में चाकू रखकर खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर युवक की पीछे की जेब से एक बटनदार स्टील का चाकू बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपी की पहचान लक्की यादव (19 वर्ष), निवासी दीपूपारा, थाना तारबाहर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत, सहायक उप निरीक्षक उदयभान सिंह, प्रधान आरक्षक प्रमोद कसेर, आरक्षक रूपलाल चंद्रा और राहुल राजपूत का विशेष योगदान रहा।






