
तखतपुर। क्षेत्र में पुरानी रंजिश ने एक 20 वर्षीय युवक की जान ले ली। आरोप है कि पाँच युवकों ने साजिशन युवक का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान रामकुमार धुरी (20 वर्ष), पिता बेनीराम धुरी, निवासी वार्ड क्रमांक 13, बरेला के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रामकुमार का कुछ युवकों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते 26 दिसंबर की शाम करीब 6 बजे, पंजाब नेशनल बैंक के पास से आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने कार में ही नहीं, बल्कि अन्य स्थानों पर ले जाकर भी रामकुमार के साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे उसके घर के पास छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गए।
घटना के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही रास्ते में रामकुमार की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मृतक की पीठ और शरीर पर पिटाई के स्पष्ट निशान मौजूद थे, जिससे मारपीट की पुष्टि होती है।
इस मामले में तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर सुनील हंसराज ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला सामान्य मृत्यु का नहीं, बल्कि गंभीर पिटाई के कारण हुई हत्या का प्रतीत होता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। वहीं, इस निर्मम हत्या से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।






