रेलवे ट्रैक के पास मिली अज्ञात युवती की लाश की हुई पहचान, अपहरण मामले से जुड़ा मामला

✍️ भागीरथी यादव

 

 

मस्तूरी। थाना मस्तूरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम किसान परसदा के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिली अज्ञात युवती की लाश की पहचान हो गई है। यह मामला अपहरण से जुड़ा पाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 मार्च 2026 को एक रेलवे गार्ड ने थाना मस्तूरी में सूचना दी थी कि ग्राम किसान परसदा के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात लड़की का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 23/26 दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात मृतिका की पहचान के लिए पुलिस द्वारा लगातार सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों के जरिए जानकारी प्रसारित की जा रही थी। इसी दौरान 30 मार्च की देर रात थाना खैरागढ़ से संपर्क हुआ, जहां पहले से अपराध क्रमांक 133/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत एक नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज था। अपहृत बालिका का हुलिया मस्तूरी में मिली मृतिका से मेल खाता पाया गया।

इसके बाद 31 मार्च 2026 को ग्राम चिचोला (ठेलकाडीह) से मृतिका के परिजन थाना खैरागढ़ पुलिस टीम के साथ मस्तूरी पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान की। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे अंतिम संस्कार के लिए उनके गृह ग्राम ठेलकाडीह ले जाया गया।

फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई थाना खैरागढ़ पुलिस द्वारा की जा रही है।