
सुशील जायसवाल
ट्रेलर की ठोकर से हाथी घायल – , वाहन जब्त
कोरबा/कोरबी चोटिया।
कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज अंतर्गत तनेरा–रानी अटारी वनमार्ग पर आज तड़के लगभग 4:15 बजे एक ट्रेलर की ठोकर से हाथी घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ट्रेलर (क्रमांक CG-12-KA-4924) कोरबी से रानी अटारी की ओर जा रहा था। मार्ग में हाथियों का झुंड विचरण कर रहा था। इसी दौरान हाथियों की चिंघाड़ सुनकर चालक केवला प्रसाद विश्वकर्मा घबरा गया और वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे एक मादा हाथी घायल हो गया। मौके पर हाथी की लीद भी पाई गई है।

परिक्षेत्र सहायक अयोध्या प्रसाद सोनी ने बताया कि गजराज दल की गश्ती टीम ने एक मादा हाथी को लंगड़ाते हुए जंगल की ओर जाते देखा। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर के बंपर में बाल फंसे मिले हैं, जिनकी जांच 25 सितंबर को पशु चिकित्सक की उपस्थिति में की जाएगी।
वन परिक्षेत्र अधिकारी मनीष सिंह ने संदेह के आधार पर ट्रेलर जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है। पुष्टि होने पर वन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इधर, पसान रेंज के तनेरा क्षेत्र में बीते एक सप्ताह से लगभग 54 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों के हमले में हाल ही में ग्रामीण घन सिंह (45 वर्ष) की मौत हो चुकी है। कई मवेशियों की भी जान गई है। हाथियों के लगातार आक्रमण से ग्रामीण दहशत भरी जिंदगी जीने को मजबूर हैं।
फिलहाल हाथियों का यह दल तनेरा के लिंपट पहाड़ क्षेत्र में डटा हुआ है।





