वैभव शर्मा (चिनू) बने कोरबा जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष, युवाओं में उत्साह

    कोरबा। संगठन ने युवा नेतृत्व को और अधिक सशक्त करते हुए वैभव शर्मा (चिनू) को कोरबा जिला युवा मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से जिलेभर के युवाओं में हर्ष और उत्साह का माहौल है। वैभव शर्मा प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के करीबी माने जाते हैं और लंबे समय से पार्टी हित में सक्रिय, जमीनी स्तर पर कार्य करते रहे हैं। वैभव शर्मा ने बीते विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मजबूती और निडरता के साथ जिम्मेदारी निभाई। चुनावी दौर में उन्होंने संगठन को धार देने के साथ-साथ विरोधी दल कांग्रेस के समर्थकों से सीधी टक्कर लेते हुए मोर्चा संभाला, जिससे उनकी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता उजागर हुई। संगठनात्मक अनुभव, युवाओं से मजबूत संवाद और मैदान में सक्रियता उनकी पहचान रही है। नव नियुक्त अध्यक्ष के रूप में वैभव शर्मा के आने से कोरबा जिले की चारों विधानसभा सीटों पर संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा अधिक सक्रिय होगा और संगठनात्मक विस्तार को नई गति मिलेगी।   नियुक्ति के बाद जिलेभर से बधाइयों का तांता लगा है। समर्थकों ने विश्वास जताया कि वैभव शर्मा युवाओं को संगठित कर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए युवाओं को जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ आगे बढ़ाएंगे तथा पार्टी को जिले में और अधिक सशक्त बनाएंगे।

कोरबी: हनुमान प्रतिमा खंडित करने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोचा, तत्काल कराई गई नई मूर्ति की स्थापना

सुशील जायसवाल   कोरबी/सिरमिना: कोरबी चौकी के अंतर्गत आंजन नाला घाट (ग्राम पंचायत दम्हा मुंडा) में शनिवार सुबह एक अप्रिय घटना सामने आई। एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक ने हनुमान जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। हालांकि, पुलिस की सूझबूझ और तत्परता से स्थिति को बिगड़ने से पहले ही संभाल लिया गया। घटना का विवरण शनिवार, 31 जनवरी की सुबह करीब 6:45 बजे, आरोपी राम कुमार मराबी ने डंडे से हमला कर घाट पर स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा को सड़क पर फेंक कर खंडित कर दिया। मौके पर मौजूद पुजारी सुमार साय ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उन्हें भी धमकी दी। प्रत्यक्षदर्शी मुरेन सिदार और राय सिंह ने घटना की पुष्टि की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ग्रामीण बिहारी लाल मरपची की सूचना पर पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। गिरफ्तारी: चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी, बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा और मोरगा प्रभारी मंगतू राम मरकाम ने घेराबंदी कर आरोपी को सिरमिना से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सराहनीय पहल: तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने व्यक्तिगत रुचि लेते हुए स्वयं के व्यय से नई ढाई फीट की हनुमान प्रतिमा मंगवाई। सौहार्दपूर्ण मूर्ति स्थापना सूर्यास्त से पहले, बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी, नरेंद्र ठाकुर और अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में विधि-विधान से नई मूर्ति की स्थापना की गई। इस दौरान हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। “कोरबी पुलिस बधाई की पात्र है। पुलिस ने न केवल आरोपी को तत्काल पकड़ा, बल्कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए समय रहते नई प्रतिमा की स्थापना भी कराई।” — राणा मुखर्जी, जिला संयोजक, बजरंग दल इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी राकेश जायसवाल, दुबे प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। पुलिस की इस तत्परता ने क्षेत्र में संभावित विवाद को टाल दिया और प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत किया।

रायपुर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: टी-20 वर्ल्ड कप से पहले ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश, 92 लाख से अधिक की जब्ती

✍️ भागीरथी यादव   रायपुर: राजधानी में सट्टेबाजों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘रायपुर कमिश्नरेट’ ने एक हाई-प्रोफाइल ऑनलाइन सट्टा गिरोह को दबोचा है। टी-20 वर्ल्ड कप के रोमांच से पहले ही सक्रिय हुए इस गिरोह के 6 सदस्यों को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। लग्जरी कारों में चल रहा था ‘मोबाइल ऑफिस’ पुलिस को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के नागोराव गली अंडरब्रिज के पास कुछ संदिग्ध लोग अपनी महंगी गाड़ियों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा ऑपरेट कर रहे हैं। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर हुई घेराबंदी में पुलिस ने 2 महिंद्रा थार और 1 नेक्सा XL-6 को पकड़ा। तलाशी के दौरान कारों के भीतर से भारी मात्रा में कैश और स्मार्टफोन बरामद हुए। हवाला और ‘म्यूल अकाउंट्स’ का जाल पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला ने बताया कि यह गिरोह jmdbet777.com और Classic777.com जैसी वेबसाइट्स के जरिए मास्टर आईडी बांटकर सट्टा खिला रहा था। जांच में बड़े पैमाने पर हवाला ट्रांजैक्शन और म्यूल बैंक खातों (फर्जी खातों) के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस अब इनका ‘फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन’ कर रही है ताकि सट्टे की काली कमाई की पूरी चेन का खुलासा हो सके। जब्ती का विवरण (कुल मूल्य: ₹92.50 लाख) नगद राशि: ₹37,50,000 (साढ़े सैंतीस लाख रुपये) लग्जरी गाड़ियां: 2 महिंद्रा थार, 1 नेक्सा XL-6 (कीमत लगभग ₹50 लाख) स्मार्टफोन: 10 महंगे मोबाइल फोन (कीमत ₹5 लाख) गिरफ्तार आरोपियों की प्रोफाइल पकड़े गए आरोपियों में से कई पुराने अपराधी हैं जो पहले भी जुआ एक्ट के तहत जेल जा चुके हैं: रखब देव पाहुजा (भिलाई): गिरोह का मुख्य सप्लायर और पुराना हिस्ट्रीशीटर। पीयूष जैन (रायपुर): मास्टर आईडी मैनेजमेंट का प्रमुख। जितेन्द्र कुमार उर्फ जित्तू (रायपुर): इलाके का पुराना सटोरिया। दीपक अग्रवाल (बिलासपुर): कारोबार का अहम साझीदार। कमल राघवानी (रायपुर): गिरोह का सक्रिय सदस्य। सचिन जैन (रायपुर): आईडी वितरण का जिम्मेदार। अगला कदम: ग्राहकों पर गिरेगी गाज पुलिस ने इस गिरोह से आईडी लेकर सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की भी एक विस्तृत सूची तैयार कर ली है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जल्द ही इन ग्राहकों पर भी कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। गिरोह के तार महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों से भी जुड़े होने की पुष्टि हुई है।

सराईपाली में अखण्ड नवधा रामायण महायज्ञ का भव्य आयोजन, सरपंच संजय राज ने की पूजा-अर्चना

ज्ञान शंकर तिवारी     कोरबा। ग्राम पंचायत बोईदा अंतर्गत सराईपाली में आयोजित अखण्ड नवधा रामायण महायज्ञ भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो रहा है। इस पावन अवसर पर ग्राम सरपंच संजय राज विशेष रूप से शामिल हुए और विधिवत पूजा-अर्चना कर ग्रामवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। महायज्ञ के दौरान आयोजन समिति द्वारा सरपंच संजय राज का गमछा एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। सम्मान समारोह के समय उपस्थित श्रद्धालुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरा पंडाल भक्तिरस में डूब गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में सरपंच संजय राज ने कहा कि अखण्ड नवधा रामायण जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। रामायण हमें सत्य, धर्म, सेवा, त्याग और भाईचारे का मार्ग दिखाती है, जिससे समाज में आपसी सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है। कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष सनत कुमार, उपाध्यक्ष देवनारायण पटेल, सचिव शत्रुहन पटेल, सहसचिव चंदराम पटेल, कोषाध्यक्ष रविकुमार पटेल, सह कोषाध्यक्ष विरेंद्र कुमार, ग्राम अध्यक्ष रामाधारी पटेल, मरार समाज कोरबा जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार पटेल सहित नंदलाल, मोतीलाल, कन्हैया, संतराम, खम्हन, संतोष, रिंकू, रमेश, बालकराम, लक्की यादव, जनाराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। महिला समिति से नीर बाई, पुनिता, सुखीन, सीता, सोनिया, उमा, गंगोत्री बाई, नीर पत्ती, शकुंतला, सीमा, रनकुंवर, दरस बाई, पांचो बाई, ललिता, मलेसिन सहित अनेक श्रद्धालु महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। अखण्ड रामायण पाठ से संपूर्ण ग्राम भक्ति, श्रद्धा और राममय वातावरण में सराबोर रहा।

हनुमान मूर्ति खंडित करने की घटना से क्षेत्र में तनाव, आरोपी गिरफ्तार

सुशील जायसवाल   कोरबी | सिरमिना कोरबी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत दम्हा मुंडा ग्राम पंचायत के आंजन नाला घाट (बहेरा पाठ) पर स्थापित भगवान हनुमान जी की मूर्ति को असामाजिक तत्व द्वारा खंडित किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह लगभग 6:45 बजे एक अज्ञात शरारती युवक ने हाथ में डंडा लेकर मूर्ति को सड़क पर पटक दिया, जिससे मूर्ति पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुजारी सुमार साय ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उन्हें धमकी देते हुए पूजा-पाठ करने पर आपत्ति जताई। प्रत्यक्षदर्शी मुरेन सिदार और राय सिंह ने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी। घटना की सूचना तत्काल बिहारी लाल मरपची द्वारा कोरबी पुलिस चौकी में दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, निरीक्षण किया और तत्परता दिखाते हुए आरोपी राम कुमार मराबी को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी घटना के समय राह चलते वाहनों और यात्रियों को भी दौड़ाने का प्रयास कर रहा था, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस द्वारा मौके पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

कोरबा: गांधी पुण्यतिथि पर शराब बिक्री से आक्रोश, युवा कांग्रेस ने आबकारी मंत्री का पुतला फूंका देखें वीडियो

✍️ भागीरथी यादव     कोरबा। महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि जैसे पवित्र अवसर पर जिले में शराब की बिक्री जारी रहने को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखा विरोध देखने को मिला। इस मुद्दे पर युवा कांग्रेस कोरबा शहर ने राज्य सरकार और विशेष रूप से कोरबा विधायक एवं आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिस दिन पूरा देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करता है, उसी दिन शराब की दुकानें खुली रहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। यह निर्णय न केवल गांधी जी के नशामुक्ति के आदर्शों के खिलाफ है, बल्कि कोरबा की जनता और छत्तीसगढ़ महतारी की भावनाओं का भी खुला अपमान है। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टी.पी. नगर स्थित प्रीमियम वाइन शॉप के सामने आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन का पुतला दहन कर सरकार की नीतियों के खिलाफ आक्रोश जताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि आबकारी मंत्री होने के नाते श्री देवांगन की नैतिक जिम्मेदारी थी कि बलिदान दिवस पर शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाता, लेकिन ऐसा न कर सरकार ने अपनी संवेदनहीनता उजागर कर दी है। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी ऐसे राष्ट्रीय और ऐतिहासिक अवसरों पर शराब बिक्री बंद नहीं की गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान “नशे से नहीं, संस्कार से बनेगा छत्तीसगढ़” जैसे नारे भी लगाए गए।

कोरबा: दौदरो में अवैध रेत उत्खनन का बोलबाला, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल

✍️ भागीरथी यादव     कोरबा: जिले की ग्राम पंचायत दौदरो में अवैध रेत उत्खनन का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन के पीछे स्थित नाले और अमलीमना नाला क्षेत्र से दिन-रात ट्रैक्टरों के जरिए रेत की चोरी की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि मुख्यमंत्री जनदर्शन पोर्टल पर शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।   निशाने पर प्राकृतिक संसाधन: ग्रामीणों के अनुसार, नाले और शासकीय रास्तों को खोदकर रेत निकाली जा रही है, जिससे पर्यावरण और सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुँच रहा है। चिह्नित वाहन: अवैध परिवहन में मुख्य रूप से CG-12 पासिंग वाले ट्रैक्टरों का उपयोग किया जा रहा है। पोर्टल पर शिकायत बेअसर: मामले की शिकायत पहले ही मुख्यमंत्री जनदर्शन में दर्ज कराई जा चुकी है। टोकन नंबर होने के बाद भी खनिज विभाग की निष्क्रियता ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। बढ़ते हौसले: आरोप है कि शिकायत होने के बाद रेत तस्करों की गतिविधियां और भी तेज हो गई हैं, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें कानून का कोई डर नहीं है। कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग ग्रामीणों ने हाल ही में कलेक्टर जनदर्शन में लिखित आवेदन सौंपकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस अवैध कारोबार पर नकेल कसता है या यह मामला फाइलों में ही दबा रह जाएगा।

कोरबा में निर्माणाधीन रेल परियोजना पर बड़ा हमला, लाखों रुपए का लोहा चोरी

✍️ भागीरथी यादव     कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कबाड़ माफिया के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि अब वे सीधे रेलवे परियोजनाओं को निशाना बना रहे हैं। कुसमुंडा से जटगा के बीच निर्माणाधीन रेल लाइन से चोरों ने रेल पटरी और भारी लोहे की प्लेटें काटकर चोरी कर लीं। इस चोरी में करीब 2 करोड़ रुपये के लोहे के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, गेवरा–पेंड्रा नई रेल लाइन परियोजना के तहत उरगा से पेंड्रा तक लगभग 140 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है। इस परियोजना का ठेका शिवाकृति प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को दिया गया है। इसी दौरान कुसमुंडा से कुचेना-जटगा के बीच लगभग 60 से 65 किलोमीटर क्षेत्र में रेल पटरी और लोहे की प्लेटें गायब पाई गईं। यह मामला बांकी मोंगरा और कटघोरा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जब कंपनी के कर्मचारियों ने साइट का निरीक्षण किया, तब चोरी का खुलासा हुआ। इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कबाड़ माफिया की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। इस घटना ने न सिर्फ रेलवे परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि प्रशासन के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन गई है।

कोरबा दर्री,अयोध्यापुरी के मनोज मिंज की दर्दनाक मौत, शादी से लौटते समय दहेज का सामान लेकर आ रही गाड़ी हादसे का शिकार देखें फोटो

    अयोध्यापुरी। खुशी और उत्साह से भरी सुबह ने अचानक गहरे शोक में बदल दी। गांव के युवक मनोज मिंज (38 वर्ष), जो अपने परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे, एक भयंकर सड़क हादसे में मौत का शिकार हो गए। यह घटना 29 जनवरी 2026 की सुबह उस समय हुई, जब वे शादी से लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, मनोज मिंज सिमडेगा में हुई शादी में शामिल हुए थे। शादी से मिले दहेज का सामान उनके वाहन चार चक्का डाला बॉडी गाड़ी (CG 12 AX 2884) में लोड था, और गाड़ी वह स्वयं चला रहे थे। घटना उस समय हुई जब गाड़ी घरघोड़ा–छाल मार्ग पर आगे बढ़ रही थी और अचानक सामने से आ रहे 14 चक्का डाला बॉडी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनोज मिंज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद, स्थानीय लोगों ने शव को घरघोड़ा अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने मृतक की मौत की पुष्टि की। पुलिस ने भी मौके पर पहुँचकर दुबारा जांच शुरू की और दोनों गाड़ियाँ जब्त कर लीं। वहीं, सामने वाले ट्रक के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। खबर फैलते ही परिवार और पूरे गांव में मातम फैल गया। परिजन टूट-टूट कर रो रहे हैं और अपने प्रिय सदस्य की असमय मौत को सहन नहीं कर पा रहे।   मनोज मिंज का असमय निधन परिवार की आर्थिक और भावनात्मक स्थिति पर गहरा असर डाल गया है। उनके बिना घर की खुशियाँ अधूरी रह गईं। एक पल की अनहोनी ने परिवार की दुनिया हमेशा के लिए बदल दी।   यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा, सावधानी और सुरक्षित ड्राइविंग की गंभीरता को याद दिलाता है। केवल एक छोटी सी चूक ने एक पूरे परिवार की खुशियाँ और गांव की शांति को तहस-नहस कर दिया।

पसीने की कमाई पर ‘मुंशियों’ का डाका! एनटीपीसी के मजदूरों ने सड़क पर उतरकर बयां किया शोषण का दर्द

  कोरबा। महारत्न कंपनी एनटीपीसी कोरबा में कार्यरत ठेका श्रमिकों के सब्र का बांध बुधवार को टूट गया। सीटू (CITU) के नेतृत्व में हजारों मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर एनटीपीसी परिसर से कलेक्ट्रेट तक ‘पैदल मार्च’ निकालकर प्रबंधन और प्रशासन को अपनी ताकत दिखाई। के.सी. जैन मार्ग से शुरू हुई यह पदयात्रा दर्री बाजार, घंटाघर और कोसाबाड़ी होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची, जहां जमकर नारेबाजी की गई। सीटू के प्रदेश अध्यक्ष कामरेड एस.एन. बैनर्जी ने एनटीपीसी प्रबंधन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि एक ओर एनटीपीसी देश को रोशन कर रहा है, वहीं दूसरी ओर इसके भीतर अंधेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार के मुंशी श्रमिकों के वेतन से हर महीने 250 से 350 रुपये की अवैध वसूली कर रहे हैं। विरोध करने पर गेट पास बंद करने की धमकी दी जाती है। मजदूरों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो संयंत्र में कामकाज ठप कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

अन्य खबरे

बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर बनाया वीडियो, ब्लैकमेल कर मांगे एक लाख रुपये — महिला गिरफ्तार
दर्री डैम हसदेव नदी में डूबे युवक नौशाद खान का शव दो दिन बाद मिला, इलाके में शोक
कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी में आरिफ खान बने उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह
सिमगा संकुल में वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर बैठक सम्पन्न, प्राचार्य ने दिए आवश्यक निर्देश
ग्रामीणों को दस्तावेज उपलब्ध कराने सैचुरेशन शिविर आयोजित करें – कलेक्टर संबित मिश्रा
रायगढ़ में सनसनी: पेड़ पर लटके मिले दो युवकों के शव, पुलिस जांच में जुटी