वर्ष 2026 की शुरुआत में ही चोरों का आतंक, 24 जनवरी को दर्री थाना क्षेत्र में तीन स्थानों पर चोरी
✍️ भागीरथी यादव दर्री। वर्ष 2026 की शुरुआत होते ही अपराधियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। साल के पहले ही महीने में, दिनांक 24/01/2026 को दर्री थाना अंतर्गत एक ही दिन में तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाएँ सामने आई हैं, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे अब एनटीपीसी मेन रोड जैसे व्यस्त इलाकों को भी नहीं छोड़ रहे। इसी क्रम में युवराज हेयर कटिंग सैलून में चोरी की कोशिश की गई। हालांकि सैलून मालिक की समझदारी ने बड़ी चोरी को होने से रोक लिया। सैलून मालिक रोज़ाना की तरह दुकान में रखे कीमती सामानों को पहले ही घर ले गया था, जिससे उसे भारी नुकसान नहीं हुआ। लेकिन चोरों ने सैलून में लगे सेट/टीम से जुड़े उपकरणों को काट दिया, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि चोर पूरी तैयारी और औज़ारों के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब मेन रोड पर इस तरह की घटनाएँ हो रही हैं, तो बस्तियों और रिहायशी इलाकों की स्थिति का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से व्यापारियों और आम नागरिकों में डर व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने दर्री पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और चोरों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है। वर्ष की शुरुआत में ही बढ़ते अपराध ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दर्री एनटीपीसी मेन रोड पर चोरी, टीन शेड काटकर उड़ा ले गए गल्ला
✍️ भागीरथी यादव दर्री। एनटीपीसी मेन रोड क्षेत्र में चोरों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। सड़क किनारे स्थित एक चिकन सेंटर में देर रात चोरी की वारदात को अंजाम देकर अज्ञात चोर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार चोरों ने टीन के सेट से बनी दुकान को काटकर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखा गल्ला ही उठाकर ले गए। दुकान मालिक बंटी ने बताया कि वह रोज़ की तरह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नज़ारा देख उनके होश उड़ गए। दुकान के भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखे करीब 5,000 रुपये नगद गायब थे। इस घटना से दुकान मालिक को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को लगते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद आसपास के दुकानदारों में भय का माहौल बन गया है। व्यापारी अपनी दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं और रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
अयोध्यापुरी दुर्गा चौक से बाइक चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात देखे वीडियो
✍️ भागीरथी यादव दर्री। अयोध्यापुरी दुर्गा चौक क्षेत्र में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक दोपहिया वाहन पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन मालिक राहुल यादव ने बताया कि वह रोज़ की तरह अपनी हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 12 BB 2463) को घर के सामने खड़ी कर रात में सोने चले गए थे। सुबह उठने पर जब उन्होंने बाहर देखा तो उनकी मोटरसाइकिल गायब थी। घबराए वाहन मालिक ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी को भी वाहन के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अपने घर के सामने स्थित एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति को रात्रि करीब 12:30 बजे मोटरसाइकिल चोरी कर ले जाते हुए देखा गया। घटना की जानकारी मिलते ही राहुल यादव ने बिना देरी किए दर्री थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही दर्री पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
कोरबा में जंगली सुअर के अवैध शिकार का भंडाफोड़, पांच ग्रामीण जेल भेजे गए
कोरबा। जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत जंगली सुअर के अवैध शिकार और उसके मांस को पकाकर खाने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लीमपानी (भदरापारा), ग्राम पंचायत बारीउमराव के एक ग्रामीण से जंगली सुअर के अवैध शिकार की सूचना वन विभाग को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन मंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत के निर्देश पर तथा उपवन मंडलाधिकारी पाली हितेश कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी चैतमा दिनेश कुमार कुर्रे के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच टीम ने ग्राम लीमपानी पहुंचकर गांव के पंचों की उपस्थिति में इंद्रपाल पिता रामप्रसाद धनवार के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान जंगली सुअर का करीब 5 किलोग्राम कच्चा मांस, जंगली सुअर का पुराना जबड़ा (02 नग), पैर (03 नग), शिकार में प्रयुक्त कुल्हाड़ी (02 नग), परसुल (01 नग), हंसिया (02 नग), सेटिंग तार के 04 बंडल तथा मांस काटने में उपयोग की गई लकड़ी का गुटका जब्त किया गया। पूछताछ में इंद्रपाल ने स्वीकार किया कि उसने पलमा पहाड़ में फंदा लगाकर जंगली सुअर का शिकार किया था। सुअर के फंदे में फंसकर मरने के बाद उसने गांव के ही मंतराम धनवार, मिलन धनवार एवं जयलाल धनवार के साथ मिलकर जंगल में ही सुअर को काटा और मांस आपस में बांट लिया, जिसमें से कुछ मांस पकाकर खा लिया गया। इस कार्रवाई में परस राम पटेल (परिसर सहायक, घुईचुवा), यशमन कुमार आडिल (परिसर सहायक, चैतमा), कीर्ति कुमार तंवर (परिसर सहायक, राहा) सहित भीम पटेल, लक्ष्मी प्रसाद यादव एवं सुखमन कुमार पाटले शामिल रहे। वन विभाग ने सभी आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 09, 39, 44, 48(क), 51 एवं 52 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पाली के न्यायालय में प्रस्तुत किया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए।
कोरबा में आदिवासी अस्मिता की लड़ाई तेज़, रांगटा कोल माइंस के खिलाफ 14वें दिन भी अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी
सुशील जायसवाल कोरबा | पोड़ी उपरोड़ा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड में प्रस्तावित रांगटा कोल माइंस प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ आदिवासी समुदाय का जनआंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। बीजाडांड़ में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोगपा) के नेतृत्व में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन आज 14वें दिन में प्रवेश कर चुका है, और इसका दायरा लगातार फैलता जा रहा है। अब यह आंदोलन केवल बीजाडांड़ तक सीमित नहीं रहा। रामपुर, लोकडाढ़ा, सुखहर्रा, लेंग, सासिन सहित आसपास के कई गांवों में भी विरोध की चिंगारी भड़क चुकी है। बड़ी संख्या में आदिवासी ग्रामीण अपने हक और अस्तित्व की रक्षा के लिए सड़कों पर उतर आए हैं, जिससे प्रशासनिक अमला भी सतर्क हो गया है। आंदोलनकारियों का साफ कहना है कि जिस क्षेत्र में कोल माइंस प्रस्तावित है, वह पूरी तरह आदिवासी बहुल क्षेत्र है। खनन परियोजना को मंजूरी मिलने की स्थिति में सैकड़ों आदिवासी परिवारों के विस्थापित होने, उनकी खेती योग्य जमीन, जंगल, जलस्रोत और पारंपरिक जीवनशैली के समाप्त होने का खतरा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा खनन प्रस्ताव ग्रामसभा की सहमति के बिना और आदिवासी समाज को विश्वास में लिए बिना आगे बढ़ाया गया है, जो पेसा कानून, वन अधिकार अधिनियम और संविधान के मूल प्रावधानों का खुला उल्लंघन है। धरना स्थल पर रोजाना नारेबाजी, जनसभाएं और रणनीतिक बैठकों का सिलसिला जारी है। आंदोलनकारियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन और जंगल नहीं छोड़ेंगे। यदि प्रशासन और सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई, तो आंदोलन को और व्यापक व उग्र रूप दिया जाएगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान या वार्ता का रास्ता नहीं निकल पाया है। यह आंदोलन अब केवल एक खनन परियोजना के विरोध तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह आदिवासी अधिकार, जल-जंगल-जमीन और संवैधानिक सम्मान की लड़ाई बन चुका है।
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कोरबी में सरस्वती पूजन हर्षोल्लास से संपन्न
सुशील जायसवाल कोरबी/चोटिया। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कोरबी में शुक्रवार 23 जनवरी को ज्ञान, विद्या और बुद्धि की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती का पूजन-अर्चन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से किया गया। इसके पश्चात शिक्षक सतीश कुमार चौबे द्वारा विधि-विधान से मां सरस्वती की पूजा अर्चना संपन्न कराई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य रामाश्रय सिंह तंवर, विख्याता संतोष कुमार दिनकर, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूजन उपरांत प्रभारी प्राचार्य रामाश्रय सिंह तंवर द्वारा मां सरस्वती की अमर गाथा पर आधारित एक भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीत प्रस्तुति से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को भी अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में शिक्षक टी.एस. शांडिल्य, शैलेंद्र प्रजापति, श्रीमती एस.के. साव, एस. जायसवाल, टी. बारमते, प्रीति कश्यप, पत्रकार सुशील जायसवाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में किया गया।
छत्तीसगढ़ वाणिज्यिक कर विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई जिलों में कर्मचारियों के तबादले
✍️ भागीरथी यादव रायपुर। छत्तीसगढ़ वाणिज्यिक कर विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं। विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों को एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय में स्थानांतरित किया गया है। इस तबादला आदेश में सहायक ग्रेड-तीन, सहायक ग्रेड-दो, डाटा एंट्री ऑपरेटर, सहायक एंट्री ऑपरेटर, स्टेनोटाइपिस्ट और वाहन चालक स्तर के कर्मचारी शामिल हैं। यह फेरबदल राज्य के कई जिलों और संभागों में किया गया है। कई जिलों में नई पदस्थापना जारी सूची के अनुसार धमतरी, दुर्ग, कोंडागांव, कांकेर, गरियाबंद, रायपुर, बालोद, दंतेवाड़ा, कवर्धा, राजनांदगांव, खैरागढ़, सारंगढ़, रायगढ़, बेमेतरा, जशपुर, सूरजपुर, कोरिया, कोरबा और बिलासपुर सहित अन्य जिलों में कर्मचारियों की नई पदस्थापना की गई है। इसके अलावा कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों को संभागीय कार्यालयों एवं बीआईयू (BIU) इकाइयों में भी भेजा गया है। कार्य संतुलन और कर संग्रहण पर जोर विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह तबादला पूरी तरह से नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। इसका मुख्य उद्देश्य कार्यालयों के बीच कार्य संतुलन बनाना और कर संग्रहण से जुड़े कार्यों में तेजी लाना है। वाणिज्यिक कर विभाग का मानना है कि इस कदम से विभागीय कार्यों की दक्षता बढ़ेगी और कर प्रशासन अधिक प्रभावी होगा। शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश स्थानांतरित कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शीघ्र ही अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें, ताकि विभागीय कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
एफआईआर दर्ज न होने से आक्रोश, तहसीलदार थाने के सामने धरने पर बैठे, कलेक्टर के गनमैन पर बेटे से मारपीट का आरोप
✍️ भागीरथी यादव सारंगढ़-बिलाईगढ़। बेटे के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने से नाराज़ कोरबा में पदस्थ तहसीलदार बंदे राम भगत थाने के सामने धरने पर बैठ गए। उन्होंने सीधे तौर पर जिले के कलेक्टर के गनमैन पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। जानकारी के अनुसार यह घटना 20 जनवरी की है, जो सारंगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। तहसीलदार का आरोप है कि उनका बेटा राहुल भगत स्कूटी से जा रहा था, तभी सड़क पर खड़े कलेक्टर के गनमैन से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कथित तौर पर गनमैन ने राहुल भगत के साथ हाथापाई करते हुए उसकी पिटाई कर दी। घटना के बाद राहुल भगत ने कोतवाली थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। तहसीलदार का कहना है कि शिकायत में घटना से जुड़े सभी तथ्य स्पष्ट रूप से दर्ज कराए गए, इसके बावजूद पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इसी से आहत होकर तहसीलदार बंदे राम भगत ने थाने के सामने धरना शुरू कर दिया। धरने पर बैठे तहसीलदार ने कहा कि जब एक राजपत्रित अधिकारी के बेटे की शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही है, तो आम नागरिकों को न्याय कैसे मिलेगा—यह गंभीर सवाल है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। वहीं, इस पूरे मामले पर एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने कहा है कि प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। मामले ने तूल पकड़ लिया है और अब इसे कानून के समान अनुपालन और पुलिस की कार्यप्रणाली से जोड़कर देखा जा रहा है।
कुसमुंडा खदान में ड्यूटी के दौरान मजदूर की मौत, मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर जीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन
✍️ भागीरथी यादव कोरबा। कुसमुंडा कोयला खदान में ड्यूटी के दौरान एक मजदूर की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन और सहकर्मी मुआवजे व आश्रित को नौकरी देने की मांग को लेकर शव के साथ जीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। मृतक की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के कठरा बुड़गहन निवासी कांशी दास महंत (34 वर्ष) के रूप में हुई है। वह कुसमुंडा थाना क्षेत्र के नरईबोध में पत्नी और बच्चों के साथ रहता था और ठेका कंपनी रवि एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड (आरईपीएल) में कोल सैंपलिंग का कार्य करता था। बताया गया कि कांशी दास महंत बुधवार रात की पाली में ड्यूटी पर था। सुबह घर लौटने से पहले ही कार्यस्थल पर उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। सहकर्मियों ने तत्काल उसे विकासनगर स्थित एसईसीएल डिस्पेंसरी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे कोसाबाड़ी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन और सहकर्मी मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंच गए और ठेका कंपनी के अधिकारियों से मुआवजा एवं नौकरी की मांग की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आक्रोशित ग्रामीणों और मजदूरों ने शव को लेकर कुसमुंडा खदान स्थित जीएम कार्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान रवि एनर्जी कंपनी के कोऑर्डिनेटर अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन श्रमिक हितों से जुड़े सवालों पर कोई ठोस आश्वासन नहीं दे सके। गौरतलब है कि एसईसीएल की खदानों में कोल सैंपलिंग का कार्य कोयला मंत्रालय द्वारा QCPL कंपनी को ठेके पर दिया गया है, जिसने यह काम आगे पेटी ठेके पर गुजरात की कंपनी रवि एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को सौंप दिया। कुसमुंडा खदान में यह कंपनी वर्ष 2023 से कार्यरत है, जहां लगभग 160 मजदूर काम कर रहे हैं। घटना के बाद खदान क्षेत्र में श्रमिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और ठेका मजदूरों के अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सड़क या स्टूडियो? कोरबा में रीलबाजों का ‘तांडव’, पुलिस ने जब्त कीं 4 स्कॉर्पियो, रईसजादे पहुंचे सलाखों के पीछे
कोरबा: सोशल मीडिया पर ‘लाइक’ और ‘फॉलोअर्स’ बटोरने की भूख जब कानून के डर से बड़ी हो जाए, तो अंजाम जेल की कोठरी होता है। कोरबा की सड़कों पर स्कॉर्पियो से स्टंट कर राहगीरों की जान जोखिम में डालने वाले चार युवकों को सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने सबक सिखाया है। पुलिस ने न सिर्फ चारों गाड़ियों को जब्त किया, बल्कि आरोपियों को गिरफ्तार कर यह साफ कर दिया है कि सड़क रील बनाने का स्टूडियो नहीं है। शहर की मुख्य सड़कों पर मचाया था उत्पात मामला 19 जनवरी 2026 का है। चार काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार होकर कुछ युवक बालको से लेकर महाराजा होटल तक सड़कों पर तांडव मचा रहे थे। आईटीआई चौक, कोसाबाड़ी, निहारिका और घंटाघर जैसे व्यस्त इलाकों में गाड़ियां हवा से बातें कर रही थीं। खिड़कियों से बाहर लटके युवक, कान फाड़ता म्यूजिक और खतरनाक स्टंट का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस का पारा चढ़ गया। पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, चार गिरफ्तार वीडियो का संज्ञान लेते हुए सिविल लाइन रामपुर थाना पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 56/2026 दर्ज किया। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों वाहनों को कब्जे में लिया और मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों के नाम: पवन यादव (निवासी भूलसी डीह) चंद्र कुमार कर्ष (निवासी एसईसीएल सुभाष ब्लॉक) रोहित पटेल (निवासी चंद्र नगर बरहमपुर) मोहम्मद सहजाद खान (निवासी बरहमपुर) इन गाड़ियों पर हुई कार्रवाई: पुलिस ने स्टंट में शामिल CG 12 BS 7298, CG 12 BL 3201, CG 12 BL 7861 और CG 12 BH 8214 नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ियों को सीज कर दिया है। इन पर धारा 281 BNS और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। नाबालिगों के पालकों की लगी क्लास इस मामले में एक खास बात यह रही कि वाहनों में कुछ नाबालिग भी सवार थे। पुलिस ने उनके माता-पिता को थाने बुलाकर जमकर फटकार लगाई और सख्त हिदायत दी कि बच्चों को ऐसी जानलेवा गतिविधियों से दूर रखें। पुलिस की चेतावनी: “रील बनाने के चक्कर में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अगर आप सड़क पर स्टंट कर रहे हैं, तो समझ लीजिए कि अगला नंबर आपका है।”
















