दर्री में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा दर्री दर्री थाना क्षेत्र से एक गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहाँ स्कूल से घर लौट रही एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ एवं अभद्र व्यवहार किया गया। यह घटना दर्री सीएसईबी कॉलोनी की है, जिसने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।   प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 4 से 5 बजे के बीच छात्रा स्कूल से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान अयोध्यापुरी निवासी विक्की श्रीवास नामक युवक ने रास्ता रोककर छात्रा के साथ अश्लील हरकतें कीं और अभद्र व्यवहार किया। घटना से भयभीत छात्रा रोते हुए घर पहुँची और अपने माता-पिता को पूरी घटना की जानकारी दी।   घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तत्काल दर्री थाना पहुँचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए दर्री पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जाँच शुरू की और आरोपी विक्की श्रीवास (उम्र 28 वर्ष), पिता बलराम श्रीवास, निवासी अयोध्यापुरी को गिरफ्तार कर लिया।   पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74/75(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।  

कुसमुंडा खदान में दर्दनाक हादसा, मशीन रिपेयरिंग के दौरान ऑपरेटर की मौत

✍️ भागीरथी यादव    एसईसीएल ठेका कंपनी नीलकंठ में सिलेंडर फटने से दो मजदूर गंभीर घायल, जांच जारी कोरबा, 16 जनवरी। एसईसीएल की कुसमुंडा खदान से एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। खदान में कार्यरत ठेका कंपनी नीलकंठ में मशीन की मरम्मत के दौरान हुए भीषण हादसे में एक ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज निजी अस्पताल में जारी है। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान संजय देवांगन के रूप में हुई है, जो पिछले तीन वर्षों से नीलकंठ कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बीती शाम मशीन रिपेयरिंग के दौरान अचानक मशीन का सिलेंडर फट गया, जिसकी चपेट में आने से संजय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं पुलिस के अनुसार, मरम्मत के दौरान मशीन का पिस्टन तेज़ी से बाहर निकलकर संजय के सीने में जा लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास में काम कर रहे दो अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के सही कारणों को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक संजय देवांगन बलरामपुर जिले का निवासी था और अपने परिवार में चार बहनों का इकलौता भाई था। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों और सहकर्मियों ने ठेका कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि छुट्टी के दिन भी संजय से मिस्त्री का काम कराया जा रहा था, जबकि वह ऑपरेटर था। इसी लापरवाही के चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ।  

शिक्षक ने मौत को गले लगाया, गांव में पसरा सन्नाटा

सुशील जायसवाल   कोरबा (बागों)। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर सामने आई है। गुरसियां बांधा पारा निवासी शिक्षक परदेशी राम प्रजापति ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक परदेशी राम प्रजापति, पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत जलके स्थित शासकीय विद्यालय में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि वे पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और लगातार इलाजरत थे। बीमारी और मानसिक पीड़ा ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया था। घटना आज 15 जनवरी, गुरुवार की बताई जा रही है। दुर्भाग्यवश घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। जब आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बागों थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा तथा नायब तहसीलदार सुमन दास मानिकपुरी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और आगे की जांच में जुट गई है। एक जिम्मेदार शिक्षक का इस तरह जीवन समाप्त कर लेना न सिर्फ परिवार बल्कि समाज के लिए भी गहरा आघात है। उनके निधन से गांव और विद्यालय परिसर में गमगीन माहौल बना हुआ है।

ब्रेकिंग न्यूज़

सुशील जायसवाल     अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत कोरबा | पसान थाना क्षेत्र कोरबा जिले के पसान थाना अंतर्गत मोहनपुर के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा थोहा नाला के समीप उस वक्त हुआ, जब युवक अपने घर लौट रहा था। मृतक की पहचान समार सिंह पिता जरिहत सिंह (35 वर्ष), निवासी बोकरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, समार सिंह मुड़ी की ओर से बाइक से लौट रहा था, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि युवक सड़क पर उछलकर गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। बाइक सड़क पर पलटी अवस्था में पड़ी मिली, जबकि युवक सड़क के बीच लहूलुहान हालत में पड़ा था। सूचना मिलते ही पसान पुलिस मौके पर पहुंची। प्रधान आरक्षक गुलशन मिंज ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती, नियमित पुलिस गश्त और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

हरदीबाजार में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, कौशल श्रीवास का भव्य अभिनंदन

ज्ञान शंकर तिवारी    पूर्व विधायक सहित वरिष्ठ नेताओं ने दी शुभकामनाएं, संगठन को मिलेगी नई धार कोरबा | ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरदीबाजार के नवनियुक्त अध्यक्ष कौशल श्रीवास के स्वागत में हरदीबाजार में भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एक मंच पर नजर आए, जिससे कार्यक्रम राजनीतिक एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बन गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, रामशरण कंवर, मीरा कंवर सहित कांग्रेस के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। मंच पर सैयद कलाम, शत्रुहन यादव, रमेश अहीर, लक्ष्मी बंजारे, विकास सिंह, इशाक खान, मंगलदास, मुकेश बर्मन, शुभम शुक्ला, हिमांशु जायसवाल और गुलशन जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से कौशल श्रीवास का भव्य स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। वरिष्ठ नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि कौशल श्रीवास के नेतृत्व में हरदीबाजार ब्लॉक में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत होगी और आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। अपने उद्बोधन में ब्लॉक अध्यक्ष कौशल श्रीवास ने पार्टी नेतृत्व, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह, जोश और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बना रहा।

30 फीट नीचे गिरते ही आग का गोला बनी कार

सुशील जायसवाल   तातापानी महोत्सव जा रहे दो दोस्तों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत कोरबा (मोरगा)। बुधवार तड़के जिले के सरहदी क्षेत्र मदनपुर में ऐसा भयावह सड़क हादसा हुआ, जिसने हर किसी का दिल दहला दिया। बिलासपुर से तातापानी महोत्सव का आनंद लेने निकले दो जिगरी दोस्तों की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर लगभग 30 फीट नीचे पुलिया से जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गिरते ही कार आग का गोला बन गई। कार का दरवाजा लॉक हो जाने के कारण अंदर फंसे दोनों युवकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और चंद मिनटों में दोनों जिंदा जल गए। मौके पर मौजूद लोगों के सामने यह मंजर इतना डरावना था कि कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका। सुबह 4 बजे मौत से टकराई खुशियों की यात्रा यह दर्दनाक हादसा बांगो थाना क्षेत्र के मोरगा चौकी के पास सुबह करीब 4 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मदनपुर के पास पहुंचते ही कार (CG 10 BF 1673) अचानक अनियंत्रित हुई और सीधे पुलिया के नीचे जा गिरी। नीचे गिरते ही तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। महोत्सव की खुशी मातम में बदली हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र के देवरी खुर्द के निवासी थे— गोपाल चंद्र डे (42 वर्ष), पिता – मानिक चंद्र डे अरुण सेन (36 वर्ष), पिता – बनारसी लाल सेन दोनों गहरे दोस्त थे और विश्रामपुर में आयोजित तातापानी महोत्सव में शामिल होने के लिए निकले थे। घर से निकलते वक्त किसी ने नहीं सोचा था कि यह यात्रा उनकी जिंदगी की आखिरी यात्रा बन जाएगी। पुलिस पहुंची, तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस और मोरगा चौकी की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और दोनों युवक बुरी तरह झुलस चुके थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेजकर परिजनों को सूचित किया। मोरगा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह नींद की झपकी, तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी मानी जा रही है। एक पल की चूक, दो परिवारों की जिंदगी उजड़ गई यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और रात के समय लंबी यात्रा के खतरों की चेतावनी देता है। खुशियों से भरी यात्रा पलभर में मातम में बदल गई और दो परिवार हमेशा के लिए अपनों से वंचित हो गए।

राउत नाचा कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष नत्थू लाल यादव पगड़ी-साल व स्मृति चिन्ह से सम्मानित

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। जिला कोरबा के ग्राम मुढ़ाली में आयोजित पारंपरिक मड़ाई मेला एवं राउत नाचा कार्यक्रम सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का सजीव उदाहरण बना। इस अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय जिला अध्यक्ष श्री नत्थू लाल यादव को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मा. विनोद कुमार यादव, जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति के कर-कमलों से समिति के सदस्यों की उपस्थिति में श्री नत्थू लाल यादव को स्मृति चिन्ह, पगड़ी और साल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके निरंतर समाजसेवी योगदान और संगठनात्मक सक्रियता के लिए दिया गया। समाज सेवा को मिली नई पहचान मुख्य अतिथि विनोद कुमार यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्री नत्थू लाल यादव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित के कार्यों में सक्रिय रहकर समाज को एकजुट करने का कार्य किया है। बधाइयों का लगा तांता सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समिति सदस्यों और ग्रामीणजनों ने श्री यादव को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, सम्मान और पारंपरिक लोकसंस्कृति के रंग में रंगा रहा। लोकसंस्कृति और सम्मान का संगम राउत नाचा की मनमोहक प्रस्तुति और मड़ाई मेले की परंपराओं के बीच हुआ यह सम्मान समारोह आयोजन की गरिमा को और ऊंचाई देता नजर आया।  

दर्री में गूंजेगा क्रिकेट का रोमांच

    स्व. गौरव सरकार मेमोरियल ओपन क्रिकेट टूर्नामेंट–2026 का भव्य आगाज 24 जनवरी से आयोजन कर्ता – विकास यादव ( सेरे गोलू) , पंकज वर्मा    दर्री। क्रिकेट प्रेमियों के लिए दर्री क्षेत्र से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। युवा खिलाड़ियों को मंच देने और स्वर्गीय गौरव सरकार की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से “स्व. गौरव सरकार मेमोरियल ओपन क्रिकेट टूर्नामेंट–2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता टेनिस बॉल क्रिकेट प्रारूप में खेली जाएगी, जिसमें क्षेत्र की चुनिंदा टीमें दमखम दिखाएंगी। दर्जी तहसील कार्यालय के पीछे होगा आयोजन टूर्नामेंट का आयोजन दर्री तहसील कार्यालय के पीछे स्थित मैदान में किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ 24 जनवरी 2026 से होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 1 फरवरी 2026 को खेला जाएगा। सीमित टीमों के बीच होगा महामुकाबला इस रोमांचक प्रतियोगिता में केवल 16 टीमों को ही प्रवेश दिया जाएगा। एंट्री पहले आओ–पहले पाओ के आधार पर होगी। लीग मैच: 8 ओवर सेमीफाइनल व फाइनल: 10 ओवर मैच ICC नियमों (LBW को छोड़कर) और सिक्सिट बॉल से खेले जाएंगे। साथ ही एक खिलाड़ी–एक टीम का नियम सख्ती से लागू रहेगा। आकर्षक पुरस्कार खिलाड़ियों का बढ़ाएंगे उत्साह टूर्नामेंट को और भी खास बनाने के लिए आयोजकों द्वारा आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई है— 🏆 विजेता टीम: ₹11,000 🥈 उपविजेता टीम: ₹7,000 ⭐ मैन ऑफ द टूर्नामेंट: ₹1,100 एंट्री शुल्क और पंजीयन प्रत्येक टीम के लिए प्रवेश शुल्क ₹1100 निर्धारित किया गया है। सीमित स्लॉट होने के कारण आयोजकों ने टीमों से जल्द पंजीयन कराने की अपील की है। पंजीयन व जानकारी के लिए संपर्क करें 📞 7806003756 | 9827870348 📞 7898708878 | 9907828820 खेल भावना और यादों का संगम यह टूर्नामेंट न सिर्फ प्रतिस्पर्धा का मंच होगा, बल्कि स्व. गौरव सरकार को श्रद्धांजलि अर्पित करने का भी एक सार्थक प्रयास है। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी क्रिकेट प्रेमियों से इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

शिक्षा के मंदिर में श्रम का शोषण

ज्ञान शंकर तिवारी      पाली ब्लॉक के शासकीय स्कूल में बच्चों से कराया जा रहा काम, शिक्षकों की लापरवाही कैमरे में कैद पाली। ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था पहले से ही कई चुनौतियों से जूझ रही है, लेकिन जब स्कूल—जो बच्चों के भविष्य की नींव होते हैं—वहीं उनके अधिकारों का हनन होने लगे, तो यह पूरे सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ऐसा ही एक शर्मनाक मामला पाली विकासखंड के ग्राम सफलवा के आश्रित मोहल्ला राहा में संचालित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला से सामने आया है, जहाँ शिक्षा के नाम पर बच्चों से श्रमिक कार्य कराए जाने का आरोप सामने आया है। पढ़ाई छोड़, बाल्टी और झाड़ू थामते बच्चे मिली जानकारी के अनुसार विद्यालय में पदस्थ एक शिक्षिका रोज़ की तरह दोपहर लगभग 3 बजे बिना किसी पूर्व सूचना के विद्यालय छोड़कर चली गईं। वहीं स्कूल में मौजूद दूसरे शिक्षक द्वारा बच्चों से बाल्टी में पानी भरवाना, कक्षा की साफ-सफाई कराना जैसे कार्य कराए जा रहे थे। यह पूरा दृश्य पाली के मीडिया प्रतिनिधि द्वारा मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया गया, जिससे मामले की गंभीरता और स्पष्ट हो गई। सवालों से बचते शिक्षक, मीडिया से अभद्र व्यवहार जब इस पूरे मामले पर संबंधित शिक्षक से जवाब मांगा गया, तो उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय मीडिया से अभद्र भाषा में बातचीत की। “स्कूल में कैसे आ गए”, “किसने अनुमति दी” जैसे शब्दों का प्रयोग करते हुए न केवल जवाबदेही से बचने की कोशिश की गई, बल्कि पत्रकारिता की मर्यादा को भी ठेस पहुंचाई गई। बाल अधिकारों का खुला उल्लंघन यह घटना केवल एक विद्यालय की नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में शिक्षा व्यवस्था की कड़वी सच्चाई को उजागर करती है। जिन बच्चों के हाथों में किताब और कलम होनी चाहिए, वे स्कूल में श्रम करने को मजबूर हैं। यह स्थिति बाल अधिकारों और शिक्षा के अधिकार अधिनियम—दोनों का सीधा उल्लंघन है। निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था आखिर कहां है? क्या इस तरह की गतिविधियां पहले भी होती रही हैं? और क्या संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी थी? अब विभागीय कार्रवाई की कसौटी अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और दोषी शिक्षकों के खिलाफ क्या ठोस कार्रवाई की जाती है। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो “शिक्षा का मंदिर” कहलाने वाले विद्यालयों की गरिमा लगातार धूमिल होती चली जाएगी।  

हरदीबाजार ब्लॉक कांग्रेस की कमान कौशल श्रीवास के हाथ, संगठन में नई ऊर्जा का संचार

ज्ञान शंकर तिवारी   हरदीबाजार। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की दिशा में बड़ा संगठनात्मक निर्णय लेते हुए पार्टी नेतृत्व ने हरदीबाजार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी कौशल श्रीवास को सौंपी है। कांग्रेस द्वारा जारी आधिकारिक सूची में जैसे ही उनके नाम की घोषणा हुई, पूरे क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े कौशल श्रीवास सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत समन्वय और जमीनी पकड़ को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है। उनकी नियुक्ति को आगामी चुनावों की रणनीति और संगठन के विस्तार के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। नियुक्ति के बाद कौशल श्रीवास ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा, “कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और जनता के मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाया जाएगा।” कौशल श्रीवास की नियुक्ति से हरदीबाजार क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नई ऊर्जा के साथ काम करेगी और क्षेत्र में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति को और अधिक सुदृढ़ करेगी।

अन्य खबरे

दर्री सीएसईबी कॉलोनी में पानी टंकी के पास भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर बनाया वीडियो, ब्लैकमेल कर मांगे एक लाख रुपये — महिला गिरफ्तार
दर्री डैम हसदेव नदी में डूबे युवक नौशाद खान का शव दो दिन बाद मिला, इलाके में शोक
कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी में आरिफ खान बने उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह
सिमगा संकुल में वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर बैठक सम्पन्न, प्राचार्य ने दिए आवश्यक निर्देश
ग्रामीणों को दस्तावेज उपलब्ध कराने सैचुरेशन शिविर आयोजित करें – कलेक्टर संबित मिश्रा