कोरबा में दिल दहला देने वाली घटना: गर्भवती पत्नी को छोड़ युवक ने की आत्महत्या, परिजनों ने जताई जादू-टोना की आशंका

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। जिले के कटघोरा क्षेत्र से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहित युवक ने कथित रूप से परफ्यूम पीने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक की पत्नी सात माह की गर्भवती है, जिसके सिर से पति का साया उठ गया। मृतक की पहचान कटघोरा निवासी 28 वर्षीय विद्यासागर के रूप में हुई है, जो पेशे से मिस्त्री था। परिजनों के अनुसार, विद्यासागर शांत स्वभाव और सरल जीवन जीने वाला युवक था। उसकी शादी वर्ष 2025 में हुई थी और परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन बीते कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा था। परफ्यूम पीकर उठाया आत्मघाती कदम सोमवार 5 जनवरी को विद्यासागर घर पहुंचा और अपने छोटे भाई से परफ्यूम मांगा। परफ्यूम लगाने के बाद वह उसे लेकर अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब परिजन कमरे की ओर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि विद्यासागर फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। कमरे से परफ्यूम की खाली शीशी भी बरामद हुई, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसने फांसी लगाने से पहले परफ्यूम पी लिया था। घटना के बाद परिजन बदहवास हालत में उसे नीचे उतारकर कटघोरा सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जादू-टोना को लेकर डरा हुआ था युवक: परिजन मृतक के बड़े भाई बजरंग सिंह उइके ने बताया कि विद्यासागर पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। कभी वह बिल्कुल सामान्य रहता, तो कभी अचानक असहज और घबराया हुआ नजर आता। परिजनों का आरोप है कि किसी जादू-टोने के डर के कारण वह अंदर ही अंदर टूट चुका था। ग्रामीण क्षेत्रों में फैले अंधविश्वास के चलते परिवार को शक है कि इसी मानसिक दबाव ने उसे यह कदम उठाने पर मजबूर किया। पुलिस जांच में जुटी, बयान दर्ज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी सुरेश मणि सोनवानी ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की डायरी आगे की जांच के लिए संबंधित थाने भेजी जा रही है। विशेषज्ञ बोले- अंधविश्वास बन सकता है जानलेवा इस मामले पर चिकित्सक डॉ. दिनेश मिश्र ने चिंता जताते हुए कहा कि समाज में फैला अंधविश्वास और जादू-टोने का डर लोगों को मानसिक रूप से कमजोर कर देता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जादू-टोना कोई वास्तविक कारण नहीं होता, बल्कि यह भ्रम और मानसिक भय होता है, जो व्यक्ति को गंभीर तनाव और अवसाद की ओर ले जा सकता है। यह घटना न सिर्फ एक परिवार की खुशियों को उजाड़ गई, बल्कि समाज के सामने यह सवाल भी छोड़ गई कि अंधविश्वास और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही कितनी भयावह साबित हो सकती है।

युवा शक्ति से गूंजा कोरबा, जिला युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में भरा जोश

✍️ भागीरथी यादव     कोरबा। जिला युवा कांग्रेस कोरबा शहर द्वारा आयोजित भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन में युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सम्मेलन में जिले भर से पहुंचे सैकड़ों युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया और एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम में पूर्व केबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल, प्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी अमित पठानिया, प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव विकास सिंह एवं जिला प्रभारी पुष्पेंद्र साहू विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके मार्गदर्शन में संगठनात्मक मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति और युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि युवा कांग्रेस ही पार्टी की रीढ़ है और आने वाले समय में युवाओं को निर्णायक भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाने और कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। सम्मेलन में जिला, ब्लॉक एवं वार्ड स्तर के सभी पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। संगठन के प्रति युवाओं का जोश, अनुशासन और प्रतिबद्धता पूरे आयोजन में साफ झलकती रही। कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से युवा कांग्रेस ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि कोरबा में संगठन पूरी तरह सक्रिय, संगठित और संघर्ष के लिए तैयार है। यह आयोजन आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए एक मजबूत आधार साबित होगा।

जमनीपाली दर्री : किसान संत गरीबदास गरिमा सम्मान समारोह में संत रामपाल जी महाराज का अभिनंदन

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। जमनीपाली स्थित अग्रसेन भवन में 11 जनवरी 2026 को एक दिवसीय विशाल सत्संग एवं किसान संत गरीबदास गरिमा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोरबा जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, किसान एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। शांत, अनुशासित और आध्यात्मिक वातावरण में श्रद्धालुओं ने लाइव सत्संग का श्रवण किया। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला संयोजक अजय कुर्रे, हरवंश गवेल, गोपाल केंवट, गयादास, होरीलाल, चेतनदास, अवध बिहारी, पांचराम पाटिल एवं उमाशंकर पटेल के संयुक्त नेतृत्व में किया गया। समारोह के दौरान तत्वदर्शी संत रामपाल जी महाराज को किसान एवं समाज हित में उनके निरंतर योगदान के लिए “किसान संत गरीबदास गरिमा सम्मान” से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में वक्ताओं ने संत रामपाल जी महाराज द्वारा संचालित अन्नपूर्णा अभियान की विशेष रूप से सराहना की। बताया गया कि हरियाणा, पंजाब, राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश में आई भीषण बाढ़ के समय संत जी के ट्रस्ट द्वारा त्वरित राहत पहुंचाई गई। किसानों के खेतों से पानी निकासी हेतु मोटर एवं पाइप की व्यवस्था की गई, जिससे फसलों को बचाने में बड़ी सहायता मिली और अगली फसल की बुवाई संभव हो सकी। कार्यक्रम में मौजूद किसान नेताओं एवं सरपंचों ने कहा कि संत रामपाल जी महाराज के आध्यात्मिक विचारों और सामाजिक अभियानों से समाज में नशाखोरी, दहेज प्रथा एवं अन्य कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने संत जी को किसानों और कमजोर वर्गों का सच्चा मार्गदर्शक बताते हुए उनके कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। अन्नपूर्णा अभियान के अंतर्गत ऐसे जरूरतमंद परिवारों को चिन्हित किया जाता है, जिनके सामने आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया हो। इन परिवारों को निःशुल्क अनाज, वस्त्र, बच्चों की शिक्षा, बीमार सदस्यों के उपचार तथा आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। यह समस्त सेवाएं समाज उत्थान के उद्देश्य से संत रामपाल जी महाराज के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही हैं। सामाजिक सुधार की दिशा में निरंतर पहल संत रामपाल जी महाराज के मार्गदर्शन में दहेज-मुक्त विवाह सादगीपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही निःशुल्क रक्तदान शिविर, देहदान जागरूकता, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान एवं नशामुक्ति जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर चलाए जा रहे हैं। समाज से कुरीतियों के उन्मूलन हेतु जनजागरूकता पर विशेष बल दिया जा रहा है।

तेज रफ्तार का कहर: खड़ी कार को पीछे से ठोकर, बाइक सवार नाली में जा गिरा

सुशील जायसवाल     आंजन नाला पुल के पास दर्दनाक हादसा, युवक की हालत नाज़ुक कोरबी चोटिया | बागों डुबान क्षेत्र अंतर्गत आंजन नाला पुल के पास शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने सड़क किनारे खड़ी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर नाली में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बनारस से लौट रहे दुर्ग निवासी सौरभ ठाकुर अपने तीन साथियों के साथ चारपहिया वाहन क्रमांक CG 08 AJ 4771 से यात्रा कर रहे थे। ग्राम बगाही पारा, सिरमिना मार्ग स्थित आंजन नाला पुल के मोड़ पर उन्होंने दिशा मैदान के लिए वाहन सड़क किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान दमहामुड़ा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (CG 16 CR 1670) चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार फुटबॉल की तरह उछलते हुए पास की नाली में जा गिरा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार सवारों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल डायल 112 को सूचना दी और कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल की पहचान उसके पर्स में मिले आधार कार्ड से की गई। घायल की शिनाख्त सुकनाथ पिता जयराम सिंह, निवासी ग्राम पंचायत बुड़ा पारा, पुलिस चौकी कोरबी के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल सुकनाथ को तत्काल 112 की सहायता से कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाज़ुक बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की ओर इशारा करता है।

घर लौटते समय हमला: पूर्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष को युवकों ने घेरकर पीटा

  कोरबा। शांत मानी जाने वाली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी रामपुर में उस समय सनसनी फैल गई, जब पूर्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष नितिन चौरसिया पर कुछ युवकों ने सरेराह हमला कर दिया। यह हमला केवल मारपीट नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश बताया जा रहा है, क्योंकि हमलावरों ने जानबूझकर उनके उसी पैर पर वार किया, जिसमें पहले सर्जरी के बाद रॉड डली हुई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 जनवरी 2026 की रात करीब 8:15 बजे नितिन चौरसिया अपने घर लौट रहे थे, तभी कॉलोनी के ही कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। पहले गाली-गलौच हुई और देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया। आरोप है कि शिवम पाण्डेय, फरदीन, अभिषेक और तेजस ने एकजुट होकर उन पर हमला कर दिया। नितिन के अनुसार, कुछ दिन पहले कॉलोनी में तेज रफ्तार बाइक चलाने को लेकर विवाद हुआ था। उसी दौरान उनका मासूम बेटा एक बड़े हादसे से बाल-बाल बचा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपी युवकों ने रंजिश पाल ली और मौका पाकर हमला कर दिया। पीड़ित का कहना है कि पहले पीछे से लात मारकर उन्हें गिराया गया, फिर जमीन पर पड़े होने के दौरान बेरहमी से पीटा गया। हमलावरों को यह अच्छी तरह मालूम था कि कुछ माह पहले उनके पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ था, इसके बावजूद उसी पैर को निशाना बनाया गया। इस हमले में उनके दाहिने पैर और पंजे में दोबारा फ्रैक्चर हो गया, जबकि शरीर में कई अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में असामाजिक तत्वों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। वहीं पुलिस ने नितिन चौरसिया की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 296 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराओं में और सख्ती की जा सकती है। यह मामला न केवल एक व्यक्ति पर हमला है, बल्कि शहर में बढ़ती गुंडागर्दी और कानून-व्यवस्था की चुनौती को भी उजागर करता है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस में कार्य विभाजन, संगठन को मिले नए प्रभारी

✍️ भागीरथी यादव   छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस ने संगठन को और अधिक सशक्त व सक्रिय बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों को विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी हैं। इस संबंध में प्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा कार्य आवंटन आदेश जारी किया गया है। राजीव भवन, शंकर नगर स्थित प्रदेश कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं महासचिवों को अलग-अलग जिलों का जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को ज़मीनी स्तर पर मज़बूती मिल सके और युवाओं की भागीदारी को और बढ़ाया जा सके। कार्य आवंटन में उपाध्यक्ष आशीष मोनू अवस्थी को कोरबा शहर एवं मुंगेली, ज़ीशान कुरैशी को दंतेवाड़ा, सुकमा एवं बीजापुर तथा मोजस्सम नज़र को मनेन्द्रगढ़ व कोरिया जिले का प्रभारी बनाया गया है। वहीं मानस पांडेय को चुनाव प्रबंधन प्रभारी की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश महासचिव आदित्य सिंह को ऑल सेल प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा योगेंद्रप्रताप सिंह (बिलासपुर ग्रामीण), भावेंद्र गंगोत्री (कोरबा ग्रामीण), कोमल अग्रवाल (सरगुजा), भावेश शुक्ला (दुर्ग शहर), राकेश पांडेय (रायपुर शहर), संदीप वोरा (राजनांदगांव ग्रामीण), अनिमेष सिंह (रायगढ़ ग्रामीण), चेतन भानुशाली (कवर्धा-कबीरधाम) एवं जस्मीत (सोनू) शर्मा (गरियाबंद) को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रदेश युवा कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि इस कार्य विभाजन से संगठन की पकड़ ज़मीनी स्तर पर मजबूत होगी और आने वाले समय में युवा कांग्रेस प्रदेशभर में जनआंदोलनों व संगठनात्मक अभियानों को और प्रभावी ढंग से संचालित कर सकेगी।

आदिवासी महापंचायत का ऐलान, प्रस्तावित कोयला खदान के खिलाफ उग्र विरोध

सुशील जायसवाल    राष्ट्रपति के नाम पसान तहसीलदार को सौंपा गया ज्ञापन, वन अधिकार पत्रों की मांग तेज विधायक तुलेश्वर मरकाम ने भरी हुंकार कोरबा/पोंड़ी उपरोड़ा, 9 जनवरी 2026। पांचवी अनुसूची क्षेत्र अंतर्गत कोरबा जिले के विकासखंड पोंड़ी उपरोड़ा में प्रस्तावित नई कोयला खदान को लेकर आदिवासी समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। शुक्रवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय आदिवासी महापंचायत एवं जन आंदोलन का आयोजन किया गया। इस दौरान महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोंड़ी उपरोड़ा के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए ग्राम पंचायत पुटीपखना, सेन्हा, जल्के एवं तनेरा में प्रस्तावित कोयला खदान को तत्काल निरस्त करने की मांग की गई। कोयला खदान से आदिवासी अस्तित्व पर संकट ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कोयला मंत्रालय द्वारा जारी वैस्टिंग ऑर्डर के तहत विजय सेंट्रल कोल माइंस बीजाडांड को रूंगटा सन्स प्राइवेट लिमिटेड को खनन हेतु आबंटित किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से संचालित रानी अटारी एवं विजय वेस्ट कोल माइंस से बीते 20–25 वर्षों में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया, जबकि पर्यावरण, जंगल और आदिवासी जीवनशैली को भारी नुकसान पहुंचा है। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि नई खदान खुलने से आदिवासियों की संस्कृति, धार्मिक आस्था, जंगल, पहाड़ और देवी-देवताओं से जुड़े स्थलों पर सीधा खतरा उत्पन्न होगा। साथ ही लकड़ी, चार, तेंदूपत्ता, महुआ, औषधीय जड़ी-बूटियों जैसे जीवनोपयोगी संसाधनों से आदिवासी वंचित हो जाएंगे। हाथी प्रभावित क्षेत्र में खनन का विरोध ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि यह इलाका घनघोर हाथी प्रभावित क्षेत्र है, जहां जनजातीय राष्ट्रपति दत्तक पुत्र समुदाय निवासरत है। ऐसे में खनन से मानव–वन्यजीव संघर्ष बढ़ने की आशंका जताई गई है। आंदोलनकारियों ने इसे आदिवासी एवं वन्यजीव सुरक्षा के विरुद्ध बताया। वन अधिकार पत्र वर्षों से लंबित महापंचायत में वन अधिकार अधिनियम 2006 (संशोधित 2012) के तहत वर्षों से लंबित व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन अधिकार दावों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। जिला एवं उपखंड स्तरीय वन अधिकार समितियों से लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को तत्काल वन अधिकार पत्र प्रदान करने की मांग की गई। साथ ही पूर्व में अपात्र किए गए आवेदकों की पुनः समीक्षा कर उन्हें पात्र घोषित करने तथा नए सिरे से आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग भी की गई। चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम एवं प्रदेश अध्यक्ष इंजी. संजय कमरो ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने जनभावनाओं की अनदेखी की तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र किया जाएगा। आज का इस महा पंचायत जन आंदोलन में,  शांति व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर कटघोरा एस डी ओ पी पुलिस विजय कुमार राजपूत, ने पसान पुलिस, बागों थाना प्रभारी रुपेश वर्मा, कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी, एवं कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी, एवं अन्य पुलिस बल मौके पर तैनात की गई थी! महापंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जुराली मुक्तिधाम मार्ग बना ग्रामीणों की पीड़ा का रास्ता, प्रशासन से न्याय की गुहार

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा/कटघोरा, 9 जनवरी 2026। कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र के ग्राम जुराली में मुक्तिधाम तक पहुंचने का रास्ता आज ग्रामीणों के लिए गंभीर संकट का कारण बना हुआ है। वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़े इस मार्ग को लेकर ग्रामीणों का संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद आत्मानारायण पटेल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आज कटघोरा एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि नवीन पुल निर्माण के दौरान मुक्तिधाम तक जाने वाला एकमात्र मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद से अब तक न तो मार्ग का पुनर्निर्माण किया गया और न ही वैकल्पिक व्यवस्था की गई। हालात ऐसे हैं कि अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील कार्यों के समय ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी पीड़ा और भी बढ़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका परिषद कटघोरा एवं जिला प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है। यहां तक कि ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड के माध्यम से मार्ग निर्माण कराए जाने को लेकर पत्राचार भी हुआ, लेकिन इसके बावजूद आज तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। खस्ताहाल रास्ते के कारण शवयात्रा निकालना अत्यंत दुष्कर हो गया है, जिससे ग्रामीणों को मानसिक और शारीरिक दोनों ही स्तर पर पीड़ा झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मानवीय और आवश्यक मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए मुक्तिधाम तक पहुंच मार्ग का तत्काल निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी परिवार को ऐसी असहनीय स्थिति का सामना न करना पड़े। ज्ञापन सौंपते समय ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी व्यथा को समझते हुए जल्द सकारात्मक और प्रभावी कदम उठाएगा।

कोरबा में युवा कांग्रेस का भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन 11 जनवरी को

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस संगठन को सशक्त और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से प्रदेश स्तरीय दौरा कार्यक्रम के अंतर्गत कोरबा शहर जिला युवा कांग्रेस द्वारा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन 11 जनवरी 2026 (रविवार) को दोपहर 2:00 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय, टी.पी. नगर, कोरबा में आयोजित होगा। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी श्री अमित सिंह पठानिया एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री आकाश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के पूर्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल तथा पीसीसी सचिव श्री विकास सिंह की गरिमामय उपस्थिति रहेगी। इस अवसर पर युवा कांग्रेस संगठन की मजबूती, आगामी रणनीतियों, जनहित मुद्दों तथा युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा देने और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा व उत्साह का संचार करने के उद्देश्य से यह सम्मेलन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिला युवा कांग्रेस कोरबा (शहर) ने युवा कांग्रेस के प्रदेश, जिला, ब्लॉक एवं वार्ड स्तर के सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति को अनिवार्य बताते हुए अधिक से अधिक कार्यकर्ता साथियों से समय पर पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है।  

गौरा–गौरी पर्व पर टूटा दुखों का पहाड़, खुशियों के बीच पसरा मातम

सुशील जायसवाल     कोरबी चोटिया। आस्था, उल्लास और लोक परंपरा के प्रतीक गौरा–गौरी महोत्सव के दिन ही कोरबी क्षेत्र से दो हृदयविदारक घटनाएं सामने आईं, जिन्होंने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया। जहां एक ओर गांव में पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अचानक आई इन घटनाओं ने खुशियों को मातम में बदल दिया। ग्राम पंचायत घोसरा में रहने वाले बेलासर सिंह बिंझवार की 12 वर्षीय पुत्री गुरुवार सुबह घर से नहाने के लिए पास ही स्थित बागों डुबान गई थी। नहाते समय वह अनजाने में गहरे पानी में चली गई और डूब गई। जब तक ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिलती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम बच्ची की असमय मौत से गांव में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कर उसे पोड़ी उपरोड़ा अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जिस गांव में ढोल–मंजीरे बजने थे, वहां अब केवल रोते-बिलखते परिजनों की आवाजें गूंज रही हैं। इधर, उसी दिन एक और दुखद खबर सामने आई। फुलसर गांव में एक नाबालिग ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। नाबालिग द्वारा उठाया गया यह कदम कई सवाल छोड़ गया है, जिनके जवाब अब तलाशे जा रहे हैं। एक ही दिन में घटी इन दो दर्दनाक घटनाओं ने गौरा–गौरी पर्व की खुशियों को पूरी तरह फीका कर दिया। गांव-गांव में शोक की लहर है और लोग स्तब्ध हैं कि किस्मत ने त्योहार के दिन ही इतना बड़ा घाव क्यों दे दिया। मासूमों की असमय मौत ने यह अहसास करा दिया कि जीवन कितना नश्वर है और एक पल में सब कुछ बदल सकता है।

अन्य खबरे

बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर बनाया वीडियो, ब्लैकमेल कर मांगे एक लाख रुपये — महिला गिरफ्तार
दर्री डैम हसदेव नदी में डूबे युवक नौशाद खान का शव दो दिन बाद मिला, इलाके में शोक
कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी में आरिफ खान बने उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह
सिमगा संकुल में वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर बैठक सम्पन्न, प्राचार्य ने दिए आवश्यक निर्देश
ग्रामीणों को दस्तावेज उपलब्ध कराने सैचुरेशन शिविर आयोजित करें – कलेक्टर संबित मिश्रा
रायगढ़ में सनसनी: पेड़ पर लटके मिले दो युवकों के शव, पुलिस जांच में जुटी