होली का जश्न: ग्राम कोरबी–सिरमिना में रंगों की बौछार, शांति और भाईचारे का संदेश
सुशील जायसवाल कोरबा (कोरबी–चोटिया)। वनांचल क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोरबी एवं सिरमिना सहित आसपास के गांवों में होली का पर्व इस वर्ष भी बड़े हर्षोल्लास, शांति और भाईचारे के साथ मनाया गया। होलिका दहन के अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया। इस दौरान लोगों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। होलिका दहन के अगले दिन ग्रामीणों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर और मिठाई बांटकर होली की शुभकामनाएं दीं। गांवों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साह के साथ त्योहार का आनंद लिया। ग्रामीणों का कहना है कि होली का पर्व प्रेम, एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है, जिसे सभी को मिल-जुलकर मनाना चाहिए। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोरबी, सिरमिना, पाली, बागों, चोटिया, जलके एवं पसान क्षेत्र के लोगों ने भी होली का त्योहार बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया। इस दौरान कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां स्थानीय कलाकारों ने होली गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन किया। ग्रामीण पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर सामूहिक नृत्य और गीतों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत करते नजर आए। त्योहार के अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं ने भी गांवों का दौरा कर लोगों से मुलाकात की और उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही क्षेत्र के विकास और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। वहीं कोरबी चौकी क्षेत्र के बागों और पसान इलाके में होली पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इक्का-दुक्का छोटी घटनाओं को छोड़कर कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता से पूरे क्षेत्र में त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया।
CCTV में कैद हुआ दर्दनाक मंजर: हाथी के हमले में फड़ प्रभारी की मौत, पत्नी बाल-बाल बची
✍️ भागीरथी यादव कोरबा। जिले के कोरकोमा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। उपार्जन केंद्र कुदमुरा समिति कोरकोमा में पदस्थ फड़ प्रभारी राजेश कुमार सिंह (55) की बीती रात जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। राजेश कुमार सिंह मूल रूप से रजगामार के निवासी थे और आवासी सेवा समिति के सदस्य भी थे। घटना के समय उनकी पत्नी भी उनके साथ मौजूद थीं। अचानक हाथी के हमले में जहां राजेश कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं उनकी पत्नी किसी तरह बचकर निकलने में सफल रहीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक देर रात हाथियों का झुंड इलाके में घुस आया था। इसी दौरान एक हाथी अचानक उनके पास पहुंच गया और हमला कर दिया। लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। CCTV फुटेज में हाथी की आहट, लोगों में मची अफरा-तफरी और हमले का पूरा मंजर साफ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से आसपास के जंगलों में हाथियों की लगातार हलचल देखी जा रही थी। सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। वन विभाग ने ग्रामीणों को रात के समय सतर्क रहने, अकेले बाहर न निकलने और हाथियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है। साथ ही हाथियों की निगरानी के लिए टीम भी तैनात कर दी गई है। एक जिम्मेदार कर्मचारी की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
CSPDCL के प्रबंध निदेशक एवं क्रेडा के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने किया जिले का दौरा
खैरागढ़–छुईखदान–गंडई// छत्तीसगढ़ राज्य पावर वितरण कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं छत्तीसगढ़ क्रेडा के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिले का दौरा ग्रामीण विद्युतीकरण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं जन-केंद्रित पहल सिद्ध हुआ। प्रदेश के सभी जिलों में पहुँचकर प्रबंध निदेशक स्वयं प्रत्येक गाँव एवं अंतिम छोर के उन क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं, जहाँ विद्युत लाइन विस्तार एवं विद्युतीकरण में समस्याएँ रही हैं। वे स्थल पर पहुँचकर वास्तविक स्थिति का जायज़ा लेते हुए प्रत्येक गाँव तक बिजली कनेक्शन एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक निर्देश प्रदान कर रहे हैं। इसी क्रम में खैरागढ़ जिले के ग्राम ग्वालाघुंडी जो पूर्व में सौर ऊर्जा से विद्युतीकृत था, को दिनांक 22 फ़रवरी को परंपरागत स्त्रोत से विद्युतीकृत किया गया। 3 मार्च को विभागीय अमला ग्राम ग्वालाघुंडी पहुँचा तथा विद्युत व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया। प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। तत्पश्चात ग्राम में विद्युत आपूर्ति प्रारंभ की गई, जिससे ग्रामवासियों में हर्ष एवं संतोष का वातावरण निर्मित हुआ। इसके पश्चात ग्राम पंचायत कल्लेपानी का निरीक्षण किया गया, जहाँ ग्रामीण लंबे समय से विद्युत समस्याओं का सामना कर रहे हैं। श्री कंवर ने अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण कर वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा की तथा नई विद्युत लाइन के सर्वेक्षण एवं शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सर्वे कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ की जाए। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामवासियों से भेंट कर उनकी समस्याओं से सीधे अवगत हुए। दौरे के दौरान कंपनी की योजनाओं के अंतर्गत खैरागढ़ जिले के पात्र हितग्राहियों को प्रबंध निदेशक व उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मंजुला सिंह कंवर जो कि पावर कंपनी के आदर्शिनी महिला मंडल के अध्यक्षों में से एक है के द्वारा प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ संवाद में ग्रामीण विद्युतीकरण को और अधिक सशक्त एवं स्थायी बनाने हेतु सहयोगात्मक प्रयासों पर सकारात्मक चर्चा हुई। दौरे की विशेषता इसका खुला एवं संवादात्मक वातावरण रहा, जहाँ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं जिले के हितधारक एक मंच पर एकत्र होकर सामूहिक समाधान की दिशा में सक्रिय दिखाई दिए। यह सहभागिता उस विकास मॉडल को प्रतिबिंबित करती है, जिसमें शासन एवं जनता मिलकर क्षेत्र की सतत प्रगति एवं सशक्त विद्युतीकरण सुनिश्चित करते हैं।
रानी अटारी माइंस में SECL स्टाफ बस अनियंत्रित, बड़ा हादसा टला
सुशील जायसवाल कोरबा, रानी अटारी। जिले के रानी अटारी विजय वेस्ट कोल माइंस में कर्मचारियों को लाने-ले जाने वाली SECL की स्टाफ बस बुधवार को अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गई। बस झाड़ियों में फंस गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी कर्मचारी को चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार चिरमिरी से प्रतिदिन कर्मचारियों को खदान तक लाने-ले जाने के लिए स्टाफ बस चलती है। बताया जा रहा है कि बस पिछले कुछ दिनों से निर्धारित मार्ग कोरबी और सरमा से जाने के बजाय जंगल क्षेत्र तुमा बहरा से शॉर्टकट रास्ते से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक का नियंत्रण अचानक वाहन से बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे उतरकर किनारे झाड़ियों में जा फंसी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार ज्यादा नहीं थी, जिसके कारण किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर नुकसान नहीं हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही खदान प्रबंधन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा बस में सवार सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रारंभिक तौर पर घटना का कारण तकनीकी खराबी बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने परिवहन व्यवस्था की नियमित जांच तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
गजराजों से त्रस्त किसान पहुंचे कलेक्ट्रेट, मुआवजा न मिलने पर वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
सुशील जायसवाल कोरबा, पोड़ी उपरोड़ा। कोरबा जिले के पसान क्षेत्र में जंगली हाथियों के लगातार उत्पात से परेशान दर्जनों किसान सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनदर्शन में कलेक्टर के समक्ष अपनी पीड़ा रखी। किसानों ने आरोप लगाया कि फसल नुकसान और जनहानि के मामलों में वन विभाग द्वारा न तो समय पर सर्वे किया जा रहा है और न ही क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की जा रही है। किसानों के अनुसार, पसान क्षेत्र के बर्रा हरदेव गांव सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। इससे खेतों में लगी धान एवं अन्य फसलें बर्बाद हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार सूचना देने के बावजूद वन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित किसानों ने बताया कि फसलों को भारी नुकसान पहुंचने के बाद भी अब तक मुआवजा राशि स्वीकृत नहीं की गई है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ा है। किसानों ने कहा कि “चाहे सरकारी कर्मचारी हो या आम नागरिक, सभी का पेट किसान ही भरता है। ऐसे में किसानों की समस्याओं की अनदेखी करना उचित नहीं है।” कलेक्टर ने किसानों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही आश्वासन दिया कि पात्र किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि दिलाई जाएगी। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। इलाके में हाथियों की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
कोरबा में अवैध रेत का काला खेल
नो-एंट्री में दौड़ रहे ट्रैक्टर, हादसे का इंतजार? प्रशासन की चुप्पी पर सवाल कोरबा। जिले में अवैध रेत उत्खनन का खेल खुलेआम जारी है। देर रात और नो-एंट्री के समय रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार से शहर और ग्रामीण सड़कों पर दौड़ रहे हैं। नियमों को ताक पर रखकर हो रहे इस अवैध कारोबार से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रभावशाली रसूखदार लोगों के संरक्षण में यह धंधा चल रहा है। पर्यावरण नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए नदियों से अंधाधुंध रेत निकाली जा रही है, जिससे प्राकृतिक संतुलन बिगड़ रहा है। नदी तटों का कटाव बढ़ रहा है और आसपास के गांवों में खतरा मंडरा रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ट्रैक्टर नो-एंट्री में बेखौफ दौड़ रहे हैं, तो क्या पुलिस और प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं? यदि जानकारी है, तो कार्रवाई क्यों नहीं? प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है और उसकी निष्पक्षता पर उंगली उठ रही है। क्षेत्र के नागरिकों में गहरा रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन की राह अपनाई जाएगी। Loksadan प्रशासन से मांग करता है कि— • अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल रोक लगे • नो-एंट्री में चल रहे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई हो • जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और पुलिस इस गंभीर मामले पर कब तक चुप्पी साधे रहते हैं या फिर ठोस कार्रवाई कर जनता का विश्वास बहाल करते हैं।
बकरी चराने गए युवक पर भालू का हमला, सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट
सुशील जायसवाल कोरबी चौकी क्षेत्र के भुजूम कछार की घटना, परिजनों को 25 हजार की तात्कालिक सहायता कोरबी चोटिया। कोरबी चौकी क्षेत्र के दूरस्थ वनांचल ग्राम पंचायत घुचचापुर के आश्रित ग्राम भुजूम कछार (सलाई गोट) में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बकरी चराने जंगल गए 30 वर्षीय युवक की भालू के हमले में मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार ऊरे पिता स्वर्गीय समार साय, जाति गोंड, रविवार 1 मार्च को सुबह लगभग 11 बजे घर से बकरियां चराने जंगल की ओर निकले थे। इसी दौरान कोटा नाला जंगल क्षेत्र में घात लगाए बैठे भालू ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि भालू ने युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, देर शाम तक बकरियां घर लौट आईं, लेकिन संतोष के वापस नहीं आने पर परिजनों को आशंका हुई। सरपंच प्रतिनिधि शनिचराम को सूचना देने के बाद ग्रामीणों ने रात लगभग 12 बजे जंगल में खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान कोटा नाला जंगल में संतोष का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। सोमवार 2 मार्च को मृतक के भाई मान सिंह ने स्थानीय पुलिस चौकी में घटना की सूचना दर्ज कराई। चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने मर्ग इंटीमेशन कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। वन विभाग एवं प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि 25,000 रुपये प्रदान की गई है। ग्रामीणों ने वन क्षेत्र में बढ़ते वन्यजीव हमलों को देखते हुए सुरक्षा उपायों और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
कोरबा में होली पर 4 मार्च को शुष्क दिवस घोषित
✍️ भागीरथी यादव कोरबा, 02 मार्च 2026। होली पर्व के मद्देनज़र जिले में 4 मार्च 2026, बुधवार को शुष्क दिवस घोषित किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग के निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री कुणाल दुदावत ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया है। जिस दिन रंगोत्सव मनाया जाएगा, उस दिन पूरे जिले में मदिरा के क्रय-विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जारी आदेश के अनुसार जिले की सभी देशी, विदेशी, प्रीमियम तथा कंपोजिट मदिरा दुकानें बंद रहेंगी। इसके साथ ही एफ.एल.-3, एफ.एल.-3(क) तथा सभी अहाते भी पूर्णतः बंद रखे जाएंगे। उक्त अवधि में मदिरा का किसी भी प्रकार का संव्यवहार प्रतिबंधित रहेगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आबकारी विभाग को 3 मार्च को निर्धारित समय के बाद सभी दुकानों को सीलबंद करने तथा क्षेत्र में सघन गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि होली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।
कोरबी में 110 ग्राम गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
सुशील जायसवाल “सजग कोरबा” अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा गया कोरबा। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे “सजग कोरबा” अभियान के अंतर्गत पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रही विशेष कार्रवाई के तहत कोरबी चोटिया पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मिसिया निवासी चंद्रपाल उरे (30 वर्ष) के विरुद्ध पिछले कई महीनों से गांजा बेचने की सूचना मिल रही थी। चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने बताया कि आरोपी गांव में बेखौफ होकर अवैध मादक पदार्थ का कारोबार कर रहा था। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के घर दबिश दी, जहां से 110 ग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त सामग्री के साथ आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जमानत नहीं मिलने पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दर्री सीएसईबी सिपट रोड पर दर्दनाक हादसा: झाड़ियों में मिली 28 वर्षीय युवक की लाश
कोरबा। दर्री क्षेत्र के सीएसईबी सिपट रोड पर रविवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुकेश कंवर के रूप में हुई है, जो सीएसईबी कॉलोनी का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश अपनी ओला स्कूटी से कहीं जा रहा था। शाम लगभग 7 से 8 बजे के बीच सड़क किनारे झाड़ियों में स्कूटी गिरी हुई मिली, जबकि युवक कुछ दूरी पर झाड़ियों में उलझा हुआ पाया गया। राहगीरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए एनटीपीसी हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। शव को रातभर अस्पताल की मर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए शव को कटघोरा हॉस्पिटल भेजा गया, जहां विधिवत प्रक्रिया अपनाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
















