मोबाइल विवाद बना मौत की वजह: कोरबा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा, 09 जनवरी 2026। जिले के बाकी मोगरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने एक 26 वर्षीय विवाहिता की जिंदगी छीन ली। सेंदरीदफाई गांव में मोबाइल फोन को लेकर हुए पति-पत्नी के विवाद के बाद महिला ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या करार देते हुए पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की पहचान रानी रत्नाकर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के जांजगीर की निवासी थी। चार वर्ष पूर्व उसकी शादी सिवनी निवासी दयाल रत्नाकर (27) से हुई थी। शादी के बाद दोनों सेंदरीदफाई में रह रहे थे। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं—ढाई वर्ष की बेटी और मात्र चार महीने का बेटा। मायके पक्ष का आरोप है कि दयाल रत्नाकर का विवाह से पहले किसी अन्य महिला से प्रेम संबंध था, जो शादी के बाद भी जारी रहा। उसी महिला द्वारा तलाक के लिए दबाव बनाए जाने से पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। घर में एक ही मोबाइल होने के कारण रानी को पति के कथित अफेयर की जानकारी मिली, जिससे तनाव और बढ़ गया। परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन मोबाइल को लेकर हुए विवाद के दौरान पति ने रानी के साथ मारपीट की। इससे मानसिक रूप से आहत होकर रानी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल, मोबाइल चैट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू कलह, मानसिक उत्पीड़न और पारिवारिक विवादों के भयावह परिणामों को उजागर कर दिया है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या थी या किसी साजिश का नतीजा।

भाजपा किसान मोर्चा को मिला युवा नेतृत्व, दुष्यंत शर्मा बने प्रदेश सह मीडिया प्रभारी

  पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट हरदीबाजार। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में प्रदेश स्तर पर अहम जिम्मेदारियाँ सौंपी जा रही हैं। इसी क्रम में कोरबा जिले के ग्राम पंचायत बोईदा के सक्रिय एवं कर्मठ कार्यकर्ता दुष्यंत शर्मा को भाजपा किसान मोर्चा का प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। दुष्यंत शर्मा की नियुक्ति से पार्टी संगठन में उत्साह और हर्ष का माहौल है। संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने उनके संगठनात्मक अनुभव, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और मीडिया क्षेत्र में सक्रिय भूमिका को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। नियुक्ति के बाद दुष्यंत शर्मा ने भाजपा शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उनमें जताया है, वे उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा की नीतियों, योजनाओं और किसानों से जुड़े जनहित के मुद्दों को मीडिया के माध्यम से प्रभावी रूप से जनता तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता होगी। वहीं पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में किसान मोर्चा की मीडिया गतिविधियाँ और अधिक सशक्त, संगठित एवं प्रभावी होंगी।

कान्हा नेशनल पार्क में श्री नाकोडा ज्वेलर्स व ‘श्रृंगार’ का दो दिवसीय कर्मचारी कार्यक्रम, टीमवर्क और सम्मान पर रहा फोकस

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। जिले के प्रतिष्ठित संस्थान श्री नाकोडा ज्वेलर्स एवं महिलाओं के परिधानों के प्रसिद्ध शोरूम ‘श्रृंगार’ द्वारा कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय विशेष Employee Engagement Activity का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश के विश्व प्रसिद्ध कान्हा नेशनल पार्क में आयोजित हुआ, जिसे “संकल्प – ऑवर पीपल, ऑवर प्रायोरिटी” नाम दिया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को दैनिक कार्य की व्यस्तता से कुछ समय के लिए दूर रखकर उन्हें सकारात्मक और आनंदमय वातावरण प्रदान करना, साथ ही टीमवर्क, आपसी समन्वय और नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करना रहा। संस्थान प्रबंधन का मानना है कि कर्मचारी ही किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं और उनका मानसिक व भावनात्मक संतुलन संस्थान की प्रगति में अहम भूमिका निभाता है। टीम बिल्डिंग से लेकर सांस्कृतिक संध्या तक विविध आयोजन दो दिनों तक चले इस कार्यक्रम में टीम बिल्डिंग गतिविधियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। विभिन्न खेलों और समूह गतिविधियों का संचालन मोटिवेशनल स्पीकर श्री शेखर जैन एवं श्री सौरभ जैन द्वारा किया गया, जिससे कर्मचारियों में नेतृत्व, सहयोग और आपसी विश्वास को बढ़ावा मिला। शाम के समय आयोजित सांस्कृतिक संध्या में बैगा नृत्य और बॉलीवुड नाइट ने कार्यक्रम में रंग भर दिया। कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ इन आयोजनों में भाग लिया और भरपूर आनंद उठाया। उत्कृष्ट कर्मचारियों का हुआ सम्मान कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह रहा। इसमें वर्षभर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले, अनुशासित और समर्पित कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रबंधन द्वारा आकर्षक उपहार देकर कर्मचारियों के योगदान की सराहना की गई। प्रबंधन का संदेश संस्थान के संचालक श्री मुकेश जैन एवं श्री तरुण जैन ने इस अवसर पर कहा कि “संकल्प केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारे कर्मचारियों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ‘ऑवर पीपल, ऑवर प्रायोरिटी’ के माध्यम से हम यह स्पष्ट संदेश देना चाहते हैं कि हमारे स्टाफ का कल्याण हमारे लिए सर्वोपरि है। खुशहाल और संतुष्ट टीम ही ग्राहकों को बेहतर सेवा दे सकती है।” कुल मिलाकर यह आयोजन कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक, उत्साहवर्धक और यादगार साबित हुआ, जिसने संगठन और कर्मचारियों के बीच विश्वास एवं जुड़ाव को और मजबूत किया।

वन अधिकार और पर्यावरण बचाने जनमहापंचायत

सुशील जायसवाल   गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के बैनर तले निजी माइंस के खिलाफ हुंकार कोरबी रानी अटारी। विकासखंड पोंड़ी उपरोड़ा के ग्राम बीजाडांड़, ग्राम पंचायत पुटीपखना में 9 जनवरी 2026 को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के बैनर तले विशाल जनमहापंचायत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन क्षेत्र के किसानों और आदिवासी समाज की वर्षों से लंबित समस्याओं को लेकर किया जा रहा है, जिसमें निजी कोयला खदान के विरोध के साथ वन अधिकार पट्टा की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 11 विद्वान सिंह मरकाम ने बताया कि क्षेत्र के अनेक किसान और आदिवासी परिवार पीढ़ियों से जिस भूमि पर खेती और निवास कर रहे हैं, आज भी उन्हें वन अधिकार पट्टा नहीं मिल पाया है। इसके अभाव में वे शासन की कई महत्वपूर्ण योजनाओं और सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने बताया कि इसी क्षेत्र में प्रस्तावित रोंगटा कोल माइंस परियोजना को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि खदान खुलने से जंगलों का विनाश होगा, कृषि भूमि प्रभावित होगी और पर्यावरण को अपूरणीय क्षति पहुंचेगी। इससे आदिवासी समाज के अस्तित्व और आजीविका पर सीधा खतरा मंडरा रहा है। जनमहापंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पाली-तानाखार विधायक माननीय तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम शामिल होंगे। कार्यक्रम में पार्टी के महासचिव श्याम सिंह मरकाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, आदिवासी समाज के लोग, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह जनमहापंचायत पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित की जाएगी। इसमें वन अधिकार पट्टा शीघ्र जारी करने तथा प्रस्तावित कोल माइंस परियोजना को तत्काल निरस्त करने की ठोस मांग रखी जाएगी। कार्यक्रम की विधिवत सूचना अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोंड़ी उपरोड़ा को दे दी गई है। पार्टी नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक व उग्र रूप दिया जाएगा।

सुदूर वनांचल घोसरा में गौरा-गौरी महोत्सव का भव्य आयोजन, सांसद ज्योत्सना महंत रहीं शामिल

सुशील जायसवाल   विधायक तुलेश्वर मरकाम ने दो कच्चे पहुंच मार्गों के सीसी रोड निर्माण की घोषणा कोरबा (कोरबी-चोटिया)। जिले के अंतिम सीमा क्षेत्र एवं पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घोसरा में प्रत्येक तीन वर्ष में आयोजित होने वाले पारंपरिक गौरा-गौरी महोत्सव का समापन समारोह गुरुवार 8 जनवरी को भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत तथा विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक तुलेश्वर मरकाम शामिल हुए। महोत्सव स्थल पर आयोजित सुआ नृत्य में विशाल जनसमूह की उपस्थिति के बीच सांसद ज्योत्सना महंत ने भी सहभागिता निभाई और नृत्य दलों को प्रोत्साहन स्वरूप राशि भेंट की। वहीं विधायक तुलेश्वर मरकाम ने भी महिला नृत्य दलों को एक हजार रुपये की भेंट प्रदान की। अपने उद्बोधन में सांसद श्रीमती महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति और परंपराएं आज भी जीवंत हैं। गौरा-गौरी विवाह की यह परंपरा गांवों में पूजा-पाठ, सेवा भाव, नाच-गान और रात्रि में गौरा देव की बारात के साथ गौरी देवी के विवाह के रूप में बड़े हर्षोल्लास से मनाई जाती है, जो हमारी सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। विधायक तुलेश्वर मरकाम ने कहा कि घोसरा गांव में हजारों की संख्या में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं की उपस्थिति इस महोत्सव की गरिमा को दर्शाती है। उन्होंने ग्राम सरपंच श्रीमती शाम बाई बिंझवार एवं ग्रामीणों की मांग पर मंच से ही मुख्य मार्ग से गौरा-गौरी पूजा स्थल तक तथा मुख्य मार्ग से माध्यमिक शाला स्कूल तक दो कच्चे पहुंच मार्गों के सीसी रोड निर्माण की घोषणा विधायक निधि से किए जाने की बात कही। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से हरिष परसाई, किरण चौरसिया, पूर्व विधायक मोहित राम केरकेट्टा, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी ताना खार, दुलेश्वरी बाई, जुनैद खान, जनपद सदस्य भारत सिंह, विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मरकाम, जिला पंचायत सदस्य एवं जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम, ग्राम पंचायत घोसरा के सरपंच प्रतिनिधि मनोहर सिंह बिंझवार, उपसरपंच सुंदरलाल, सचिव अमृतलाल, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार सुशील जायसवाल उपस्थित रहे। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

खेल मासूमियत में बदला मातम, कुएं में डूबने से 4 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत

✍️ भागीरथी यादव   जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में बुधवार को एक मासूम की मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। खेलते-खेलते कुएं में नहाने गए चार वर्षीय प्रशांत यादव की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा कुछ ही पलों में खुशियों को मातम में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रशांत अपने हमउम्र बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान सभी बच्चे पास स्थित कुएं की ओर चले गए और नहाने लगे। मासूम प्रशांत को गहराई का अंदाजा नहीं था और वह अचानक गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह डूबने लगा, जिससे अन्य बच्चे घबरा गए और शोर मचाते हुए गांव की ओर दौड़े। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चे को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी। बताया जा रहा है कि घटना के समय प्रशांत के माता-पिता रोज़गार के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। यह हादसा एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और खुले जलस्रोतों की घेराबंदी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

निरधी धान उपार्जन केंद्र में तौल पर सवाल, किसानों के हक पर डाका?

ज्ञान शंकर तिवारी   पाली। पाली विकासखंड के निरधी धान उपार्जन केंद्र में धान खरीदी की प्रक्रिया एक बार फिर विवादों में आ गई है। यहां तौल व्यवस्था को लेकर किसानों में गहरा आक्रोश और असंतोष देखने को मिल रहा है। किसानों का आरोप है कि शासन द्वारा तय मानक के विपरीत उनसे प्रति बोरी तय मात्रा से अधिक धान लिया जा रहा है, जिससे उन्हें सीधे तौर पर आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। किसानों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि प्रति कट्ठा 40 किलो धान की जगह 40 किलो 850 ग्राम से लेकर 41 किलो तक तौल की जा रही है। एक किसान ने बताया कि 2 क्विंटल धान बेचने पर उससे करीब 900 ग्राम अतिरिक्त धान लिया गया, जबकि दूसरे किसान ने दावा किया कि उससे हर कट्ठा में पूरे 41 किलो धान लिया गया। किसानों का कहना है कि यह खुला नियम उल्लंघन है। मामले की पड़ताल के दौरान जब मीडिया टीम निरधी उपार्जन केंद्र पहुंची, तो तौल प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने की बात कहने पर हमाल ने अभद्र व्यवहार करते हुए इंकार कर दिया। बाद में एक किसान ने स्वयं तौल कराई, जिसमें वजन 40 किलो 850 ग्राम पाया गया। किसानों का आरोप है कि यदि कोई किसान तौल को लेकर आपत्ति करता है या शिकायत की कोशिश करता है, तो उसे भविष्य में धान बेचने में परेशान किया जाता है। इसी डर के कारण अधिकांश किसान खुलकर सामने आने से कतरा रहे हैं और मीडिया से बात करने में भी संकोच कर रहे हैं। निरधी उपार्जन केंद्र में किसान असहाय और मजबूर नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि धान बेचने के लिए वे पूरी तरह इसी केंद्र पर निर्भर हैं, इसलिए कर्मचारियों द्वारा बताए गए वजन को मानने के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं बचता। नियमों के विरुद्ध हो रही तौल से किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि उपार्जन केंद्र में पारदर्शी और निष्पक्ष तौल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों के हक की खुली लूट पर रोक लग

आपसी विवाद बना खूनी संघर्ष, कुल्हाड़ी से हत्या गनियारी में सनसनीखेज वारदात, घंटों में आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव    कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। हालांकि, पुलिस की तत्परता से घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे इलाके में फैली दहशत कुछ हद तक कम हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नंदकुमार पटेल का लहूलुहान शव गांव में जयशंकर के घर से सटे बाड़ी के आंगन में पड़ा देखा। शव के सिर और चेहरे पर गहरे घाव के निशान थे, जिससे प्रथम दृष्टया ही हत्या की आशंका जताई गई। घटना की सूचना मिलते ही करतला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू की। हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड एवं फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। जांच के दौरान डॉग स्क्वायड के श्वान ने शव से गंध लेकर सीधे पड़ोस में रहने वाले जयशंकर के घर तक पहुंचकर अहम सुराग दिया, जिसके बाद पुलिस का शक उसी पर केंद्रित हो गया। पुलिस ने संदिग्ध जयशंकर को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने कथित तौर पर अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि मृतक नंदकुमार का आरोपी के घर आना-जाना था और घरेलू विवाद को लेकर दोनों के बीच तनाव चल रहा था। रविवार रात इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और गुस्से में आकर जयशंकर ने नंदकुमार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी दोनों ही विवाहित हैं तथा उनके बच्चे भी हैं। इस हृदयविदारक घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है, वहीं पूरे गांव में भय और शोक का माहौल व्याप्त है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त किया जा रहा है और मामले की गहन विवेचना जारी है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।    

VB-G RAM G जागरूकता अभियान को लेकर भाजपा की बड़ी पहल

  जिला कोरबा में समन्वय टोली गठित, चुलेश्वर राठौर बने जिलासंयोजक पाली | ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट कोरबा। VB-G RAM G जागरूकता अभियान को जिले में व्यापक स्तर पर सफल बनाने की दिशा में भारतीय जनता पार्टी ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भाजपा जिला कोरबा के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने संगठनात्मक मजबूती और बेहतर समन्वय के उद्देश्य से जिला स्तरीय समन्वय टोली का गठन किया है। इस नवगठित टोली में चुलेश्वर राठौर को जिलासंयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि डॉ. पवन सिंह, उमेश्वर सोनी एवं रामकुमार गभेल को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह टोली VB-G RAM G जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय तथा आमजन से संवाद स्थापित करने का कार्य करेगी। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि यह जिला स्तरीय टोली अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए अभियान को नई गति प्रदान करेगी। पार्टी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि VB-G RAM G जागरूकता अभियान के माध्यम से जन-जन तक सरकार की योजनाओं और उद्देश्यों की जानकारी पहुंचेगी तथा संगठनात्मक ढांचा और अधिक सशक्त होगा।

कोरबी–चोटिया: मानव–हाथी द्वंद्व पर मंथन, ‘जनहानि शून्य–हाथी हानि शून्य’ का संकल्प

सुशील जायसवाल   कोरबी/चोटिया। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मानव–हाथी द्वंद्व की गंभीर समस्या के समाधान को लेकर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन हाथी नियंत्रण केंद्र, चोटिया (वन परिक्षेत्र केंदई) में किया गया। कार्यशाला का मूल उद्देश्य मानव और हाथियों के बीच बढ़ते टकराव को रोकते हुए सुरक्षित सहअस्तित्व सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री के. के. बिसेन, सदस्य सी.पी.ई.एम.सी. (प्रोजेक्ट टाइगर एवं हाथी डिवीजन), पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार रहे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता वनमंडल अधिकारी कुमार निशांत ने की। हाथियों की सुरक्षा और मानव जीवन बचाने पर जोर कार्यशाला में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि मानव–हाथी द्वंद्व प्रबंधन का लक्ष्य केवल नुकसान की भरपाई नहीं, बल्कि जनहानि शून्य और हाथी हानि शून्य की दिशा में ठोस एवं व्यावहारिक कदम उठाना है। हाथियों के पारंपरिक विचरण मार्गों, भोजन व जल स्रोतों की सुरक्षा, तथा मानवीय गतिविधियों के संतुलन पर विशेष चर्चा की गई। प्रारंभिक चेतावनी तंत्र और त्वरित प्रतिक्रिया दल पर चर्चा कार्यक्रम के दौरान हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने वाले प्रारंभिक चेतावनी तंत्र, त्वरित प्रतिक्रिया दल की भूमिका, ग्रामीणों की समय पर सूचना प्रणाली तथा जन-जागरूकता अभियानों को मजबूत करने पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने कहा कि विभाग और ग्रामीणों के बीच समन्वय ही इस समस्या का स्थायी समाधान है। अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे उपस्थित कार्यशाला में सहायक वन संरक्षक सुश्री यामिनी पोर्ते, वन परिक्षेत्र अधिकारी केंदई अभिषेक कुमार दुबे, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, हाथी मित्र दल, एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिनमें — भारत सिंह सिदार, जनपद सदस्य लाल बहादुर, सरपंच, ग्राम पंचायत लाद जवाहर सिंह, सरपंच, ग्राम पंचायत परला श्रीमती प्यारो बाई रायसिंह, सरपंच, ग्राम पंचायत चोटिया सहित अन्य सरपंच प्रतिनिधि शामिल रहे। समन्वित प्रयासों का आह्वान कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी सहभागियों से आह्वान किया गया कि वन विभाग, प्रशासन, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मिलकर सामूहिक प्रयास करें, ताकि मानव और हाथी दोनों सुरक्षित रह सकें और क्षेत्र में स्थायी शांति एवं संतुलन बना रहे।

अन्य खबरे

दर्री डैम हसदेव नदी में डूबे युवक नौशाद खान का शव दो दिन बाद मिला, इलाके में शोक
कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी में आरिफ खान बने उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह
सिमगा संकुल में वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर बैठक सम्पन्न, प्राचार्य ने दिए आवश्यक निर्देश
ग्रामीणों को दस्तावेज उपलब्ध कराने सैचुरेशन शिविर आयोजित करें – कलेक्टर संबित मिश्रा
रायगढ़ में सनसनी: पेड़ पर लटके मिले दो युवकों के शव, पुलिस जांच में जुटी
सिरमिना के बाबूपारा में कोरबी पुलिस की रेड, अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार