कोरबा पुलिस की अपील: कानून के दायरे में मनाएं होली, विशेष निगरानी की रहेगी व्यवस्था

    कोरबा। रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से विशेष अपील जारी की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले भर में 3, 4 एवं 5 मार्च को विशेष निगरानी रखी जाएगी। जारी अपील में स्पष्ट किया गया है कि होली के दौरान तीन सवारी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। इसके साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उल्लंघन की स्थिति में विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि होली उल्लास और भाईचारे का पर्व है, इसे जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ मनाएं। यातायात नियमों का पालन करें, अफवाहों से बचें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। उन्होंने कहा कि “आपकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। सुरक्षित होली, जिम्मेदार होली” के संकल्प के साथ पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहेगा। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479193399 पर तत्काल संपर्क किया जा सकता है। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए भरोसा दिलाया है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और हर संवेदनशील क्षेत्र पर विशेष नजर रखी जाएगी।  

कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, मंत्री के खिलाफ नारेबाजी

✍️ भागीरथी यादव     राष्ट्रीय और प्रदेश महिला कांग्रेस के आह्वान पर शनिवार को टीपी नगर चौक में महिला कांग्रेस व कांग्रेस पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री Hardeep Singh Puri के विरोध में पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन कथित “एपस्टीन फाइल” में सामने आए आरोपों को लेकर आयोजित किया गया। जिला महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने कहा कि यदि किसी केंद्रीय मंत्री का नाम ऐसे गंभीर प्रकरण से जुड़ता है तो उन्हें नैतिकता के आधार पर पद छोड़ देना चाहिए। ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रभा तंवर ने प्रधानमंत्री से इस विषय पर स्पष्ट बयान देने और जवाबदेही तय करने की मांग की। ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 से 2017 के बीच केंद्रीय मंत्री और अमेरिकी अपराधी Jeffrey Epstein के बीच 62 बार ईमेल संवाद हुआ, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। प्रदर्शन को पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी, मुकेश राठौर, मनमोहन राठौर सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया।

कोरबा: शांति समिति की बैठक में सख्त निर्देश—हुल्लड़बाजों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

✍️ भागीरथी यादव     कोरबा, 1 मार्च 2026: आगामी त्योहारों—होली, ईद और गुड फ्राइडे को जिले में शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ मनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा बिगाड़ने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हुल्लड़बाजी और स्टंटबाजी पर पुलिस की पैनी नजर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले ने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि पर्व के दौरान निम्नलिखित गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी: नशा और हुड़दंग: शराब पीकर वाहन चलाने या सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने वालों पर तत्काल एक्शन होगा। यातायात नियम: ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग और सड़कों पर स्टंट करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। सुरक्षा: मुखौटा लगाकर हूटिंग करने और किसी पर जबरदस्ती रंग-गुलाल डालने की अनुमति नहीं होगी। निगरानी: जिले के चिन्हित गुंडे-बदमाशों पर पुलिस की सतत निगरानी जारी है। होलिका दहन और सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देश प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि होलिका दहन सुरक्षित और खुले स्थानों पर ही करें। विद्युत सुरक्षा: बिजली के तारों, ट्रांसफार्मर और तंग गलियों के पास होलिका दहन न करें, ताकि दमकल वाहनों के आवागमन में बाधा न आए। जल सुरक्षा: नशे की हालत में तालाबों या नदियों के गहरे पानी में न उतरें। स्नान स्थलों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। बाजार व्यवस्था: मुख्य मार्गों के किनारे दुकानें लगाने पर रोक रहेगी ताकि ट्रैफिक जाम न हो। सांप्रदायिक सौहार्द और बुनियादी सुविधाएँ बैठक में सभी समुदायों के प्रमुखों ने त्योहारों को मिल-जुलकर मनाने का संकल्प लिया। अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि: नगर निगम: होली के दिन शहर में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करे। विद्युत विभाग: पर्व के दौरान बिजली की कटौती न हो, इसका ध्यान रखे। रमजान और गुड फ्राइडे: मस्जिदों और चर्चों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। स्वास्थ्य विभाग: एम्बुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को ‘हाई अलर्ट’ पर रखने के निर्देश दिए गए। प्रमुख उपस्थिति बैठक में एसडीएम कोरबा श्री सरोज महिलांगे, प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री राजेंद्र जायसवाल, वरिष्ठ पत्रकार रवि पी. सिंह सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारी, मुस्लिम और क्रिश्चियन समाज के प्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की अपील: “त्योहार खुशियों का अवसर है, इसे हर्बल रंगों के साथ सुरक्षित तरीके से मनाएं और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।”

होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात: कृषक उन्नति योजना के तहत पाली में अंतर राशि का सीधा हस्तांतरण

    पाली/कोरबा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के अन्नदाताओं के लिए खुशियों का पिटारा खोल दिया है। 28 फरवरी 2026 को ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत राज्य के 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की धान अंतर राशि का एकमुश्त हस्तांतरण किया गया। इसी कड़ी में पाली विकासखण्ड में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में क्षेत्र के किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। किसान कल्याण के संकल्प को मिली नई गति विकासखण्ड स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री कीर्ति कश्यप ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा: “एकमुश्त राशि का मिलना किसानों के लिए होली का सबसे बड़ा उपहार है। विष्णुदेव साय सरकार ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपए की दर से करने की अपनी प्रतिबद्धता पूरी की है। इससे न केवल ग्रामीण अर्थतंत्र सशक्त होगा, बल्कि किसानों की आय में भी बड़ी वृद्धि होगी।” प्रमुख जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत कोरबा की उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेता एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें शामिल हैं: कुलदीप मरकाम (विधायक प्रतिनिधि, पाली तानाखार) मुकेश जायसवाल (विधायक प्रतिनिधि, कटघोरा) अजय जायसवाल (अध्यक्ष, नगर पंचायत पाली) श्रीमती माया रूपेश कंवर (जिला पंचायत सदस्य) उत्तम सिंह ओरके (सभापति, जनपद पंचायत) रामअवतार डिक्सेना (अध्यक्ष, किसान मोर्चा पाली) डिजिटल माध्यम से जुड़े किसान, प्रमाण पत्रों का हुआ वितरण समारोह के दौरान किसानों ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना और लाइव राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया के साक्षी बने। कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों को आदान सहायता राशि के प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अजय सिंह, जनपद सीईओ, और पशु चिकित्साधिकारी डॉ. यू.के. तंवर सहित बैंक प्रबंधन के अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि अंतर राशि सीधे बैंक खातों में पहुंचने से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई है और किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य पारदर्शी तरीके से मिल रहा है।

श्रद्धांजलि योजना: उपसरपंच देवेंद्र यादव ने शोक संतप्त परिवार को प्रदान की सहायता राशि

ज्ञान शंकर तिवारी   पाली (कोरबा): पाली विकासखंड के अंतर्गत ग्राम बसिबार में सामाजिक सरोकार की एक सराहनीय पहल देखने को मिली है। यहाँ के उपसरपंच देवेंद्र यादव ने ‘श्रद्धांजलि योजना’ के तहत दिवंगत श्री समार साय जी के निधन पर उनके निवास पहुंचकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्य विवरण: सहायता राशि: उपसरपंच द्वारा शोकाकुल परिवार को 1100 रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। संवेदना व्यक्त की: देवेंद्र यादव ने परिजनों से मुलाकात कर गहरा दुख जताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। सामाजिक जिम्मेदारी: इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें समाज सेवा के लिए चुना है। वे भविष्य में भी हर जरूरतमंद परिवार के साथ खड़े रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे। इस दौरान गांव के अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।  

SECL के ‘साड़ी और उपहार’ दांव को ग्रामीणों ने नकारा; बीजा डांड में बढ़ा आक्रोश, अब उग्र आंदोलन की तैयारी

 सुशील जायसवाल     बीजा डांड/पोड़ी उपरोड़ा (28 फरवरी, 2026): पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक और पसान तहसील के अंतर्गत ग्राम बीजा डांड में रुंगटा माइंस के खिलाफ पिछले डेढ़ माह से चल रहा धरना आज एक नया मोड़ ले लिया। शनिवार को एसईसीएल (SECL) रानी अटारी के सब एरिया मैनेजर जादू मनी साहू और महिला मंडल की टीम ग्रामीणों को मनाने और लुभाने के लिए उपहारों के साथ पहुंची थी, जिसे प्रदर्शनकारियों ने सिरे से खारिज कर दिया। लोकलुभावन उपहारों का विरोध ‘तिरिया जंगल बचाओ संघर्ष समिति’ के बैनर तले जारी इस अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच एसईसीएल प्रबंधन और चिरमिरी की ‘श्रद्धा एवं संपदा महिला मंडल’ की टीम वहां पहुंची। होली मिलन समारोह के नाम पर ग्रामीणों को आकर्षित करने के लिए साड़ियां, पेटीकोट, बच्चों के लिए फ्रॉक, रंग-गुलाल और स्वल्पाहार वितरण करने का प्रयास किया गया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सामग्री लेने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि: एसईसीएल द्वारा गोद लिए गए गांवों में सालों से न सड़क है, न बिजली और न ही स्वच्छ पानी। ग्रामीण आज भी खदानों का ‘काला पानी’ पीने को मजबूर हैं। रोजगार और विकास के नाम पर प्रबंधन ने हमेशा उपेक्षा की है। जब ग्रामीणों ने दबाव के बावजूद सामग्री स्वीकार नहीं की, तो सब एरिया मैनेजर और महिला मंडल की टीम को अपना सामान समेटकर वापस लौटना पड़ा। अब आर-पार की लड़ाई: उग्र आंदोलन का ऐलान इस घटनाक्रम के बाद गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोगपा) के जिला अध्यक्ष और क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम तत्काल धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के संकल्प का समर्थन करते हुए स्पष्ट किया कि अब यह लड़ाई और तेज होगी। “प्रबंधन उपहारों के जरिए जन भावनाओं को दबाना चाहता है। अब रुंगटा कोल माइंस को निरस्त कराने और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए हम पीछे नहीं हटेंगे। रणनीति तैयार है, अब उग्र आंदोलन होगा।” — विद्वान सिंह मरकाम, जिला अध्यक्ष (गोगपा) बैठक में उपस्थित प्रमुख चेहरा धरना स्थल पर आयोजित बैठक में आंदोलन की अगली रूपरेखा तैयार की गई। इस दौरान मुख्य रूप से उपस्थित थे: संतोष मरावी (जनपद सदस्य) दिनू आयम (जनपद सदस्य एवं गोगपा ब्लॉक अध्यक्ष, पसान) मनोज मरावी, दिनेश केराम, सुरेंद्र कुमार पावले सहित भारी संख्या में ग्रामवासी और पार्टी पदाधिकारी। निष्कर्ष: डेढ़ महीने से जारी यह शांतिपूर्ण हड़ताल अब प्रशासन और प्रबंधन की बेरुखी के चलते बड़े जन-आंदोलन की ओर बढ़ रही है। ग्रामीणों की स्पष्ट मांग है कि दिखावटी विकास के बजाय उनकी जमीन और जंगल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

कोरबा ब्रेकिंग: तौलीपाली कोल ब्लॉक के खिलाफ उग्र हुआ जनआक्रोश, उरगा-हाटी मार्ग पर घंटों चक्काजाम

  प्रशासन ने दिया लिखित आश्वासन— “ग्राम सभा की अनुमति के बिना नहीं होगी एक इंच जमीन अधिग्रहित” कोरबा। वनांचल क्षेत्र तौलीपाली में प्रस्तावित कोल ब्लॉक नीलामी के विरोध में गुरुवार, 27 फरवरी को ग्रामीणों का गुस्सा ज्वालामुखी बनकर सड़कों पर फूट पड़ा। हज़ारों की संख्या में जुटे ग्रामीणों ने उरगा–हाटी मुख्य मार्ग के चचिया चौक पर ऐतिहासिक चक्काजाम कर दिया, जिससे घंटों तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा। ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि “ग्राम सभा से ऊपर कोई फैसला नहीं होगा।” अस्तित्व की लड़ाई: जल, जंगल और जमीन बचाने की हुंकार सुबह से ही चचिया, तौलीपाली, लुडूकेत, धीरामाठा, कुदमुरा, कलगामार, कटकोना और कोलगा सहित दर्जनों गांवों के ग्रामीण पारंपरिक नारों के साथ जुटने लगे थे। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना है कि कोल ब्लॉक के नाम पर उनके जल स्रोतों, घने जंगलों और पुश्तैनी जमीनों को उजाड़ने की साजिश रची जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, यह केवल खनन का विरोध नहीं बल्कि उनकी संस्कृति और आने वाली पीढ़ियों के अस्तित्व को बचाने का संघर्ष है। प्रशासनिक अमले के फूले हाथ-पांव, मौके पर पहुंचे आला अधिकारी आंदोलन की उग्रता और वाहनों की मीलों लंबी कतारों को देखते हुए प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। स्थिति को संभालने के लिए अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार और जनपद सीईओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच घंटों तीखी बहस चली। ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे कि जब तक लिखित में आश्वासन नहीं मिलता, सड़क खाली नहीं की जाएगी। बड़ी जीत: लिखित भरोसे के बाद खुला जाम देर शाम प्रशासन को ग्रामीणों की एकजुटता के आगे झुकना पड़ा। प्रशासनिक अधिकारियों ने लिखित आश्वासन दिया कि: ग्राम सभा के प्रस्ताव और सहमति के बिना क्षेत्र में किसी भी प्रकार का खनन कार्य नहीं किया जाएगा। बिना ग्रामीणों की मर्जी के कोई विस्थापन प्रक्रिया शुरू नहीं होगी। इस लिखित दस्तावेज़ के मिलते ही ग्रामीणों ने अपनी जीत का जयघोष किया और देर शाम चक्काजाम समाप्त किया। हालांकि, ग्रामीणों ने यह भी साफ कर दिया है कि यदि भविष्य में ग्राम सभा की अनदेखी की गई, तो आंदोलन इससे भी बड़ा रूप लेगा। वीडियो देखें: ऐसी ही और खबरों के लिए जुड़े रहें हमारे न्यूज़ पोर्टल के साथ।

ऊर्जा नगरी को बड़ी सौगात: कोरबा में 100 बेड के अत्याधुनिक ‘शिवाय हॉस्पिटल’

✍️ भागीरथी यादव     कोरबा। छत्तीसगढ़ की ऊर्जा नगरी कोरबा के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। अंचलवासियों को अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े महानगरों की दौड़ नहीं लगानी होगी। आगामी 07 मार्च 2026, शनिवार को 100 बेड की क्षमता वाले आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त ‘शिवाय हॉस्पिटल’ का विधिवत शुभारंभ किया जा रहा है। शुक्रवार को कोरबा प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रवार्ता के दौरान अस्पताल के संचालक और प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. दिविक एच. मित्तल ने अस्पताल की विशेषताओं और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। विश्वस्तरीय तकनीक और अनुभवी चिकित्सकों की टीम डॉ. मित्तल ने बताया कि शिवाय हॉस्पिटल को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। यहाँ अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों और नवीनतम तकनीक के साथ अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक समर्पित टीम तैनात रहेगी। अस्पताल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों को सुरक्षित, सटीक और समयबद्ध उपचार प्रदान करना है। अस्पताल की प्रमुख विशेषताएँ और विभाग: 24×7 आपातकालीन सेवा: किसी भी आकस्मिक स्थिति के लिए प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ हमेशा उपलब्ध। विशेषज्ञ विभाग: न्यूरो सर्जरी, शिशु रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, हड्डी रोग, जनरल सर्जरी, फिजियोथेरेपी और रेडियोलॉजी। क्रिटिकल केयर: 20 बेड का अत्याधुनिक नवजात शिशु आईसीयू (NICU) और 20 बेड का एडल्ट ICU। मॉड्यूलर ओटी: अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले 4 अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर। डायलिसिस सुविधा: किडनी रोगियों के लिए स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय उपचार। प्रदेश का पहला ‘स्पाइनल मोबाइलाइज ट्रैक्शन यूनिट’ शिवाय हॉस्पिटल में छत्तीसगढ़ का पहला स्पाइनल मोबाइलाइज ट्रैक्शन यूनिट स्थापित किया गया है। यह स्लिप डिस्क, सायटिका और रीढ़ की हड्डी में नस दबने जैसी जटिल समस्याओं के उपचार में मील का पत्थर साबित होगा। साथ ही, फिजियोथेरेपी विभाग में एडवांस लेज़र तकनीक और लकवा ग्रसित मरीजों के लिए वैज्ञानिक पद्धति से उपचार की व्यवस्था है। मरीजों और परिजनों की सुविधा का खास ख्याल अस्पताल परिसर में स्वच्छता और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। वातानुकूलित वार्ड, प्राइवेट और सेमी-प्राइवेट रूम। परिजनों के ठहरने के लिए सुरक्षित एवं समुचित व्यवस्था। परिसर के भीतर ही हाइजीनिक भोजन कक्ष (कैंटीन) की सुविधा। डायग्नोस्टिक सेंटर: सीटी स्कैन, सोनोग्राफी, डिजिटल एक्स-रे और C-ARM मशीन जैसी उन्नत सुविधाएँ एक ही छत के नीचे। “हमारा उद्देश्य केवल उपचार प्रदान करना नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और समर्पण के साथ स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है। भविष्य में हम कार्डियोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएँ भी शुरू करेंगे।” > — डॉ. दिविक एच. मित्तल, संचालक पत्रवार्ता में डॉ. आस्था वैष्णव (मैक्सिलोफेसिअल सर्जन), डॉ. अमन श्रीवास्तव (फ़िज़ियोथेरपिस्ट) और डॉ. यशा मित्तल भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने अस्पताल की कार्ययोजना साझा की।

समाजसेवा की अमिट पहचान: स्व. श्री गोविंद राम अग्रवाल का जीवन प्रेरणा बना

✍️ भागीरथी यादव     कोरबा। नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं वरिष्ठ व्यवसायी स्वर्गीय श्री गोविंद राम अग्रवाल का संपूर्ण जीवन सेवा, संगठन और शिक्षा के उत्थान को समर्पित रहा। उनका व्यक्तित्व केवल व्यापार तक सीमित नहीं था, बल्कि वे सामाजिक सरोकारों को जीवन का मूल उद्देश्य मानते थे। उनके निधन से कोरबा ही नहीं, पूरे अग्रवाल समाज और व्यापारिक समुदाय को अपूरणीय क्षति हुई है। 30 दिसंबर 1950 को रायगढ़ जिले के खरसिया नगर में जन्मे अग्रवाल जी ने संघर्ष और परिश्रम को अपनी सफलता की नींव बनाया। प्रारंभिक जीवन से ही उन्होंने नैतिक मूल्यों, ईमानदारी और अनुशासन को प्राथमिकता दी। यही कारण रहा कि वे व्यापार और समाज दोनों क्षेत्रों में सम्मानित स्थान प्राप्त कर सके। व्यापार जगत में मजबूत नेतृत्व कोरबा आगमन के बाद उन्होंने अपने व्यवसाय को सुदृढ़ आधार दिया। वे चेंबर ऑफ कॉमर्स, कोरबा के उपाध्यक्ष पद पर रहते हुए व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे। उनके नेतृत्व में व्यापारिक एकता, संवाद और सहयोग की परंपरा मजबूत हुई। वे मानते थे कि संगठित व्यापारी वर्ग ही क्षेत्रीय विकास की गति को आगे बढ़ा सकता है। सामाजिक संगठन में सक्रिय भूमिका अग्रवाल सभा के उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने समाज में शिक्षा, संस्कार और आपसी सहयोग की भावना को सशक्त किया। समाज के कार्यक्रमों में उनकी उपस्थिति केवल औपचारिक नहीं होती थी, बल्कि वे सक्रिय मार्गदर्शक की भूमिका निभाते थे। उनके प्रयासों से संगठन में समन्वय और सहभागिता का वातावरण बना। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान कोरबा में अग्रसेन कन्या महाविद्यालय के निर्माण और संचालन में उनका आर्थिक एवं नैतिक सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उनका स्पष्ट मत था कि बेटियों की शिक्षा ही समाज को सशक्त और प्रगतिशील बनाती है। महाविद्यालय के शीघ्र निर्माण और सुचारू प्रारंभ में उनकी भूमिका को समाज आज भी सम्मान के साथ याद करता है। सरलता और संवेदनशीलता का प्रतीक स्व. अग्रवाल जी का जीवन सादगी, विनम्रता और सहयोग की भावना का उदाहरण था। वे पद और प्रतिष्ठा के बावजूद व्यवहार में अत्यंत सहज और आत्मीय थे। समाज के हर वर्ग के लोगों के साथ उनका सम्मानजनक और संवेदनशील संबंध था। आज उनके बारहवें एवं पगड़ी रस्म के अवसर पर पूरा समाज भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। उनका जीवन संदेश देता है कि सच्ची उपलब्धि वही है, जो समाज को सशक्त करे और आने वाली पीढ़ियों को दिशा दे। स्व. श्री गोविंद राम अग्रवाल सदैव समाज सेवा की प्रेरणादायक मिसाल के रूप में स्मरण किए जाते रहेंगे।

कटघोरा–अंबिकापुर मार्ग पर स्पीड मॉनिटरिंग, ओवरस्पीड वाहनों पर ई-चालान

✍️ भागीरथी यादव     कोरबा/बागों। जिले में बढ़ते सड़क हादसों के मद्देनज़र नेशनल हाईवे-130 पर ट्रैफिक पुलिस ने निगरानी और प्रवर्तन को तेज कर दिया है। कटघोरा से अंबिकापुर तक के मार्ग पर अलग-अलग चिन्हित बिंदुओं पर स्पीड मॉनिटरिंग उपकरण (स्पीडोमीटर/स्पीड गन) तैनात कर वाहनों की रफ्तार पर पैनी नजर रखी जा रही है। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को पाली-बांगो रोड पर विशेष अभियान के तहत ट्रैफिक टीम मुस्तैद रही। इस मार्ग पर चौबीसों घंटे हल्के और भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। खासकर सुबह के समय तेज रफ्तार में वाहन चलाने की प्रवृत्ति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। हालिया सड़क घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है। ट्रैफिक जवान आधुनिक स्पीड मॉनिटरिंग उपकरणों के माध्यम से यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि वाहन तय गति सीमा के भीतर चलें। नियम उल्लंघन की स्थिति में मशीन स्वतः वाहन की गति रिकॉर्ड करती है, जिसके आधार पर संबंधित वाहन स्वामी के पते पर ई-चालान भेजा जाता है। इस प्रक्रिया से पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नीतीश ठाकुर के निर्देश पर ट्रैफिक विभाग का फील्ड स्टाफ लगातार हाईवे पर निगरानी और प्रवर्तन में जुटा हुआ है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, सीट बेल्ट और हेलमेट जैसे सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से अनुपालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। पुलिस का कहना है कि यह अभियान दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भी चलाया जा रहा है, जिससे हाईवे पर सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

अन्य खबरे

होटल की छत पर चल रहा था हुक्का बार, चकरभाठा पुलिस की रेड में संचालक गिरफ्तार
जादू-टोना के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, पति समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
बालोद जिला-सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मिली सूचना; कोर्ट परिसर खाली कराया गया
कोरबा अग्रसेन चौक ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो में भीषण आग, देखें VIDEO – मची अफरा-तफरी
अयोध्यापुरी के पार्षद व एमआईसी सदस्य बंटी सरोज शांडिल भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला मंत्री नियुक्त
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में डेनियल मंगेशकर जिला उपाध्यक्ष नियुक्त, कार्यकर्ताओं में उत्साह