मुड़ापार में अखण्ड नवधा रामायण: श्री मुकेश जायसवाल ने दिया सदाचार का संदेश

पाली/कोरबा से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट पाली क्षेत्र के ग्राम मुड़ापार में आयोजित अखण्ड नवधा रामायण पाठ के अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मुकेश जायसवाल विशेष रूप से रामभक्तों के बीच कथा श्रवण हेतु पहुंचे। कार्यक्रम में उन्होंने भगवान श्रीराम की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर श्री जायसवाल ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि मनुष्य अपने भीतर के विकारों को दूर कर ले, तो वह स्वयं भगवान श्रीराम के समान आचरण कर सकता है। उन्होंने संत तुलसीदास द्वारा रचित रामचरितमानस के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया और कहा कि मर्यादा, संयम और सेवा भाव से ही जीवन सार्थक बनता है। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों और ग्रामवासियों ने श्री जायसवाल का बुके, माला और श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। उनके सम्मान में देशभक्ति गीत भी प्रस्तुत किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो उठा। इस मौके पर भाजपा मंडल हरदीबाजार के महामंत्री अमरनाथ कौशिक ने कहा कि मुड़ापार के ग्रामवासी सौभाग्यशाली हैं, जहां प्रतिदिन विभिन्न रामायण मंडलियों द्वारा कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा श्रवण के लिए श्रद्धालुओं की लगातार भीड़ उमड़ रही है और प्रसाद ग्रहण कर भक्तजन पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि श्री कुंवर सिंह राज, लक्ष्मी श्रीवास, शंकर साहु, पितर सिंह, जगतराम साहु, विजय जायसवाल, राजकुमार पटेल, कुंजराम, झुम्मन राज, सागर राम, शारदा यादव, नीतेश पांडेय, गंभीर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। आयोजन पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बनकर उभरा।

मेला देखने बुलाकर युवक को जलाने की कोशिश, तालाब में कूदकर बची जान

    कोरबा। जांजगीर-चांपा के कटओथ गांव में एक युवक को जिंदा जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसे युवक को कोरबा के जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, युवक को उसकी प्रेमिका ने मेला दिखाने के बहाने गांव बुलाया था। आरोप है कि वहां पहुंचने पर युवती के भाई ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जान बचाने के लिए युवक पास के तालाब में कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत होता है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

महाशिवरात्रि पर सेवा का उदाहरण: दर्री–जामनीपाली में ठंडाई व फल वितरण

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर दर्री–जामनीपाली क्षेत्र में सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मारवाड़ी युवा मंच दर्री–जामनीपाली द्वारा 15 फरवरी 2026, रविवार को साडा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर परिसर में ठंडाई एवं केला वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। दोपहर 1 बजे से ही स्वयंसेवकों ने ठंडाई निर्माण की तैयारी प्रारंभ कर दी थी, जबकि वितरण कार्यक्रम दोपहर 2 बजे विधिवत शुरू हुआ। आयोजन के दौरान लगभग 500 श्रद्धालुओं को ठंडाई के साथ केले का प्रसाद वितरित किया गया। शिवभक्तों में विशेष उत्साह और आस्था का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम की व्यवस्था मंच के सदस्यों ने सुव्यवस्थित ढंग से संभाली। संरक्षक मनोज अग्रवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष सुमित अग्रवाल, प्रांतीय सदस्य विकास अग्रवाल एवं अजय अग्रवाल, अध्यक्ष प्रतीक अग्रवाल, सचिव सौरभ अग्रवाल, कोषाध्यक्ष बालकिशन अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, पूर्व कोषाध्यक्ष विनय केडिया सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। संरक्षक मनोज अग्रवाल ने कहा कि महाशिवरात्रि जैसे आध्यात्मिक पर्व पर सेवा-कार्य करना समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम है। अध्यक्ष प्रतीक अग्रवाल ने मंच के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्था सेवा और सहयोग की भावना को समाज में निरंतर सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सचिव सौरभ अग्रवाल ने सभी सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। मंच पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा-आधारित आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे, ताकि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक एकता और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा मिलता रहे।  

संघर्ष और सामाजिक न्याय के प्रतीक कॉमरेड नवरंग लाल की 27वीं पुण्यतिथि आज

✍️ भागीरथी यादव     समाज के वंचित, दलित, मजदूर और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले कॉमरेड नवरंग लाल की 27वीं पुण्यतिथि 16 फरवरी 2026 को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर उनके समर्थक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। कॉमरेड नवरंग लाल ने अपना पूरा जीवन सामाजिक असमानता, शोषण और अन्याय के खिलाफ लड़ाई को समर्पित किया। वे केवल एक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि जनसंघर्षों की सशक्त आवाज थे। मजदूरों के अधिकार, दलितों के सम्मान और गरीबों को न्याय दिलाने के मुद्दों पर वे हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे। उनकी पहचान सादगी, निर्भीकता और स्पष्ट विचारों के लिए थी। वे मानते थे कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति को सम्मान और अवसर नहीं मिलेगा, तब तक वास्तविक लोकतंत्र और न्याय संभव नहीं है। आज भी उनके विचार और संघर्ष समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं। उनकी पुण्यतिथि पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित कर उनके सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया जाएगा।

चैतमा में शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण का आरोप, कार्रवाई न होने से बढ़ा असंतोष

ज्ञान शंकर तिवारी   कोरबा/चैतमा। ग्राम पंचायत चैतमा में शासकीय जमीन पर कथित अवैध अतिक्रमण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुराने बाईपास मुख्य मार्ग सहित कई स्थानों पर सरकारी भूमि पर बेखौफ तरीके से मकान और दुकानों का निर्माण किया जा रहा है, जबकि राजस्व विभाग इस पर प्रभावी रोक लगाने में विफल नजर आ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, मामले की शिकायत पूर्व में अनुविभागीय अधिकारी पाली और तहसीलदार पाली को की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि एक ही व्यक्ति द्वारा पहले से कब्जाई गई भूमि के अतिरिक्त आसपास की शासकीय जमीन पर भी नया निर्माण किया जा रहा है, जिससे अतिक्रमणकारियों का हौसला और बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि स्कूल की शासकीय भूमि, वन विभाग के लिए आरक्षित क्षेत्र, बाजार भूमि, मछली बाजार के आसपास, बांसटाल क्षेत्र, सोसायटी परिसर, उचित मूल्य दुकान और धान खरीदी केंद्र के पास तक अतिक्रमण के मामले सामने आए हैं। कुछ स्थानों पर स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण जारी रहने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हल्का पटवारी को अवगत कराने पर यह जवाब मिलता है कि संबंधित भूमि पर पहले से कब्जा है, जबकि पास की खाली शासकीय जमीन पर नए सिरे से निर्माण किया जा रहा है। आरोप यह भी है कि कुछ अतिक्रमणकारी खुलेआम अधिकारियों के नाम लेकर कार्रवाई से बचने का दावा करते हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाएं। साथ ही, कब्जाई गई जमीन की कथित खरीदी-बिक्री में शामिल लोगों एवं दस्तावेजों में गवाह बनने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन से समय रहते सख्त कदम उठाने की अपील की है, अन्यथा भविष्य में शासकीय भूमि का अस्तित्व ही खतरे में पड़ सकता है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोग प्रशासनिक हस्तक्षेप की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

वनांचल सिमगा स्कूल में भावभीनी विदाई, आशीर्वचनों के बीच कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को दी गई शुभकामनाएं

सुशील जायसवाल   कोरबा, कोरबी चोटिया। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम सिमगा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में 13 फरवरी 2026 को गरिमामयी विदाई समारोह आयोजित किया गया। वनांचल क्षेत्र के इस विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम भावनाओं, उत्साह और प्रेरणा से परिपूर्ण रहा। समारोह में विद्यालय के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए आगामी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय से प्राप्त शिक्षा केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां मिले संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास ही जीवन की वास्तविक पूंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के साथ परिवार, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्राचार्य एवं शिक्षकों के पारंपरिक तिलक एवं आरती के साथ आत्मीय स्वागत से हुई। कनिष्ठ छात्र-छात्राओं ने अपने वरिष्ठ साथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने विद्यालय में बिताए चार वर्षों के अनुभव साझा करते हुए भावुक क्षणों को याद किया। समारोह को सफल बनाने में व्याख्याता बद्री प्रसाद टंडन, दिव्या कुजूर, जाफरीन खान, मेलनकुमारी कंवर, रमाकांत कुसरों, उमाशंकर टोंडे, पुष्पा कुमारी, दीपक कुमारी, कर्मचारी खीखराम यादव, रूपसाय बिंझवार सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का सक्रिय योगदान रहा। वन क्षेत्र के इस विद्यालय में आयोजित यह विदाई समारोह विद्यार्थियों के लिए नई उड़ान की शुरुआत का प्रतीक बन गया।

ग्राम शर्मा में स्टोन माइन परियोजनाओं पर जनसुनवाई संपन्न, ग्रामीणों ने रखी आपत्तियां व सुझाव

सुशील जायसवाल   कोरबा कोरबी चोटियां तहसील पसान अंतर्गत ग्राम सरसा में आज 14 फरवरी 2026 को दो स्टोन माइन (गौण खनिज) परियोजनाओं के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति संबंधी जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई प्रातः 11 बजे ग्राम पंचायत सरसा परिसर में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा के तत्वावधान में संपन्न हुई। पहली परियोजना मेसर्स सरस्वती माइनिंग एंड क्रशिंग (प्रो. श्री जयप्रकाश शिवदासानी) की है, जो ग्राम सरसा में खसरा क्रमांक 338/2, 341, 342/2, 343, 344/1, 344/2 एवं 344/3 में प्रस्तावित है। खदान का कुल रकबा 3.016 हेक्टेयर तथा प्रस्तावित उत्पादन क्षमता 1,00,420 टन प्रतिवर्ष निर्धारित की गई है। दूसरी परियोजना मेसर्स नारायणी उद्योग एंड कंस्ट्रक्शन (प्रो. श्री जयप्रकाश अग्रवाल) की है, जो ग्राम तनेरा में खसरा क्रमांक 79, 80/2, 80/3, 80/4 एवं 81 में प्रस्तावित है। इस खदान का कुल क्षेत्रफल 2.101 हेक्टेयर तथा उत्पादन क्षमता 50,048 टन प्रतिवर्ष रखी गई है। जनसुनवाई में प्रशासनिक अधिकारियों, संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने धूल प्रदूषण, जल स्रोतों पर संभावित प्रभाव, सड़क सुरक्षा, यातायात दबाव तथा स्थानीय रोजगार को लेकर अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज कराए। अधिकारियों ने बताया कि सभी अभिमतों को संकलित कर नियमानुसार प्रतिवेदन तैयार कर आगे की कार्यवाही हेतु प्रेषित किया जाएगा। यह जनसुनवाई पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की अधिसूचना 14 सितंबर 2006 के प्रावधानों के तहत आयोजित की गई।

भोले बाबा की भव्य बारात आज दोपहर 3 बजे, दूरपा रोड में पारंपरिक विवाह व अगले दिन विशाल भंडारा

  कोरबा। कोरबा में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व पर भोले बाबा की भव्य बारात निकाली जाएगी। आयोजन समिति ने बताया कि बारात दोपहर 3 बजे सुनालिया नहर के पास स्थित शिव मंदिर से प्रारंभ होकर अग्रसेन भवन के समीप काली मंदिर तक पहुंचेगी। बारात में भगवान शिव विशाल नंदी पर सवार रहेंगे। उनके साथ भूत-प्रेत गण, अघोरी, विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां और धार्मिक पात्र आकर्षण का केंद्र होंगे। श्रीराम दरबार, शनि देव, नरसिंह अवतार, बाहुबली हनुमान, भद्रकाली, महाकाली सहित अनेक स्वरूप सजे-धजे रथों पर नगर भ्रमण करेंगे। धमाल बैंड और आकर्षक आतिशबाजी के बीच शोभायात्रा आगे बढ़ेगी। बारात दूरपा रोड स्थित काली शिव मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान शिव और माता पार्वती का पारंपरिक विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार 16 फरवरी को दोपहर 1 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। वहीं शाम 7 बजे से अद्भुत धार्मिक झांकियों की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। समिति ने बच्चों, युवाओं और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि वर्षों बाद ऐसा शुभ संयोग बना है, इसलिए श्रद्धालु इस पावन अवसर पर शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करें। विनीत, काली शिव मंदिर, दूरपा रोड, कोरबा

तनेरा में रुंगटा खदान के खिलाफ उग्र हुंकार

सुशील जायसवाल   34 दिनों से जारी धरना, गोगपा की आमसभा में ग्रामीणों का ऐलान – “जल, जंगल, जमीन से समझौता नहीं” गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के बैनर तले ग्राम तनेरा में शुक्रवार को आयोजित आमसभा और धरना प्रदर्शन ने आंदोलन को नया तेवर दे दिया। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में रुंगटा कंपनी की प्रस्तावित खदान के विरोध में पिछले 34 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। सभा में सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी ने साफ संकेत दिया कि आंदोलन अब केवल विरोध नहीं, बल्कि जनसंकल्प का रूप ले चुका है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम ने मंच से स्पष्ट शब्दों में कहा कि खदान खुलने से क्षेत्र की जल, जंगल और जमीन पर गहरा संकट उत्पन्न होगा। उन्होंने चेताया कि पर्यावरणीय असंतुलन बढ़ेगा और हाथियों का आक्रमण भी तेज हो सकता है, जिससे ग्रामीण जीवन असुरक्षित हो जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पसान ब्लॉक इकाई अध्यक्ष दिनू आयम तथा जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सभापति संतोष मरावी ने की। मंच से आंदोलन के नेतृत्वकर्ता मनोज मरावी, पुटी पखना के सरपंच चंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने कंपनी के प्रस्ताव का खुलकर विरोध किया। सभा के दौरान ग्रामीणों ने एक स्वर में ऐलान किया — “किसी भी कीमत पर रुंगटा खदान नहीं खुलने देंगे।” आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन पसान तहसीलदार को सौंपा गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे एवं कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। धरना-प्रदर्शन के अंत में ग्राम पंचायत तनेरा के सरपंच प्रतिनिधि सरवन कुमार मरपची ने उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया। तनेरा की यह जनसभा केवल विरोध का मंच नहीं रही, बल्कि आदिवासी अस्मिता और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए उठी सामूहिक आवाज के रूप में सामने आई — एक ऐसी चेतावनी, जिसे अनसुना करना आसान नहीं होगा।

ब्रेकिंग न्यूज़ | कोरबी–मोरगा एनएच-130 पर भीषण सड़क हादसा, दो की दर्दनाक मौत

दो अन्य की हालत गंभीर, गांव में पसरा मातम सुशील जायसवाल | कोरबी मोरगा कोरबी–मोरगा क्षेत्र में बीती रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एनएच-130 पर अंबिकापुर–कटघोरा मार्ग स्थित ग्राम केंद्ई आश्रम के पास तिवारी ढाबा के सामने रात लगभग 11:30 बजे तेज रफ्तार ऑल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अंबिकापुर की ओर से चोटिया की दिशा में आ रही थी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में ग्राम सरमा निवासी धनपत अहीर (उम्र लगभग 45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में कोरबी निवासी पप्पू पटेल सहित एक अन्य अज्ञात युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है। सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को बाहर निकाला और घायलों को डायल 112 की सहायता से पोड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। देर रात तक ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुटी रही। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। ➡️ प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार या वाहन अनियंत्रित होने की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।    

अन्य खबरे

प्रशासनिक फेरबदल, कई तहसीलदारों का तबादला
होटल की छत पर चल रहा था हुक्का बार, चकरभाठा पुलिस की रेड में संचालक गिरफ्तार
जादू-टोना के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, पति समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
बालोद जिला-सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मिली सूचना; कोर्ट परिसर खाली कराया गया
कोरबा अग्रसेन चौक ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो में भीषण आग, देखें VIDEO – मची अफरा-तफरी
अयोध्यापुरी के पार्षद व एमआईसी सदस्य बंटी सरोज शांडिल भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला मंत्री नियुक्त