होटल की छत पर चल रहा था हुक्का बार, चकरभाठा पुलिस की रेड में संचालक गिरफ्तार
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। अवैध रूप से होटल में हुक्का संचालन करने वालों के खिलाफ चकरभाठा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने होटल की छत पर चल रहे हुक्का बार पर छापा मारकर हुक्का से जुड़ा सामान और नकदी जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से होटल और बार में हुक्का संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि बोदरी स्थित होटल शिवा इन की छत पर अवैध रूप से हुक्का पिलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान मौके से होटल संचालक सिद्धार्थ गुप्ता (39 वर्ष) पिता ओमप्रकाश गुप्ता, निवासी होटल शिवा इन बोदरी थाना चकरभाठा को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 12 हुक्का पॉट, 6 पैकेट कोको जेल कोयला, 12 स्टैंड, 12 चिलम, 12 पाइप, 1 कोल हीटर, तीन प्लास्टिक डिब्बों में अलग-अलग तंबाकू युक्त फ्लेवर और 5000 रुपये नकद जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की धारा 21(1), 21(2), 27 और 4 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है।
बिलासपुर: अवैध चाकू रखने वाला युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। शहर में असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस ने अवैध रूप से चाकू रखने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बटनदार स्टील का चाकू बरामद किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना तारबाहर प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम पेट्रोलिंग पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शिवनेरी होटल की पार्किंग में एक युवक जेब में चाकू रखकर खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर युवक की पीछे की जेब से एक बटनदार स्टील का चाकू बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी की पहचान लक्की यादव (19 वर्ष), निवासी दीपूपारा, थाना तारबाहर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत, सहायक उप निरीक्षक उदयभान सिंह, प्रधान आरक्षक प्रमोद कसेर, आरक्षक रूपलाल चंद्रा और राहुल राजपूत का विशेष योगदान रहा।
टोयोटा शो-रूम के पास ट्रेलर रोककर लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में ट्रेलर वाहन को रोककर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रेलर चालक से मोबाइल, नकदी और बिल्टी पेपर लूट लिए थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 6 मार्च 2026 को थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसी दिन तड़के करीब 3:10 बजे टोयोटा शो-रूम के पास एक टाटा पंच कार में सवार दो युवकों ने ट्रेलर वाहन को रुकवाया। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए वाहन के कागजात (बिल्टी) दिखाने को कहा। जब चालक कागजात नहीं दिखा पाया तो आरोपियों ने उससे नकदी, मोबाइल फोन और ट्रेलर का बिल्टी पेपर छीन लिया और मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए चकरभाठा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम यशराज यादव (22 वर्ष) निवासी जांजगीर हाल निवासी अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर और सुमित दुबे (27 वर्ष) निवासी सरसीवा जिला सारंगढ़ हाल निवासी अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विवो कंपनी का मोबाइल, नकदी, ट्रेलर का बिल्टी पेपर और घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की टाटा पंच कार जब्त कर ली है। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 26 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया है।
होली पर्व पर बिलासपुर पुलिस अलर्ट मोड में, शहरभर में सघन सुरक्षा व्यवस्था
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बिलासपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं, जहां पर्याप्त पुलिस बल और अधिकारी तैनात हैं। जानकारी के अनुसार, शहर में 78 पेट्रोलिंग वाहन सक्रिय रूप से गश्त कर रहे हैं। प्रत्येक वाहन में एक अधिकारी के साथ छह-छह जवान तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 37 बाइक पेट्रोलिंग टीमें भी मैदान में हैं, जिनमें दो-दो जवान शामिल हैं। सभी जवान मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात हैं और लगातार संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, प्रशिक्षु आईपीएस सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं रात 2 बजे तक शहर के विभिन्न प्वाइंटों का निरीक्षण किया। होलिका दहन के दौरान भी पुलिस की सतर्क निगरानी बनी रही और सभी स्थानों से शांति एवं खैरियत की सूचना प्राप्त हुई। व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई होली के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा बड़े पैमाने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है— 128 आदतन निगरानी/गुंडा बदमाशों को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। 36 आदतन अपराधियों पर धारा 129 BNSS के तहत सदा आचरण हेतु प्रतिबंधात्मक कार्रवाई। 337 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126, 135 BNSS के तहत बाउंड ओवर की कार्रवाई। 19 संदिग्ध व्यक्तियों पर धारा 128 BNSS के तहत कार्रवाई। 22 आरोपियों को धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। 64 प्रकरणों में आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब पर प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस की अपील बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली का त्योहार भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और शांति भंग करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
होली पर्व के मद्देनज़र सिविल लाइन पुलिस की सख्त कार्रवाई, आर्म्स एक्ट में दो गिरफ्तार, 11 पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। आगामी होली त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई 01 मार्च 2026 को उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई। आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में दो आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृत्युंजय सिंह (42 वर्ष), निवासी डबरीपारा थाना सिविल लाइन तथा अभिषेक सिंह (22 वर्ष), निवासी कुदुदंड थाना सिविल लाइन शामिल हैं। 11 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने 11 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है। इनमें राजा ओझा (सरजू बगीचा), धर्मेंद्र खांडे (तालापारा), रवि सिंगरौल, रितिक ध्रुव एवं आदित्य सिंगरौल (धुरीपारा मंगला), साबिद खान (मंगला धुरीपारा), सोनू भोरे (मगरपारा मरार गली), हनी जायसवाल (शैलेन्द्र नगर अमेरी, थाना सकरी), प्रशांत राठौर (राजकिशोर नगर, थाना सरकंडा), बब्लू उर्फ रोहित सांडे (जबड़ापारा, थाना सरकंडा) तथा चंद्र प्रकाश बंजारे (पन्ना नगर, थाना सिविल लाइन) शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएंगे। सिविल लाइन पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार को भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
शांति भंग करने वाले 3 गुंडा बदमाशों को भेजा गया जेल
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। जिले के कोनी थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और संभावित आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। रविवार, 1 मार्च 2026 को थाना कोनी पुलिस ने क्षेत्र के तीन सूचीबद्ध गुंडा बदमाशों के विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु हुई कार्रवाई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और मारपीट या किसी भी प्रकार के विवाद की संभावना को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों का विवरण: पकड़े गए आरोपियों में ग्राम जलसों और घुटकु के निगरानी बदमाश शामिल हैं: संदीप खरे (27 वर्ष): पिता संतोष, निवासी ग्राम जलसों। रघु लोनिया (21 वर्ष): पिता बुधराम, निवासी ग्राम घुटकु। शिव नाथ (34 वर्ष): पिता बुधराम, निवासी ग्राम घुटकु। कोनी पुलिस ने बताया कि आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में गुंडागर्दी और अशांति फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी ताकि आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।
अवैध शराब के खिलाफ कोनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 लीटर महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोनी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ग्राम घुटकु में दबिश देकर भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब और उसे बनाने के उपकरणों के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशानुसार और आला अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोनी पुलिस को 28 फरवरी 2026 को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, ग्राम घुटकु के स्टेशन पारा में रहने वाली केशर लोनिया अपने घर की परछी में अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण और भंडारण कर रही थी। बरामदगी और गिरफ्तारी सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी कर रेड मारी। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से निम्नलिखित सामग्री बरामद की: अवैध शराब: 15 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब (दो प्लास्टिक डिब्बों में)। उपकरण: शराब बनाने के लिए उपयोग की जाने वाली 02 नग एल्युमिनियम डेचकी। कुल मशरुका: जप्त सामान की कुल कीमत लगभग 3000/- रुपये आंकी गई है। शराब रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं करने पर पुलिस ने सामग्री जप्त कर आरोपी श्रीमती केशर लोनिया (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। कानूनी कार्यवाही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 81/2026 दर्ज किया है। आरोपी महिला को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है। कोनी पुलिस की अपील: पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई भी अवैध गतिविधियों या नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त है, तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय थाने या डायल 112 पर दें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
बिलासपुर में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई: ब्राउन शुगर व गांजा के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना सकरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर और गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 19,500 रुपये मूल्य का मादक पदार्थ व मोबाइल फोन जब्त किया गया है। मामले में अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत धारा 21(ए), 22(ए), 20(ए), 27, 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। मुखबिर से सूचना मिली थी कि हामिद अंसारी नामक व्यक्ति आसमा सिटी मेण्ड्रा रोड क्षेत्र में ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर हामिद अंसारी (33 वर्ष), निवासी तैयबा चौक तालापारा, थाना सिविल लाइन को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग 3,500 रुपये) और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ईशांत सिंह मंडलोई (24 वर्ष), निवासी रामा लाइफ कॉलोनी सकरी एवं अमन तिवारी (24 वर्ष), निवासी अभिषेक नगर मंगला के माध्यम से प्रयागराज से ब्राउन शुगर व गांजा लाकर बिलासपुर में बिक्री करता था। आरोपी के मेमोरण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने ईशांत मंडलोई के घर की तलाशी ली, जहां से 25 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 1,000 रुपये), 4 नग चिलम एवं 2 लाइटर जब्त किए गए। हालांकि तलाशी के दौरान कोई अवैध हथियार या पिस्टल बरामद नहीं हुई। मौके पर मौजूद अमन तिवारी को भी अभिरक्षा में लिया गया। हामिद अंसारी और अमन तिवारी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं ईशांत सिंह मंडलोई पहले से ही अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत आर्म्स एक्ट एवं मोटर व्हीकल एक्ट के प्रकरण में जेल में निरुद्ध है। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय चौधरी, उपनिरीक्षक राजकुमार वस्त्रकार, आरक्षक पवन बंजारी, सज्जू अली, रामचंद्र कश्यप सहित थाना सकरी पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सरकण्डा में अवैध हुक्का बार पर पुलिस का छापा
✍️ भागीरथी यादव आर्यन पब्लिक स्कूल के पास घर में चल रहा था हुक्का बार, 5 आरोपी गिरफ्तार बिलासपुर। थाना सरकण्डा पुलिस ने अवैध हुक्का बार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अप.क्र. 259/2026, धारा 4, 21(1), 21(2), 27 सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार आर्यन पब्लिक स्कूल के पास एक मकान में चोरी-छिपे हुक्का बार संचालित किए जाने की सूचना मुखबिर से प्राप्त हुई थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 27 फरवरी 2026 को मौके पर रेड की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं सीएसपी (सिविल लाइन/सरकण्डा) निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकण्डा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। घर में चल रहा था हुक्का बार पुलिस ने बताया कि अथर्व पाण्डेय उर्फ शुभ उर्फ चिकू अपने घर में तम्बाकू युक्त फ्लेवर मिलाकर प्रतिघंटा 500 रुपये लेकर हुक्का बार संचालित कर रहा था। रेड के दौरान वह अपने साथियों के साथ हुक्का पीते पाया गया। ये हुए गिरफ्तार अथर्व पाण्डेय (18 वर्ष), राजकिशोर नगर, सरकण्डा विनित एलानी (24 वर्ष), रामकृष्ण एन्क्लेव, सीपत चौक, सरकण्डा किन्सु विश्वास (18 वर्ष), पैसिफिक अपार्टमेंट, तोरवा धानमंडी यथार्थ कश्यप (18 वर्ष), जोरापारा, सरकण्डा समीर पटेल (19 वर्ष), राजकिशोर नगर, सरकण्डा जब्त सामग्री आरोपियों के कब्जे से 2 नग हुक्का पार्ट, 1 नग कोल हिटर, 1 डिब्बा हुक्का फ्लेवर एवं अन्य संबंधित सामग्री बरामद कर विधिवत जब्त की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोटपा अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। सरकण्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नेहरू चौक पर वसूली कर रहे दो किन्नर गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। शहर के व्यस्ततम नेहरू चौक पर राहगीरों और परिवारों से अभद्रता कर वसूली करने वाले दो किन्नरों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ यह कार्रवाई आम जनता की शिकायतों और मौके पर उपजे आक्रोश के बाद की गई। क्या है पूरा मामला? मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार (25 फरवरी 2026) को नेहरू चौक ट्रैफिक सिग्नल पर वाहनों के रुकते ही किन्नरों द्वारा वसूली की जा रही थी। आरोपी जूली चौधरी (उम्र 36 वर्ष) और नफीसा खातून (उम्र 25 वर्ष), दोनों गुरु रजिया किन्नर की शिष्याएं, सिग्नल पर रुके परिवारों और महिलाओं के पास जाकर ताली बजाकर पैसों की मांग कर रही थीं। पैसे न देने पर उनके द्वारा किए जा रहे अभद्र व्यवहार से राहगीर काफी परेशान थे। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और जनता में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। पुलिस की कार्रवाई सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। दर्ज धारा: पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बी.एन.एस.एस. (BNSS) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का संदेश: अधिकारियों का कहना है कि शहर के प्रमुख चौराहों पर इस तरह की अवैध गतिविधियों और आम जन को परेशान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। “नेहरू चौक जैसे सार्वजनिक स्थलों पर आम नागरिकों और परिवारों के साथ अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।”















