बिलासपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक रात में 126 वारंटी और 11 फरार आरोपी गिरफ्तार

  बिलासपुर। जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए गए विशेष कांबिंग गश्त अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक ही रात में 126 वारंटियों और 11 लंबे समय से फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 41 निगरानीशुदा गुंडा-बदमाशों की सघन जांच कर उन्हें वैधानिक चेतावनी दी गई। डीआईजी सह एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर मंगलवार रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाया गया। करीब 300 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें बनाकर संभावित ठिकानों, संदिग्ध स्थानों, होटल-ढाबों और वारंटियों के घरों पर दबिश दी गई। 126 वारंटियों की गिरफ्तारी अभियान के दौरान कुल 126 वारंटियों को पकड़ा गया। इनमें 50 स्थायी वारंटी और 76 गिरफ्तारी वारंट से संबंधित आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहे 11 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए अभिरक्षा में लिया गया। निगरानी बदमाशों की चेकिंग, 10 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई निगरानी सूची में दर्ज 41 गुंडा-बदमाशों का सत्यापन किया गया और उनकी गतिविधियों की जांच की गई। संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 10 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। एक व्यक्ति के पास से धारदार हथियार बरामद होने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पिछले एक सप्ताह में 105 लोगों पर नशे की हालत में वाहन चलाने के मामले दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

स्वर कोकिला लता मंगेशकर की पुण्यतिथि पर बिलासपुर में संगीतमय नमन

    बिलासपुर। भारत रत्न से सम्मानित महान गायिका लता मंगेशकर की पुण्यतिथि पर 7 स्टार म्यूजिकल ग्रुप, बिलासपुर द्वारा एक निजी भवन में भावपूर्ण संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पहुंचे गायक-कलाकारों ने लता जी के अमर, सदाबहार और लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को सुरमय बना दिया। सुरों से सजी श्रद्धांजलि कोरेको म्यूजिक के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में मंच पर एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। लता जी के कालजयी गीतों की गूंज से पूरा सभागार संगीतमय हो उठा। उपस्थित संगीत प्रेमी देर तक मधुर स्वरों की इस श्रृंखला में डूबे रहे। उभरते कलाकारों को मंच देने की पहल ग्रुप के डायरेक्टर राकेश रोशन साह ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि देना ही नहीं, बल्कि नवोदित गायकों को मंच उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि देश के महान दिवंगत गायक-कलाकारों की जयंती और पुण्यतिथि पर ऐसे कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी को संगीत की समृद्ध विरासत से जोड़ा जा सके। विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष साकेश मिश्रा, समाजसेवी संजीव पाल, पत्रकार यू. मुरली राव, वरिष्ठ पत्रकार कमलेश लवहातरे, वेद रात्रे, राघवेंद्र शर्मा, नूतन तिवारी एवं अधिवक्ता अरुण शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर पी. संगीत राव (बिलासपुर), राजेंद्र कमल, सोनिया सोनी, क्रांति मौर्या, वर्षा केदकार, मोनिका दत्ता, शिल्पा निषाद, प्राची करने, रानी पसरिया, माया वनवारे, ज्योति प्रभा, अंजलि कुमारी, राम कृष्ण, बी. सतीश प्रसाद, जी.बी. नरसिंग मूर्ति, गया प्रसाद साहू, संजय मालेवार, प्रहलाद कुमार यादव, प्रमोद वैष्णव, जय सिंह, अरविंद कोन्हेर, रवि पाल, संजीव राय, बी.एच. श्रीनिवास, आनंद गुप्ता, मनहरण सिंह, संजय कौशिक, राजेंद्र शुक्ला, नरेश सारथी (मुंगेली), कालीचरण और हरिओम दुबे सहित अनेक कलाकारों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का समापन सामूहिक गीत प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसमें सभी कलाकारों ने एक स्वर में लता मंगेशकर को नमन किया।

बिलासपुर में बीच सड़क हंगामा: बच्चियों से छेड़छाड़ के आरोप पर महिला ने ऑटो चालक की पिटाई, वीडियो वायरल

    बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के अटल आवास के पास सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला ने सार्वजनिक रूप से एक ऑटो चालक की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क पर हंगामा और भीड़ का जमावड़ा साफ दिखाई दे रहा है। बच्चियों से अभद्रता का आरोप प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने ऑटो चालक पर मासूम बच्चियों के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ का आरोप लगाया। आरोप से आक्रोशित महिला ने बीच सड़क पर ही चालक का कॉलर पकड़ लिया और उसे थप्पड़ मारने लगी। वीडियो में ऑटो चालक हाथ जोड़कर खुद को निर्दोष बताते हुए रहम की गुहार लगाता नजर आ रहा है, लेकिन महिला का गुस्सा शांत नहीं होता। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। हालांकि, किसी ने भी सक्रिय रूप से बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की। पूरा घटनाक्रम लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। हंगामे के कुछ देर बाद महिला कथित तौर पर ऑटो चालक को “थाने चलो” कहते हुए उसी के ऑटो में बैठाकर वहां से ले गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है या नहीं। पुलिस की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की सच्चाई और आगे की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।

शादी की खुशियों के बीच खून-खराबा, युवक पर धारदार हथियार से हमला

      तखतपुर में एक विवाह समारोह उस समय सनसनी में बदल गया, जब खुशियों से भरे माहौल में अचानक हिंसक वारदात हो गई। तखतपुर हाईस्कूल के पास स्थित पाल मंगलम भवन में आयोजित शादी समारोह के दौरान रायपुर के टिकरापारा निवासी एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। इस हमले में पीड़ित की उंगली कटकर अलग हो गई, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, रायपुर के टिकरापारा निवासी विजय धनगर 5 फरवरी को शादी समारोह में शामिल होने तखतपुर आए थे। कार्यक्रम के दौरान उनकी अजय पाली से सामान्य बातचीत और हंसी-मजाक चल रहा था। इसी बीच अजय पाली का पुत्र राज पाली उर्फ सोमू (23 वर्ष) वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोप है कि इसके बाद राज पाली ने अचानक धारदार हथियार से विजय धनगर पर हमला कर दिया, जिससे उनके बाएं हाथ की मध्य उंगली कटकर अलग हो गई। खून से लथपथ हालत में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पीड़ित की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296 एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर शादी जैसे पारिवारिक आयोजनों में बढ़ती असहिष्णुता और हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बिलासपुर: दूसरी लड़की से संबंध के शक में प्रेमिका ने प्रेमी के सीने में उतारा चाकू, युवक की मौके पर ही मौत

✍️ भागीरथी यादव     बिलासपुर: न्यायधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत शुभम विहार शिक्षक कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। चरित्र शंका और आपसी विवाद के चलते एक युवती ने अपने ही प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी। मुख्य घटनाक्रम मृतक की पहचान कांता प्रसाद सूर्यवंशी (निवासी ग्राम कर्रा, रतनपुर) के रूप में हुई है, जो उसलापुर स्थित एक होटल में काम करता था। आरोपी युवती रौशनी सूर्यवंशी (निवासी झालमला, वर्तमान निवास कुदूदंड) मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे कांता प्रसाद के किराए के कमरे पर पहुँची थी। हत्या की वजह: शक और मोबाइल ब्लॉक करना पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे दो मुख्य कारण सामने आए हैं: तीसरी लड़की का दखल: रौशनी को संदेह था कि कांता प्रसाद का किसी अन्य लड़की के साथ प्रेम संबंध चल रहा है। नंबर ब्लॉक करना: युवक ने युवती का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था, जिससे वह काफी नाराज थी। कमरे के भीतर इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि आवेश में आकर रौशनी ने पास रखे चाकू से कांता के सीने पर घातक वार कर दिया। हमले के कारण अत्यधिक रक्तस्राव होने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। वर्तमान स्थिति: आरोपी युवती पुलिस अभिरक्षा में है। पूछताछ के बाद उसे ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस मामले में आगे के साक्ष्य जुटा रही है।

ड्रोन की नजर से नशाखोरों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: बिलासपुर पुलिस ने 10 युवकों को दबोचा

✍️ भागीरथी यादव   बिलासपुर: जिले में नशे के काले कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अब हाईटेक अभियान छेड़ दिया है। तकनीक का सहारा लेते हुए पुलिस ने बीती रात ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी कर सिरगिट्टी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। ड्रोन से हुई ‘नशेडिय़ों’ की घेराबंदी सीएसपी निमितेश सिंह और सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चुचुहियापारा, तिफरा और सिरगिट्टी के अतिसंवेदनशील इलाकों में ड्रोन उड़ाए। आसमान से मिली सटीक लोकेशन के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध अड्डों की पहचान की और अचानक दबिश दी। कार्रवाई की मुख्य बातें: गिरफ्तारी: मौके से नशा करते हुए 10 युवकों को हिरासत में लिया गया। सजा और चेतावनी: पकड़े गए युवकों को सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक कराई गई ताकि समाज में कड़ा संदेश जाए। कानूनी एक्शन: आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। समझाइश: संदिग्ध रूप से घूम रहे अन्य लोगों को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा गया। “नशे के खिलाफ हमारी यह जंग आगे भी जारी रहेगी। अब अपराधियों और नशा करने वालों पर तकनीक (ड्रोन) के माध्यम से पैनी नजर रखी जा रही है, जिससे बच निकलना नामुमकिन होगा।” — पुलिस प्रशासन, बिलासपुर जनता ने किया फैसले का स्वागत पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के नशाखोरों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस के इस तकनीकी प्रयोग की सराहना की है, क्योंकि इससे मोहल्लों में सुरक्षा का माहौल बना है और असामाजिक तत्वों पर लगाम लगी है।  

रतनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: NH-130 पर कार लूटने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, शत-प्रतिशत मशरूका बरामद

  रतनपुर। नेशनल हाईवे-130 पर स्थित हाईवे किंग ढाबा के पास हुई सनसनीखेज लूट की वारदात को रतनपुर पुलिस ने चंद घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए न केवल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि लूटी गई कार, मोबाइल और नगदी समेत 100% सामान भी बरामद कर लिया है। घटना का संक्षिप्त विवरण घटना 1 फरवरी 2026 की तड़के करीब 3:35 बजे की है। प्रार्थी विजय कुमार राज (निवासी कोरबा) अपनी महिला रिश्तेदारों के साथ मेले से लौट रहे थे। रतनपुर के पास नेशनल हाईवे पर ढाबे के करीब रुकने के दौरान, दो कारों (क्रेटा और अर्टिगा) में सवार 4 युवकों ने उनके साथ मारपीट की और उनकी स्विफ्ट डिजायर कार, 3 मोबाइल और पर्स में रखे करीब 8,000 रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बरामदगी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पीछा करते हुए आरोपियों को अंबिकापुर और कोरिया जिले से धर दबोचा। बरामद किया गया सामान: 01 स्विफ्ट डिजायर कार (लूटी हुई) 03 नग मोबाइल फोन 8,000 रुपये नगद कुल मशरूका: लगभग 2,28,000 रुपये (100% बरामदगी) अतिरिक्त जब्ती: घटना में प्रयुक्त क्रेटा और अर्टिगा कार सहित 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। लूट के पीछे की वजह: ‘तंत्र-मंत्र’ का मामला पुलिस पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपियों ने बताया कि प्रार्थी विजय कुमार राज ने उन्हें तंत्र विद्या और पूजा-पाठ के जरिए पैसा दोगुना करने का लालच देकर उनसे 2.5 लाख रुपये ठग लिए थे। बार-बार पैसे मांगने पर भी जब वापस नहीं मिले, तो आरोपियों ने पीछा कर लूट की इस वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम: विद्यादास महंत (43 वर्ष) – सीतापुर, जिला सरगुजा। रामसुंदर (32 वर्ष) – चरचा, जिला कोरिया। राजीव कुमार सिंह (37 वर्ष) – बैकुंठपुर, जिला कोरिया। गुलशन कुजुर (47 वर्ष) – चरचा कॉलरी, जिला कोरिया। रतनपुर पुलिस ने धारा 126 (2), 309(4), 3, 5 BNS के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

बिना ठोस कारण पति से अलग रहने वाली पत्नी भरण-पोषण की हकदार नहीं – छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट

✍️ भागीरथी यादव     बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने वैवाहिक विवादों और गुजारा भत्ते को लेकर एक बड़ा और नजीर पेश करने वाला फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई पत्नी बिना किसी वाजिब और ठोस कारण के अपने पति और ससुराल से अलग रहने का निर्णय लेती है, तो वह पति से भरण-पोषण भत्ता पाने की हकदार नहीं होगी। बिलासपुर फैमिली कोर्ट के आदेश पर हाई कोर्ट की मुहर मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की खंडपीठ ने बिलासपुर के प्रवीण कुमार वेदुला की पत्नी द्वारा दायर याचिका को खारिज करते हुए यह निर्णय दिया। याचिकाकर्ता (पत्नी) ने निचली अदालत (कुटुंब न्यायालय) के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उसे गुजारा भत्ता देने से इनकार कर दिया गया था। हाई कोर्ट ने निचली अदालत के तर्क को सही पाया और उसमें किसी भी प्रकार के हस्तक्षेप से इनकार कर दिया। दांपत्य अधिकारों की बहाली का अवसर ठुकराना पड़ा भारी मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कुछ महत्वपूर्ण कानूनी पहलुओं को रेखांकित किया: धारा 09 का संदर्भ: पति ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 09 (दांपत्य संबंधों की पुनर्स्थापना) के तहत पत्नी को साथ रखने के लिए याचिका लगाई थी। कोर्ट ने कहा कि जब पत्नी के पास घर वापस लौटने का विकल्प था, तो उसने बिना वजह अलग रहना चुना। कानूनी उल्लंघन: न्यायालय ने CRPC की धारा 125(4) का हवाला देते हुए कहा कि यदि पत्नी बिना पर्याप्त कारण के पति के साथ रहने से इनकार करती है, तो वह भरण-पोषण का दावा नहीं कर सकती। झूठे आरोपों और कानूनी लड़ाई का अंत पत्नी द्वारा पति पर की गई कानूनी कार्रवाई के प्रयास भी विफल रहे। अधिवक्ता नेल्सन पन्ना ने बताया कि पत्नी ने FIR दर्ज कराने के लिए मजिस्ट्रेट कोर्ट और फिर सेशन कोर्ट में आवेदन लगाए थे, जो पहले ही खारिज हो चुके थे। कोर्ट की टिप्पणी: व्यवहार भी होगा न्याय का आधार हाई कोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट शब्दों में कहा: “कुटुंब न्यायालय के आदेश में कोई अवैधता या त्रुटि नहीं है। जब पत्नी बिना किसी उचित आधार के अलग रह रही हो, तो ऐसी स्थिति में भरण-पोषण का आदेश देना कानून के सिद्धांतों के विपरीत होगा।”

बिलासपुर: रेत माफिया का दुस्साहस, कार्रवाई करने पहुंचे नायब तहसीलदार पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश

✍️ भागीरथी यादव     बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रेत माफिया के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे प्रशासनिक अधिकारियों की जान लेने से भी नहीं कतरा रहे हैं। ताजा मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है, जहां अवैध रेत उत्खनन रोकने गए नायब तहसीलदार राहुल साहू पर एक ट्रैक्टर चालक ने वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। अधिकारी ने मौके पर फुर्ती दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई। ​क्या है पूरा मामला? ​रतनपुर क्षेत्र के ग्राम गढ़वट, सरवनदेवरी और खैरखुंडी में लंबे समय से अवैध रेत खनन की शिकायतें मिल रही थीं। रविवार को सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार राहुल साहू कार्रवाई के लिए गढ़वट रेत घाट पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेत से लदे एक ट्रैक्टर को रोकने का संकेत दिया। ​जान बचाने के लिए कूदना पड़ा अधिकारी को ​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक रितुराज सिंह (निवासी खैरखंडी) ने पकड़े जाने के डर से पहले आधी रेत नदी में ही खाली कर दी। जब नायब तहसीलदार ने उसे रुकने को कहा, तो चालक ने ट्रैक्टर रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और सीधे अधिकारी की ओर मोड़ दिया। नायब तहसीलदार ने समय रहते सड़क से हटकर अपनी जान बचाई, जिसके बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर लेकर बस्ती की ओर फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170 के तहत कार्यवाही की गई। आरोपी को बेलतरा तहसीलदार की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तुरंत जमानत मिल गई। ​रतनपुर थाना प्रभारी नीलेश पांडेय का कहना है कि नायब तहसीलदार की शिकायत पर उचित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और कोर्ट में पेश किया गया था।

बिलासपुर में दिनदहाड़े चाकूबाजी, युवक की हत्या से सनसनी

  पुराने विवाद ने लिया जानलेवा मोड़, आरोपी फरार     बिलासपुर। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल शनिचरी बाजार हैप्पी स्ट्रीट रोड पर शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। पुराने विवाद के चलते हुए इस जानलेवा हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान सानू उर्फ अमन खान के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने अचानक युवक पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं प्रत्यक्षदर्शियों से भी गहन पूछताछ जारी है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

अन्य खबरे

होटल की छत पर चल रहा था हुक्का बार, चकरभाठा पुलिस की रेड में संचालक गिरफ्तार
जादू-टोना के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, पति समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
बालोद जिला-सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मिली सूचना; कोर्ट परिसर खाली कराया गया
कोरबा अग्रसेन चौक ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो में भीषण आग, देखें VIDEO – मची अफरा-तफरी
अयोध्यापुरी के पार्षद व एमआईसी सदस्य बंटी सरोज शांडिल भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला मंत्री नियुक्त
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में डेनियल मंगेशकर जिला उपाध्यक्ष नियुक्त, कार्यकर्ताओं में उत्साह