रायपुर में दर्दनाक हादसा: सिलतरा इंडस्ट्रियल एरिया में ट्रक की चपेट में आया श्रमिक, मौके पर मौत
रायपुर। राजधानी के रायपुर स्थित सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिक की जान चली गई। घटना धरसींवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अविनाश लॉजिस्टिक पार्क के पास की है, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार मजदूर को कुचल दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बोधीराम चौहान (33 वर्ष) पिता हेमलाल चौहान, निवासी ग्राम बिछिया, सरायपाली के रूप में हुई है। वह पिछले तीन वर्षों से सिलतरा स्थित श्रीराम प्लास्ट (पाइप निर्माण इकाई) में श्रमिक के तौर पर कार्यरत था। शनिवार शाम वह अपनी मोटरसाइकिल (CG 04 CT 8965) से किसी आवश्यक कार्यवश फैक्ट्री परिसर से बाहर निकला था। इसी दौरान ट्रक (CG 04 J 5043) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार के सिर में गंभीर चोट आई और वह सड़क पर गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद फैक्ट्री के सुपरवाइजर और कंप्यूटर ऑपरेटर ने घायल को तत्काल धरसींवा स्थित शहीद योगेंद्र शर्मा शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जन अधिकार सामाजिक कल्याण संघ ने मनाया प्रथम स्थापना दिवस, एक वर्ष की उपलब्धियों के साथ जनसेवा का दोहराया संकल्प
✍️ भागीरथी यादव बीजापुर। जन अधिकार सामाजिक कल्याण संघ जिला बीजापुर द्वारा शनिवार, 14 फरवरी को संगठन का प्रथम स्थापना दिवस उत्साह, ऊर्जा और जनसेवा के संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संगठन के एक वर्ष के कार्यों की समीक्षा करते हुए भविष्य की रणनीति को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। संगठन की स्थापना समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं, सामाजिक न्याय और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी। बीते एक वर्ष में संगठन ने जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए प्रशासन तक आवाज पहुंचाई और जरूरतमंद वर्गों के समर्थन में पहल की। इसी सक्रियता के कारण संगठन के प्रति आमजन का विश्वास सुदृढ़ हुआ है। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्री चंद्रिका सिंह के नेतृत्व और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए पदाधिकारियों ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री ए. सुधाकर ने अपने संबोधन में संगठन की उपलब्धियों, जनहित में किए गए प्रयासों और आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संगठन भविष्य में भी कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों की आवाज बनकर सामाजिक न्याय की दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा। समारोह में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री के. आर. चापड़ी, वरिष्ठ महिला उपाध्यक्ष श्रीमती बी. पुष्पा राव, जिला सचिव श्री पांडुराम तेलम, जिला महासचिव श्री के. के. चापड़ी, ब्लॉक अध्यक्ष श्री राजेंद्र प्रसाद दुर्गम, सदस्य श्री महेश चापड़ी एवं श्री अशोक पर्वतागिरी सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। अंत में जिला अध्यक्ष द्वारा सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। स्थापना दिवस समारोह ने संगठन की एकजुटता, प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति दृढ़ संकल्प को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया।
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेंद्रगढ़ में ‘फेयरवेल 2025-26’ का भव्य आयोजन – भावनाओं और उपलब्धियों से सजा यादगार समारोह
✍️ भागीरथी यादव एमसीबी/मनेंद्रगढ़। Delhi World Public School में कक्षा 11 के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा 12 के छात्रों के सम्मान में आयोजित “फेयरवेल 2025-2026” समारोह गरिमा, उल्लास और भावनात्मक क्षणों से परिपूर्ण रहा। विद्यालय प्रांगण में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम ने सीनियर्स की स्मृतियों को संजोते हुए उन्हें भविष्य की नई उड़ान के लिए शुभकामनाओं के साथ विदाई दी। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत उद्बोधन से हुई, जिसके बाद कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य, गीत, नाट्य रूपांतरण और भावपूर्ण भाषणों के माध्यम से अपने सीनियर्स के प्रति आदर, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की। प्रस्तुतियों में विद्यालयीन जीवन की यादें, मित्रता के पल और सफलता की कहानियाँ सजीव हो उठीं। इस अवसर पर कक्षा 12 के विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास की सराहना करते हुए उन्हें विद्यालय की प्रेरणादायी धरोहर बताया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण कार्यक्रम का सबसे बहुप्रतीक्षित क्षण रहा मिस फेयरवेल एवं मिस्टर फेयरवेल 2025-26 की घोषणा। व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, प्रस्तुति कौशल और मंच संचालन की प्रभावशीलता के आधार पर प्रशंसा यादव को मिस फेयरवेल 2025-26 तथा अमित अग्रवाल को मिस्टर फेयरवेल 2025-26 चुना गया। दोनों विजेताओं ने अपनी शालीनता और प्रतिभा से उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया। भावनाओं के साथ नई शुरुआत समारोह के समापन पर विद्यालय परिवार ने बैच 2025-2026 को उज्ज्वल भविष्य, निरंतर सफलता और जीवन में ऊँचाइयों को छूने की शुभकामनाएँ दीं। भावुक वातावरण में सीनियर्स ने अपने अनुभव साझा किए और कनिष्ठ विद्यार्थियों को परिश्रम एवं अनुशासन का संदेश दिया। फेयरवेल समारोह ने न केवल एक शैक्षणिक सत्र का समापन किया, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन के नए अध्याय की प्रेरक शुरुआत का भी संदेश दिया।
डूमर कछार निकाय की साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न, 24 बिंदुओं पर गहन मंथन – अब हर शनिवार होगी जनसुनवाई भी
✍️ भागीरथी यादव अनूपपुर। डूमर कछार नगर निकाय में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से प्रति सप्ताह आयोजित की जाने वाली समीक्षा बैठक 14 फरवरी, शनिवार को परिषद सभागार में आयोजित हुई। बैठक में कुल 24 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. सुनील कुमार चौरसिया (अध्यक्ष एवं जिला योजना समिति सदस्य) ने की। इस अवसर पर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों में पार्षद बिजेंद्र देवांगन, सरिता यादव, रवि सिंह, जीतेन्द्र चौहान, पार्वती सिंह गोंड़, राकेश दिवान तथा पार्षद प्रतिनिधि योगेश पालीवाल सहित निकाय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। नवाचार की दिशा में निकाय का कदम बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. चौरसिया ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे, इसके लिए निकाय स्तर पर कार्यप्रणाली में नवाचार किया जा रहा है। इसी क्रम में आगामी शनिवार से साप्ताहिक समीक्षा बैठक के साथ ही जनसुनवाई को भी जोड़ा जाएगा। निर्णय के अनुसार प्रत्येक शनिवार प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आम नागरिक सीधे जनसुनवाई के माध्यम से अपनी समस्याएं निकाय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रख सकेंगे। प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जवाबदेही और पारदर्शिता पर जोर बैठक में विभिन्न विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण कर नागरिकों को राहत प्रदान करें। डूमर कछार निकाय द्वारा समीक्षा बैठक के साथ जनसुनवाई की पहल को प्रशासनिक पारदर्शिता और जनभागीदारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे नागरिकों की समस्याओं के समाधान में गति आने की उम्मीद है।
राजनांदगांव में ‘चार्ली गैंग’ का पर्दाफाश, 7 बदमाश हथियारों सहित गिरफ्तार
✍️ भागीरथी यादव राजनांदगांव पुलिस ने शहर में दहशत फैलाने वाले कुख्यात ‘चार्ली गैंग’ का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 पिस्टल, 2 देशी कट्टे और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया है। यह कार्रवाई चिखली चौकी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के मुताबिक 12 फरवरी 2026 को शंकरपुर क्षेत्र से सूचना मिली थी कि डब्बा मैदान कब्रिस्तान के पास एक युवक अपने साथियों के साथ हथियार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में मुख्य आरोपी शिवम सिन्हा (26) ने बताया कि उसने अपने साथी विक्की देशमुख के साथ मिलकर मध्यप्रदेश के धार-बड़वानी क्षेत्र से अवैध हथियार खरीदे थे। जांच के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम सामने आए, जिसके बाद साइबर सेल की मदद से दुर्ग और धमतरी तक कार्रवाई कर शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस के अनुसार, गैंग के अधिकांश सदस्यों पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं— शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली पर मारपीट और प्रतिबंधात्मक धाराओं के कई केस दर्ज हैं। डिगम्बर साहू उर्फ छोटू (27) पर मारपीट और अवैध वसूली के मामले हैं। सेवक कश्यप उर्फ डाला (22) आर्म्स एक्ट और मारपीट के मामलों में संलिप्त रहा है। गुंजेश वर्मा उर्फ शिवा (26) और विक्की देशमुख उर्फ मोनू (25) पर छेड़खानी और धमकी के केस दर्ज हैं। जतीनदास मानिकपुरी (27) को पिस्टल के साथ पकड़ा गया। उमेश साहू उर्फ बठालू (26) हत्या के प्रयास (धारा 307) का पुराना आरोपी है। इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध हथियार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
जगदलपुर में CGMSC के SDO की कार में संदिग्ध हालात में मौत
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (CGMSC) के एक अधिकारी की लाश कार के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान शोभाराम देवहारी (43) के रूप में हुई है, जो एसडीओ पद पर पदस्थ थे और मूलतः बालोद जिले के निवासी थे। पुलिस के अनुसार, मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है। शनिवार, 14 फरवरी की सुबह उनका शव इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम के पास खड़ी कार में मिला। यह स्थान उनके निवास कुशवाहा भवन, माड़िया चौक से लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर जब काफी देर से खड़ी कार पर पड़ी तो उन्होंने अंदर झांककर देखा। ड्राइविंग सीट पर शोभाराम देवहारी बेसुध अवस्था में पाए गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल बोधघाट पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान कार की तलाशी लेने पर अंदर से शराब की बोतल और चखना बरामद हुआ है। हालांकि, मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
दिनदहाड़े किसान से ₹2.5 लाख की लूट, पल्सर सवार बदमाश फरार — नाकेबंदी, CCTV खंगाल रही पुलिस
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के राहौद नगर में दिनदहाड़े एक किसान से करीब ढाई लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात युवक नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान पामगढ़ स्थित बैंक से धान बिक्री की रकम निकालकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। मौका मिलते ही उन्होंने किसान के हाथ से नकदी से भरा बैग छीना और तेजी से फरार हो गए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई। सूचना मिलते ही राहौद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें आरोपी नजर आए हैं। फुटेज में बाइक चालक हेलमेट पहने दिखाई दे रहा है, जिससे पहचान में कठिनाई आ रही है। पुलिस ने जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी है और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
जमानत पर छूटा लखन देवांगन बना हत्यारा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हत्या के बाद लगाई फांसी
बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरदफोड़ में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद रहा और हाल ही में जमानत पर छूटा लखन देवांगन (57 वर्ष) आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा और वहां कार्यरत 54 वर्षीय उगेश्वरी देवांगन की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने उसी केंद्र के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, लखन देवांगन दोपहर में आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा। उसने पहले वहां मौजूद बच्चों को बाहर भेजा और सहायिका को भी किसी बहाने से केंद्र से बाहर कर दिया। इसके बाद अंदर से दरवाजा बंद कर उगेश्वरी देवांगन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद लखन ने आंगनबाड़ी केंद्र के अंदर ही फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राकेश ठाकुर ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दोनों मृतक एक ही गांव के निवासी थे। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
जांजगीर-चांपा में सनसनी: बहन से मोबाइल पर बात करने से नाराज भाई ने रची हत्या की साजिश, युवक को चाकू मारकर तालाब में फेंका
जांजगीर-चांपा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। बहन से मोबाइल पर बातचीत करना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। नाबालिग भाई ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। यह घटना राहौद चौकी क्षेत्र के ग्राम धरदेई की है। एसडीओपी यदुमणी सिदार के अनुसार, 11 फरवरी की रात धरदेई स्थित पुरेना तालाब में एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान राहुल चौहान, निवासी दर्रा थाना भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल 11 फरवरी को शिवरीनारायण मेले में शामिल होने आया था। मेला देखने के बाद वह अपनी मौसी के घर ग्राम धरदेई गया था। राहुल का गांव में पहले से आना-जाना था और वह एक युवती से मोबाइल पर बातचीत करता था। इसी बात से युवती का नाबालिग भाई नाराज था और उसने राहुल को कई बार बातचीत बंद करने की चेतावनी दी थी। जब राहुल ने बात करना बंद नहीं किया तो नाबालिग ने अपने पांच दोस्तों के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। 11 फरवरी की शाम आरोपियों ने राहुल को तालाब के पास बुलाया और वहां उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव को पुरेना तालाब में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग आरोपी के अलावा इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड मनीष चौहान, उसके सहयोगी राजवीर आदिले और शाहिल सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आपसी रिश्तों और संवाद की कमी किस तरह युवाओं को अपराध की राह पर धकेल रही है। मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली और कई परिवारों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी।
















