आदर्श दुर्गोत्सव समिति का स्वर्ण जयंती नवरात्रि महोत्सव : अरपा आरती, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और भव्य आयोजन ने खींचा जनसैलाब
भूषण प्रसाद श्रीवास बिलासपुर। आदर्श दुर्गोत्सव समिति के 50वें स्वर्ण जयंती वर्ष के नवरात्रि महोत्सव का दूसरा दिन आस्था और संस्कृति के रंग में डूबा रहा। महोत्सव की खास आकर्षण रही अरपा आरती, जिसे गंगा आरती की तर्ज पर सुश्री प्रज्ञा भारती जी के मार्गदर्शन में महिला सदस्यों ने बड़े श्रद्धा भाव से सम्पन्न कराया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने अरपा नदी संरक्षण का संकल्प लेते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का प्रण किया। मध्यप्रदेश के लोकप्रिय युवा नेता रवि चौधरी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने मां दुर्गा के दरबार में दर्शन कर आयोजन की सराहना की और इसे बिलासपुर की सांस्कृतिक धरोहर को संजोने का अनुकरणीय प्रयास बताया। कार्यक्रम के दौरान भजन, नृत्य और मां की स्तुति में प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। समिति ने बताया कि स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रतिदिन विशेष कार्यक्रम होंगे, जिनमें धार्मिक अनुष्ठान, सामाजिक जागरूकता गतिविधियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल हैं। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ा और माता रानी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं ने अनुशासित ढंग से दर्शन व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया।
कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल का प्रथम आगमन, चिरमिरी में भव्य स्वागत
एमसीबी। छत्तीसगढ़ सरकार के नवीन कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल का प्रथम आगमन कोयलांचल नगरी चिरमिरी में हुआ। इस अवसर पर चिरमिरी मंडल द्वारा दादू लाहिड़ी चौक डोमनहिल में दोपहर 12 बजे तथा यातायात चौक हल्दीबाड़ी में 2:30 बजे स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिरमिरी विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, भाजपा की चम्पा देवी पावले, नगर निगम महापौर राम नरेश राय, जिला महामंत्री द्वारिका जायसवाल, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। आयोजित प्रबुद्धजन संवाद सम्मेलन में मंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली और उनकी सरकार के ऐतिहासिक फैसलों—जीएसटी में राहत, राम मंदिर, तीन तलाक और कश्मीर मुद्दे—को देशहित में महत्वपूर्ण करार दिया। साथ ही कांग्रेस पर विदेशी ताकतों के इशारे पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया। नेताओं ने महतारी वंदन, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को आम जनता के लिए लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि मोदी युग की जीरो टॉलरेंस नीति भारत की नई पहचान है। मीडिया से चर्चा में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा— “मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। चिरमिरी का भी दौरा कर रहा हूँ, और मुख्यमंत्री से मिलकर क्षेत्र में बड़े पर्यटन कार्य करवाए जाएँगे।” अब क्षेत्र की जनता की नजरें इस पर टिकी हैं कि चिरमिरी में विकास की गंगा कब तक बहना शुरू होगी।
🚨 Korba Breaking 🚨
✍️ भागीरथी यादव कबाड़ी मुकेश कुमार साहू उर्फ़ बरबट्टी को न्यायालय से 02 माह का कारावास एवं 3 लाख 50 हजार रुपये जमा करने का दंड 👉 भाई से 03 लाख रुपये उधार लेकर लौटाने से किया था इंकार 👉 सिक्योरिटी के रूप में दिया चेक बाउंस होने पर मिला दंड 👉 फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कोयला चोरी के मामले में पूर्व में हो चुका है 3 वर्ष का सजा 👉 चेक बाउंस के एक अन्य मामले में भी मिल चुका है 3 माह की सजा और 1 लाख 40 हजार रुपये का दंड मामला क्या है? कोरबा जिले के कबाड़ी मुकेश कुमार साहू उर्फ़ बरबट्टी को माननीय सत्र न्यायालय ने 02 माह का साधारण कारावास और 3 लाख 50 हजार रुपये प्रतिकर राशि जमा करने की सजा सुनाई है। यह मामला चेक बाउंस से जुड़ा हुआ है। आवेदक शैलेश कुमार साहू (भाई) ने बताया कि आरोपी ने व्यवसायिक काम के लिए 3 लाख रुपये उधार लिए थे। सुरक्षा के रूप में दिया गया चेक बैंक में प्रस्तुत करने पर धनराशि उपलब्ध न होने के कारण बाउंस हो गया। इस पर शैलेश साहू ने धारा 138 परक्राम्य लिखित अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया। माननीय न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी न्यायालय, कोरबा ने आरोपी को दोषी ठहराया था। आरोपी ने इस फैसले के विरुद्ध सत्र न्यायालय में अपील दायर की, लेकिन सत्र न्यायालय ने अपील खारिज कर निचली अदालत का फैसला बरकरार रखा। आदेश के बाद आरोपी को जेल भेजा गया। आरोपी का आपराधिक इतिहास 2014 में गेवरा दीपका कॉलरी में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कोयला चोरी के मामले में 3 वर्ष का कारावास। जाहिद खान से ट्रक खरीदी रकम के लिए चेक बाउंस मामले में 3 माह की सजा और 1 लाख 40 हजार रुपये जमा करने का दंड। पैरवी आरोपी की ओर से अधिवक्ता कमलेश साहू, जबकि आवेदक की ओर से अधिवक्ता बलराम तिवारी ने पक्ष रखा। न्यायालय में आरोपी द्वारा प्रस्तुत तर्क अधिवक्ता बलराम तिवारी के तथ्यात्मक तर्कों के आगे टिक नहीं सके।
ब्रेकिंग न्यूज़ : कोरबी चोटिया
सुशील जायसवाल ट्रेलर की ठोकर से हाथी घायल – , वाहन जब्त कोरबा/कोरबी चोटिया। कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज अंतर्गत तनेरा–रानी अटारी वनमार्ग पर आज तड़के लगभग 4:15 बजे एक ट्रेलर की ठोकर से हाथी घायल हो गया। जानकारी के अनुसार ट्रेलर (क्रमांक CG-12-KA-4924) कोरबी से रानी अटारी की ओर जा रहा था। मार्ग में हाथियों का झुंड विचरण कर रहा था। इसी दौरान हाथियों की चिंघाड़ सुनकर चालक केवला प्रसाद विश्वकर्मा घबरा गया और वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे एक मादा हाथी घायल हो गया। मौके पर हाथी की लीद भी पाई गई है। परिक्षेत्र सहायक अयोध्या प्रसाद सोनी ने बताया कि गजराज दल की गश्ती टीम ने एक मादा हाथी को लंगड़ाते हुए जंगल की ओर जाते देखा। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर के बंपर में बाल फंसे मिले हैं, जिनकी जांच 25 सितंबर को पशु चिकित्सक की उपस्थिति में की जाएगी। वन परिक्षेत्र अधिकारी मनीष सिंह ने संदेह के आधार पर ट्रेलर जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है। पुष्टि होने पर वन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इधर, पसान रेंज के तनेरा क्षेत्र में बीते एक सप्ताह से लगभग 54 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों के हमले में हाल ही में ग्रामीण घन सिंह (45 वर्ष) की मौत हो चुकी है। कई मवेशियों की भी जान गई है। हाथियों के लगातार आक्रमण से ग्रामीण दहशत भरी जिंदगी जीने को मजबूर हैं। फिलहाल हाथियों का यह दल तनेरा के लिंपट पहाड़ क्षेत्र में डटा हुआ है।
GST रिफॉर्म बने नमो उपहार, व्यापारियों में उत्साह और उपभोक्ताओं के चेहरे खिले
✍️ भागीरथी यादव कोरबा। शारदीय नवरात्र से शुरू हुए त्योहारी सीजन में इस बार बाजार में रौनक दोगुनी दिखाई दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित “नेक्स्ट जनरेशन GST सुधार” को व्यापारी बंधु “नमो उपहार” के रूप में देख रहे हैं। इससे न केवल कारोबार में चमक लौटी है बल्कि उपभोक्ताओं को भी कम कीमतों का सीधा लाभ मिल रहा है। दर्री मुख्य मार्ग पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि श्रम, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री लखनलाल देवांगन शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के इस निर्णय से व्यापारियों के चेहरे खिले हैं और उपभोक्ताओं को खरीदारी में राहत मिली है। उन्होंने इसे त्योहारी सीजन के लिए संजीवनी बताया। इस परिचर्चा में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। स्थानीय हार्डवेयर, मेडिकल, कपड़ा, स्टेशनरी व किराना व्यापारियों ने नए GST सुधारों की जानकारी आम उपभोक्ताओं से साझा की और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। व्यापारियों की राय व्यापारियों ने कहा कि नई GST व्यवस्था से— सरल कर संरचना से राहत मिलेगी टैक्स दरों में पारदर्शिता आएगी रोज़मर्रा की वस्तुओं पर उपभोक्ताओं को कम कीमतों का लाभ मिलेगा डिजिटल प्रक्रिया से टैक्स चुकाना आसान और समय बचाने वाला होगा इनपुट क्रेडिट का फायदा बढ़ेगा, जिससे मुनाफे में वृद्धि होगी उन्होंने माना कि यह पहल न केवल कारोबार को गति दे रही है बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी और मजबूत करेगी।
त्योहारी सीजन में जर्जर सड़कों ने बढ़ाई आमजन की परेशानियां, कांग्रेस नेताओं ने सौंपा दर्द भरा ज्ञापन
कोरबा। जब त्योहारी मौसम की खुशियाँ अपने चरम पर होती हैं, तब कोरबा के नागरिक जर्जर सड़कों की वजह से परेशानी में फंसे हुए हैं। दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा जैसे पर्वों में लोग अपने परिवार के साथ घर से बाहर निकलते हैं, लेकिन शहर और उप नगरीय क्षेत्रों की टूटी-फूटी सड़कें उनके उत्साह और सुरक्षा पर भारी पड़ रही हैं। नगर पालिका क्षेत्र की सड़कें बारिश से पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं और अब बारिश के बाद उनकी हालत और भी भयावह हो गई है। गड्ढों से भरी सड़कें हर दिन हादसों को न्योता दे रही हैं। छोटे-बड़े वाहन इन रास्तों पर मुश्किल से गुजर पाते हैं, और दुपहिया वाहन चालक, खासकर परिवार सहित लोग, हर कदम पर खतरे का सामना कर रहे हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर अजित वसंत और निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में कोरबा सांसद के प्रतिनिधि दिनेश सोनी, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष अजय जायसवाल और पूर्व पार्षद महेश अग्रवाल शामिल थे। ज्ञापन में कहा गया कि शहर और उपनगर के मुख्य मार्ग और गली-मोहल्ले बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। त्योहारी सीजन में बढ़ते यातायात के दबाव में सड़कें और भी खतरनाक हो जाएंगी। नेताओं ने आग्रह किया कि नगर निगम और प्रशासन तुरंत हर मार्ग का संज्ञान लेकर सड़क मरम्मत कराए, ताकि आमजन अपने परिवार के साथ सुरक्षित रूप से त्योहारी खुशियाँ मना सकें।
अग्रवाल सभा ने मारवाड़ी युवा मंच को किया सम्मानित
✍️ भागीरथी यादव दर्री–जमनिपाली–जैलगाँव। अग्रवाल सभा दर्री–जमनिपाली–जैलगाँव ने मारवाड़ी युवा मंच को अग्रसेन जयंती के भव्य और सफल आयोजन में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया। यह सम्मान मंच के समर्पण, मेहनत और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी का प्रतीक है। सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि मंच ने समाज और संस्कृति के इस पर्व को अनुशासन, रचनात्मकता और आकर्षक अंदाज़ में संपन्न कराकर सबका मन मोह लिया। मंच के हर सदस्य ने मिलकर इस कार्यक्रम को यादगार बना दिया। मंच अध्यक्ष प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज को जोड़ने, आपसी तालमेल और सहयोग की भावना मजबूत करने का भी जरिया हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को खेल भावना से प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। अग्रवाल सभा अध्यक्ष प्रेम अग्रवाल ने मंच द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए प्रतीक अग्रवाल को बधाई दी और उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में आयोजित चित्रकला, स्लोगन लेखन, फैंसी ड्रेस, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच परिवार और प्रतिभागियों ने अपने उत्साह, आनंद और खेल भावना से आयोजन को बेहद सफल बनाया। अंत में मंच परिवार ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी समाज सेवा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रचनात्मक गतिविधियों में अपनी सक्रिय और अग्रणी भूमिका निभाएगा, ताकि समाज में सद्भाव, सहयोग और एकता की भावना हमेशा जीवित रहे।
मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ‘‘आपरेशन बाज’’ में शराब तस्कर गिरफ्तार
मुंगेली। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘‘आपरेशन बाज’’ अभियान के तहत पुलिस ने अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। थाना पथरिया क्षेत्र में 22 वर्षीय प्रभू साहू को 30 पाव (5.4 लीटर) देशी प्लेन एवं मसाला शराब सहित गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब की कीमत 2,650 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी से तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी मेस्ट्रो (काला रंग, नंबर CG 22 L 5502) भी जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत केस दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील बंछोर, प्रभारी आरक्षक यशवंत डाहिरे और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। एसपी भोजराम पटेल ने कहा कि ‘‘मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा। ‘आपरेशन बाज’ का मकसद समाज में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।’’ 👉 यह कार्रवाई पुलिस की सख्त निगरानी और त्वरित कार्यवाही का साफ संकेत है कि जिले में अवैध गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं है।
मुंगेली में निशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर: महिलाओं और परिवारों ने पाई नई उम्मीद
मुंगेली। “स्वस्थ नारी, सशक्त नारी परिवार” अभियान के तहत 23 सितंबर को मुंगेली मंडी प्रांगण में आयोजित निशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर ने महिलाओं और परिवारों को नई उम्मीद दी। स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन और रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त प्रयास से लगे इस शिविर में सैकड़ों लोग दूर-दराज़ के गांवों से पहुंचे और मुफ्त जांच एवं परामर्श का लाभ उठाया। शिविर का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनकल्याण को लेकर किए गए प्रयासों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी शिविर स्थल पर पहुंचकर चिकित्सकों की टीम का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा – “यह शिविर केवल इलाज का साधन नहीं, बल्कि परिवारों को स्वस्थ और सशक्त बनाने का बड़ा संकल्प है।” शिविर में स्त्री रोग, हड्डी रोग, हृदय रोग, किडनी रोग, कैंसर और सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों की जांच व परामर्श की विशेष व्यवस्था की गई। खास बात यह रही कि ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाएं, जो अक्सर आर्थिक तंगी और दूरी के कारण इलाज नहीं करा पातीं, उन्होंने यहां मुफ्त जांच का लाभ उठाकर राहत महसूस की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी शीला शाह ने कहा – “इस तरह के शिविर लोगों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने का सबसे असरदार तरीका हैं। जागरूकता और सुविधा दोनों एक साथ मिलती हैं।” गांव की एक महिला ने खुशी जताते हुए कहा – “हम जैसे गरीब लोग बड़े डॉक्टर के पास नहीं जा पाते। यहां मुफ्त जांच और दवाई मिल रही है, इससे हमारे परिवार की चिंता कम हुई है।” कार्यक्रम में मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला आरोग्य समितियां, मातृ वंदना योजना की हितग्राही और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं। 👉 यह शिविर सिर्फ एक आयोजन नहीं रहा, बल्कि महिलाओं और परिवारों की ज़िंदगी में स्वास्थ्य और सुरक्षा की नई किरण लेकर आया।
कांग्रेस का केंद्र पर वार
“GST सुधार यात्रा ढोंग, असलियत में मोदी सरकार की नाकामी” मनेंद्रगढ़। केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई “GST सुधार यात्रा” और “उत्सव” पर कांग्रेस ने तीखा प्रहार किया है। जिला प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने कहा कि यह सुधार यात्रा दरअसल सरकार की नाकामियों को छुपाने का प्रयास है। मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2017 में ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चेतावनी दी थी कि जल्दबाज़ी और बिना तैयारी के लागू किया गया GST छोटे व्यापारियों और गरीब तबकों के लिए भारी संकट बनेगा। भाजपा ने उस वक्त उनकी बात का मज़ाक उड़ाया, लेकिन आठ वर्षों में हकीकत सबके सामने आ गई—MSME क्षेत्र को गहरी चोट पहुँची और लाखों छोटे व्यापारी बर्बाद हो गए। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि अब जब सरकार अधिकतम GST दर 18% करने और प्रक्रियाओं को आसान बनाने की घोषणा कर रही है, तो यह स्वीकारोक्ति है कि राहुल गांधी की बात सही थी। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यही करना था तो व्यापारियों और जनता को इतने वर्षों तक क्यों परेशान किया गया और गब्बर सिंह टैक्स के नाम पर लूट क्यों की गई? सौरव मिश्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा सुधार को उत्सव का रूप देकर जनता को गुमराह कर रही है। “आठ साल करों का डंडा चलाने के बाद आज मजबूरी में सुधार करने पर सरकार जश्न मना रही है, यह विडंबना है,” उन्होंने कहा। मिश्रा ने कहा कि भाजपा को सुधार का उत्सव मनाने से पहले देश के लोगों से माफी माँगनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस हमेशा व्यापारियों और आम जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनकी आवाज़ बनकर संघर्ष करती रहेगी।















