जांजगीर-चांपा में सनसनी: बहन से मोबाइल पर बात करने से नाराज भाई ने रची हत्या की साजिश, युवक को चाकू मारकर तालाब में फेंका
जांजगीर-चांपा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। बहन से मोबाइल पर बातचीत करना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। नाबालिग भाई ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। यह घटना राहौद चौकी क्षेत्र के ग्राम धरदेई की है। एसडीओपी यदुमणी सिदार के अनुसार, 11 फरवरी की रात धरदेई स्थित पुरेना तालाब में एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान राहुल चौहान, निवासी दर्रा थाना भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल 11 फरवरी को शिवरीनारायण मेले में शामिल होने आया था। मेला देखने के बाद वह अपनी मौसी के घर ग्राम धरदेई गया था। राहुल का गांव में पहले से आना-जाना था और वह एक युवती से मोबाइल पर बातचीत करता था। इसी बात से युवती का नाबालिग भाई नाराज था और उसने राहुल को कई बार बातचीत बंद करने की चेतावनी दी थी। जब राहुल ने बात करना बंद नहीं किया तो नाबालिग ने अपने पांच दोस्तों के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। 11 फरवरी की शाम आरोपियों ने राहुल को तालाब के पास बुलाया और वहां उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव को पुरेना तालाब में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग आरोपी के अलावा इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड मनीष चौहान, उसके सहयोगी राजवीर आदिले और शाहिल सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आपसी रिश्तों और संवाद की कमी किस तरह युवाओं को अपराध की राह पर धकेल रही है। मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली और कई परिवारों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी।
बीजापुर में 30 किलो आईईडी बरामद, बड़ी नक्सली साजिश नाकाम
बीजापुर। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी नक्सली साजिश को समय रहते विफल कर दिया। आवापल्ली–मुरदण्डा सड़क मार्ग पर मुरदण्डा कैंप से करीब 3 किलोमीटर दूर 30 किलो का आईईडी बरामद किया गया। 12 फरवरी को सीआरपीएफ की 196वीं और 170वीं बटालियन की संयुक्त टीम डिमाइनिंग ड्यूटी पर निकली थी। तलाशी के दौरान जवानों को सड़क किनारे गहराई में दबा भारी विस्फोटक मिला। सूचना पर बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंचा और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आईईडी को मौके पर ही नष्ट कर दिया। विस्फोट से सड़क पर गड्ढा हो गया, जिसे तुरंत भरकर आवागमन बहाल किया गया। समय रहते कार्रवाई से संभावित बड़ी जनहानि टल गई है। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी है।
रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार
रायपुर। टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान राजधानी में संचालित हो रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 लाख रुपये नकद सहित कुल लगभग 19.70 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं धारा 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को 11 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि कबीर नगर थाना क्षेत्र के फेस-02 तिरंगा चौक के पास ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त टीम ने दबिश दी। रेड के दौरान कुछ लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया गिरफ्तार आरोपियों में दीपक सचदेवा (30), गौरव सचदेवा (29), ऋषभ रंगलानी (30) और ओम खेमानी (30) शामिल हैं। सभी आरोपी रायपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। जांच में सामने आया कि आरोपी ramco777.com, wood777.com और powerexch.com जैसी ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइटों पर मास्टर आईडी बनाकर कमीशन के आधार पर अन्य लोगों को आईडी उपलब्ध कराते थे। वे सट्टा खेलने वालों को आईडी बेचकर अवैध लाभ अर्जित कर रहे थे। लेन-देन के लिए कथित “म्यूल खातों” का उपयोग किया जा रहा था, जो किराये पर लिए गए थे। पुलिस अब संबंधित खाताधारकों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की तैयारी में है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 17 लाख रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन, 4 बैंक पासबुक, 1 चेकबुक तथा 27 एटीएम/क्रेडिट/डेबिट कार्ड जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 19.70 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।
चिरमिरी में 3 करोड़ का मंगल भवन बदहाल, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के स्टे से अटका प्रोजेक्ट
✍️ भागीरथी यादव चिरमिरी के दादू लाहिड़ी चौक सोनावनी के समीप निर्मित मंगल भवन आज बदहाली की स्थिति में पहुंच गया है। भवन के भीतर गौवंश घूमते नजर आ रहे हैं और फर्श पर फैला गोबर इस बात का संकेत देता है कि इमारत लंबे समय से बंद और उपेक्षित पड़ी है। जानकारी के अनुसार इस मंगल भवन का निर्माण कांग्रेस शासनकाल में तत्कालीन मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ. विनय जायसवाल के कार्यकाल में शुरू हुआ था। निर्माण कार्य पूर्ण होने से पहले एसईसीएल से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं लेने के कारण कंपनी द्वारा आपत्ति दर्ज की गई और कार्य पर रोक लग गई। इसके बाद भवन अधूरा ही रह गया। करीब 3 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट में ठेकेदार द्वारा लगभग 1 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की बात सामने आ रही है। भुगतान अटकने के कारण निर्माण आगे नहीं बढ़ सका। वर्तमान में भवन के दरवाजे-खिड़कियां तक उखाड़े जा रहे हैं। न तो कोई सुरक्षा व्यवस्था है और न ही किसी विभाग की नियमित निगरानी। परिणामस्वरूप करोड़ों की सार्वजनिक संपत्ति धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त हो रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिस भवन पर एसईसीएल ने रोक लगाई है, उसके ठीक पीछे राजपूत भवन संचालित है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब अन्य भवनों का निर्माण संभव है तो आम जनता के उपयोग के लिए बनाए गए मंगल भवन पर ही रोक क्यों कायम है। वर्तमान में प्रदेश में भाजपा सरकार है और मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल कर रहे हैं, इसके बावजूद भवन अब तक जनता के उपयोग में नहीं आ सका है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन एवं संबंधित विभाग इस मामले में स्पष्ट पहल करें, स्टे की स्थिति स्पष्ट करें और भवन को शीघ्र पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाए।
मनेन्द्रगढ़ में ‘युवा संवाद बजट 2026’ का आयोजन
✍️ भागीरथी यादव मनेन्द्रगढ़ – विमल श्री परिसर में “युवा संवाद बजट 2026” के अंतर्गत संभाग स्तरीय बजट युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रत्येक बजट युवाओं के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में केंद्रित है। उन्होंने युवाशक्ति को राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, रोजगार सृजन, आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य तथा बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा किया गया, जिसमें जिले और संभाग भर से बड़ी संख्या में युवा, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर उत्साहपूर्ण वातावरण और संगठनात्मक एकजुटता देखने को मिली। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिया ने की। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, नपा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीमा यादव, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा तथा प्रदेश उपाध्यक्ष कोमल पटेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। संवाद सत्र में केंद्र एवं राज्य सरकार के बजट 2026 की प्रमुख घोषणाओं और योजनाओं की जानकारी दी गई। रोजगार सृजन, स्टार्टअप प्रोत्साहन, स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सशक्तिकरण और आधारभूत ढांचे के विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। खुले मंच पर युवाओं ने प्रश्न भी रखे, जिनका अतिथियों ने जवाब दिया। प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिया ने कहा कि बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का रोडमैप है। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन के साथ समापन हुआ तथा युवाओं ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
पंचवटी पहाड़ पर 50 फीट ऊंची शिव प्रतिमा तैयार, महाशिवरात्रि पर होगा लोकार्पण
✍️ भागीरथी यादव चिरमिरी। हल्दीबाड़ी रेस्ट हाउस रोड स्थित पंखा दफाई के समीप पंचवटी पहाड़ पर 50 फीट ऊंची भव्य भगवान शिव की प्रतिमा का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। नगर निगम चिरमिरी द्वारा लगभग 49 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह विशाल प्रतिमा महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं को समर्पित की जाएगी। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, आरती एवं विशाल भोग-भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर नगरवासियों और शिवभक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। यह शिव प्रतिमा पंचवटी पहाड़ पर स्थानीय भूमि तल से लगभग 1000 मीटर तथा समुद्र तल से करीब 2000 मीटर की ऊंचाई पर स्थापित की गई है। ऊंचाई पर स्थित होने के कारण यह प्रतिमा चिरमिरी क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से अत्यंत आकर्षक एवं अलौकिक प्रतीत होती है। पहाड़ तक जाने वाले मार्ग पर की गई प्रकाश व्यवस्था तथा प्रतिमा के समीप स्थापित दूधिया रोशनी रात्रि में इसकी भव्यता को और बढ़ा देती है। संकल्प पूरा: स्थापना तक तीन शिवभक्त रहे नंगे पांव प्रतिमा स्थापना को लेकर क्षेत्र के अधिवक्ता पतिराज सिंह, पूर्व एल्डरमैन उमाशंकर अलगमकर एवं समाजसेवी संतोष श्रीवास्तव ने विशेष संकल्प लिया था। उन्होंने प्रण किया था कि जब तक पंचवटी पहाड़ पर महादेव की प्रतिमा की विधिवत स्थापना नहीं हो जाती, तब तक वे नंगे पांव रहेंगे। भीषण ठंड, गर्मी और वर्षा के बावजूद उन्होंने अपना संकल्प निभाया, जो अब 15 फरवरी को पूर्ण होगा। तीनों ने इसे भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक बताया है।
बुजुर्ग ने अवैध कटाई और कब्जे की शिकायत की, डीएफओ ने एसडीओ को सौंपी जांच
✍️ भागीरथी यादव एमसीबी। वनमंडल के मनेंद्रगढ़ परिक्षेत्र अंतर्गत बिहारपुर, सरभोका और नवाडीह प्लांटेशन क्षेत्र में जंगल की अवैध कटाई और शासकीय भूमि पर कब्जे का मामला सामने आया है। 12 फरवरी 2026 को 117 वर्षीय बुजुर्ग संपत यादव शिकायत पत्र लेकर डीएफओ कार्यालय पहुंचे और गंभीर आरोप लगाए। शिकायत पत्र के अनुसार चिरईपानी, नवाडीह एवं सरभोका प्लांटेशन क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा जंगल साफ कर कृषि कार्य किया जा रहा है। आरोप है कि कुजल सिंह एवं शेर सिंह (पिता स्व. हरिलाल) ने पेड़-पौधों की अवैध कटाई कर शक्तिनदी को बांधकर मठानी कर खेत एवं मेड़ तैयार किए हैं। इसी तरह दिनेश केवट एवं विकास केवट (पिता स्व. नारायण केवट) पर भी जंगल उजाड़कर खेती योग्य भूमि तैयार करने का आरोप लगाया गया है। वहीं विमल यादव (पिता स्व. बाबूलाल यादव) द्वारा सरभोका प्लांटेशन क्षेत्र को तार से घेरकर कब्जा करने की शिकायत की गई है। उल्लेखनीय है कि संबंधित प्लांटेशन क्षेत्र में शासन द्वारा आंवला एवं रत्नजोत के पौधे लगाए गए थे। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस संबंध में नागपुर डिपो में पूर्व में सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बुजुर्ग संपत यादव ने वन विभाग से मांग की है कि आरोपितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जा हटाया जाए तथा पुनः प्लांटेशन कराया जाए, ताकि शासकीय भूमि एवं वन संपदा सुरक्षित रह सके। इनका कहना है नवपदस्थ डीएफओ चंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि एक बुजुर्ग शिकायतकर्ता उनसे मिलने आए थे। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए संबंधित एसडीओ को निर्देशित किया गया है। एसडीओ द्वारा स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बिलासपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक रात में 126 वारंटी और 11 फरार आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए गए विशेष कांबिंग गश्त अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक ही रात में 126 वारंटियों और 11 लंबे समय से फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 41 निगरानीशुदा गुंडा-बदमाशों की सघन जांच कर उन्हें वैधानिक चेतावनी दी गई। डीआईजी सह एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर मंगलवार रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाया गया। करीब 300 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें बनाकर संभावित ठिकानों, संदिग्ध स्थानों, होटल-ढाबों और वारंटियों के घरों पर दबिश दी गई। 126 वारंटियों की गिरफ्तारी अभियान के दौरान कुल 126 वारंटियों को पकड़ा गया। इनमें 50 स्थायी वारंटी और 76 गिरफ्तारी वारंट से संबंधित आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहे 11 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए अभिरक्षा में लिया गया। निगरानी बदमाशों की चेकिंग, 10 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई निगरानी सूची में दर्ज 41 गुंडा-बदमाशों का सत्यापन किया गया और उनकी गतिविधियों की जांच की गई। संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 10 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। एक व्यक्ति के पास से धारदार हथियार बरामद होने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पिछले एक सप्ताह में 105 लोगों पर नशे की हालत में वाहन चलाने के मामले दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
पलक विकास सुखवानी के प्रयासों से वार्ड 13 में गार्डन व चौपाटी निर्माण को 1 करोड़ की स्वीकृति, मंत्री टंक राम वर्मा का जताया आभार
तिल्दा-नेवरा। नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा के वार्ड क्रमांक 13 को एक बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वार्ड में आधुनिक गार्डन एवं चौपाटी निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। वार्ड 13 के पार्षद एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष पलक विकास सुखवानी ने इस स्वीकृति के लिए प्रदेश सरकार एवं मंत्री टंक राम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की लंबे समय से मांग थी कि क्षेत्र में एक सुव्यवस्थित गार्डन और चौपाटी का निर्माण किया जाए, जिससे नागरिकों को मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान मिल सके। शासन की स्वीकृति से अब यह मांग पूरी होने जा रही है। मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि गार्डन में चौपाटी निर्माण से नागरिकों को एक ही स्थान पर घूमने, बैठने और समय बिताने की बेहतर सुविधा मिलेगी। बच्चों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह स्थान आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह निर्माण कार्य क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ लोगों के जीवन स्तर को भी सकारात्मक रूप से प्रभावित करेगा। स्थानीय नागरिकों ने भी इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उनका कहना है कि वार्ड 13 में बनने वाला नया गार्डन क्षेत्र की पहचान बनेगा और परिवार के साथ समय बिताने के लिए एक नया व बेहतर स्थान उपलब्ध कराएगा। नगर पालिका द्वारा शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
व्हाट्सऐप के जरिए चल रहा था सट्टे का धंधा, चिरमिरी पुलिस ने आरोपी दबोचा
✍️ भागीरथी यादव एमसीबी जिले के चिरमिरी शहर में मोबाइल और व्हाट्सऐप के माध्यम से संचालित हो रहे सट्टे के अवैध कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। छोटा बाजार क्षेत्र की एक गली में आरोपी घर के सामने बैठकर सट्टा-पट्टी का खेल चला रहा था। जिला पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिरमिरी थाना प्रभारी विजय सिंह ने विशेष टीम गठित की थी। मुखबिर से मिली सूचना पर टीम ने छोटा बाजार निवासी सदानंद उर्फ सद्दा बिसाई (लगभग 56 वर्ष) के ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस ने मौके पर सदानंद को व्हाट्सऐप के जरिए सट्टा-पट्टी लेते हुए पकड़ा। तलाशी में उसके पास से सट्टा-पट्टी, नगद 2,210 रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिन्हें जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सदानंद संगठित तरीके से सट्टा संचालित कर रहा था और छोटा बाजार निवासी शिवराम सोनवानी तक सट्टा-पट्टी पहुंचाता था। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के दौरान शिवराम फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। जब्त मोबाइल में मिले अन्य संपर्क नंबरों की भी जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय सिंह सहित प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, अशोक एक्का, विश्वनाथ सिंह, चंद्रसेन राजपूत, मदन राजवाड़े, हाफिज कुरैशी तथा महिला आरक्षक राजेंद्र कुमारी और यसोदा राजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
















