दुर्गापाली विद्यालय एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से की सौजन्य भेंट
कुबेर नायक महासमुंद/ रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा के नेतृत्व में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्गापाली के समस्त शिक्षकगण एवं ग्राम पंचायत पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन माननीय विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने 11 अगस्त को मुख्यमंत्री द्वारा दुर्गापाली आगमन पर आभार व्यक्त किया। मुलाकात के दौरान विद्यालय एवं ग्राम पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विद्यालय के लिए शिक्षकों के रिक्त पदों की पूर्ति, प्रार्थना शेड निर्माण, अटल टिंकरिंग लैब, सायकल स्टैंड, अपूर्ण अहाता निर्माण, कृषि संकाय संचालन तथा व्यावसायिक शिक्षा पाठ्यक्रम की स्वीकृति प्रदान की। इसी प्रकार ग्राम पंचायत दुर्गापाली के विभिन्न विकास कार्यों के लिए 32 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री ने आगामी शिक्षा सत्र से दुर्गापाली में नवीन शासकीय महाविद्यालय प्रारंभ करने का आश्वासन भी दिया। भेंट के दौरान प्राचार्य निमंकर पटेल, व्याख्याता पुनितलाल चौधरी, श्रीमती सीता सिंह, जयदेव साहू, शिवप्रसाद पटेल, राजेश पंडा, श्रीमती एकता शर्मा, देवराज पाणिग्रही, भूपेंद्र खूंटे, अतिथि शिक्षक अंगद अजगर एवं रामप्रसाद यादव, विद्यालय स्टाफ आशीष दीवान, श्रीमती रजनी राठिया, केदार पटेल सहित ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती मौना पटेल, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष चितरंजन पटेल, राजकुमार पटेल, खेमराज पटेल, भुवनेश्वर पटेल एवं श्याम कुमार पटेल मौजूद रहे।
छात्रों को पहाड़ी का कराया गया शैक्षणिक भ्रमण
कुबेर नायक। महासमुंद शासकीय हाई स्कूल रोहिना में प्रभारी प्राचार्य अजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व एवं इको क्लब प्रभारी कमलेश साहू के मार्गदर्शन में छात्रों को स्कूल के पीछे स्थित पहाड़ी का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने न सिर्फ इको सिस्टम से परिचय प्राप्त किया बल्कि प्राकृतिक दृश्य एवं विभिन्न भू-आकृतियों का भी अवलोकन किया। व्याख्याता कमलेश साहू ने बताया कि स्कूल के पीछे स्थित पहाड़ी का नैसर्गिक सौंदर्य विशेषकर बरसात के दिनों में देखते ही बनता है। यहां से बहने वाले बरसाती झरनों की तुलना उन्होंने “नर्मदा के उद्गम अमरकंटक” से की और छात्रों को बताया कि किस प्रकार नर्मदा कुंड से निकलकर नदी अदृश्य हो जाती है और कपिलधारा में प्रकट होती है। भ्रमण के दौरान छात्रों ने पर्वतारोहण का अनुभव प्राप्त किया तथा ढाल, कगार, खड्ड, घाटी, कुंड, चट्टानें और झरनों जैसी भौगोलिक स्थलाकृतियों को नजदीक से देखा। अपरदन एवं निक्षेपण की प्राकृतिक क्रियाओं को प्रत्यक्ष देखने का अवसर उन्हें रोमांचित कर गया। पहाड़ी की ऊंचाई से गांव और स्कूल का मनोरम दृश्य देखकर छात्र उत्साहित हुए और सामूहिक रूप से गीत “पहाड़ी पे पेड़ था” गाकर आनंद लिया। कार्यक्रम में छात्रों को विभिन्न वनस्पतियों, उनकी दैनिक जीवन में उपयोगिता और पर्यावरण संरक्षण का महत्व भी समझाया गया। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य एके जायसवाल, व्याख्याता केके साहू, शिक्षक एल.के. पटेल, ए.के. पटेल, एस.के. पटेल, लीला पटेल एवं के. कमार सहित अन्य शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।
ब्रेकिंग न्यूज़ लोनर हाथी ने अधेड़ व्यक्ति को पटककर किया घायल!
सुशील जायसवाल कोरबी चोटिया। कटघोरा वन मंडल के पसान रेंज अंतर्गत ग्राम तनेरा (जलके) सर्किल में आज तड़के सुबह बड़ा हादसा हो गया। लगभग सुबह 4 बजे गांव के निवासी शिवराम पिता धन सिंह (पटेल पारा, तनेरा) दिशा मैदान के लिए निकले थे। इसी दौरान उनका सामना अचानक एक लोनर हाथी से हो गया। बराए शिवराम ने भागने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने उन्हें अपनी सूंड से पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिक्षेत्र सहायक अधिकारी अयोध्या प्रसाद सोनी, वनरक्षक सुरेश कुमार यादव तथा गजराज दल की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल घायल को इलाज के लिए अस्पताल रवाना किया गया। ग्रामीणों में हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही और चिंघाड़ से दहशत का माहौल बना हुआ है।
एसईसीएल रानी अटारी माइंस में ठेका मजदूरों का शोषण, हड़ताल से कोयला उत्पादन ठप
सुशील जायसवाल कोरबी चोटिया। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत अडसरा स्थित रानी अटारी एवं विजय वेस्ट भूमि-गत कोयला खदान में ठेका मजदूरों का शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। यहां जे.एम.एस. कंपनी के तहत कार्यरत 100 से अधिक स्थानीय मजदूर 15 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जिससे कोयला उत्पादन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ठेकेदार पर जबरन वसूली का आरोप मजदूरों का कहना है कि जून 2025 में उनके बैंक खातों में मजदूरी राशि प्रति हाजिरी 1316 रुपये की दर से जमा की गई थी, लेकिन साइट मुंशी के जरिए ठेकेदार परमानंद कुमार ने जबरन 658 रुपये प्रति हाजिरी वापस ले लिए। यही नहीं, मजदूरों को सुरक्षा उपकरणों की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी केवल साल में एक बार ड्रेस, हेलमेट और गंबुट उपलब्ध कराती है, जो खराब होने पर मजदूरों को अपने खर्चे से खरीदना पड़ता है। कंपनी प्रबंधन पर संरक्षण का आरोप मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया है कि कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश मिश्रा और बिलिंग सेक्शन के कर्मचारी ठेकेदार को संरक्षण दे रहे हैं। यही कारण है कि वर्षों से यह शोषण का सिलसिला जारी है। सूचना अधिकार से मांगी गई जानकारी जनपद सदस्य संतोष मरावी ने एसईसीएल रानी अटारी चिरीमिरी क्षेत्र के महाप्रबंधक कार्यालय से सूचना अधिकार अधिनियम 2005 के तहत ठेकेदारों को किए गए भुगतान, श्रमिकों की सूची, मजदूरी, पीएफ कटौती और श्रमिकों के पीएफ नंबर की जानकारी मांगी है। मजदूरों की आरपार की लड़ाई ठेका मजदूरों ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार वे अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं धरना प्रदर्शन के कारण रानी अटारी और विजय वेस्ट माइंस में कोयला उत्पादन बंद हो गया है, जिससे कंपनी को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
19 सितम्बर 2025, शुक्रवार का दैनिक राशिफल
✍️ भागीरथी यादव ♈ मेष (Aries) आज आत्मविश्वास मजबूत रहेगा। कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियाँ मिल सकती हैं। आर्थिक लाभ के योग हैं। परिवार में सुखद समाचार मिलेगा। ♉ वृषभ (Taurus) परिवार में खुशियाँ रहेंगी। प्रेम संबंधों में प्रगाढ़ता बढ़ेगी। व्यापार में उन्नति होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें, थकान हो सकती है। ♊ मिथुन (Gemini) मित्रों के साथ समय अच्छा गुजरेगा। शिक्षा व प्रतियोगिता में सफलता की संभावना है। दफ्तर में अधिकारियों से सहयोग मिलेगा। ♋ कर्क (Cancer) घर-परिवार की देखभाल में दिन व्यस्त रहेगा। आर्थिक मामलों में सावधानी जरूरी है। यात्रा से लाभ होगा। दांपत्य जीवन मधुर रहेगा। ♌ सिंह (Leo) मान-सम्मान बढ़ेगा। नए संपर्कों से लाभ होगा। प्रेम संबंधों में मधुरता आएगी। कार्यक्षेत्र में उत्साहजनक परिणाम मिलेंगे। ♍ कन्या (Virgo) पारिवारिक विवाद खत्म होंगे। नौकरी में प्रमोशन या सराहना मिल सकती है। पैसों की स्थिति में सुधार होगा। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। ♎ तुला (Libra) धन लाभ के अच्छे अवसर मिलेंगे। विद्यार्थियों के लिए समय शुभ है। रिश्तेदारों का सहयोग मिलेगा। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। ♏ वृश्चिक (Scorpio) आज मानसिक शांति मिलेगी। पुराने निवेश से लाभ संभव है। जीवनसाथी का साथ भाग्यशाली सिद्ध होगा। अचानक यात्रा हो सकती है। ♐ धनु (Sagittarius) आज का दिन कार्य सफलता का है। विदेश से शुभ समाचार मिलेगा। खर्च बढ़ सकते हैं, मगर आय भी बढ़ेगी। ♑ मकर (Capricorn) नौकरी-पेशा लोगों को नई जिम्मेदारियाँ मिलेंगी। परिवार में सुख-शांति रहेगी। व्यापार में नया निवेश करने से पहले सोच-विचार करें। ♒ कुंभ (Aquarius) आज नए प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर सकते हैं। मित्रों से सहयोग मिलेगा। धन संचय के योग हैं। यात्रा से लाभ होगा। ♓ मीन (Pisces) धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। प्रेम संबंधों में सफलता मिलेगी। नौकरी व व्यापार दोनों में लाभ की संभावना है। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। — 👉 कुल मिलाकर आज का दिन धन, परिवार और कार्यक्षेत्र के लिए सकारात्मक रहेगा, बस स्वास्थ्य और खर्चों पर थोड़ी सतर्कता रखने की जरूरत है।
ब्रेकिंग न्यूज़ :- कोयला लोड ट्रेलर के सामने आया दतैल, बाल-बाल बचे चालक व परिचालक!
रिपोर्ट: सुशील जायसवाल कोरबा – कोरवी चोटियां कटघोरा वन मंडल में इन दिनों हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। फिलहाल 67 हाथियों का झुंड क्षेत्र में विचरण कर रहा है। इसमें से 42 हाथियों का झुंड पसान रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत तनेरा (जलके) परिक्षेत्र के क्रेशर आसपास डेरा जमाए हुए है और बीते दो दिनों से धान की फसलों को चट कर रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों को शाम ढलते ही सतर्क होकर गुजरना पड़ रहा है। इसी कड़ी में 18 सितंबर की रात करीब 9 बजे एक बड़ा हादसा टल गया। मुख्य रानी अटारी मार्ग पर तनेरा घाटी के समीप एक भारी-भरकम दतैल हाथी अचानक सड़क पर आ गया और कोयला लोड ट्रेलर को रोक दिया। ट्रेलर चालक विजय यादव और परिचालक हाथी को देखकर दहशत में आ गए। पीछे से आ रहे एक वाहन चालक ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी ने लगभग आधे घंटे तक सड़क को जाम रखा, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आखिरकार हाथी चिंघाड़ते हुए जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद ट्रेलर चालक ने राहत की सांस ली और वाहन को आगे बढ़ाया। गौरतलब है कि क्षेत्र में हाथियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही वे घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। वहीं वन विभाग का कहना है कि हाथी प्रभावित इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है। 👉 यह घटना वन विभाग और प्रशासन के लिए फिर से चेतावनी है कि इंसान और हाथियों के बीच टकराव को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने जरूरी हैं।
📰 छत्तीसगढ़ के स्कूलों में 2025-26 सत्र के अवकाश घोषित
✍️ भागीरथी यादव नवा रायपुर। लोक शिक्षा संचालनालय छत्तीसगढ़ ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 (16 जून 2025 से 30 अप्रैल 2026 तक) के लिए अवकाश कैलेंडर जारी कर दिया है। आदेश के अनुसार राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों में दशहरा, दीपावली, शीतकालीन एवं ग्रीष्मकालीन अवकाश तय किए गए हैं। 📌 घोषित अवकाश सूची दशहरा अवकाश : 29 सितम्बर से 4 अक्टूबर 2025 (कुल 06 दिन) दीपावली अवकाश : 20 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2025 (कुल 06 दिन) शीतकालीन अवकाश : 22 दिसम्बर से 27 दिसम्बर 2025 (कुल 06 दिन) ग्रीष्मकालीन अवकाश : 1 मई से 15 जून 2026 (कुल 46 दिन) ➡️ इस प्रकार पूरे शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को कुल 64 दिनों का अवकाश प्राप्त होगा। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रस्ताव शासन स्तर पर अनुमोदन के लिए भेजा गया है। आदेश जारी होने के साथ ही शिक्षकों व विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है।
कांट्रेक्टर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष को ठेकेदारों ने दी बधाईयाँ
सुकमा। छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर एसोसिएशन की प्रदेश स्तरीय बैठक 16 सितंबर को रायपुर में आयोजित हुई, जिसमें संगठन की मजबूती पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के बाद प्रदेशभर के जिलों में कांट्रेक्टर एसोसिएशन के जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की गई। इस क्रम में सुकमा जिले का नेतृत्व संभालने की जिम्मेदारी युवा अनिकेत सिंह राठौर को सौंपी गई। छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर एसोसिएशन प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से उन्हें जिलाध्यक्ष नियुक्त कर नियुक्ति पत्र सौंपा गया। सुकमा लौटने पर ठेकेदारों ने राठौर का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाईयाँ दीं। ठेकेदारों ने कहा कि युवाओं को जिम्मेदारी सौंपना संगठन की मजबूती और भविष्य की नेतृत्व क्षमता का प्रतीक है। नव नियुक्त जिलाध्यक्ष अनिकेत सिंह राठौर ने अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष बिरेश शुक्ला, सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और जिले के ठेकेदारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सदैव अपने साथियों के हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेंगे |
स्वास्थ्य मंत्री ने चिरमिरी से किया स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े का शुभारंभ
चिरमिरी, 18 सितंबर 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर पूरे देश में आयोजित स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े का छत्तीसगढ़ के चिरमिरी से प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंगल भवन, पोड़ी से शुभारंभ किया। यह पखवाड़ा आज से 2 अक्टूबर, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जन्मजयंती तक चलेगा। स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े के तहत जिले के सभी अस्पतालों में महिलाओं की नि:शुल्क जांच और दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। गंभीर बीमारियों के लक्षण पाए जाने पर सरकार उपचार की सुविधा भी प्रदान करेगी। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के सीएचएमओ डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि पखवाड़े के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम सभी स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात रहेगी। विशेष रूप से टीकाकरण और आयुष्मान कार्ड पंजीकरण पर जोर दिया जा रहा है। जिले के तीन बड़े अस्पतालों में सोनोग्राफी, सीजेरियन और रक्त भंडारण की सुविधा भी उपलब्ध है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि हाल ही में बस्तर दौरे में गर्भवती महिलाओं में खून की कमी और बच्चों के कुपोषण की गंभीर समस्या देखी गई। उन्होंने अपने 20 माह के कार्यकाल में बेहतर जांच और चिकित्सा सुविधाओं को सुनिश्चित करने का प्रयास बताया। मंत्री ने महिलाओं से अपील की कि वे इस पखवाड़े में शत प्रतिशत स्वास्थ्य जांच कराएं। कार्यक्रम के दौरान आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, पोषण आहार किट और चश्मा वितरण भी किया गया। लाभार्थियों में देवंती, साजरा खान, फूल कुंवर, लक्ष्मी सिंह, श्यामवती, सुभधिया, अफरोज समेत कई लोग शामिल थे। मुख्य अतिथि: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल अध्यक्ष: नगर पालिका निगम चिरमिरी महापौर राम नरेश राय विशिष्ट अतिथि: सभापति नगर पालिका निगम संतोष सिंह, जिला अध्यक्ष भाजपा चंपा देवी पावले कार्यक्रम का संचालन रीत जैन ने किया। इस अवसर पर रामलखन सिंह, कीर्ति बासु, श्रीपत राय, दुर्गा सोनी, विजय सिंह, चंदन गुप्ता, रजनी तिवारी, गंगा सक्सेना, रानी गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार के इस राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सभी के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं को सुनिश्चित करना है।
एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल को छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना का समर्थन
✍️ भागीरथी यादव कोरबा: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों की हड़ताल को छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (गैर-राजनीतिक संगठन) ने पूर्ण समर्थन दिया है। संगठन ने इस संबंध में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ को कोरबा कलेक्टर के माध्यम से समर्थन पत्र सौंपा। संगठन ने बताया कि लगभग 16,000 संविदा कर्मचारी, जिनमें डॉक्टर, नर्स, एएनएम, लैब टेक्नीशियन और अन्य स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं, 31 दिनों से अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे हैं। इस कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में गंभीर स्वास्थ्य संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। क्रांति सेना ने कर्मचारियों की 10 प्रमुख मांगों को तुरंत मानने की अपील की है। इन मांगों में संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण, नौकरी सुरक्षा, ग्रेड पे, वेतन वृद्धि, स्थानांतरण नीति का निर्धारण और न्यूनतम 10 लाख रुपये का कैशलेस चिकित्सा बीमा शामिल हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगे पूरी नहीं हुईं, तो 18 सितंबर 2025 को प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन को मजबूरी में अंजाम देना पड़ेगा। संगठन ने कहा कि यह संघर्ष केवल कर्मचारियों का नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं को बचाने और मजबूत करने का प्रयास है। प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता दिलीप मिरी ने कहा, “शासन को चाहिए कि हड़ताली कर्मचारियों की मांगों पर तुरंत आदेश जारी करे, बर्खास्तगी और इस्तीफों को रद्द करे तथा वार्ता के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान निकाले।” अंत में संगठन ने “क्रांतिकारी जोहार” के नारे के साथ कर्मचारियों के संघर्ष को मजबूती प्रदान करने का संकल्प दोहराया।















