ग्राम पंचायत रंगोले में ‘आदि कर्मयोगी’ समिति का गठन

  पाली नुनेरा, ग्राम पंचायत रंगोले – ग्राम पंचायत रंगोले में सर्वसम्मति से आदि कर्मयोगी समिति का गठन किया गया। इस समिति का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अनुसूचित जनजाति क्षेत्र में लागू की जा रही योजनाओं को अंतिम लाभार्थी तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना और उनके जीवन स्तर में सुधार सुनिश्चित करना है। यह पहल भारत सरकार के जनजाति कार्य मंत्रालय द्वारा 10 जुलाई 2025 को शुभारंभ किए गए ‘आदि कर्मयोगी’ अभियान के तहत की गई है। समिति के गठन में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय एवं सहभागिता को सुनिश्चित किया गया, ताकि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं को सफलता पूर्वक लागू किया जा सके।   इस अवसर पर ग्राम पंचायत रंगोले के सरपंच श्री शिव सिंह, उपसरपंच श्री संजय कंवर, प्रधान पाठक श्री एस.के. गुप्ता, शिक्षक श्री शशिकांत जायसवाल, सचिव श्री सुनील कुर्रे, पंच और ग्रामवासियों सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, कृषि और राजस्व विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम को सफल बनाया और समिति के गठन को सार्थक कदम बताया।    

हसदेव ताप विद्युत गृह में अंतरराष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस पर जनजागरूकता कार्यक्रम

लोक सदन कोरबा, 18 सितंबर 2025: छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस) में अंतरराष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अभियंता पीके श्रीवास्तव ने उपस्थित जनसमूह को ओजोन परत के महत्व और उसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।   कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके गुप्ता, पीके स्वैन और वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ एके कुरनाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। पॉलि रसायनज्ञ अनिल तिवारी ने पॉवरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से ओजोन परत पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।   मुख्य अभियंता श्रीवास्तव ने बताया कि ओजोन परत हमारे ग्रह को हानिकारक पराबैंगनी विकिरण से बचाती है। यदि पराबैंगनी विकिरण सीधे धरती पर पड़े तो त्वचा कैंसर, रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इस वर्ष की थीम थी: “विज्ञान से वैश्विक कार्यवाही तक” (FROM Science to Global Action)।   कार्यक्रम में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी जीवनशैली में परिवर्तन लाने और व्यक्तिगत स्वार्थ को त्याग कर ओजोन परत के संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर नारा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजयी प्रतिभागियों लक्ष्मी प्रसाद साहू, सुरेश कुमार कंवर, भूपेंद्र सुधाकर, कार्तिक दास महंत, रीना तिग्गा और चांदनी सोनी को मुख्य अभियंता के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समन्वय और संचालन सहायक प्रबंधक (पर्यावरण) विकास उइके ने किया।   फोटो कैप्शन: 18 सितंबर 2025, एचटीपीएस – 01   समाचार क्र.: 36/2025

रायपुर: शराब घोटाले में निरंजन दास EOW की रिमांड पर

छत्तीसगढ़   रिटायर्ड IAS और पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास को छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में गुरुवार को EOW ने हिरासत में लिया।   जांच में सामने आया है कि निरंजन दास ने अधिकारियों और कारोबारियों के साथ मिलकर सरकारी शराब दुकानों से अवैध आपूर्ति का नेटवर्क तैयार किया। फर्जी टेंडर और डुप्लीकेट होलोग्राम के जरिए अवैध बिक्री को वैध दिखाया गया, जिससे राज्य को लगभग 1200 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।   जांच में यह भी पता चला कि छत्तीसगढ़ का मॉडल झारखंड में भी लागू किया गया, और 2022 में नीति बदलाव के जरिए अवैध लाभ उठाया गया।   इस मामले में ED, STF, ACB और झारखंड एसीबी सक्रिय रही हैं। करोड़ों की संपत्ति जब्त की जा चुकी है, और 5000 पन्नों के चालान में दर्जनों अधिकारियों की भूमिका सामने आई है।   निरंजन दास की कई जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी हैं और अब उन्हें EOW ने रिमांड पर लिया है। पूछताछ में और बड़े नामों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।    

मनेंद्रगढ़: कबाड़ी के गोदाम पर आरपीएफ का छापा, 33 हजार रुपए की रेलवे संपत्ति बरामद

  मनेंद्रगढ़: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट मनेंद्रगढ़ ने चनवारीडांड स्थित चौहान ट्रेडर्स के कबाड़ी गोदाम पर छापा मारकर लगभग 33,000 रुपए मूल्य की चोरी की गई रेलवे संपत्ति बरामद की। इस कार्रवाई में पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं।   आरपीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चनवारीडांड क्षेत्र के गोदाम में रेलवे लाइन का सामान अवैध रूप से जमा किया गया है। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुँचकर पिकअप वाहन एमपी 65 जी एम 1250 की तलाशी ली। वाहन से रेलवे लाइन के टुकड़े, रोलर और प्लेट बरामद हुए। इसके बाद गोदाम में भी विभिन्न प्रकार की चोरी की गई रेलवे संपत्ति मिली।   गोदाम संचालक वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा, जिसके बाद मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई की गई और सामग्री तथा वाहन को आरपीएफ के कब्जे में लिया गया।   पाँच आरोपी गिरफ्तार इस कार्रवाई में गोदाम के चौकीदार सहित मनीष कुमार, रवि कुमार, अमन कुमार, आशीष कुमार और तनवीर कुरैशी को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 42/2025, धारा 3(अ) आर.पी.(यु.पी.) एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। सभी आरोपियों को विशेष रेलवे न्यायालय, बिलासपुर में पेश किया गया, जहाँ आगे की कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर निर्भर करेगी।   दो आरोपी अब भी फरार आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि शकील अहमद उर्फ मसा और रियाजुद्दीन उर्फ चुनमुन अभी भी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।   आरपीएफ ने स्पष्ट किया कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और चोरी या अवैध बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

केबीएल 2: पुष्पा से भिड़ेंगे एकलव्य और द्रोणाचार्य, वुल्फ व टीम राजपूत भी मैदान में

कोरबा: एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना कोरबा के तत्वावधान में शुक्रवार से लगातार दूसरे वर्ष कोरबा बैडमिंटन लीग (केबीएल 2) का भव्य आगाज हो रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता में 30 टीमें चैंपियन बनने की दावेदारी के साथ भाग ले रही हैं।   प्रतियोगिता में मेजबान क्लब एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के अलावा पुष्पा क्लब, न्यूक्लियस एनटीपीसी, एसईसीएल कोरबा, गेवरा-दीपका, सीएसईबी पूर्व एवं पश्चिम, पावर इंजीनियर्स, बालको शटलर्स, रोटरी क्लब, एनकेएच कोरबा, हसदेव क्लब, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, टीम राजपूत जैसी विभिन्न औद्योगिक और कॉर्पोरेट टीमें शामिल हैं। उत्साह बढ़ाने के लिए इस वर्ष 20-25 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को भी प्रतियोगिता में जगह दी गई है।   सभी मुकाबले नगर पालिक निगम कॉलोनी निहारिका में अंतर्राष्ट्रीय पैमानों के अनुरूप निर्मित एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के भव्य डबल बैडमिंटन कोर्ट में खेले जाएंगे। पहला मैच सुबह 9 बजे से शुरू होगा। यह टूर्नामेंट 19 से 21 सितंबर तक तीन दिन चलेगा और ओपन टू ऑल फॉर्मेट में विभिन्न आयु वर्गों के लिए आयोजित किया गया है।   प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार, प्रत्येक टीम में 3 से 5 खिलाड़ी होंगे। आयु वर्गों में लीग राउंड होंगे: 25-35 वर्ष, 35-45 वर्ष, 45-55 वर्ष, 55-65 वर्ष और 65+ वर्ष। प्रत्येक टीम बेस्ट ऑफ थ्री फॉर्मेट में मैच खेलेगी, जिसमें एक सिंगल और दो डबल्स शामिल होंगे। हर टीम से एक खिलाड़ी को एक मैच में दो से अधिक गेम खेलने की अनुमति नहीं होगी।   डॉ. संजय अग्रवाल, अध्यक्ष एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना कोरबा, ने बताया कि यह प्रतियोगिता शहर में बैडमिंटन के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए आयोजित की जा रही है। कोरबा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक शर्मा सहित टीम के अन्य सदस्य भी खिलाड़ियों और शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में आकर प्रतियोगिता का रोमांच देखने का आग्रह कर रहे हैं।    

नगर पालिका निगम चिरमिरी में ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम का शुभारंभ

  चिरमिरी: नगर पालिका निगम चिरमिरी में स्वच्छता और जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।   नगर निगम आयुक्त राम प्रसाद अंचला के नेतृत्व में 40 वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी वार्डों में सफाई कार्यों को गति देने के लिए निगम की टीम ने तैयारियाँ शुरू कर दी हैं।   अभियान के तहत शहर के मुख्य सड़कें, नालियाँ, तालाब, पार्क, खाली स्थल और सार्वजनिक स्थानों की सफाई की जाएगी। नगर निगम की टीम घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करेगी और कचरा उचित स्थान पर डालने, प्लास्टिक उपयोग कम करने तथा आसपास की सफाई का ध्यान रखने का संदेश देगी।   आयुक्त राम प्रसाद अंचला ने कहा कि चिरमिरी को स्वच्छता के क्षेत्र में आदर्श शहर बनाना हमारी प्राथमिकता है। निगम सचिव श्याम देशपांडे और स्वच्छता प्रभारी उमेश तिवारी के नेतृत्व में कर्मचारियों की टीम हर वार्ड में कार्य प्रारंभ कर चुकी है।   सफाई अभियान में नगर निगम के सभी अधिकारी, कर्मचारी और सफाई कर्मी पूरी तत्परता से शामिल हैं। अभियान के दौरान नियमित रूप से कचरा उठाना, नालों की सफाई करना और सार्वजनिक स्थानों की देखरेख की जाएगी। साथ ही विभिन्न माध्यमों से नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।   यह विशेष अभियान 2 अक्टूबर, गांधी जयंती तक जारी रहेगा। आयुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान में सहयोग करें और अपने क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय भूमिका निभाएँ। यह कदम चिरमिरी को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

पोड़ी उपरोड़ा में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित

सुशील जायसवाल   कोरबी चोटिया, 17 सितंबर 2025: भारतीय जनता पार्टी मंडल पोंड़ी उपरोड़ा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में केक काटकर समारोह मनाया और उपस्थित मरीजों को फल वितरित किए। इसके साथ ही मरखी माता मंदिर प्रांगण में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।   इस कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा श्रीमति किरण मरकाम, वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री राजेश चतुर्वेदी, जिला मंत्री श्रीमति कमला किंडो, मंडल अध्यक्ष श्री चतुरभुवन नायक, पूर्व मंडल अध्यक्ष व मंडल संयोजक सेवा पखवाड़ा रघुनंदन जायसवाल, डॉ. दीपक सिंह (बीएमओ), एम.एस. चौहान, उपाध्यक्ष शिवशंकर उइके, सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने सेवा, समर्पण और स्वच्छता के संदेश को फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उपस्थित कार्यकर्ताओं में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।

कोरबा में विश्वकर्मा जयंती पर आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम

कोरबा- 17 सितंबर 2025: विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर अति शुभ पुष्य नक्षत्र में “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय और श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वाधान में बच्चों के स्वास्थ्य के लिए विशेष आयुर्वेदिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।   इस अवसर पर नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन ड्रॉप्स पिलाकर आयुर्वेद पद्धति से इम्यूनाइजेशन कराया। डॉ. शर्मा ने बताया कि स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार 16 संस्कारों में से एक महत्वपूर्ण संस्कार है, जो बच्चों के जन्म से 18 वर्ष तक कराया जाता है। यह बच्चों की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और मौसमी बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करने में अत्यंत प्रभावशाली है।   कार्यक्रम में श्रीमती प्रतिभा शर्मा, नेत्रनन्दन साहू, कमल धारिया, अश्वनी बुनकर, राजकुमार पटेल, देवबली कुंभकार, सिद्धराम सारथी, राकेश इस्पात, पिंकी बरेठ, कमला कुंभकार एवं हर्ष नारायण शर्मा ने विशेष रूप से भाग लेकर सहयोग दिया।   फ़ोटो: डॉ. नागेंद्र शर्मा बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार कराते हुए।    

मुंगेली सेवा पखवाड़ा के दूसरे दिन ग्राम पंचायत रामगढ़ में भाजपा नगर मंडल की विशेष पहल, मां के नाम लगाया गया पौधा

    मुंगेली। सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के दूसरे दिन भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल मुंगेली ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ग्राम पंचायत रामगढ़ में पौधारोपण किया। इस अभियान की विशेषता यह रही कि प्रत्येक पौधा ‘मां के नाम’ समर्पित किया गया।   इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशवानी, नगर मंडल अध्यक्ष सौरभ बाजपेई, सरपंच सरस्वती राजकुमार यादव, वरिष्ठ नेता द्वारिका जायसवाल सहित भाजपा के अनेक शीर्ष पदाधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता मोहन भोजवानी, मन्नू लाल श्रीवास्तव, महावीर सिंह, सत्तू सिंह, विजय बंजारा, होरीलाल सोनकर, शंकर लाल देवांगन, अनूप जैन, विकास जायसवाल, प्रमोद जांगड़े, रमेश बुनकर, दिनेश बुनकर, वैभव ताम्रकार, विजय यादव, महेश यादव, लवन बंजारा, प्रहलाद यादव, अन्नू साहू समेत कई कार्यकर्ता शामिल हुए।   भाजपा नेताओं ने कहा कि यह वृक्षारोपण अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है बल्कि मातृभूमि से प्रेम और सेवा पखवाड़ा की भावना को भी दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से आमजन में जागरूकता बढ़ेगी और वे प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित होंगे।   🌱 मां के नाम पौधा – मातृभूमि और प्रकृति के प्रति समर्पण का प्रतीक

कटघोरा में मिड-डे मील योजना पर उठे सवाल – बच्चों को परोसा जा रहा घटिया भोजन, नाश्ता भी नहीं मिल रहा निर्धारित मेन्यू के अनुसार

कटघोरा/कोरबा, 18 सितंबर 2025: बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित मिड-डे मील एवं नाश्ता योजना की लापरवाहियां एक बार फिर सामने आई हैं। कटघोरा क्षेत्र से मिली शिकायतों और तस्वीरों ने इस योजना की जमीनी हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।   शासकीय माध्यमिक शाला मोहलाइनभाटा में लापरवाही   वार्ड क्रमांक 8 की शासकीय माध्यमिक शाला मोहलाइनभाटा में एकता महिला स्व-सहायता समूह (अध्यक्ष मोनेश साहू, सचिव आरती राज) योजना का संचालन कर रहा है। आरोप है कि बच्चों को नाश्ता और दोपहर का भोजन निर्धारित मेन्यू और गुणवत्ता के अनुसार नहीं दिया जा रहा। 📌 तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि बच्चों को दी जा रही दाल में दाल की मात्रा बेहद कम और पानी अधिक है। 📌 नाश्ते में शासन द्वारा तय मेन्यू का पालन नहीं किया जाता। 📌 जबकि शासन ने नाश्ते के लिए 7 रुपये और मध्यान्ह भोजन के लिए 10.17 रुपये प्रति बच्चे का प्रावधान रखा है, साथ ही आवश्यक राशन भी उपलब्ध कराया जाता है।   इसके बावजूद बच्चों को कमज़ोर और घटिया भोजन परोसना गंभीर लापरवाही मानी जा रही है। स्थानीय स्तर की अनदेखी, जिला स्तर से कार्य संचालन   नियमों के अनुसार, भोजन संचालन का अधिकार स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों को बीईओ कार्यालय की अनुशंसा से मिलना चाहिए। लेकिन मोहलाइनभाटा स्कूल में समूह ने बीईओ कार्यालय को दरकिनार कर सीधे जिला शिक्षा विभाग से सहमति प्राप्त कर ली। इससे अनियमितता और पक्षपात की आशंका गहराती जा रही है।   स्कूल प्रबंधन भी मौन सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि स्कूल प्रबंधन समिति भी इस लापरवाही पर चुप्पी साधे हुए है। न तो गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित किया जा रहा और न ही बच्चों के हितों की रक्षा की जा रही।   योजना की गरिमा पर प्रश्नचिह्न   छत्तीसगढ़ सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना और उनकी शिक्षा में सहयोग करना है। लेकिन कटघोरा के इस मामले ने साफ कर दिया है कि जमीनी स्तर पर गंभीरता की कमी है। घटिया भोजन परोसना बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ और शासन की मंशा के विपरीत है।    

अन्य खबरे

राजमेरु संस्था रायपुर द्वारा जन-जागरूकता सम्मेलन संपन्न, महिलाओं को अधिकारों के प्रति किया जागरूक
दरी थाना पहुंची हसदेव स्कूल की टोली, TI आशीष सिंह ने बच्चों को समझाई पुलिस और कानून की जिम्मेदारी
महाराणा प्रताप चौक पर चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले दो युवक गिरफ्तार, दो अन्य पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
झाड़-फूंक के बहाने घर से पार किए थे सोने-चांदी के जेवर और नकदी, दो साल बाद महिला गिरफ्तार
जनकपुर काष्ठागार में लकड़ी घोटाले का खुलासा: टीपी में 150 की जगह ट्रक से निकली 208 नग लकड़ी, 58 नग अतिरिक्त मिलने से मचा हड़कंप
तिल्दा-नेवरा में 16 मार्च को चेट्रीचंड्र महोत्सव, वर्ल्ड फेमस नंबर वन सिंधी सिंगर मोहित लालवानी देंगे प्रस्तुति