CSEB कॉलोनी: जर्जर सड़क बनी बच्चों की मजबूरी, खतरे में स्कूल तक का सफर
✍️ भागीरथी यादव कोरबा- डॉ. भवेर सिंह पोर्र्ट हाई स्कूल (दर्री, कोरबा) तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। बारिश के चलते सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भर जाने से हालात और भी खराब हो गए हैं। यही कारण है कि रोज़ाना इस रास्ते से गुजरने वाले स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विद्यालय में पढ़ने आने वाले छोटे-छोटे बच्चे अक्सर इस रास्ते पर फिसलकर गिर जाते हैं। कई बार साइकिल और बाइक सवार भी दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसों से इस मार्ग की मरम्मत नहीं की गई है, जबकि यह स्कूल और आसपास की कॉलोनियों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे और उनके परिजन रोज़ खतरा मोल लेकर इस सड़क से गुजरने को मजबूर हैं। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि स्कूली बच्चों सहित आमजन को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं से बचाव हो।
ब्रेकिंग न्यूज़ छत्तीसगढ़ पुलिस में तबादले, सूची में बड़ी त्रुटि
रायपुर – छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में व्यापक तबादले किए गए हैं। डीजीपी अरुण देव गौतम के हस्ताक्षर से जारी सूची में दो दर्जन से अधिक निरीक्षकों, उप-निरीक्षकों और सहायक उपनिरीक्षकों को नई पदस्थापना दी गई है। हालाँकि, इस सूची में एक बड़ी त्रुटि भी सामने आई है। आदेश की सूची में सक्ती जिले में पदस्थ निरीक्षक राजेश खलखो का नाम दो बार अंकित है — क्रमांक 2 पर उन्हें सरगुजा और क्रमांक 26 पर कोरबा जिले में पदस्थ किए जाने का उल्लेख है। इस वजह से यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि वास्तव में उनकी पदस्थापना किस जिले में की गई है। पुलिस मुख्यालय सूत्रों का कहना है कि यह संभवतः तकनीकी त्रुटि है, जिसे सुधार कर शीघ्र ही संशोधित सूची जारी की जाएगी। इन तबादलों के बाद संबंधित जिलों में पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक कामकाज पर भी असर पड़ेगा।
सितम्बर 2025 का विस्तृत राशिफल 🌟
✍️ भागीरथी यादव मेष ♈ करियर/व्यापार: कार्यक्षेत्र में आपके आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता की सराहना होगी। नौकरी बदलने का विचार मन में आ सकता है। धन: अचानक धन प्राप्ति के योग हैं, निवेश से लाभ मिल सकता है। प्रेम/परिवार: दांपत्य जीवन में मधुरता रहेगी, परिवार में खुशी का माहौल रहेगा। अविवाहितों को अच्छा प्रस्ताव मिल सकता है। स्वास्थ्य: सामान्य रहेगा लेकिन थकान महसूस हो सकती है। — वृषभ ♉ करियर/व्यापार: व्यवसाय में सफलता के संकेत हैं, नए अवसर सामने आएंगे। सहकर्मी आपका साथ देंगे। धन: पैसों का आवागमन रहेगा, पुराने उधार वापस मिल सकते हैं। प्रेम/परिवार: परिवार में कोई शुभ समाचार मिलेगा। पुराने दोस्तों से भेंट हो सकती है। स्वास्थ्य: पेट संबंधी समस्या परेशान कर सकती है, खानपान पर ध्यान दें। — मिथुन ♊ करियर/व्यापार: कामकाज में व्यस्तता रहेगी, लक्ष्य पूरे करने के लिए अतिरिक्त प्रयास करना होगा। धन: खर्च बढ़ सकता है, बचत पर ध्यान देने की आवश्यकता है। प्रेम/परिवार: प्रेम संबंधों में उतार-चढ़ाव आ सकता है। जीवनसाथी से संवाद बनाए रखें। स्वास्थ्य: तनाव से बचें, योग और ध्यान लाभकारी रहेगा। — कर्क ♋ करियर/व्यापार: करियर में प्रगति के योग हैं। अटके हुए कार्य पूरे होंगे। धन: आय में बढ़ोतरी होगी, नया निवेश करने का अवसर मिलेगा। प्रेम/परिवार: संतान पक्ष से सुखद समाचार मिल सकता है। घर में शांति बनी रहेगी। स्वास्थ्य: सामान्य रहेगा लेकिन ठंड-खांसी से बचें। — सिंह ♌ करियर/व्यापार: पद और प्रतिष्ठा बढ़ेगी, प्रमोशन या सम्मान मिलने की संभावना है। धन: आर्थिक रूप से मजबूत रहेंगे। किसी बड़ी डील में फायदा मिलेगा। प्रेम/परिवार: परिवार में मांगलिक कार्य होने के योग हैं। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य: ऊर्जा और जोश से भरपूर रहेंगे। — कन्या ♍ करियर/व्यापार: भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। पढ़ाई या नौकरी से जुड़े लोग विशेष लाभ पाएंगे। धन: नए स्रोत से धन लाभ होगा। शेयर या संपत्ति में निवेश लाभकारी रहेगा। प्रेम/परिवार: पारिवारिक जीवन सुखमय रहेगा। बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा। स्वास्थ्य: सेहत उत्तम रहेगी, मानसिक शांति मिलेगी। — तुला ♎ करियर/व्यापार: आज निर्णय सोच-समझकर लें, जल्दबाजी नुकसान कर सकती है। धन: आय-व्यय समान रहेगा। कोई बड़ी खरीदारी संभव है। प्रेम/परिवार: जीवनसाथी से मतभेद हो सकते हैं। संयम से काम लें। स्वास्थ्य: शारीरिक थकान और कमजोरी महसूस होगी। — वृश्चिक ♏ करियर/व्यापार: नौकरी और व्यवसाय दोनों में तरक्की के संकेत हैं। साझेदारी में लाभ होगा। धन: आर्थिक स्थिति बेहतर होगी, रुका हुआ पैसा वापस मिलेगा। प्रेम/परिवार: दांपत्य जीवन में सामंजस्य रहेगा। प्रेम संबंधों में नजदीकियां बढ़ेंगी। स्वास्थ्य: सेहत अच्छी रहेगी। — धनु ♐ करियर/व्यापार: कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत की प्रशंसा होगी। नया प्रोजेक्ट मिल सकता है। धन: लाभ और धन प्राप्ति के प्रबल योग हैं। यात्रा भी लाभदायक रहेगी। प्रेम/परिवार: परिवार के साथ समय अच्छा बीतेगा। किसी रिश्तेदार से शुभ समाचार मिलेगा। स्वास्थ्य: मानसिक शांति और उत्साह बना रहेगा। — मकर ♑ करियर/व्यापार: कामकाज का बोझ रहेगा, लेकिन परिणाम अनुकूल होंगे। धन: धन की आवक बढ़ेगी। उधारी से बचें। प्रेम/परिवार: परिवार में सहयोग मिलेगा। बच्चों के साथ समय अच्छा बीतेगा। स्वास्थ्य: अधिक काम से थकान हो सकती है। — कुंभ ♒ करियर/व्यापार: भाग्य का साथ मिलेगा। पढ़ाई और रिसर्च से जुड़े लोगों के लिए दिन खास रहेगा। धन: निवेश से फायदा मिलेगा। प्रेम/परिवार: प्रेम संबंध मजबूत होंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। स्वास्थ्य: सेहत अच्छी रहेगी, उत्साह बढ़ेगा। — मीन ♓ करियर/व्यापार: कार्यक्षेत्र में सफलता मिलेगी। नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। धन: आय में वृद्धि होगी। कोई उपहार या बोनस मिलने की संभावना है। प्रेम/परिवार: परिवार के साथ अच्छा समय बीतेगा। दांपत्य जीवन सुखद रहेगा। स्वास्थ्य: शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत महसूस करेंगे।
जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी महाराज का कोरबा आगमन, मनोज गबेल ने दी जिलेवासियों को शुभकामनाएँ – रामकथा महोत्सव 22 से 30 सितम्बर तक
✍️ भागीरथी यादव कोरबा- जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी महाराज का कोरबा जिले में आगमन 21 सितम्बर को होगा। इस दिन उनका स्वागत कार्यक्रम कटघोरा में शाम 4 बजे से प्रारंभ होगा। इसके बाद वे क्रमशः छुर्री (5 बजे), गोपालपुर (5:30 बजे), श्रीराम कार वाश जेलगांव (6 बजे), एनटीपीसी गेट (6:15 बजे) और दर्री (6:30 बजे) होते हुए माँ भवानी मंदिर पहुँचेंगे। यहाँ भक्तों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। 22 सितम्बर से 30 सितम्बर तक कोरबा नगर के माँ भवानी मंदिर स्थित मानस मंदिर में रामकथा महोत्सव का आयोजन होगा। इसी अवसर पर मानस मंदिर का लोकार्पण एवं उद्घाटन भी संपन्न होगा। जिला के वरिष्ठ हिंदू नेता मनोज गबेल ने जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी महाराज के आगमन पर समस्त जिलेवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं तथा सभी से रामकथा में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।
शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के विरोध में धरना, प्रशासन के आश्वासन पर हुआ समाप्त
कुबेर नायक महासमुंद/सरायपाली। सरायपाली के पुराने टैक्सी स्टैंड के पास सोमवार, 15 सितंबर को शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ ग्रामीणों और महिलाओं ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया। आरोप है कि एनएच पीडब्ल्यूडी विभाग का पुराना कार्यालय भवन और गोदाम उप अभियंता भुजरंग साय पैंकरा द्वारा तोड़कर पक्का निर्माण किया जा रहा है। धरना सुबह 9 बजे से बारिश के बीच शुरू हुआ और शाम 5 बजे तक जारी रहा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि तहसीलदार के स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण कार्य जारी है। मौके पर पहुंचे एसडीएम अनुपमा आनंद, तहसीलदार श्रीधर पंडा, नायब तहसीलदार भोई और सीएमओ दिनेश यादव ने अतिक्रमण स्थल से मटेरियल जब्ती और आगे कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया। धरना स्थल पर विधायक चातुरी नंद भी पहुंचीं। उन्होंने कहा – > “एक शासकीय सेवक खुद को मुख्यमंत्री का रिश्तेदार बताकर शासकीय भूमि पर कब्जा कर रहा है। यह गंभीर मामला है, यदि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो मैं इसे विधानसभा में उठाऊंगी।” गौरतलब है कि 2017 में भी तहसीलदार न्यायालय ने भुजरंग साय पैंकरा को अवैध कब्जे का दोषी ठहराते हुए एक हजार रुपए का अर्थदंड लगाया था, लेकिन इसके बावजूद कब्जा हटाया नहीं गया। धरने को समर्थन देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और पार्षदगण उपस्थित रहे।
कोरबी के घनी आबादी क्षेत्र में दतैल हाथी का आतंक!
सुशील जायसवाल कोरबी के घनी आबादी क्षेत्र में दतैल हाथी का आतंक! कटघोरा वनमंडल अंतर्गत केंदई रेंज के ग्राम कोरबी (चोटिया सर्किल) में सोमवार रात लगभग 8:30 बजे एक दतैल हाथी अचानक बस स्टैंड के समीप आबादी क्षेत्र में घुस आया। हाथी के पहुंचते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने मसाल, लाठी-डंडे, पटाखे और टीन-टप्पर का उपयोग कर हाथी को खदेड़ने का प्रयास किया। इस दौरान हाथी ने एक ग्रामीण के मकान को नुकसान पहुँचाया। क्षेत्र में अफरातफरी और दहशत का माहौल बना रहा। इधर, हाथियों की निगरानी में जुटी वन विभाग की गजराज टीम भी मौके पर तैनात रही। रेंजर अभिषेक दुबे लगातार लोकेशन लेते हुए ग्रामीणों को हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील करते रहे। फिलहाल, वन विभाग की टीम ड्रोन कैमरे से हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है। समाचार लिखे जाने तक दतैल हाथी कोरबी बस स्टैंड के आसपास ही विचरण कर रहा था। ⚡ अतिरिक्त परेशानी गांव में आज शाम से ही बिजली आपूर्ति ठप्प है, जिससे अंधेरे में लोगों को और भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हाथी के आतंक के बीच बिजली गुल होने से ग्रामीणों में डर और ज्यादा बढ़ गया।
नम्बी गांव को मिला ‘हर घर जल’ का दर्जा, अब हर घर तक पहुँचा शुद्ध पेयजल
बीजापुर- उसूर विकासखंड का नम्बी गांव, जो कभी दुर्गम पहाड़ियों और घने जंगलों के कारण विकास से वंचित था, अब जल जीवन मिशन की बदौलत शुद्ध पेयजल सुविधा से जुड़ गया है। गांव के 76 परिवारों को अब घर-घर नल कनेक्शन मिल चुका है। लगभग ₹28 लाख की लागत से गांव में सौर ऊर्जा आधारित तीन नलकूप स्थापित किए गए और 5 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद नम्बी गांव को आधिकारिक तौर पर ‘हर घर जल’ का दर्जा प्रदान किया गया। पिछले जुलाई में आयोजित हर घर जल उत्सव में ग्रामीणों ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया। कार्यक्रम में सरपंच सुशीला काका, सचिव पांडा कावरे और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने प्रमाणित किया कि अब गांव में हर घर तक सुरक्षित व स्वच्छ पानी की आपूर्ति होगी। ग्रामीण बताते हैं कि पहले उन्हें पानी के लिए मीलों दूर जाना पड़ता था। गर्मियों में कुएं और तालाब सूख जाने से जीवन बेहद कठिन हो जाता था। अब घर के नल से पानी उपलब्ध होने से न केवल दैनिक परेशानियां खत्म हुई हैं बल्कि बीमारियों का खतरा भी कम हो गया है। योजना का संचालन अब ग्राम पंचायत को सौंपा गया है, जिससे यह सुविधा लंबे समय तक सुचारू रूप से जारी रह सके। ग्रामीणों का कहना है कि यह बदलाव सिर्फ पेयजल तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भरता और समग्र विकास की नई राह खोलता है।
श्रीमद्भागवत कथा मोक्ष की दिशा में मार्गदर्शक : पूज्या दीदी हेमलता शर्मा
कोरबा – पाली, ग्राम केराझरिया विखं. पाली के ग्राम केराझरिया में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह के प्रवचन में कथा वाचिका पूज्या दीदी हेमलता शर्मा ने श्रद्धालुओं को गीता ज्ञान प्रदान किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल पौराणिक संवाद नहीं, बल्कि आत्मा की अमरता और जीवन की नश्वरता का बोध कराते हुए मोक्ष की दिशा में मार्गदर्शक है। स्व. सुनील कुमार डिक्सेना एवं पितरों के मोक्षार्थ चल रही इस कथा में पूज्या दीदी ने बताया कि श्रीमद्भागवत सभी शास्त्रों का सार है, जो भक्ति, आत्मज्ञान और मोक्ष की ओर ले जाने वाली अद्भुत कृति है। उन्होंने जीवन मूल्यों से जुड़ी शिक्षाओं को अपनाने और भक्ति मार्ग पर चलकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। कथा के दौरान बामन अवतार, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गोवर्धन लीला, महारास, रुक्मणी विवाह और सुदामा चरित्र पर आकर्षक झांकियाँ निकाली गईं, जिनमें श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा विश्राम 17 सितंबर को गीता पाठ, तुलसी वर्षा, हवन सहस्त्रधारा, ब्राह्मण भोज और भंडारे के साथ संपन्न होगा।
मुंगेली में तृतीय नेशनल लोक अदालत का आयोजन, 16,099 प्रकरणों का निपटारा, 1.10 करोड़ से अधिक का अवार्ड
अतुल श्रीवास्तव, जिला मुंगेली (छत्तीसगढ़) मुंगेली- 13 सितंबर 2025जिला न्यायालय, तहसील न्यायालय और राजस्व न्यायालय मुंगेली में तृतीय नेशनल लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। जिला न्यायाधीश गिरिजा देवी मेरावी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एक वृद्ध महिला और पुरुष पक्षकारों ने भी दीप प्रज्वलित कर आपसी सौहार्द्र और समझौते का संदेश दिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव कंचन लता आचला ने जानकारी दी कि जिले में 6 न्यायिक और 8 राजस्व—कुल 14 खंडपीठ बनाए गए। इनमें 20,029 प्रकरण प्रस्तुत हुए, जिनमें से 16,099 प्रकरणों का सफल निपटारा किया गया। कुल ₹1,10,87,852 की अवार्ड राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान पक्षकारों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। विशेष रूप से घरेलू विवादों के समाधान पर ध्यान केंद्रित किया गया। 12 वर्ष पुराने वैवाहिक विवाद, भाई-बहन के बीच संपत्ति का झगड़ा और बारात में हुए विवाद जैसे प्रकरण आपसी सहमति से निपटाए गए। यह आयोजन न्याय को सरल, त्वरित और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। इससे आम जनता के न्यायिक संघर्षों में कमी आई और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिला।
वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान” को सफल बनाने जुटी कांग्रेस, रणनीतिक बैठक संपन्न
अतुल श्रीवास्तव — मुंगेली (छत्तीसगढ़) मुंगेली- 15 सितम्बर 2025 छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 17 सितम्बर को जिले में आयोजित होने वाले “वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान” की तैयारियां जोर पकड़ रही हैं। इसी कड़ी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जराहगांव की बैठक संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता कार्यक्रम के ब्लॉक प्रभारी एवं नगर पालिका मुंगेली के वरिष्ठ पार्षद अरविंद वैष्णव ने की। बैठक में अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस अभियान को ऐतिहासिक रूप दें। अरविंद वैष्णव ने कहा कि “यह अभियान जनता की आवाज़ है और कांग्रेसजनों की जिम्मेदारी है कि इसे सफलता की ऊँचाई तक पहुँचाएँ।” बैठक में विशेष रूप से रामचंद्र साहू (ब्लॉक अध्यक्ष जराहगांव), हीरा साय शेरा, संजय चंदेल पार्षद, केशव अंचल, तारिणी विश्वकर्मा, मदन पटेल, उर्मिला रमेश यादव (जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस), मिथिलेश सहदेव जायसवाल, राजकुमार, अमितदेव कुर्रे, मनोज कुमार, अग्नू हरि साहू, महावीर साहू, राजकुमार यादव, सुशील कुमार साहू, ईश्वर चतुर्वेदी, सुख प्रसाद, अजय कुमार आनंद, अनिल जायसवाल, लाकेश सिंह बिसेन और फूल सिंह महिलांग समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सभी ने एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
















