भगवान विश्वकर्मा जयंती एवं प्रधानमंत्री मोदी जन्मदिवस पर आह्वान
परिश्रम, कौशल और राष्ट्रसेवा को अपनाएं – अविनाश विश्वकर्मा एमसीबी। श्री बजरंग सेना के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अविनाश विश्वकर्मा ने 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा जन्मोत्सव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर संयुक्त आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन और शिल्पकला के देवता हैं, जिन्होंने द्वारका नगरी और लंका जैसे अद्भुत नगरों का निर्माण किया। उनका जीवन हमें परिश्रम, कौशल और सृजनशीलता की प्रेरणा देता है। आज जब भारत आत्मनिर्भरता और नवाचार की ओर अग्रसर है, तब उनके आदर्शों को अपनाना हर नागरिक का कर्तव्य है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन परिश्रम, संघर्ष और राष्ट्रसेवा का अद्वितीय उदाहरण है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र देकर उन्होंने देश को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया है। श्री बजरंग सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष हितेश विश्वकर्मा ने इस आह्वान को सराहनीय बताते हुए कहा कि संगठन को मज़बूत करने और समाज को भगवान विश्वकर्मा के आदर्शों से जोड़ने का यह प्रयास प्रशंसनीय है। दोनों पदाधिकारियों ने समाज से आह्वान किया कि प्रत्येक नागरिक भगवान विश्वकर्मा जी के आदर्शों को आत्मसात कर परिश्रम और सृजनशीलता के मार्ग पर चले तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करे।
तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ स्टेट डेंटल कॉन्फ्रेंस 2025 सम्पन्न
आयुष्मान योजना में डेंटल ट्रीटमेंट शामिल करने की उठी माँग एमसीबी। तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ स्टेट डेंटल कॉन्फ्रेंस 2025 का भव्य समापन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर आशा डेंटल केयर मनेन्द्रगढ़ के संचालक डॉ. विनय शंकर सिंह ने कहा कि इंडियन डेंटल एसोसिएशन लंबे समय से आयुष्मान योजना में डेंटल ट्रीटमेंट को शामिल करने की माँग कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि कुछेक डॉक्टरों द्वारा स्मार्ट कार्ड का दुरुपयोग करने की वजह से क्या पूरे प्रदेश के दंत चिकित्सकों और आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना चाहिए? डॉ. सिंह ने तर्क दिया कि जब गर्भाशय कांड और आंखफोड़वा कांड जैसी बड़ी घटनाओं के बाद भी प्राइवेट अस्पतालों से आयुष्मान योजना नहीं हटाई गई, तो फिर डेंटल ट्रीटमेंट को अलग रखना अनुचित है। उन्होंने चिंता जताई कि अधिकांश सरकारी अस्पतालों और डेंटल कॉलेजों में दांत लगाना, कैप लगाना या इम्प्लांट जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे डेंटल ट्रीटमेंट आम जनता की पहुंच से बाहर हो चुका है। सम्मेलन से उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना में डेंटल ट्रीटमेंट को प्राइवेट क्लीनिकों के माध्यम से लागू करने की घोषणा करेंगे, लेकिन फिलहाल केवल समिति में विचार करने का आश्वासन दिया गया। इस बीच प्रदेशभर के एनएचएम कर्मचारी भाजपा सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में सड़कों पर हैं। एनएचएम में कार्यरत दंत चिकित्सकों व अन्य कर्मचारियों के नियमतीकरण को लेकर भी अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। डॉ. सिंह ने जोर देकर कहा कि यह मुद्दा आम जनता के स्वास्थ्य और सुलभ इलाज से जुड़ा है, जिस पर सरकार को शीघ्र ठोस कदम उठाने चाहिए।
खुलेआम मांस विक्रय से भड़का जनाक्रोश
नवरात्रि से पहले कार्रवाई की चेतावनी एमसीबी/मनेंद्रगढ़। नगर पालिका क्षेत्र में खुलेआम पशु-पक्षी और मछली-मांस की बिक्री को लेकर नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। रेलवे फाटक, खेड़िया तिराहा और आमाखेरवा इलाके में दिनभर खुले में मांस बिकने से गंदगी फैल रही है और धार्मिक आस्था को ठेस पहुँच रही है। समाजसेवी अशोक वैश्य ने इस गंभीर समस्या पर जिला प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि नवरात्रि से पहले कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खुले में मांस-मछली का विक्रय न केवल धार्मिक भावनाओं के विपरीत है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी खतरनाक है। दुर्गंध और गंदगी से माहौल असहनीय हो चुका है। जनता की मांग है कि प्रशासन तुरंत सख्त कार्रवाई कर खुले में मांस विक्रय पर रोक लगाए और इसके लिए निर्धारित स्थान चिन्हित करे। लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि नवरात्रि से पहले कार्रवाई नहीं हुई तो जनआक्रोश सड़कों पर दिखाई देगा।
यातायात नियमों की जानकारी हेतु ऑटो चालकों की बैठक आयोजित
कोरिया। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देश पर शनिवार को रक्षित केंद्र बैकुंठपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में जिला मुख्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित ऑटो चालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने ऑटो चालकों से सौम्य व्यवहार रखने, निर्धारित किराया ही लेने, नशे में वाहन न चलाने और क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई और एफआईआर दर्ज की जाएगी। उप पुलिस अधीक्षक श्याम मधुकर ने चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, तेज गति एवं मोबाइल पर बात करते हुए वाहन न चलाने की हिदायत दी। उन्होंने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने की अनिवार्यता पर भी जोर दिया। साथ ही ऑटो चालकों द्वारा उठाए गए पार्किंग स्थल के मुद्दे पर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। यातायात प्रभारी बीरबल राजवाड़े ने शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु सड़क पर अनावश्यक वाहन खड़े न करने, भीड़भाड़ व जाम से बचने और खतरनाक सामान का परिवहन न करने की बात कही। इस दौरान यातायात हवलदार महेश मिश्रा ने नियमों, यातायात संकेतों और गुड सेमेरिटन कानून की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चालक स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। बैठक में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ 100 से अधिक ऑटो चालक उपस्थित रहे।
एक पेड़ माँ के नाम” योजना के तहत प्राथमिक शाला नूनेरा के बच्चों ने किया वृक्षारोपण
ज्ञान शंकर तिवारी कोरबा। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत प्राथमिक शाला नूनेरा के विद्यार्थियों ने अपने-अपने घरों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कक्षा दूसरी की छात्रा हर्षिता तिवारी ने आम और नीम का पौधा लगाया। इसी तरह सौम्या, अनिका, किरण, मेघा, तनु, तारिशा सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी विभिन्न फलदार और छायादार वृक्ष लगाए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की माताओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। पौधारोपण के दौरान सभी बच्चों ने संकल्प लिया कि वे लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करेंगे। विद्यालय परिवार ने अभिभावकों से अपील की है कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने में सहयोग करें।
कोटा विधानसभा में भाजपा की विशेष बैठक सम्पन्न
सेवा पखवाड़ा को जन-जन तक पहुँचाने का लिया गया संकल्प भूषण प्रसाद श्रीवास/बिलासपुर :- भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से लेकर महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले “सेवा पखवाड़ा” अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से कोटा विधानसभा के कोटा मंडल में विशेष तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला महामंत्री एस. कुमार मनहर उपस्थित रहे। साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल और महिला मोर्चा की जिला महामंत्री गायत्री साहू ने भी कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। बैठक में विस्तार से चर्चा करते हुए नेताओं ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने का संकल्प है। इसके अंतर्गत स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, जनजागरूकता रैली सहित अनेक सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि समाजहित से जुड़े इन कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए इसे वृहद जनआंदोलन का स्वरूप दें। बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अलग-अलग जिम्मेदारियाँ दी जाएंगी, जिससे कोटा विधानसभा के हर गाँव और वार्ड तक सेवा अभियान पहुँचे। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने सेवा पखवाड़ा को उत्साह और समर्पण के साथ मनाने की शपथ ली। उन्होंने संकल्प लिया कि संगठन की शक्ति और सेवा भावना को समाज में मजबूती से पहुँचाकर जनता का विश्वास और अधिक प्रगाढ़ किया जाएगा। बैठक के अंत में नेताओं ने कहा कि सेवा पखवाड़ा भाजपा की “सेवा ही संगठन” की मूल भावना को समाज के सामने प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम बनेगा और इसका लाभ सीधे जनता तक पहुँचेगा।
शहर के प्रवेश द्वार रायपुर रोड पर निगम का हरियाली संकल्प
2 अक्टूबर तक चलेगा पौधारोपण अभियान, CSR में एयू बैंक व अदानी गैस का सहयोग भूषण प्रसाद श्रीवास/बिलासपुर। प्रदूषण मुक्त और हरित बिलासपुर की दिशा में नगर निगम ने शनिवार को रायपुर रोड प्रवेश द्वार से वृहद पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा और शहरभर में हजारों पौधे लगाए जाएंगे। महापौर श्रीमती पूजा विधानी, निगम आयुक्त अमित कुमार समेत जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की मौजूदगी में बायोडिग्रेडेबल तकनीक से पौधारोपण किया गया। इस तकनीक से पौधों को बेहतर पोषण, जल संरक्षण और सुरक्षा मिलती है, जिससे पौधों के जीवित रहने की संभावना अधिक होगी। अभियान को एयू बैंक और अदानी गैस पाइपलाइन ने CSR फंड से सहयोग दिया है। महापौर ने नागरिकों से अपील की कि हर परिवार कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल करे। निगम का लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में बिलासपुर को हरित शहरों में शुमार किया जाए। नागरिकों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी से यह प्रयास भविष्य की पीढ़ियों के लिए हरित धरोहर साबित होगा।
बाम्हु में सामुदायिक रिचार्ज पिट से जलस्तर में सुधार
मनरेगा योजना से बढ़ा जल संरक्षण, किसानों की खेती और आजीविका को मिला सहारा भूषण प्रसाद श्रीवास/बिलासपुर। बिल्हा विकासखंड के ग्राम पंचायत बाम्हु में मनरेगा योजना के तहत निर्मित सामुदायिक रिचार्ज पिट ने गांव की तस्वीर बदल दी है। इस पहल से जहां भू-जल स्तर में सुधार आया है, वहीं किसानों की खेती योग्य भूमि की उत्पादकता भी बढ़ी है। 0.34 लाख की स्वीकृत राशि से बने इस पिट में वर्षा का पानी धीरे-धीरे जमीन में समा रहा है, जिससे न केवल हैंडपंप और बोरवेल में पानी का दबाव बढ़ा है बल्कि बरसात के दिनों में फैलने वाली गंदगी की समस्या भी दूर हुई है। निर्माण कार्य में ग्राम पंचायत, तकनीकी सहायकों और ग्रामीणों ने मिलकर सक्रिय योगदान दिया। मनरेगा जॉबकार्ड धारकों को रोजगार मिला, जिससे मजदूरों की आय में वृद्धि और आत्मनिर्भरता की भावना को बल मिला। ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस प्रयास ने जल प्रबंधन की दिशा में ठोस कदम बढ़ाया है और आने वाले समय में भी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इस सफलता से प्रेरित होकर आसपास की पंचायतें भी रिचार्ज पिट निर्माण की ओर कदम बढ़ा रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हर पंचायत में ऐसे पिट बनाए जाएं तो ग्रामीण क्षेत्रों की जल समस्या पर स्थायी समाधान मिलेगा और मनरेगा से बड़े पैमाने पर रोजगार भी उपलब्ध होगा।
शिशुपाल पर्वत को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग
कुबेर नायक चक्रव्यूह जैसी अभेद्य संरचना, हर दिन पहुँच रहे सैकड़ों पर्यटक महासमुंद। सरायपाली तहसील क्षेत्र स्थित शिशुपाल पर्वत अपनी ऐतिहासिक और प्राकृतिक महत्ता के कारण लगातार चर्चा में है। बारिश के मौसम में इसकी सुंदरता और भी निखर उठती है। यही कारण है कि इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग लगातार उठ रही है। ग्राम रोहिना निवासी शुक्लध्वज सिंह टेकाम ने हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दुर्गापाली प्रवास के दौरान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर शिशुपाल पर्वत को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग की है। अभेद्य किला और चक्रव्यूह जैसी संरचना टेकाम ने बताया कि यह पर्वत कभी फुलझर राज्य और भैना राजवंश की शरणस्थली रहा। उन्होंने इसकी संरचना की तुलना महाभारत काल के चक्रव्यूह से की। जिस तरह चक्रव्यूह को तोड़ना आसान नहीं था, उसी तरह इस किले में प्रवेश करना भी कठिन था। किले में प्रवेश के लिए केवल एक मार्ग पुजारीपाली की ओर से है, जबकि बाकी ओर खड़े कगार हैं। दुश्मन यदि अंदर प्रवेश कर भी जाता था तो सैनिकों के घेराव में फँसकर अभिमन्यु की तरह मारा जाता था। टेकाम ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में कुरुक्षेत्र में एक चक्रव्यूह की प्रतिकृति बनाने की भी मांग की है ताकि लोग महाभारत कालीन युद्धनीति को प्रत्यक्ष रूप से देख सकें। पर्यटकों का बढ़ता आकर्षण शिशुपाल पर्वत की भव्यता और रहस्यमय किले को देखने रोजाना सैकड़ों लोग पहुँचते हैं। खासकर रविवार को यहाँ भारी संख्या में पर्यटक आते हैं। यहाँ स्थित घोड़ाधार जलप्रपात पर्यटकों को रोमांच और रोमांस का अद्भुत अनुभव कराता है। पर्वत न केवल ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि इसकी भौगोलिक संरचना भी पर्वतारोहियों को विशेष रूप से आकर्षित करती है।
जनता की बुनियादी ज़रूरतों को पूरा करना मेरी पहली प्राथमिकता है – विधायक चातुरी नंद
कुबेर नायक महासमुंद। सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने कहा कि जनता की बुनियादी ज़रूरतों—पानी, बिजली, सड़क और शिक्षा—को पूरा करना उनकी पहली प्राथमिकता है। ग्राम भंवरपुर में आयोजित पानी टैंकर वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। कार्यक्रम में कुल 7 ग्राम पंचायतों—बनडबरी, भंवरपुर, ढालम, जमदरहा, हरदा, मोखापुटका और बरिहापाली को पानी टैंकर उपलब्ध कराए गए। विधायक चातुरी नंद ने सरपंचों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर टैंकरों को रवाना किया। विधायक ने कहा, “गर्मी के दिनों में पानी की समस्या विकराल हो जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पानी टैंकर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आज इन 7 पंचायतों को टैंकर सौंपते हुए संतोष है कि अब लोगों को पेयजल संकट से जूझना नहीं पड़ेगा।” उन्होंने आगे कहा कि पानी जीवन का आधार है और यदि इसकी सुविधा समय पर मिलेगी तो स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास की अन्य योजनाएँ भी मज़बूत होंगी। उन्होंने ग्रामीणों से इन टैंकरों का जिम्मेदारी से उपयोग और रखरखाव करने तथा जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन का संकल्प लेने की अपील की। विधायक चातुरी नंद ने कहा, “आज का यह कार्यक्रम केवल टैंकर वितरण का नहीं, बल्कि जनता से किए गए वादे और विश्वास को निभाने का प्रतीक है। विकास की गति निरंतर जारी रहेगी और आने वाले समय में अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए भी योजनाएँ लागू की जाएँगी।” कार्यक्रम में भंवरपुर सरपंच कृष्ण कुमार सिदार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रवण पटेल, विधायक प्रतिनिधि घसिया सिदार, मेढ़ापाली सरपंच एड. पुरुषोत्तम पटेल, लोकनाथ पटेल, सत्या भोई, लीलाकांत पटेल, संत कुमार पटेल, महेंद्र नायक, विक्की वैष्णव, पुरन पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
















