चोरी के माल में हेराफेरी का आरोप, दुर्ग की महिला पुलिसकर्मी सलाखों के पीछे

✍️ भागीरथी यादव   दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में चोरी के एक गंभीर मामले में पुलिस विभाग की साख पर सवाल खड़े हो गए हैं। जब्त किए गए 79 ग्राम सोने की ज्वेलरी के गबन के आरोप में बर्खास्त महिला प्रधान आरक्षक मोनिका सोनी गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध अमानत में खयानत का अपराध दर्ज किया गया है। जब्त माल ही हुआ गायब मामला उस समय सामने आया जब चोरी के एक प्रकरण में पुलिस ने करीब 79 ग्राम सोने के आभूषण जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा था। बाद में यह ज्वेलरी रिकॉर्ड से गायब पाई गई। प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उसके घर से चोरी हुए सोने को जब्त करने के बाद ही हेरफेर किया गया है। सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य बने अहम जांच के दौरान थाना परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल की गई। साक्ष्यों के आधार पर संदेह महिला प्रधान आरक्षक मोनिका गुप्ता पर गया। पर्याप्त प्रमाण मिलने के बाद उसके खिलाफ विधिवत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जांच मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर विस्तृत जांच कराई गई। जांच में गबन की पुष्टि होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मामले में विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है और आगे की विवेचना जारी है। यह घटना पुलिस महकमे के लिए गंभीर आत्ममंथन का विषय बन गई है, क्योंकि जब्त माल की सुरक्षा और पारदर्शिता पर अब सवाल उठने लगे हैं।

बलौदाबाजार से रायपुर जा रही यात्री बस में लगी आग, 50 यात्री सुरक्षित

    बलौदाबाजार। जिले से रायपुर की ओर जा रही एक यात्री बस में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक की सतर्कता और त्वरित निर्णय के कारण बस में सवार सभी लगभग 50 यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। जानकारी के अनुसार, राजधानी ट्रेवल्स की बस सुबह करीब 8 बजे बलौदाबाजार से रायपुर के लिए रवाना हुई थी। सुबह लगभग 9 बजे खरोरा थाना क्षेत्र के भैंसा गांव के पास बस के इंजन से धुआं निकलना शुरू हुआ। देखते ही देखते धुआं आग में बदल गया और लपटें तेजी से बस में फैलने लगीं। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका। उसने बिना घबराए सभी दरवाजे खोलकर यात्रियों को क्रमबद्ध तरीके से नीचे उतरने के निर्देश दिए। यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलते ही आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जल गया। बस में सवार यात्री पवन ने बताया कि चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि बस में महिलाएं और बच्चे भी सवार थे, जिन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया। यदि थोड़ी भी देरी होती तो स्थिति भयावह हो सकती थी। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने यात्रियों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। आग लगने के कारणों की फिलहाल जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इंजन में तकनीकी खराबी आग लगने की वजह हो सकती है। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई थी।

जमीन और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी: गिधौरी पुलिस ने आरोपी को दबोचा

✍️ भागीरथी यादव     बलौदाबाजार। जिले में जमीन बिक्री और शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी मनोहर लाल साहू (35) को गिधौरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज हैं। जमीन बिक्री के नाम पर 8 लाख से अधिक की ठगी पहला मामला वर्ष 2017 का है। प्रार्थी संतोष कुमार साहू ने आरोपी से रायपुर में 2000 वर्ग फीट जमीन खरीदने का सौदा किया था। इसके एवज में उन्होंने नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 8,11,000 रुपये आरोपी को दिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद भी मनोहर लाल साहू ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। रुपये वापस मांगने पर वह लगातार टालमटोल करता रहा। शिकायत के आधार पर थाना गिधौरी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। शेयर ट्रेडिंग में दोगुना मुनाफा का झांसा दूसरे मामले में आरोपी ने रामनारायण साहू और अन्य साथियों के साथ मिलकर लोगों को शेयर बाजार में निवेश पर दो साल में रकम दोगुनी करने का लालच दिया। इस झांसे में कसडोल, लवन, गिधौरी, शिवरीनारायण, महासमुंद और रायगढ़ सहित कई क्षेत्रों के लोग फंस गए। इस संबंध में थाना गिधौरी में अपराध क्रमांक 170/2025, धारा 318(4), 3(5), 111 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज है। पूछताछ में कबूला अपराध पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में गिधौरी थाना टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान मनोहर लाल साहू ने जमीन और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करना स्वीकार किया है। आरोपी ग्राम अमलीडीह, थाना गिधौरी का निवासी है। उसे 08 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक प्रक्रिया में भेज दिया गया। पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों और पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है।

दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेन्द्रगढ़ में ‘परीक्षा पर चर्चा’: आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संदेश

  ✍️ भागीरथी यादव     एमसीबी। Delhi World Public School, Manendragarh में विद्यार्थियों के मानसिक सशक्तिकरण और परीक्षा तनाव को कम करने के उद्देश्य से ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम का प्रभावशाली आयोजन किया गया। यह पहल देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा प्रारंभ की गई है, जिसका उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के दबाव से उबारते हुए उन्हें आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण की ओर प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने परीक्षा को भय नहीं, बल्कि सीखने और स्वयं को परखने का अवसर मानने की सीख प्राप्त की। प्रधानमंत्री के संदेशों के माध्यम से समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन, संतुलित दिनचर्या और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे न केवल परीक्षा को लेकर व्याप्त अनावश्यक तनाव कम होता है, बल्कि छात्रों में आत्मअनुशासन और लक्ष्य के प्रति स्पष्टता भी विकसित होती है। कार्यक्रम के उपरांत विद्यार्थियों में उत्साह और ऊर्जा स्पष्ट रूप से देखने को मिली। उन्होंने परीक्षा को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ देने और निरंतर प्रयास करते रहने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने इस प्रेरणादायक पहल के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे मार्गदर्शी कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता जताई।

जिला अस्पताल मनेन्द्रगढ़: 220 बिस्तरों की इमारत, लेकिन डॉक्टरों का टोटा—मरीजों पर संकट गहराया

✍️ भागीरथी यादव   एमसीबी। कागज़ों में 220 बिस्तरीय दर्जा प्राप्त सिविल चिकित्सालय मनेन्द्रगढ़ की जमीनी हकीकत स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल रही है। अस्पताल में पदस्थ कई अनुबंधित चिकित्सकों की लंबी अनुपस्थिति ने नियमित उपचार सेवाओं से लेकर इमरजेंसी ड्यूटी तक को प्रभावित कर दिया है। परिणामस्वरूप मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा और व्यवस्था सवालों के घेरे में है। अधीक्षक बनाम सीएमएचओ: विरोधाभासी दावे अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने डॉक्टरों की कमी और उससे उत्पन्न प्रशासनिक कठिनाइयों को लेकर जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पत्र लिखा है। वहीं, जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, एमसीबी की ओर से स्थिति सामान्य बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सीएमएचओ स्तर पर डॉक्टरों की संख्या को लेकर स्पष्ट जानकारी तक उपलब्ध नहीं है। यह विरोधाभास स्वयं में प्रशासनिक समन्वय की कमी को उजागर करता है। मरीज भुगत रहे अव्यवस्था का खामियाजा डॉक्टरों की कमी का सीधा असर मरीजों पर पड़ रहा है। ओपीडी सीमित, इमरजेंसी पर दबाव और गंभीर मामलों में रेफरल की संख्या बढ़ना अब सामान्य हो गया है। कई मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। मशीन है, सेवा नहीं: सोनोग्राफी बनी प्रतीक्षा का नाम अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध है, लेकिन नियमित जांच सुविधा नहीं मिल पा रही। सीमित दिनों में ही जांच होने से गर्भवती महिलाओं और दूरदराज से आने वाले मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। अक्सर अगली तारीख देकर मरीजों को लौटा दिया जाता है या निजी केंद्रों का सहारा लेने को मजबूर किया जाता है। यह स्थिति संसाधनों के उपयोग और निगरानी तंत्र पर प्रश्नचिह्न लगाती है। बड़ा दर्जा, कमजोर व्यवस्था नगर अस्पताल से जिला अस्पताल का दर्जा मिलने के बावजूद सुविधाओं का विस्तार अपेक्षित स्तर तक नहीं हो सका। केवल भवन और बिस्तर संख्या बढ़ाने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी नहीं होतीं; इसके लिए पर्याप्त डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता अनिवार्य है। जवाबदेही तय करने की मांग एक ओर अधीक्षक द्वारा समस्या उजागर की जा रही है, दूसरी ओर प्रशासनिक स्तर पर इनकार—ऐसी स्थिति में आम जनता भ्रमित है। सवाल यह है कि यदि जिला मुख्यालय के अस्पताल का यह हाल है, तो ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति कैसी होगी? अब आवश्यकता केवल आश्वासनों की नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई और पारदर्शिता की है। स्वास्थ्य सेवाएं अधिकार हैं, सुविधा नहीं। मनेन्द्रगढ़ के मरीज इंतजार में हैं—क्या व्यवस्था जागेगी या हालात यूं ही कागज़ों तक सीमित रहेंगे?    

अधिवक्ताओं की गरिमा पर हमला बर्दाश्त नहीं: जिला अधिवक्ता संघ मनेन्द्रगढ़ ने की एफआईआर की मांग

    ✍️ भागीरथी यादव   एमसीबी। सोशल मीडिया पर अधिवक्ता समुदाय के खिलाफ की गई कथित अमर्यादित टिप्पणियों को लेकर जिला अधिवक्ता संघ मनेन्द्रगढ़ ने कड़ा रुख अपनाया है। संघ ने इसे पेशेवर गरिमा पर सीधा प्रहार बताते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। संघ की ओर से 7 फरवरी 2026 को सिटी कोतवाली प्रभारी को सौंपे गए लिखित आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विवेकानंद चौक, मनेन्द्रगढ़ निवासी रघुनाथ पोद्दार उर्फ कल्लू तथा ‘शराफत की दस्तक’ चैनल के संचालक शराफत अली द्वारा एक साक्षात्कार के दौरान अधिवक्ताओं के विरुद्ध अपमानजनक और आधारहीन टिप्पणियां की गईं। यह इंटरव्यू 25 जनवरी 2026 को फेसबुक के माध्यम से प्रसारित किया गया था। संघ के अनुसार करीब 13 मिनट के इस वीडियो में न केवल अधिवक्ताओं, बल्कि राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी बिना प्रमाण गंभीर आरोप लगाए गए, जिससे समाज में भ्रम और अविश्वास की स्थिति उत्पन्न हुई। वीडियो को शराफत अली के फेसबुक अकाउंट से साझा किया गया, जिसकी पहुंच लगभग 1570 लोगों तक बताई जा रही है। वीडियो के व्यापक प्रसार से अधिवक्ता समुदाय में तीव्र आक्रोश व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए 4 फरवरी 2026 को जिला अधिवक्ता संघ की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि उक्त कृत्य सुनियोजित प्रतीत होता है और यह इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के दुरुपयोग की श्रेणी में आता है। संघ ने इसे सामाजिक सौहार्द और संस्थागत प्रतिष्ठा को आहत करने का प्रयास बताया। जिला अधिवक्ता संघ ने मांग की है कि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विधि सम्मत धाराओं के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में सोशल मीडिया मंचों का उपयोग कर किसी भी सम्मानित पेशे या वर्ग की छवि धूमिल करने की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।  

भानुप्रतापपुर–दल्ली राजहरा मार्ग पर भीषण हादसा, ट्रक की चपेट में आने से दो युवकों की मौत

  भानुप्रतापपुर–दल्ली राजहरा मार्ग पर ग्राम टेकाढ़ोडा (साल्हे) के पास शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। दोनों युवक बाइक से भानुप्रतापपुर की ओर जा रहे थे, तभी लौह अयस्क से भरे एक ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ट्रक के नीचे फंस गया, जबकि दूसरा पिछले पहियों के नीचे दब गया। बताया जा रहा है कि ट्रक बाइक समेत दोनों युवकों को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ आगे बढ़ गया। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही कच्चे पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक के नीचे फंसी बाइक व शव को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की सहायता ली गई। हादसे के चलते करीब एक घंटे तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

गरियाबंद की पहाड़ियों से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियारों का जखीरा बरामद

✍️ भागीरथी यादव     धमतरी/गरियाबंद: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘उन्मूलन अभियान’ के तहत धमतरी पुलिस की डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस ने गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरा पहाड़ पर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों के बड़े भंडार को जब्त किया है। सरेंडर कर चुके नक्सलियों ने खोला राज इस पूरी कार्रवाई की सबसे अहम कड़ी आत्मसमर्पित नक्सली भूमिका और अमिला रहे। पुलिस की पूछताछ के दौरान इन दोनों ने सेमरा पहाड़ के गुप्त ठिकानों का खुलासा किया, जहाँ नक्सलियों ने भविष्य में बड़ी घटनाओं को अंजाम देने के लिए हथियारों का स्टॉक जमा कर रखा था। बरामद हथियारों की सूची सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान डीआरजी की टीम ने पहाड़ियों के बीच से निम्नलिखित सामग्री बरामद की है: 01 बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) राइफल 01 ‘8 MM’ राइफल 03 बीजीएल ग्रेनेड 08 बीजीएल के खाली कार्ट्रिज 25 ग्राम गन पाउडर और सैन्य पोच नक्सल कमर तोड़ने की तैयारी धमतरी और सीमावर्ती जिलों में लगातार चलाए जा रहे सर्चिंग अभियानों ने नक्सलियों के नेटवर्क को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामग्री से यह स्पष्ट है कि नक्सली किसी बड़ी साजिश की फिराक में थे, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने सभी हथियारों को जब्त कर लिया है और क्षेत्र में वैधानिक कार्रवाई के साथ-साथ सर्चिंग और तेज कर दी गई है। “यह सफलता पुलिस और जनता के बीच बढ़ते विश्वास का परिणाम है। आत्मसमर्पित नक्सलियों का सहयोग यह दर्शाता है कि अब वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ना चाहते हैं।

राष्ट्रपति के बस्तर आगमन पर 85 लाख के 30 इनामी माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

✍️ भागीरथी यादव     बीजापुर: महामहिम राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास के दौरान बीजापुर जिले में माओवाद उन्मूलन की दिशा में प्रशासन को बड़ी कामयाबी मिली है। छत्तीसगढ़ शासन की ‘पुनर्वास से पुनर्जीवन’ (पूना मारगेम) नीति से प्रभावित होकर 30 इनामी माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है। मुख्यधारा में लौटे इनामी कैडर आत्मसमर्पण करने वाले इन 30 कैडरों में 20 महिलाएं और 10 पुरुष शामिल हैं। इन सभी पर कुल 85 लाख रुपये का इनाम घोषित था। संगठन के लिए सबसे बड़ा झटका नेशनल पार्क एरिया कमेटी की सचिव मंगी का आत्मसमर्पण माना जा रहा है। पदों का विवरण: कंपनी सदस्य: 03 एरिया कमेटी मेंबर (ACM): 04 पार्टी सदस्य: 17 अन्य: 06 (पीपीसीएम, DAKMS, KAMS और जनताना सरकार अध्यक्ष) हथियार और गोला-बारूद सौंपा आत्मसमर्पण के दौरान कैडरों ने सुरक्षा बलों के समक्ष 50 जिलेटिन स्टिक और कार्डेक्स वायर भी स्वेच्छा से सौंपे। शासन की पुनर्वास नीति के तहत प्रत्येक कैडर को 50,000 रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। बीजापुर में माओवाद विरोधी अभियान के आंकड़े (1 जनवरी 2024 से अब तक) विवरण संख्या मुख्यधारा में लौटे (आत्मसमर्पण) 918 गिरफ्तार माओवादी 1163 मुठभेड़ में मारे गए 232   अधिकारियों का संदेश डॉ. जितेंद्र कुमार यादव (SP, बीजापुर): उन्होंने अपील की कि माओवादी भ्रमित विचारधारा त्यागकर निर्भय होकर लौटें, शासन उनके सुरक्षित भविष्य की पूरी जिम्मेदारी लेगा। सुंदरराज पी. पट्टलिंगम (IG, बस्तर रेंज): उन्होंने कहा कि सुदूर अंचलों में सुरक्षा कैंपों और सड़क कनेक्टिविटी के विस्तार से माओवादियों का आधार सिमट रहा है। ‘पूना मारगेम’ अभियान शांति और नए जीवन की राह है। इन बलों की रही अहम भूमिका इस सफल अभियान में जिला पुलिस बल, DRG, STF, कोबरा (CoBara) और CRPF की विभिन्न बटालियनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। लगातार बढ़ते दबाव और सुरक्षा बलों के संवेदनशील व्यवहार ने कैडरों को मुख्यधारा में आने के लिए प्रेरित किया।  

अंबिकापुर में गैंगवार की आहट: होटल कारोबारी और भाजपा नेता के रिश्तेदार के बीच चली गोलियां, इलाके में दहशत

  अंबिकापुर (सरगुजा): छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में शुक्रवार शाम कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ गईं। शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक देवीगंज रोड पर वर्चस्व की लड़ाई को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। इस दौरान हुई फायरिंग ने पूरे इलाके को थर्रा दिया। मामला एक रसूखदार होटल व्यवसायी और भाजपा नेता के रिश्तेदार के बीच विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। सरेराह पीछा और फिर फायरिंग से फैली दहशत जानकारी के अनुसार, विवाद की चिंगारी बनारस रोड से सुलगी थी। आरोप है कि होटल संचालक हनी सिंह का कुछ रसूखदार युवकों ने चार पहिया वाहनों से फिल्मी स्टाइल में पीछा किया। यह पीछा देवीगंज रोड स्थित होटल देव के पास आकर रुका, जहाँ विवाद इतना बढ़ा कि गोलियां चल गईं। चश्मदीदों के मुताबिक, दो राउंड फायरिंग की आवाज सुनी गई, जिसके बाद बाजार में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित ठिकानों की ओर भागे। पुलिस की बड़ी कार्रवाई: होटल संचालक के घर से हथियारों का जखीरा बरामद फायरिंग की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ढिल्लो, सीएसपी राहुल बंसल और कोतवाली पुलिस की टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल संचालक के घर की तलाशी ली, जहाँ से 6 पिस्टल बरामद होने की खबर ने सबको चौंका दिया है। पुलिस इन हथियारों के लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है। जांच के घेरे में आरोपी: ASP ने कहा- CCTV पर नजर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। एडिशनल एसपी ने कहा कि इलाके के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गोली किसने और किस तरफ से चलाई। “इलाके में फायरिंग की सूचना पर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। हालांकि, अभी आधिकारिक तौर पर फायरिंग की पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी। होटल संचालक के घर से मिले हथियारों के कागजात मंगाए गए हैं। शहर की शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।” — अमोलक सिंह ढिल्लो, एडिशनल एसपी (सरगुजा) शहर में हाई अलर्ट, पुलिस की बढ़ी गश्त गैंगवार की इस घटना के बाद अंबिकापुर में पुलिस पेट्रोलिंग को दोगुना कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इस घटना ने शहर में सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं ग्रामीणों और स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है।  

अन्य खबरे

बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर बनाया वीडियो, ब्लैकमेल कर मांगे एक लाख रुपये — महिला गिरफ्तार
दर्री डैम हसदेव नदी में डूबे युवक नौशाद खान का शव दो दिन बाद मिला, इलाके में शोक
कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी में आरिफ खान बने उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह
सिमगा संकुल में वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर बैठक सम्पन्न, प्राचार्य ने दिए आवश्यक निर्देश
ग्रामीणों को दस्तावेज उपलब्ध कराने सैचुरेशन शिविर आयोजित करें – कलेक्टर संबित मिश्रा
रायगढ़ में सनसनी: पेड़ पर लटके मिले दो युवकों के शव, पुलिस जांच में जुटी