बलरामपुर: अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्यवाही, 4 ट्रैक्टर जब्त

✍️ भागीरथी यादव     बलरामपुर | 06 फरवरी 2026 जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने अपनी सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के निर्देशानुसार, राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने वाड्रफनगर क्षेत्र में बड़ी कार्यवाही करते हुए अवैध रेत परिवहन में लगे 04 ट्रैक्टरों को जब्त किया है। कार्यवाही का मुख्य विवरण: स्थान: ग्राम कैलाशपुर स्थित मोरान नदी। दोष: नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन और उसका परिवहन। नेतृत्व: अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वाड्रफनगर, श्री नीरनिधि नन्देहा। जब्ती: मौके से 04 ट्रैक्टर वाहन पकड़े गए, जिन्हें कार्यवाही के बाद चौकी वाड्रफनगर की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। कलेक्टर के कड़े निर्देश कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों और खनिज विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खनिजों के अवैध दोहन पर लगाम लगाने के लिए निरंतर निगरानी रखी जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अवैध उत्खनन में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति या वाहन मालिक को बख्शा नहीं जाएगा और उन पर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी। राजस्व विभाग की टीम भविष्य में भी इसी तरह की आकस्मिक जाँच जारी रखेगी ताकि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट को रोका जा सके।

सूरजपुर में कांग्रेस का हल्ला बोल: ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत कलेक्टोरेट का घेराव

  सूरजपुर: छत्तीसगढ़ में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के क्रियान्वयन और इसके नाम को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच, सूरजपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने साय सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और दिग्गजों ने ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत कलेक्टोरेट का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया और सरकार पर मजदूर विरोधी होने का आरोप लगाया। रैली और नारेबाजी से गूंजा शहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अग्रसेन चौक से एक विशाल रैली निकाली, जो नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय तक पहुँची। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आक्रोश जता रहे थे। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यह प्रदर्शन केवल योजना के नाम को बचाने के लिए नहीं, बल्कि गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए है। ‘मजदूरों की आजीविका पर संकट’ – शशि सिंह प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उनके संबोधन के मुख्य बिंदु रहे: योजना को कमजोर करने की साजिश: शशि सिंह ने आरोप लगाया कि मनरेगा गरीबों के लिए जीवनरेखा है, जिसे वर्तमान सरकार जानबूझकर पंगु बना रही है। भुगतान में देरी: मजदूरों को समय पर काम नहीं मिल रहा है और किए गए कार्यों का भुगतान भी अटका हुआ है। भेदभाव का आरोप: उन्होंने दावा किया कि एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के नाम पर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के नाम सूची से काटे जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर संवैधानिक मूल्यों का उल्लंघन है। “अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाना और गरीबों का हक मारना लोकतंत्र के खिलाफ है। अगर सरकार ने यह साजिश बंद नहीं की, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर और भी उग्र आंदोलन करेगी।” — शशि सिंह, जिलाध्यक्ष, सूरजपुर कांग्रेस राहुल गांधी की आवाज दबाने का आरोप प्रदर्शन के दौरान स्थानीय नेताओं ने राष्ट्रीय मुद्दों पर भी बात रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सार्वजनिक मंचों पर बोलने से रोका जा रहा है। कांग्रेस ने इसे अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला करार देते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिशें सफल नहीं होंगी।   कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि यह विरोध प्रदर्शन केवल एक शुरुआत है। यदि सरकार ने मनरेगा के सुचारू संचालन और मजदूरों के हितों को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए, तो आने वाले दिनों में पूरे जिले में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

रायपुर | धान खरीदी केंद्र में बड़ी अनियमितता, सूखत कम दिखाने के लिए बोरों पर डाला गया पानी

रायपुर जिले के मुनरेठी धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी प्रक्रिया के दौरान गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। यहां सूखत (वजन में कमी) कम दिखाने के उद्देश्य से धान से भरे सैकड़ों बोरों पर पाइप के माध्यम से पानी डाला गया। यह पूरी घटना वीडियो में कैद हो गई, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन की नजर में आई। जानकारी के अनुसार खरीदी केंद्र परिसर में करीब आधे घंटे तक लगातार बोरों पर पानी डाला गया। उस समय केंद्र में हजारों क्विंटल धान सैकड़ों बोरों में संग्रहित था। वीडियो वायरल होते ही प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू कर दी, जिसमें प्रथम दृष्टया अनियमितता की पुष्टि हुई। जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट किया गया है कि वायरल वीडियो प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्रेड़ी से संबंधित है। यह घटना 1 फरवरी 2026 की शाम 6.45 बजे से 7.10 बजे के बीच की है। जांच के दौरान समिति कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, हमालों के बयान और प्रभारी समिति प्रबंधक के स्पष्टीकरण का परीक्षण किया गया। जांच में कुलेश्वर प्रसाद वर्मा (हमाल), महरन राय (रात्रिकालीन चौकीदार/हमाल), योगेश्वर बंजारे (रात्रिकालीन चौकीदार/हमाल) और संजू ढीढ़ी (धान खरीदी दैनिक कर्मचारी) की संलिप्तता स्पष्ट रूप से सामने आई है। वहीं, प्रभारी समिति प्रबंधक चंद्रप्रकाश खंडेलवाल घटना के समय मौके पर उपस्थित नहीं थे, लेकिन जांच में यह माना गया कि कर्मचारियों और हमालों पर उनका प्रभावी नियंत्रण नहीं था। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समिति प्रभारी सहित चारों दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को तत्काल हटा दिया है। साथ ही आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्च कार्यालय को भेज दी गई है। इस घटना ने धान खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शादी की खुशियों के बीच खून-खराबा, युवक पर धारदार हथियार से हमला

      तखतपुर में एक विवाह समारोह उस समय सनसनी में बदल गया, जब खुशियों से भरे माहौल में अचानक हिंसक वारदात हो गई। तखतपुर हाईस्कूल के पास स्थित पाल मंगलम भवन में आयोजित शादी समारोह के दौरान रायपुर के टिकरापारा निवासी एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। इस हमले में पीड़ित की उंगली कटकर अलग हो गई, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, रायपुर के टिकरापारा निवासी विजय धनगर 5 फरवरी को शादी समारोह में शामिल होने तखतपुर आए थे। कार्यक्रम के दौरान उनकी अजय पाली से सामान्य बातचीत और हंसी-मजाक चल रहा था। इसी बीच अजय पाली का पुत्र राज पाली उर्फ सोमू (23 वर्ष) वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोप है कि इसके बाद राज पाली ने अचानक धारदार हथियार से विजय धनगर पर हमला कर दिया, जिससे उनके बाएं हाथ की मध्य उंगली कटकर अलग हो गई। खून से लथपथ हालत में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पीड़ित की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296 एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर शादी जैसे पारिवारिक आयोजनों में बढ़ती असहिष्णुता और हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

राजू इलेक्ट्रॉनिक में लगी आग, 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, लाखों का नुकसान

    जांजगीर-चांपा। बलौदा बस स्टैंड के पास स्थित राजू इलेक्ट्रॉनिक दुकान में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में दुकान मालिक के 20 वर्षीय बेटे राम देवांगन की जलकर मौत हो गई, जबकि आगजनी से दुकान में रखा करीब 60 से 70 लाख रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गया। जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। स्थिति भांपते ही दुकान में मौजूद कर्मचारी और मालिक बाहर निकल आए, लेकिन इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। दो मंजिला दुकान से आग तीसरी मंजिल तक फैल गई। आग लगते ही परिवार के लोग छत पर लगी सीढ़ी के सहारे नीचे उतर गए, लेकिन बड़ा बेटा राम देवांगन आग की लपटों के बीच फंस गया। जान बचाने के प्रयास में वह तीसरी मंजिल पर पहुंचा, जहां आग और धुएं से घिरने पर उसने अंदर का शटर बंद कर लिया। दुर्भाग्यवश, वही उसकी आखिरी जगह साबित हुई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शटर तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस संबंध में योगिता खापर्डे ने बताया कि आगजनी की प्रारंभिक वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बलौदा अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर आग से सुरक्षा और इलेक्ट्रॉनिक प्रतिष्ठानों में सतर्कता की गंभीर जरूरत को उजागर करता है।

जादू-टोना के शक में रिश्तों का खून, भतीजे ने टंगिया से की चाचा की निर्मम हत्या

✍️ भागीरथी यादव   दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां जादू-टोना के अंधविश्वास ने एक परिवार को तबाह कर दिया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में भतीजे ने अपनी ही चाचा की टंगिया से बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। मां की मौत का शक बना हत्या की वजह घटना 3 फरवरी 2026 की है। मृतक की पहचान कोसा मंडावी (50) के रूप में हुई है। आरोपी मुड़ा उर्फ मनकू मंडावी (27) को शक था कि उसकी मां सुकड़ी मंडावी की मौत जादू-टोना के कारण हुई है और इसके लिए वह अपने चाचा को जिम्मेदार मानता था। इसी शक और रंजिश ने उसे खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। घर के आंगन में मिला खून से लथपथ शव मंगलवार को पुलिस को मोबाइल के जरिए सूचना मिली कि ग्राम पोंदुम-2 के गोटखुटापारा में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने देखा कि कोसा मंडावी का शव घर के आंगन में खून से सना पड़ा है। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान थे। पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। जंगल में छिपा था आरोपी, घेराबंदी कर पकड़ा हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था। 4 फरवरी को सूचना मिली कि वह ग्राम पोंदुम और जारम के बीच जंगल में छिपा है। इसके बाद पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया। हत्या में प्रयुक्त टंगिया बरामद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई टंगिया और खून से सना हाफ नेकर जब्त किया। विधिवत गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का बयान इस मामले में आर.के. बर्मन ने बताया कि जादू-टोना के अंधविश्वास में की गई इस हत्या के आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। कानून के तहत सख्त कार्रवाई की गई है।

छत्तीसगढ़: चारित्रिक शंका में पति ने की पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

    गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM): छत्तीसगढ़ के गौरेला थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ केंवची गांव के बैगापारा में एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह पति द्वारा पत्नी के चरित्र पर किया जाने वाला संदेह  है। विवाद और हमला पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपी राजेश बैगा अपनी पत्नी कुसुम बैगा के चरित्र को लेकर अक्सर शंका करता था। इस विषय पर दोनों के बीच लंबे समय से अनबन और झगड़े होते रहते थे। बीती रात विवाद ने इतना उग्र रूप ले लिया कि राजेश ने घर में रखी कुल्हाड़ी  से कुसुम पर जोरदार हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि गंभीर चोटों के कारण कुसुम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पति राजेश बैगा को गिरफ्तार कर लिया है।

देर आए दुरुस्त आए: भारी दबाव के बाद सस्पेंड हुई विवादित DSP कल्पना वर्मा, PHQ नवा रायपुर किया गया अटैच।

  रायपुर। व्यापारी को प्रेम संबंधों के जरिए हनी ट्रैप में फंसाकर करीब ढाई करोड़ रुपये की अवैध वसूली, रेस्टोरेंट अपने भाई के नाम करवाने, महंगी कार और हीरे के आभूषण लेने जैसे गंभीर आरोपों में कल्पना वर्मा, उप पुलिस अधीक्षक, जिला दंतेवाड़ा को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन आदेश राज्य शासन द्वारा जारी किया गया है। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस विभाग के दोहरे रवैये पर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। उल्लेखनीय है कि मात्र 30 हजार रुपये के लेनदेन के आरोप और एक वीडियो वायरल होने के बाद राजेंद्र जायसवाल को तत्काल निलंबित कर दिया गया था, जबकि कल्पना वर्मा के खिलाफ ढाई करोड़ रुपये की वसूली और नक्सल ऑपरेशन से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं लीक करने जैसे गंभीर आरोपों पर 1400 पन्नों की जांच रिपोर्ट आने के बावजूद लंबे समय तक कार्रवाई नहीं हुई। जांच में यह भी सामने आया कि डीएसपी कल्पना वर्मा ने अपने कारोबारी प्रेमी के साथ नक्सल विरोधी अभियानों से जुड़ी खुफिया चैट्स और पुलिस टीमों की मूवमेंट संबंधी संवेदनशील जानकारियां साझा कीं। यह जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के नेतृत्व में की गई थी, जिसमें गोपनीय जानकारी लीक होने की पुष्टि हुई। जारी आदेश के अनुसार, प्राथमिक जांच प्रतिवेदन में वित्तीय लेनदेन, जांच के दौरान दिए गए कथनों और व्हाट्सएप चैट्स में विरोधाभास, कर्तव्य के दौरान अवैध आर्थिक लाभ प्राप्त करना, पद का दुरुपयोग करना और अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने के तथ्य पाए गए। यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन है। इसके आधार पर राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत आपात प्रभाव से डीएसपी कल्पना वर्मा को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर अटल नगर रहेगा तथा नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।  

बलरामपुर: प्रेम प्रसंग में प्रधान आरक्षक की हत्या, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव   बलरामपुर जिले के सतिसेमर गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दो बच्चों की मां ने अपने शादीशुदा प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। मृतक विश्वनाथ केरकेट्टा (51) छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) में प्रधान आरक्षक था। पुलिस के अनुसार, पत्नी क्लॉस्टिका केरकेट्टा अपने प्रेमी विवेक टोप्पो के साथ रहना चाहती थी। दोनों ने पहले छिपकर शादी भी कर ली थी। इसी के चलते हत्या की साजिश रची गई। 14 जनवरी को विवेक ने विश्वनाथ को सेंदुर नदी किनारे बुलाया और लोहे की खुरपी से सिर पर वार कर हत्या कर दी। बाद में शव को नदी के दूसरे किनारे रेत में गाड़ दिया गया। 29 जनवरी को ग्रामीणों को सड़ी-गली हालत में शव मिला, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। 31 जनवरी को शव की पहचान हुई। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामला बलरामपुर थाना क्षेत्र का है।  

मुंगेली पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई हत्या की गुत्थी, दो आरोपी गिरफ्तार

  मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरहदा में हुई सनसनीखेज हत्या की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार 2 फरवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे, खरवोरवा तालाब पार के पास जयपाल साहू ने अपने साथी हितेश उर्फ हरिओम कश्यप के साथ मिलकर अर्जुन साहू और कोमल साहू से मारपीट की। इसी दौरान हितेश उर्फ हरिओम ने बटनदार चाकू से अर्जुन साहू के पेट और हाथ की उंगली पर वार किया, जबकि कोमल साहू के पेट में गंभीर चोट पहुंचाई। इलाज के दौरान युवक की मौत घटना के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल मुंगेली में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान कोमल साहू की मृत्यु हो गई। सूचना पर थाना जरहागांव में मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103(1), 109, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। फॉरेंसिक जांच और अहम सबूत जब्त मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर हत्या में प्रयुक्त बटनदार चाकू, खून लगे कपड़े और मोबाइल फोन गवाहों की मौजूदगी में जब्त किए। पूछताछ में आरोपियों ने बहन से बातचीत को लेकर शंका के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपी हितेश उर्फ हरिओम कश्यप, पिता रामनिवास, उम्र 18 वर्ष 10 माह, निवासी बजरंगपारा, जरहागांव जयपाल उर्फ कल्लू साहू, पिता रामेश्वर साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम फरहदा, थाना जरहागांव पुलिस ने प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 भी जोड़ी है। दोनों आरोपियों को 4 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अन्य खबरे

बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर बनाया वीडियो, ब्लैकमेल कर मांगे एक लाख रुपये — महिला गिरफ्तार
दर्री डैम हसदेव नदी में डूबे युवक नौशाद खान का शव दो दिन बाद मिला, इलाके में शोक
कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी में आरिफ खान बने उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह
सिमगा संकुल में वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर बैठक सम्पन्न, प्राचार्य ने दिए आवश्यक निर्देश
ग्रामीणों को दस्तावेज उपलब्ध कराने सैचुरेशन शिविर आयोजित करें – कलेक्टर संबित मिश्रा
रायगढ़ में सनसनी: पेड़ पर लटके मिले दो युवकों के शव, पुलिस जांच में जुटी