कोनारी में एस आर एस स्टील एंड पावर की जनसुनवाई शांतिपूर्ण, क्षेत्रीय विकास और रोजगार की नई उम्मीदें

तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा तिल्दा ब्लॉक के ग्राम कोनारी में प्रस्तावित एस आर एस स्टील एंड पावर लिमिटेड परियोजना को लेकर आयोजित जनसुनवाई सोमवार को शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर उमाशंकर बंदे और क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी प्रकाश राबड़े की उपस्थिति में प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की गई। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक सरोकार रखने वाले लोग उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान कुछ स्थानों पर हल्का-फुल्का विरोध जरूर देखने को मिला, लेकिन संपूर्ण कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अधिकांश ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया। ग्रामीणों ने जनसुनवाई में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, भूमि अधिग्रहण पर उचित मुआवजा, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार, स्वरोजगार के अवसर, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार जैसे मुद्दे शांतिपूर्वक रखे। ग्रामीणों की बातों को प्रशासन और कंपनी प्रबंधन द्वारा गंभीरता से सुना गया। कंपनी के प्रबंध निदेशक प्रदीप अग्रवाल ने सामाजिक और धार्मिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए ग्राम कोनारी स्थित शिव मंदिर एवं महामाया मंदिर के विकास के लिए ढाई-ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की। इस घोषणा का उपस्थित ग्रामीणों ने खुले मन से स्वागत किया और इसे सकारात्मक पहल बताया। कंपनी की ओर से विवेक साहनी ने कहा कि एस आर एस स्टील एंड पावर लिमिटेड क्षेत्र में रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कंपनी स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाकर पारदर्शिता के साथ कार्य करेगी। साथ ही जनसुनवाई को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, पर्यावरण विभाग, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। जनसुनवाई में एसडीएम आशुतोष देवांगन, तहसीलदार रामप्रसाद बघेल, थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से शांतिपूर्ण रूप में संपन्न हुई, जिससे क्षेत्र में विकास को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।

36 मोड़ की खाई में मिली रहस्यमय महिला की लाश, सड़ी-गली हालत ने बढ़ाई हत्या की आशंका

✍️ भागीरथी यादव   एमसीबी/चिरमिरी। एमसीबी जिले के चिरमिरी–बिलासपुर मार्ग पर स्थित चर्चित 36 मोड़ के पास जंगल की गहरी खाई में एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की मौत कई दिन पहले हो चुकी है। स्थानीय लोगों द्वारा शव देखे जाने की सूचना मिलते ही चिरमिरी पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्गम और घने जंगल वाले क्षेत्र में कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को खाई से बाहर निकलवाया और मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को ऐसा कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि महिला की मौत हत्या है या दुर्घटना। हालांकि घटनास्थल की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि महिला को ऊपर से खाई में फेंका गया हो सकता है, जिससे मामला संदिग्ध बन गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस रहस्यमय घटना के बाद से 36 मोड़ और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।

कांकेर पुलिस की बड़ी सफलता: रायपुर रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी गिरफ्तार

    कांकेर। अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए कांकेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंचोर के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस ने सघन कार्रवाई शुरू की। लगातार प्रयासों और सायबर सेल की तकनीकी सहायता से थाना अंतागढ़ पुलिस ने फरार आरोपी गुलशन निषाद (30 वर्ष), निवासी संजयपारा, अंतागढ़ को रायपुर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर धर दबोचा। आरोपी को 19 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित और सुनियोजित कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप है। कांकेर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून से भागना अब आसान नहीं, हर आरोपी तक पहुंचकर उसे सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। स

एनएच-30 पर भीषण सड़क हादसा: कार–बाइक टक्कर में अधेड़ की मौत, अंधेरे चौक बना जानलेवा

✍️ भागीरथी यादव     कांकेर। कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 एक बार फिर मौत का गवाह बना। चारामा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रतेसरा के पास कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक अधेड़ व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा 19 जनवरी की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच हुआ। मिली जानकारी के अनुसार कांकेर से चारामा की ओर जा रही कार की टक्कर ग्राम रतेसरा से हाईवे पर निकल रही बाइक से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही चारामा थाना की पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल चारामा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अरुण यादव, निवासी ग्राम बाबू दबेना के रूप में हुई है। घटना स्थल गांव का मुख्य चौक बताया जा रहा है, जो सीधे नेशनल हाईवे से जुड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां स्ट्रीट लाइट की कोई व्यवस्था नहीं होने से अंधेरे में अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह अपनों को न खोना पड़े।

कबीरधाम में दहेज की बलि: पत्नी की पिटाई के बाद जहर देकर हत्या, पति गिरफ्तार

  कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से दहेज प्रताड़ना की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लोहारा थाना क्षेत्र के महाराटोला गांव में दहेज की मांग ने एक विवाहिता की जान ले ली। मायके पक्ष का आरोप है कि पति ने पहले पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर जहर पिलाकर उसकी हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार आरोपी पति जोहन साहू ने वारदात के बाद खुद को बचाने के लिए पत्नी लोकेश्वरी को लोहारा अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। इधर, मृतका के मायके पक्ष ने एसपी कार्यालय पहुंचकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। पिता का कहना है कि दहेज को लेकर लोकेश्वरी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और ससुराल के अन्य सदस्य भी इस घटना में शामिल हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी पति को जेल भेज दिया गया है और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच जारी है। दोषी पाए जाने पर सभी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। एक बार फिर दहेज की काली प्रथा ने एक बेटी की जिंदगी छीन ली, जिसने समाज और कानून दोनों को झकझोर कर रख दिया है।

खैरागढ़ में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, ‘शिवा बुक’ एप से करोड़ों का अवैध खेल

  खैरागढ़। मोबाइल और इंटरनेट के सहारे ऑनलाइन सट्टा अब संगठित साइबर अपराध का रूप ले चुका है। खैरागढ़ जिले में उजागर हुए ‘शिवा बुक’ ऑनलाइन सट्टा एप ने दिखा दिया कि एक क्लिक से कैसे करोड़ों का अवैध कारोबार खड़ा किया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया कि इस एप के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, कैसीनो गेम और लाइव मैचों पर देशभर में दांव लगवाए जा रहे थे। पहचान छुपाने के लिए आरोपी एप का नाम बदलकर ‘100 पैनल’ और ‘फेयर प्ले’ रखते रहे। सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जोड़कर फर्जी बैंक खातों में पैसे मंगाए जाते थे। खैरागढ़ प्रकरण में 8 से 10 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन के सबूत मिले हैं। गुरुग्राम तक फैले नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि डिजिटल सट्टा अब भी कानून की पकड़ से बाहर नहीं है। पुलिस का संदेश स्पष्ट है—ऑनलाइन सट्टा न सिर्फ अवैध है, बल्कि युवाओं और परिवारों के भविष्य के लिए घातक भी। अब हाईटेक अपराधियों पर सख्त शिकंजा तय है।

गर्डर डी-लॉन्चिंग कार्य से रेल यातायात प्रभावित बिलासपुर रेल मंडल में 3 दिन तक 6 पैसेंजर ट्रेनें रद्द

✍️ भागीरथी यादव     बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल में एक बार फिर रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ने वाली है। समपार फाटक पर गर्डर डी-लॉन्चिंग कार्य के चलते 23 से 25 जनवरी तक कुल 6 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इस दौरान बिलासपुर–रायगढ़–बिलासपुर और बिलासपुर–कोरबा–बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेनें नहीं चलेंगी, जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, जांजगीर नैला–चांपा सेक्शन के बीच किलोमीटर संख्या 672/27–673/02 पर स्थित समपार फाटक संख्या 343 (खोखसा फाटक) में गर्डर डी-लॉन्चिंग का कार्य किया जाना है। इस कार्य के लिए ट्रैफिक सह पावर ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके कारण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने और गुजरने वाली कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। बीच रास्ते समाप्त होंगी दो ट्रेनें गर्डर डी-लॉन्चिंग के कारण दो मेमू पैसेंजर ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। 23 और 25 जनवरी को गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया–झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन में ही समाप्त होगी। बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी। इसी तरह 23 और 25 जनवरी को गाड़ी संख्या 68862 झारसुगुड़ा–गोंदिया मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन से प्रारंभ होगी और झारसुगुड़ा से बिलासपुर के बीच इसका परिचालन नहीं होगा। पहले भी झेलनी पड़ी थी यात्रियों को परेशानी गौरतलब है कि इससे पहले भी 17 और 18 जनवरी को बिलासपुर–रायगढ़–बिलासपुर और बिलासपुर–कोरबा–बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेनों को दो दिनों के लिए रद्द किया गया था। उस दौरान कोटमीसोनार–जयरामनगर सेक्शन में ट्रैफिक ब्लॉक लेकर मेंटेनेंस कार्य किया गया था, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। लगातार हो रहे रेल कार्यों और ट्रेनों की रद्दीकरण से खासकर दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने और यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

कानून के रक्षक पर दाग: कटघोरा थाने में पदस्थ एसआई पर छेड़खानी का मामला, गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव  वर्दी की आड़ में धमकी और उत्पीड़न का आरोप, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया कोरबा। जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पुलिस महकमे की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कटघोरा थाना क्षेत्र में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर शिव प्रसाद कोसरिया के खिलाफ उसी थाने में छेड़खानी का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी एसआई को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पीड़िता महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी एसआई उसके पति को अवैध शराब के मामले में जेल भेजने की धमकी देकर लगातार फोन पर परेशान करता था। महिला के अनुसार, आरोपी ने अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए उस पर दबाव बनाया और भय का माहौल पैदा किया। मामला रविवार रात और गंभीर हो गया, जब आरोप है कि एसआई शराब के नशे में महिला के घर पहुंचा और जबरन छेड़खानी करने की कोशिश की। घटना से डरी महिला ने साहस दिखाते हुए थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 354 के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी सब-इंस्पेक्टर को तत्काल हिरासत में ले लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेजने के आदेश दिए गए। कटघोरा थाना प्रभारी डीएन तिवारी ने बताया कि प्रकरण में कानून के अनुसार त्वरित कार्रवाई की गई है। आरोपी एसआई की गिरफ्तारी के साथ ही आगे की जांच जारी है। इस घटना से जिले भर में चर्चा का माहौल है। वर्दीधारी अधिकारी पर लगे गंभीर आरोपों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब कानून के रक्षक ही कानून तोड़ें, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। पुलिस प्रशासन के लिए यह मामला बड़ी परीक्षा बन गया है।

जनसमस्याओं पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा, कलेक्टर कार्यालय का किया घेराव

✍️ भागीरथी यादव   एमसीबी में प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ सड़क पर उतरी जनता, समाधान तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी एमसीबी। जिले में लगातार बढ़ती जनसमस्याओं और प्रशासन की निष्क्रियता के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पहले विशाल आम सभा के माध्यम से जनता की पीड़ा को मंच से उठाया गया, फिर सैकड़ों कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर प्रशासन को चेताया कि अब उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे कार्यक्रम के दौरान आक्रोश, नाराजगी और बदलाव की मांग साफ झलकती रही। आम सभा को संबोधित करते हुए कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने कहा कि भाजपा शासन में आम जनता की आवाज को सुनने वाला कोई नहीं है। मनरेगा को कमजोर करना, किसानों पर दबाव बनाना, गरीबों के घर उजाड़ना, दूषित पानी से हो रही मौतें और लगातार बिजली कटौती सरकार की असफल नीतियों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर अन्याय के खिलाफ जनता के साथ खड़ी है और यह संघर्ष रुकने वाला नहीं है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कलेक्टर कार्यालय जनता की समस्याओं को केवल कागजों तक सीमित कर रहा है। धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे आम नागरिक परेशान हैं। कांग्रेस ने आज के घेराव के जरिए स्पष्ट कर दिया है कि यदि हालात नहीं बदले, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक दल का नहीं, बल्कि पूरे जिले की आवाज है। गरीब, किसान, मजदूर और कर्मचारी वर्ग लगातार शोषण का शिकार हो रहा है और कांग्रेस उनकी लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने युवाओं की भागीदारी को आंदोलन की ताकत बताते हुए कहा कि बेरोजगारी और अवसरों की कमी से युवा निराश हैं। आज युवाओं की मौजूदगी यह संकेत है कि अब अन्याय के खिलाफ नई ऊर्जा के साथ संघर्ष होगा। विधायक प्रत्याशी रमेशचंद्र सिंह ने कहा कि दूषित पेयजल और अघोषित बिजली कटौती ने जनता का जीना दूभर कर दिया है। सरकार और प्रशासन इन मुद्दों से आंखें मूंदे हुए हैं, जिसका जवाब जनता आने वाले समय में देगी। मनेंद्रगढ़ शहर ब्लॉक अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि यह घेराव चेतावनी है, यदि शीघ्र समाधान नहीं मिला तो आंदोलन जिले भर में फैलाया जाएगा। इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक विनय जायसवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, राजकुमार केसरवानी, मनेंद्रगढ़ ग्रामीण अध्यक्ष रामनरेश पटेल, चिरमिरी ब्लॉक अध्यक्ष शिवांश जैन सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल रहे। आम सभा और कलेक्टर कार्यालय घेराव ने यह स्पष्ट कर दिया कि जनता अब खामोश नहीं रहेगी। जनसमस्याओं के समाधान तक कांग्रेस का संघर्ष लगातार और निर्णायक रूप से जारी रहेगा।

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन को मिला नया नेतृत्व अनिल द्विवेदी बने प्रांतीय अध्यक्ष, कर्मचारियों में उत्साह

    रायपुर – छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन के प्रांतीय कार्यकारिणी चुनाव में अनिल द्विवेदी को सर्वसम्मति से प्रांतीय अध्यक्ष चुना गया है। उनके चयन के साथ ही प्रदेशभर के विद्युत कर्मचारियों में हर्ष और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। प्रांतीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालते हुए अनिल द्विवेदी ने साथियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह पद उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि कर्मचारियों की आशाओं, संघर्षों और अधिकारों की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे पूरे मन, पूर्ण ईमानदारी और अटूट संकल्प के साथ प्रत्येक कर्मचारी के हक़, सम्मान और सुरक्षित भविष्य के लिए निरंतर संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि साथियों द्वारा मिला विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, और इसी ताकत के बल पर वे संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, कर्मचारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाने तथा अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज़ बुलंद करेंगे। अनिल द्विवेदी के प्रांतीय अध्यक्ष चुने जाने को संगठन के लिए एक नई ऊर्जा और नई दिशा के रूप में देखा जा रहा है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में यूनियन और अधिक मजबूती से कर्मचारियों के हितों की लड़ाई

अन्य खबरे

शर्मनाक: दही मांगने के बहाने घर में घुसा शिक्षक, नाबालिग छात्रा से की छेड़खानी; छोटी बहन की बहादुरी से बचा सम्मान
दर्री सीएसईबी कॉलोनी में पानी टंकी के पास भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर बनाया वीडियो, ब्लैकमेल कर मांगे एक लाख रुपये — महिला गिरफ्तार
दर्री डैम हसदेव नदी में डूबे युवक नौशाद खान का शव दो दिन बाद मिला, इलाके में शोक
कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी में आरिफ खान बने उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह
सिमगा संकुल में वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर बैठक सम्पन्न, प्राचार्य ने दिए आवश्यक निर्देश