प्रदेश में बढ़ती सर्दी पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, शीतलहर से बचाव के लिए जारी किए निर्देश

✍️ भागीरथी यादव   प्रदेश में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर की तीव्रता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और अत्यधिक ठंड के दौरान यात्रा से परहेज़ करें।   अधिकारियों ने बताया कि गर्म कपड़ों का उपयोग, शरीर को गर्म रखने वाले तरल पदार्थों का सेवन और ठंड से बचाव ही शीतलहर के प्रभाव को कम कर सकता है। यदि किसी व्यक्ति में अत्यधिक कंपकंपी, उंगलियों का पीलापन/सफेदपन या सुन्नता जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत चिकित्सकीय मदद लेनी चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि वे तापमान में गिरावट से अधिक प्रभावित होते हैं।   स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि बंद कमरे में कोयला जलाकर आग सेंकना जानलेवा साबित हो सकता है। इससे निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस शरीर में जाकर गंभीर विषाक्तता पैदा कर सकती है। विभाग ने नागरिकों से ऐसी खतरनाक प्रथाओं से बचने की अपील की है।   हाइपोथर्मिया के मामलों को लेकर भी चेताया गया है। शरीर का तापमान अत्यधिक गिरने, बोलने में कठिनाई, लगातार कंपकंपी, सांस भारी होना, मांसपेशियों में जकड़न जैसे लक्षण दिखने पर व्यक्ति को तुरंत गर्म स्थान पर ले जाकर कंबल में लपेटना चाहिए और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए। गंभीर स्थिति में हाइपोथर्मिया अचेतन अवस्था तक ले जा सकता है।   जिला स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम के अनुरूप वस्त्र पहनें, सतर्क रहें और किसी भी स्वास्थ्य समस्या को हल्के में न लें। समय पर उपचार से बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

जशपुर: छात्रावास में कक्षा 9वीं की छात्रा की आत्महत्या—कलेक्टर ने गठित की दण्डाधिकारी जांच समिति, 7 दिनों में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश

  ✍️ भागीरथी यादव   जशपुर जिले के विकासखण्ड बगीचा अंतर्गत भीतघरा (ग्राम गवासी) छात्रावास में 23 नवंबर 2025 को कक्षा 9वीं की एक छात्रा द्वारा स्टडी रूम में आत्महत्या किए जाने की दुखद घटना को जिला प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। घटना की निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने दण्डाधिकारी जांच हेतु एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। समिति को 7 दिवस के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।   गठित समिति में होंगे ये सदस्य   समिति की अध्यक्षता बगीचा के अनुविभागीय दण्डाधिकारी करेंगे। इसके अलावा इसमें—   विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, बगीचा   मण्डल संयोजक, बगीचा   परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास, दुलदुला   सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे। साथ ही, श्रीमती रमावती सिंह, संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत), आईसीपीएस जशपुर श्री चैतन राम यादव, परामर्शदाता, आईसीपीएस जशपुर को भी समिति में शामिल किया गया है, ताकि सामाजिक व मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी जांच की जा सके। इन प्रमुख बिंदुओं पर होगी जांच समिति को निम्न विषयों पर विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए गए हैं— छात्रा की मृत्यु के वास्तविक कारणों का परीक्षण छात्रावास में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति, संभावित चूक अथवा लापरवाही की पहचान घटना किन परिस्थितियों में घटी, इसका तथ्यात्मक विश्लेषण आवश्यकता होने पर अन्य संबंधित बिंदु भी जांच में शामिल करने की स्वतंत्रता भविष्य के लिए छात्रावासों में सुरक्षा व सुधार के सुझाव कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस घटना में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।  

कोरबा में बड़ी कार्रवाई: 90 क्विंटल अवैध धान जब्त, कई व्यापारियों पर कसा जिला प्रशासन का शिकंजा

✍️ भागीरथी यादव कोरबा –  जिले में अवैध धान भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार तेज हो गई है। आज कटघोरा, छिर्रा और कटघोरा की पुरानी बस्ती क्षेत्र में गठित संयुक्त दल द्वारा विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों और गोदामों पर छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान लगभग 90 क्विंटल अवैध रूप से संग्रहित धान जब्त किया गया।   कई व्यापारियों के गोदाम से मिला अवैध धान   जाँच टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी में निम्न मात्रा में धान जब्त किया—   16.80 क्विंटल – व्यापारी दिलीप कुमार अग्रवाल (कटघोरा)   11.20 क्विंटल – दुर्गा प्रसाद अग्रवाल (कटघोरा)   16 क्विंटल – भागवत प्रसाद जायसवाल (छिर्रा)   46 क्विंटल – यतीश जायसवाल (पुरानी बस्ती, कटघोरा)     इस प्रकार कुल 90 क्विंटल धान गैर-कानूनी भंडारण की श्रेणी में पाए जाने पर तत्काल जब्त कर लिया गया।   समर्थन मूल्य को पारदर्शी रखने प्रशासन सख्त   जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अवैध परिवहन या बेनामी भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने बताया कि— “किसानों के हितों की रक्षा और खरीद प्रणाली को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”   अवैध धान कारोबार पर लगातार बढ़ती निगरानी से प्रशासनिक सख्ती का साफ संदेश मिल रहा है कि धान खरीदी के मौसम में किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई होगी।  

किसानों की शिकायत पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की त्वरित कार्रवाई — मौके पर ही पटवारी निलंबित, कहा– “किसानों के साथ लापरवाही बर्दाश्त नहीं”

✍️ भागीरथी यादव   सहसपुर लोहारा, अपने सहसपुर लोहारा प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा ने एक बार फिर किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साबित किया। तहसील कार्यालय पहुंचते समय किसानों की भीड़ देखकर उन्होंने तुरंत अपने काफिले को रुकवाया और जमीन पर बैठकर किसानों की समस्याएँ सुनीं। किसानों ने हल्का नंबर 15 ग्राम कुरूवा के पटवारी राजेश शर्मा पर राजस्व कार्यों में जानबूझकर देरी और टालमटोल का आरोप लगाया।   किसान शिकायत पर तुरंत एक्शन – पटवारी निलंबित   किसानों की बात सुनते ही उपमुख्यमंत्री शर्मा ने मौके पर ही पटवारी राजेश शर्मा को निलंबित करने का आदेश जारी किया। अधिकारियों ने तुरंत निर्देश का पालन करते हुए वहीं पर निलंबन आदेश जारी कर दिया।   नियमों के अनुसार पटवारी को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील) नियम 1966 के नियम 9(1) के तहत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय सहसपुर लोहारा (निर्वाचन शाखा) रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।   “किसान सर्वोच्च प्राथमिकता—लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई”   उपमुख्यमंत्री शर्मा ने धान खरीदी और अन्य राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा— “किसानों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता किसान हैं। किसी भी प्रकार की देरी, लापरवाही या टालमटोल बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”   उन्होंने मौके पर उपस्थित सभी पटवारियों से कार्यों की प्रगति पूछी और कड़े शब्दों में निर्देश दिए कि सभी राजस्व सेवाएँ समय पर, पारदर्शिता के साथ और किसान हित में प्रदान की जाएं।   साथ ही एसडीएम और तहसीलदार को पूरे क्षेत्र की सतत मॉनिटरिंग करने और किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।   उपमुख्यमंत्री की यह त्वरित कार्रवाई किसानों के बीच संतोष और विश्वास का कारण बनी, वहीं प्रशासनिक अमले के लिए स्पष्ट संदेश कि किसान हित में बाधा पहुंचाने वाली किसी भी लापरवाही पर तत्काल और कठोर कार्रवाई होगी।

भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की संस्कृति की भव्य प्रस्तुति, 44वें अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में गूँजा—“छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया

✍️ भागीरथी यादव   नई दिल्ली, 24 नवम्बर 2025   राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आज छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं ने अद्भुत आभा बिखेरी। 44वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित छत्तीसगढ़ की विशेष सांस्कृतिक संध्या दर्शकों के लिए मंत्रमुग्ध कर देने वाली रही। लोक कलाकारों की पारंपरिक नृत्य-शैली, लोकगीत और सांस्कृतिक विविधता से भरी प्रस्तुतियों ने पूरा सभागार उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।   मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया शुभारंभ   कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। इससे पूर्व उन्होंने छत्तीसगढ़ पवेलियन का निरीक्षण किया तथा हस्तशिल्प, कला-कृतियों और स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों में प्रदर्शित नवाचारों और परंपरागत कला का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कलाकारों और उद्यमियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के संवाहक बताया।   अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा— “दिल्ली में जब ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ की गूँज उठती है तो हर छत्तीसगढ़वासी गर्व से भर जाता है।”   उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में रायपुर में देश के पहले डिजिटल जनजातीय संग्रहालय के लोकार्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कदम छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने वाला ऐतिहासिक अवसर है। मुख्यमंत्री ने राज्य की मिलेट्स परंपरा, जनजातीय कला, हस्तशिल्प और लोक-नृत्यों को छत्तीसगढ़ की असीम संभावनाओं का प्रतीक बताया। उन्होंने देशवासियों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक गौरव का अनुभव करने के लिए आमंत्रित किया।   लोक-नृत्यों ने बाँधा समां   सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ की विविध लोक-शैलियों का ऐसा समागम देखने को मिला जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।   गौरा-गौरी की श्रद्धा   भोजली की हरियाली का उल्लास   राउत नाचा की रोमांचक ऊर्जा   सुआ नृत्य की गीतमय धुन   पंथी की आध्यात्मिक गरिमा   करमा की मनभावन लय     इन सबने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को शानदार रूप में प्रस्तुत किया। दर्शक लगातार तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे।   विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने बढ़ाई शोभा   कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, कांकेर सांसद भोजराज नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।   इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, साहित्य अकादमी अध्यक्ष शशांक शर्मा, विधायक संपत अग्रवाल व प्रबोध मिंज, मुख्य सचिव विकास शील, विभागीय सचिव रोहित यादव, संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य, इन्वेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सैन, आवासीय आयुक्त श्रुति सिंह सहित अनेक अधिकारी भी मौजूद रहे।

धान खरीदी केंद्र चैतमा पाली का गोपालपुर में शुभारंभ, किसान छवि कश्यप बने प्रथम विक्रेता

✍️ ज्ञान शंकर तिवारी   गोपालपुर/चैतमा, 24 नवम्बर 2025   आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चैतमा पंजीयन क्रमांक 3050 के अंतर्गत संचालित धान खरीदी केंद्र चैतमा का शुभारंभ आज गोपालपुर झींगा पालन बांध के समीप विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। पहले यह केंद्र चैतमा में संचालित होता था, लेकिन जगह की कमी के कारण इस वर्ष खरीदी स्थल को स्थानांतरित कर गोपालपुर बांध मैदान में स्थापित किया गया है। केंद्र के लिए सभी तैयारियाँ पूर्व में ही पूर्ण कर ली गई थीं।   शुभारंभ दिवस पर मदनपुर क्षेत्र के किसान छवि कश्यप द्वारा 12 क्विंटल धान विक्रय कर खरीदी कार्य की शुरुआत की गई। प्रथम विक्रेता किसान के रूप में उनका सम्मान समिति द्वारा किया गया।   कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष टम्पाल सिंह तंवर, कांजीपानी के पूर्व सरपंच जीवन पाल, अमरनाथ कैवर्त्य, ग्राम पंचायत गोपालपुर के सरपंच राम सिंह कंवर, ग्राम पंचायत चैतमा के सरपंच राजलाल, किसान कांग्रेस पाली तानाखार के अध्यक्ष डी.के. आदिले, चैतमा के उपसरपंच सुकालुराम प्रजापति, गोपालपुर के उपसरपंच इशरार मोहम्मद, दिलबोधन, पुराणासिंह, रामगोपाल तंवर, अमूंदलाल भारीया, माखन कंवर, संवाददाता चौथी प्रसाद जायसवाल, चैतमा के भूतपूर्व सरपंच हेमंत नागदेव, जनक कैवर्त्य, जगमोहन मरावी, शीतल शर्मा, कल्याण दास, जयलाल सिंह कंवर, उपसरपंच ईरफ, भुवनसिंह, गिरिश पारसे, चमरूसिंह, बाबूलाल सारथी, श्यामलाल, मनहरण नागदेव सहित आसपास के अनेक किसान उपस्थित रहे।   कार्यक्रम का सफल संचालन समिति के प्रभारी प्रबंधक कमल दूबे द्वारा किया गया। समिति के समस्त कर्मचारियों ने आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

अंबिकापुर में हथियारबंद हरियाणा गैंग के तीन आरोपी गिरफ्तार

  सरगुजा पुलिस ने अंबिकापुर में जमीन कब्जाने पहुंचे हरियाणा गैंग के तीन सदस्यों को धर लिया है। आरोपी बलेनो कार से मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने बांस, चापड़ और स्टील रॉड से स्थानीय लोगों पर हमला कर दहशत फैला दी थी।   22 नवंबर को घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कोतवाली पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हथियार और वाहन जब्त कर लिया। जांच में सामने आया कि जमीन की नापाई के दौरान विवाद बढ़ा तो एक पक्ष ने हरियाणा से गुंडे बुलाकर हमला करवाया। हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी और विरोध करने वालों के मोबाइल तोड़ दिए।   पुलिस ने घटनास्थल निरीक्षण और गवाहों के बयान के आधार पर तीन आरोपियों को फरार होने के दौरान गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं समेत आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना जारी है।

सूरजपुर में अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई: 300 बोरा धान जब्त, गोदाम सील – प्रशासन सख्त

✍️ भागीरथी यादव   मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के स्पष्ट निर्देश के बाद प्रदेशभर में अवैध रूप से धान के भंडारण और परिवहन पर कड़ी निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में अंतरराज्यीय सीमाओं से लगे जिलों में प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। सूरजपुर जिले में कलेक्टर के निर्देशन पर लगातार अभियान चल रहा है। सोमवार को एसडीएम भैयाथान के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम रजबहर में एक बड़े गोदाम पर छापेमारी की। जांच के दौरान व्यापारी के गोदाम में 220 बोरा धान (88 क्विंटल) बिना किसी वैध दस्तावेज के भंडारित पाया गया। दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर प्रशासन ने तत्काल गोदाम को सील कर धान जब्त कर लिया। इसी कार्रवाई के दौरान टीम ने ग्राम भांडी, तहसील ओड़गी के एक किसान को उक्त व्यापारी के गोदाम से 80 बोरा धान (32 क्विंटल) खरीदकर परिवहन करते हुए पकड़ा। बिना अनुमति परिवहन पर सख्त कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने ट्रैक्टर व धान को जप्त कर थाना झिलमिली के सुपुर्द कर दिया। कलेक्टर सूरजपुर ने स्पष्ट कहा है कि— “जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” प्रशासन की यह मुस्तैदी किसानों के हितों की सुरक्षा और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।

13 दिसंबर को होगी वर्ष 2025 की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत—तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की बड़ी समीक्षा बैठक संपन्न

✍️ भागीरथी यादव    छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशन में वर्ष 2025 की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी 13 दिसंबर 2025 को होने जा रहा है। आम जनता को त्वरित, सुलभ और किफायती न्याय दिलाने के लक्ष्य के साथ इस महाअभियान की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर ने एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की।   यह बैठक माननीय अध्यक्ष/प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती विनीता वार्नर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेकर लोक अदालत की तैयारी, प्रकरणों के चिन्हांकन और जन-जागरूकता रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। — दो पालियों में हुई विस्तृत समीक्षा प्रथम पाली – राजस्व एवं प्रशासनिक अमला पहले सत्र में अपर कलेक्टर श्री जगरनाथ वर्मा, जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (SDM) और कार्यकारी मजिस्ट्रेट (तहसीलदार) मौजूद रहे। इस सत्र में राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर देते हुए अधिकतम मामलों को लोक अदालत के लिए चिन्हित करने के निर्देश प्रदान किए गए। द्वितीय पाली – पुलिस विभाग दूसरे सत्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SP) श्री प्रशांत कुमार ठाकुर, सभी थाना प्रभारी और यातायात प्रभारी उपस्थित रहे। पुलिस से संबंधित विवादों और छोटे-मोटे दंडनीय मामलों को लोक अदालत के माध्यम से निपटाने पर गहन चर्चा की गई। — बैठक के प्रमुख निर्णय और रणनीति राजीनामा योग्य मामलों का चिन्हांकन: जिला न्यायालय, तालुका न्यायालय, कुटुंब न्यायालय और सभी राजस्व न्यायालयों में लंबित समझौतायोग्य प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए लोक अदालत में प्रस्तुत करने पर सहमति बनी। प्री-लिटिगेशन मामलों पर विशेष फोकस: पारिवारिक विवाद जमीन-सीमा विवाद वित्तीय सेवाओं से जुड़े मामले (बैंक रिकवरी, बिजली/पानी/फोन बिल आदि) इन मामलों को प्रारंभिक स्तर पर ही लोक अदालत के माध्यम से सुलझाने पर जोर दिया गया। जन-जागरूकता अभियान: जिले के अंतिम छोर तक लोक अदालत की जानकारी पहुंचाने के लिए सक्रिय प्रचार-प्रसार, ग्राम स्तर पर बैठकें और जागरूकता अभियानों को बढ़ाने का निर्णय लिया गया। लक्ष्य: राज्य और जिला प्रशासन की समन्वित निगरानी में वित्तीय सेवाओं से संबंधित प्री-लिटिगेशन मामलों में अधिकतम राहत प्रदान करना—इस राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य तय किया गया है।— बैठक में रहे उपस्थित श्रीमती विनीता वार्नर – अध्यक्ष/प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मानवेंद्र सिंह – प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री डी.एस. बघेल – मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री पायल टोपनो – सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण साथ ही न्यायिक, प्रशासनिक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। — राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को न्यायिक राहत उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ सूरजपुर जिले में तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। यह आयोजन आम जनता के लिए न्याय को सुगम, सरल और सुलभ बनाने की एक प्रभावी पहल साबित होगा।

रायपुर में शुरू हुआ राज्य स्तरीय आवास मेला, 2060 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ

✍️ भागीरथी यादव   रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेले का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ रुपये की 55 आवासीय परियोजनाओं की शुरुआत की गई, जिनसे 12 हजार से अधिक किफायती मकान तैयार होंगे। सीएम ने हाउसिंग बोर्ड के एआई चैटबॉट और पोर्टल का भी लोकार्पण किया, जिससे नागरिकों को परियोजनाओं की जानकारी आसानी से मिलेगी।   मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने हाउसिंग बोर्ड का 790 करोड़ का कर्ज चुका कर बोर्ड को कर्जमुक्त किया है। उन्होंने पीएम आवास योजना के तहत 26 लाख मंजूर आवासों तथा पीएम जनमन योजना में 32 हजार विशेष पिछड़ी जनजाति आवास और बस्तर के 15 हजार नक्सल पीड़ित/आत्मसमर्पित परिवारों के लिए मंजूर आवासों का उल्लेख किया।   विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और मंत्री ओपी चौधरी ने हाउसिंग बोर्ड के कार्यों की सराहना की। मेले के पहले दिन ही भारी भीड़ देखी गई, जिससे आसपास के मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। यह मेला 25 नवंबर तक चलेगा।

अन्य खबरे

बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, चार दिन में 72 वाहनों पर चालान
वन सुरक्षा कार्य में लापरवाही? बिना पानी-मिश्रण के गाड़े जा रहे फेंसिंग के खंभे
संसद घेराव आंदोलन के लिए यूथ कांग्रेस कोरबा की टीम दिल्ली रवाना
भाजपा जिला कार्यालय का कांग्रेस ने किया घेराव, अफीम और नशे के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन
कटघोरा–पेंड्रा रोड की जर्जर सड़क से लोग परेशान, दुर्घटना का खतरा बढ़ा
अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक का पैर बुरी तरह कुचला