सीएसईबी दर्री में बड़ा हादसा: स्टॉप-डैम फूटा, प्लांट में घुसा पानी—कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान, प्रोडक्शन ठप, अफसरों की लापरवाही उजागर

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। सीएसईबी दर्री प्लांट में गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे बड़ा हादसा हो गया। अचानक स्टॉप-डैम फटने से भारी मात्रा में पानी प्लांट परिसर में घुस गया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। समय रहते सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए, जिसके कारण बड़ी जानहानि टल गई। सूत्रों के अनुसार स्टॉप-डैम में पहले से दरार मौजूद थी, जिसके बारे में कर्मचारियों ने कई बार अधिकारियों को अवगत कराया था। लेकिन शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया गया। अफसरों की इसी लापरवाही का नतीजा आज सामने आया, जब बढ़ते दबाव ने बांधन तोड़ दिया और पूरा इलाका पानी से भर गया। पानी घुसने से प्रोडक्शन पूरी तरह ठप हो गया है। मशीनरी को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। तकनीकी टीम नुकसान का आकलन कर रही है, जबकि प्लांट प्रबंधन ने घटना की आंतरिक जांच शुरू कर दी है।   फिलहाल प्लांट में पानी निकालने का काम जारी है। प्रोडक्शन कब बहाल होगा, इसको लेकर अब तक कोई स्पष्ट समय निर्धारित नहीं किया गया है।

राजनांदगांव में नक्सली मुठभेड़: एमपी पुलिस के इंस्पेक्टर आशीष शर्मा शहीद, संयुक्त ऑपरेशन जारी

✍️ भागीरथी यादव   राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के बोरतलाव थाना क्षेत्र के कौहापानी जंगल में बुधवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान मध्यप्रदेश पुलिस के इंस्पेक्टर आशीष शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान तेज कर दिया है। सुबह-सुबह घात लगाकर हमला जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की संयुक्त पुलिस टीम बुधवार सुबह नक्सल विरोधी सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान जंगल में घात लगाए बैठे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और दोनों तरफ से लंबे समय तक गोलीबारी चलती रही। फायरिंग के दौरान इंस्पेक्टर आशीष शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि उनके पेट, सीने और पैर में कई गोलियां लगी थीं। नक्सलियों की मौजूदगी पर खुफिया इनपुट के बाद शुरू हुआ था अभियान राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने बताया कि एमएमसी (महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़) जोन में नक्सलियों की सक्रिय मौजूदगी की पुष्टि के बाद यह संयुक्त ऑपरेशन चलाया जा रहा था। अचानक हुई फायरिंग में इंस्पेक्टर आशीष शर्मा बुरी तरह घायल हो गए और बाद में शहीद हो गए। विधायक भी पहुंचीं अस्पताल, परिजनों को दी जाएगी सूचना डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल अस्पताल पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शहीद इंस्पेक्टर आशीष शर्मा मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के रहने वाले थे। प्रशासन द्वारा परिजनों को सूचना देकर शव पैतृक गांव भेजने की व्यवस्था की जाएगी। नक्सल ऑपरेशन पर सवाल भी उठे विधायक ने मुठभेड़ में शहीद को श्रद्धांजलि देते हुए नक्सल उन्मूलन अभियान की सराहना की, लेकिन यह भी कहा कि कई बार ऑपरेशन के दौरान आदिवासी समुदाय के निर्दोष लोगों पर कार्रवाई की शिकायतें मिलती हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन और भी मजबूत कर दिया है। मुठभेड़ क्षेत्र में नक्सलियों की तलाश जारी है।

राजेंद्र नगर में सनसनी: पुलिस कांस्टेबल का शव पेड़ से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस

✍️ भागीरथी यादव   रायपुर। राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पुलिस कांस्टेबल का शव संदिग्ध अवस्था में पेड़ से लटका हुआ पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।   मृतक की पहचान कांस्टेबल लक्ष्मीप्रसाद गबेल के रूप में हुई है, जो राजेंद्र नगर पुलिस लाइन में ही निवासरत था और वहीं उसकी ड्यूटी भी लगाई गई थी। जानकारी के अनुसार, वह सोमवार रात को पुलिस लाइन से बाहर निकला था, लेकिन उसके बाद से वापस नहीं लौटा। परिजन और सहकर्मी उसकी खोजबीन में जुटे थे।   बुधवार सुबह अमलीडीह पुलिस कॉलोनी के सामने स्थित एक खाली प्लॉट में स्थानीय लोगों ने पेड़ से लटका हुआ शव देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम ने शव को नीचे उतरवाकर पहचान की पुष्टि की।   फिलहाल पुलिस आत्महत्या या किसी अन्य संभावना समेत हर पहलू पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना से पुलिस विभाग में शोक और आश्चर्य का माहौल है।

बाल दिवस पर आईसेक्ट आकाश कंप्यूटर कॉलेज का ज्ञानवर्धक मैनपाट शैक्षणिक भ्रमण

  प्राकृतिक अद्भुतों और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू हुए छात्र   कटघोरा। बाल दिवस के विशेष अवसर पर आईसेक्ट आकाश कंप्यूटर कॉलेज, कटघोरा द्वारा छात्रों के लिए मैनपाट का एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबों से परे निकलकर प्राकृतिक, भौगोलिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक ज्ञान का प्रत्यक्ष अनुभव कराना था।   भ्रमण के दौरान छात्रों ने मैनपाट के प्रमुख अध्ययन स्थलों — जलजली, उल्टा पानी स्थल, बौद्ध मंदिर और टाइगर प्वाइंट — का दौरा किया। प्रत्येक स्थल पर विशेषज्ञ शिक्षकों ने छात्रों को गहन जानकारी प्रदान की।   जलजली में विद्यार्थियों ने जमीन के उछलने-हिलने की अद्भुत भूगर्भीय प्रक्रिया को प्रत्यक्ष महसूस किया। उल्टा पानी स्थल पर उन्हें गुरुत्वाकर्षण के विपरीत बहते पानी के वैज्ञानिक कारणों से अवगत कराया गया। बौद्ध मंदिर में छात्रों ने तिब्बती संस्कृति, इतिहास और बौद्ध दर्शन का सार समझा। टाइगर प्वाइंट पर उन्होंने मैनपाट के मौसम, ऊँचाई तथा जैव-विविधता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।   पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में अनुशासन, उत्साह और जिज्ञासा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।   इस शैक्षणिक यात्रा का सफल नेतृत्व निदेशक आकाश दीप मनकर, प्राचार्य भावना पाण्डेय, एडवाइज़र मनीष सिंह, शिक्षक सुमित जायसवाल और शिक्षिका मनीषा महंत ने किया। सभी ने विद्यार्थियों को प्रत्येक स्थल पर गहराई से जानकारी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।   कॉलेज प्रबंधन ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षक, छात्र और स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम निरंतर जारी रखने की बात कही।

छत्तीसगढ़ में जल संवर्धन को मिलेगा बड़ा बल: मुण्डागुड़ा में एनीकट सह उद्वहन सिंचाई योजना को 4.21 करोड़ की मंजूरी

✍️ भागीरथी यादव छत्तीसगढ़ शासन ने कोण्डागांव जिले के विकासखंड बस्तर के मुण्डागुड़ा में सिंचाई व जल संरक्षण को सुदृढ़ करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। जल संसाधन विभाग द्वारा गोखड़ नाला पर एनीकट सह उद्वहन सिंचाई योजना के निर्माण के लिए 4 करोड़ 21 लाख 35 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।   इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र में जल संवर्धन, निस्तारी तथा पेयजल आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही किसानों को बड़ी राहत देते हुए सोलर संयंत्र और पाइप डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के माध्यम से 85 हेक्टेयर खरीफ क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।   योजना के कार्यों के निष्पादन की ज़िम्मेदारी जल संसाधन विभाग, जगदलपुर के मुख्य अभियंता को सौंपी गई है। इस नई स्वीकृति से बस्तर क्षेत्र में कृषि उत्पादकता बढ़ने की उम्मीद है और जल संकट की समस्या में भी व्यापक सुधार की संभावना जताई जा रही है।  

सुकमा में बड़ा ऑपरेशन: कुख्यात नक्सली हिडमा और उसकी पत्नी राजे ढेर, 50 लाख के इनामी का अंत

✍️ भागीरथी यादव   छत्तीसगढ़–आंध्र प्रदेश सीमा पर सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सुकमा इलाके में चल रही मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली कमांडर माडवी हिडमा और उसकी पत्नी राजे मारे जाने की खबर की पुष्टि हुई है। हिडमा पर 50 लाख रुपए का इनाम था। अब तक 6 नक्सलियों के ढेर होने की जानकारी सामने आई है।   यह मुठभेड़ आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीतारामराजू जिले के मारेदुमिल्ली के पास सुबह 6 से 7 बजे के बीच हुई। पिछले कुछ हफ्तों से AP SIB और इंटेलिजेंस को AP–छत्तीसगढ़–ओडिशा बॉर्डर पर नक्सल गतिविधियों के बढ़े मूवमेंट के इनपुट मिल रहे थे, जिसके आधार पर इस संयुक्त अभियान को अंजाम दिया गया।   कौन था हिडमा?   जन्म: 1981, पूवर्ति, सुकमा   पद: PLGA बटालियन नंबर-1 का प्रमुख—नक्सलियों की सबसे घातक हमलावर यूनिट का कमांडर   कई बड़े हमलों का मास्टरमाइंड, जिनमें 2013 का दरभा घाटी नरसंहार सबसे कुख्यात     हिडमा के मारे जाने को सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी रणनीतिक जीत बताया है। इस ऑपरेशन के बाद सीमावर्ती जंगल क्षेत्रों में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

जशपुर में अवैध धान परिवहन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

  ✍️ भागीरथी यादव   झारखंड सीमा पर चेकपोस्टों का देर रात औचक निरीक्षण   जशपुर। राज्य शासन द्वारा धान संग्रहण और अवैध परिवहन पर रोक लगाने दिए गए निर्देशों के पालन में जशपुर जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर जशपुर के निर्देशानुसार जिले की सीमाओं पर निगरानी को और मजबूत किया गया है।   इसी क्रम में राजस्व विभाग की टीम ने जशपुर विकासखण्ड के ग्राम साईंटागर बैरियर के पास कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन JH01FW-7832 से 60 बोरी अवैध धान जप्त किया। जब्त धान और वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए लोदाम थाना पुलिस को सुपुर्द किया गया।   अवैध आवागमन पर रोक के लिए अधिकारी देर रात झारखंड सीमा से लगे विभिन्न चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों की जांच प्रक्रिया और निगरानी तंत्र की विस्तृत समीक्षा की तथा तैनात कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।   निरीक्षण दल में तहसीलदार जयश्री राजनपथे, नायब तहसीलदार अरुण कुमार, फूड इंस्पेक्टर, राजस्व अमला और पटवारी शामिल थे। टीम ने बताया कि धान खरीदी सीजन में अवैध परिवहन को रोकने के लिए लगातार सतर्कता और निगरानी बढ़ाई जाएगी।

टोकन तुहर हाथ’ ऐप बना किसानों का सशक्त सहायक, जिले के 129 उपार्जन केंद्रों में सुचारू धान खरीदी

✍️ भागीरथी यादव   धान खरीदी प्रक्रिया को सरल, आधुनिक और पूरी तरह पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शुरू किया गया ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप इस वर्ष किसानों के लिए बड़ा तकनीकी वरदान साबित हो रहा है। ऐप ने किसानों को उपार्जन केंद्रों पर लगने वाली लंबी कतारों और भीड़भाड़ की समस्या से लगभग मुक्ति दिला दी है। अब किसान अपनी सुविधा के अनुसार घर बैठे मोबाइल से ही ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर रहे हैं।   जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले के सभी 129 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की प्रक्रिया निरंतर और व्यवस्थित रूप से जारी है।   किसानों ने बताई ऐप की बड़ी उपयोगिता धान बेचने पहुंचे किसान श्री कमलेश ने बताया कि ऐप के कारण खरीदी व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आया है। उन्होंने कहा, “पहले घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ता था, लेकिन अब मोबाइल से ही टोकन कट जाता है। न भीड़, न परेशानी—हम किसानों के लिए यह बहुत बड़ी राहत है।”   नया केंद्र खुलने से मिली बड़ी राहत ग्राम पदुमसरा के श्री लोधी ने बताया कि पदमी में नए उपार्जन केंद्र के शुरू होने से आसपास के किसानों को अत्यधिक सुविधा मिली है। अब उन्हें दूरस्थ केंद्रों तक धान ले जाने में समय और खर्च बर्बाद नहीं करना पड़ता। उन्होंने बताया कि केंद्र में बोरे की उपलब्धता, सुव्यवस्थित तौल, पीने के पानी व छाया की व्यवस्था तथा कर्मचारियों का सहयोग—सब कुछ व्यवस्थित और किसान हितैषी है।   3100 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य से बढ़ी खुशहाली शासन द्वारा घोषित ₹3100 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य को किसान ऐतिहासिक और अत्यंत लाभकारी कदम बता रहे हैं। किसान कमलेश लोधी का कहना है, “यह दर हमारे जीवन में नई खुशहाली लेकर आई है। यह अब तक का सबसे बड़ा किसान हितैषी निर्णय है।”   किसानों की बढ़ी सुविधाएँ, तकनीक का व्यापक उपयोग और उपार्जन केंद्रों की मजबूत व्यवस्थाएँ इस बात का स्पष्ट संकेत हैं कि इस वर्ष की धान खरीदी प्रक्रिया पारदर्शिता, दक्षता और सुगमता का नया मानदंड स्थापित कर रही है।

अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई: दो वाहन जप्त, 336.20 क्विंटल धान बरामद

✍️ भागीरथी यादव   राज्य में धान खरीदी सीजन की शुरुआत के साथ ही मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अंतर्राज्यीय सीमाओं पर धान के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। इसी के परिपालन में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में प्रशासन सक्रिय हो गया है।   कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देशन में खाद्य विभाग की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 336.20 क्विंटल धान जप्त किया है।   पहली कार्रवाई — 15 नवम्बर महिंद्रा पिकअप वाहन से 27.20 क्विंटल धान महाराष्ट्र के ग्राम मुरूमगांव निवासी तरुण यादव द्वारा औंधी लाया जा रहा था। टीम ने वाहन को रोककर धान जप्त किया और पूरा मामला थाना औंधी को सौंप दिया। दूसरी बड़ी कार्रवाई — 16 नवम्बर चिल्हाटी क्षेत्र में खाद्य विभाग की टीम ने सचदेव फूड प्रोडक्ट, रायपुर द्वारा महाराष्ट्र से चिल्हाटी लाए जा रहे 309 क्विंटल धान को वाहन क्रमांक CG 16 CJ 8710 से जब्त किया। वाहन एवं धान को आगे की कार्रवाई हेतु थाना चिल्हाटी को सुपुर्द किया गया।   इस कार्रवाई में खाद्य विभाग के श्री आशीष रामटेके, श्री धरमू राम किंरगे, श्री विश्वनाथ एवं श्री हेमंत नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।   राज्य सरकार के निर्देशों के बाद प्रशासन की यह त्वरित कार्रवाई अवैध धान परिवहन पर लगाम लगाने की दिशा में प्रभावी कदम मानी जा रही है।

कोरबा में दीपका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोटरसाइकिल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, 14 बाइक और 6 SECL रोलर बरामद

  कोरबा। थाना दीपका पुलिस ने मोटरसाइकिल और औद्योगिक उपकरण चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह पर बड़ी कार्यवाही करते हुए पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 14 चोरी की मोटरसाइकिलें और SECL के 6 चोरी किए गए रोलर बरामद किए हैं। साथ ही गिरोह के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से मुख्य आरोपी जय सिंह पटेल, जो विभिन्न थानों में दर्ज 10 मामलों में वांटेड था, भी पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। लगातार कार्रवाई का नतीजा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर तथा नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल कुमार पाठक के मार्गदर्शन में जिले में आपराधिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दीपका पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। ऐसे हुआ चोरी का खुलासा दीपका SECL खदान से रोलर चोरी होने की शिकायत प्रार्थी मोहम्मद असलम ने दर्ज कराई थी। प्रकरण में अपराध क्रमांक 405/2025 धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।   जांच के दौरान मुखबिर से मिले इनपुट पर संदेही जय सिंह पटेल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दीपका व कुसमुंडा थाना क्षेत्र तथा सर्वमंगला चौकी क्षेत्र से मोटरसाइकिलें चोरी करने और SECL खदान से रोलर चोरी करने की बात स्वीकार की।   उसके मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस टीम ने 14 बाइक और 6 रोलर बरामद कर लिए। गिरफ्तार आरोपी 1. जय सिंह पटेल (27 वर्ष), निवासी कोहड़िया, थाना सिविल लाइन रामपुर 2. अनस खान (24 वर्ष), निवासी नया बस स्टैंड, पाली 3. शिवचरण (31 वर्ष), निवासी रेनपुर, थाना दीपका 4. रामप्रसाद रोहिदास (25 वर्ष), निवासी झाबर, थाना दीपका 5. लालजी यादव (30 वर्ष), निवासी चैनपुर, थाना दीपका 6. इमरान अंसारी (21 वर्ष), निवासी ज्योति नगर, दीपका 7. सुनील देवार (25 वर्ष), निवासी देवार पारा, बलोदा, जिला जांजगीर-चांपा सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बरामद सामग्री पुलिस ने हीरो, होंडा, टीवीएस और बजाज कंपनियों की विभिन्न मॉडल की 14 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। साथ ही SECL के 6 औद्योगिक रोलर भी चोरी के मामले में बरामद किए गए हैं। बरामद वाहनों की पहचान कर उन्हें वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दीपका पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

अन्य खबरे

चिरमिरी के जंगलों में आगजनी, वन संपदा पर मंडराया खतरा; संसाधनों की कमी से जूझ रहा वन विभाग
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के आरोप, 3000 रुपये तक वसूली की चर्चा; होटलों के सामने गैस संकट
बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, चार दिन में 72 वाहनों पर चालान
वन सुरक्षा कार्य में लापरवाही? बिना पानी-मिश्रण के गाड़े जा रहे फेंसिंग के खंभे
संसद घेराव आंदोलन के लिए यूथ कांग्रेस कोरबा की टीम दिल्ली रवाना
भाजपा जिला कार्यालय का कांग्रेस ने किया घेराव, अफीम और नशे के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन