ऑपरेशन ‘बाज’ में बड़ी कामयाबी: 14.51 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार

    मुंगेली। भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में ऑपरेशन ‘बाज’ के तहत की गई। मुखबिर सूचना पर दबिश पुलिस को सूचना मिली थी कि बी.आर. साव स्कूल मैदान के पास तीन युवक अवैध रूप से ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर सेल और थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में: अजय देवांगन (40 वर्ष), निवासी शिक्षक नगर, अम्बेडकर वार्ड, मुंगेली कृष्ण कमल डाहिरे (22 वर्ष), निवासी पड़ाव चौक, मुंगेली कोमल यादव (22 वर्ष), निवासी वार्ड 21, खर्रीपारा, मुंगेली इतनी मात्रा में मिली ब्राउन शुगर आरोपियों के कब्जे से 11 पैकेटों में कुल 14.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने: 5 मोबाइल फोन (लगभग 70 हजार रुपये) एक मोटरसाइकिल (एनएस पल्सर, CG 09 JF 5822) (करीब 65 हजार रुपये) जब्त की है। इस तरह कुल जप्त सामग्री की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में हुआ खुलासा प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने खुलासा किया कि यह ब्राउन शुगर किशोर ध्रुव (36 वर्ष) और अमित साहू (38 वर्ष), दोनों निवासी झझपुरी खुर्द, थाना जरहागांव, के लिए लाई जा रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 60/26 के तहत धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मुंगेली पुलिस की इस कार्रवाई को “नशा मुक्त भारत” अभियान के तहत एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

नौकरी का झांसा देकर 4.35 लाख की ठगी, फर्जी ‘कलेक्ट्रेट अधिकारी’ गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव     सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जशपुर, 19 फरवरी 2026। जशपुर जिले में कलेक्ट्रेट में सुरक्षा गार्ड की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 4 लाख 35 हजार रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर बेरोजगार युवकों और उनके परिजनों से रकम वसूल रहा था। पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को ग्राम इचकेला निवासी रोहित खाखा (23) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के सोडापाठ चौक निवासी प्रदीप पंडा (28) ने उसकी मां से संपर्क कर खुद को कलेक्ट्रेट का वरिष्ठ अधिकारी बताया। आरोपी ने कहा कि कलेक्ट्रेट में सुरक्षा गार्ड की भर्ती चल रही है और वह नौकरी लगवा सकता है। जमीन गिरवी रखकर दिए पैसे झांसे में आकर जनवरी 2026 में रोहित की मां ने आरोपी को पहले 50 हजार रुपए दिए। इसके बाद आरोपी ने ज्वाइनिंग लेटर दिलाने के नाम पर 1 लाख 50 हजार रुपए और मांगे। भरोसा दिलाया गया कि अगले दिन नियुक्ति पत्र मिल जाएगा। बेटे की नौकरी की उम्मीद में मां ने गांव की जमीन गिरवी रखकर डेढ़ लाख रुपए और दे दिए। दूसरे युवक से भी वसूले 2.35 लाख आरोपी ने एक और पद खाली होने का दावा करते हुए दूसरे युवक को भी नौकरी दिलाने का लालच दिया। रोहित की मां ने ठूठीअंबा निवासी उमेश भगत की मां से संपर्क कराया। उमेश की मां ने भी अपने बेटे की नौकरी के लिए आरोपी को 2 लाख 35 हजार रुपए सौंप दिए। लंबे समय तक नियुक्ति पत्र न मिलने और आरोपी द्वारा टालमटोल किए जाने पर पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। होटल से दबोचा गया आरोपी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घेराबंदी कर पुलिस ने जशपुर के एक होटल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि ठगी की रकम से उसने अपनी उधारी चुकाई, टेबल-कुर्सी और कंप्यूटर खरीदे तथा शेष राशि खर्च कर दी। पुलिस ने भट्टी रोड स्थित उसके कथित ऑफिस से फर्नीचर और कंप्यूटर जब्त किए हैं। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

शादी समारोह से जाम की नौबत, आरपीएफ ने राजस्थान भवन प्रबंधन को थमाया नोटिस

✍️ भागीरथी यादव   मनेंद्रगढ़। शादी समारोहों के दौरान बेतरतीब पार्किंग से बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सख्ती दिखाई है। आरपीएफ पोस्ट मनेंद्रगढ़ के प्रभारी निरीक्षक ने राजस्थान भवन प्रबंधन को औपचारिक नोटिस जारी कर स्पष्ट चेतावनी दी है। नोटिस में अध्यक्ष/प्रबंधक श्याम सुंदर पोद्दार को अवगत कराया गया है कि कार्यक्रमों के दौरान अतिथियों के वाहन मेन रोड, रेलवे ब्रिज और रेलवे परिसर में खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटना की आशंका बढ़ती है। रेलवे क्षेत्र में अनधिकृत पार्किंग को नियमों का गंभीर उल्लंघन बताया गया है। आरपीएफ ने निर्देश दिया है कि सभी वाहनों की समुचित पार्किंग भवन परिसर या निर्धारित स्थल पर सुनिश्चित की जाए। चेतावनी दी गई है कि दोबारा ऐसी स्थिति मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी भवन प्रबंधन की होगी। नोटिस के बाद शहर में चर्चा तेज है। अब देखना होगा कि प्रबंधन यातायात अव्यवस्था रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।

सट्टे के नेटवर्क पर करारा प्रहार: चिरमिरी पुलिस ने सरगना को दबोचा, डिजिटल सबूतों से खुलेंगे और राज

✍️ भागीरथी यादव     एमसीबी/चिरमिरी। अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ जारी सख्त अभियान के बीच चिरमिरी पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। संगठित रूप से संचालित सट्टा नेटवर्क के मुख्य सरगना शिवराम पनिका को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध जुआ-सट्टा गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर दबिश दी। घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में सट्टे का संगठित नेटवर्क संचालित कर रहा था और कई लोगों को इस अवैध गतिविधि से जोड़ रखा था। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। तकनीकी विश्लेषण में मोबाइल से सट्टे के लेन-देन, खातों की एंट्री और नेटवर्क से जुड़े संपर्कों के महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस अब कॉल डिटेल और वित्तीय ट्रांजैक्शन की गहन जांच कर रही है, जिससे पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की संभावना है। थाना प्रभारी विजय सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध जुआ या सट्टेबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। इस गिरफ्तारी को चिरमिरी पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का साफ संदेश है—अवैध कारोबार करने वालों के लिए अब कोई गुंजाइश नहीं, कानून का शिकंजा और कसा जाएगा।

तिल्दा नेवरा में खुशी की लहर: विकास सुखवानी बने छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत के प्रदेश उपाध्यक्ष

तिल्दा नेवरा। विकास सुखवानी बने छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत के प्रदेश उपाध्यक्ष, नगर में हर्ष का माहौल   तिल्दा नेवरा नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष एवं वर्तमान पार्षद प्रतिनिधि विकास सुखवानी को छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से नगर के सिंधी समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों में हर्ष का वातावरण है।   जानकारी के अनुसार महापंचायत के प्रदेश अध्यक्ष अमर गिदवानी की अनुशंसा पर महासचिव जितेंद्र बड़वानी द्वारा विकास सुखवानी को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। संगठन ने उनके सामाजिक सक्रियता, समाज सेवा में योगदान एवं नेतृत्व क्षमता को देखते हुए यह जिम्मेदारी प्रदान की है।   नियुक्ति की घोषणा के बाद तिल्दा नेवरा के सिंधी समाज अध्यक्ष छम्मन लाल खूबचंदानी सहित समाज के वरिष्ठजनों एवं विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विकास सुखवानी को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस अवसर पर समाजजनों ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में समाज की गतिविधियों को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।   वहीं विकास सुखवानी ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज की एकता, शिक्षा, संस्कार एवं सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे तथा पूरे प्रदेश में समाज के हित में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

भगत सिंह तिराहा पर ठेला हटाने को लेकर विवाद, स्वरोजगार कर रहे युवक ने लगाई न्याय की गुहार

✍️ भागीरथी यादव   मनेंद्रगढ़। शहर के भगत सिंह तिराहा के पास स्वरोजगार की एक छोटी-सी पहल सोमवार को विवाद का कारण बन गई। रोजगार की तलाश में जुटे एक शिक्षित युवक द्वारा लगाए गए अस्थायी चाय ठेले को शासकीय भूमि बताई जा रही जगह से हटवा दिया गया, जिससे मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आकाश शर्मा नामक युवक भगत सिंह तिराहा के समीप शासकीय भूमि के किनारे चलित चाय ठेला लगाकर आजीविका शुरू करने का प्रयास कर रहा था। परिवार का कहना है कि ठेला अस्थायी रूप से लगाया गया था और आवश्यकता पड़ने पर स्वयं हटाने की तैयारी भी थी। इसी दौरान संतोष गुप्ता नामक व्यक्ति ने उक्त स्थान को अपनी निजी संपत्ति बताते हुए ठेला हटवा दिया। परिजनों का आरोप है कि जब भूमि शासकीय बताई जा रही है, तो निजी स्वामित्व का दावा किस आधार पर किया गया? उनका कहना है कि इस घटनाक्रम से युवक मानसिक रूप से आहत हुआ है और परिवार स्वयं को दबाव में महसूस कर रहा है। मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाना मनेंद्रगढ़ में दर्ज कराई गई है। परिवार ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि युवक के साथ कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग की है। उनका तर्क है कि यदि कोई भूमि शासकीय है, तो उसकी स्थिति स्पष्ट की जाए, और यदि अतिक्रमण का मामला है तो वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जाए—न कि व्यक्तिगत दबाव के माध्यम से कार्रवाई हो। मंगलवार दोपहर लगभग 2:30 बजे मीडिया द्वारा थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। स्थानीय नागरिकों ने दिन के समय जिम्मेदार अधिकारी से संपर्क न हो पाने को लेकर चिंता जताई है। अब प्रश्न यह है कि प्रशासन इस मामले में कितनी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करता है। स्वरोजगार की कोशिश और भूमि स्वामित्व के दावे के बीच उपजा यह विवाद शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

महाशिवरात्रि की बारात में चाकूबाजी: 17 वर्षीय किशोर की मौत, इलाके में तनाव

✍️ भागीरथी यादव   दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र के शक्ति नगर में महाशिवरात्रि के अवसर पर निकली भगवान की बारात के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाकू से किए गए हमले में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार शक्ति नगर निवासी नानू उर्फ छय (17) शादियों में घोड़ी चलाने का काम करता था। महाशिवरात्रि पर दो दिनों से निकल रही बारात में वह नाच-गाने में शामिल था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर उसके साथ कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने किशोर के पेट, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल नानू मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मोहन नगर थाने पहुंच गए और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मामले में पुलिस अधिकारी सुखनंदन राठौर ने बताया कि चाकूबाजी की इस घटना में नाबालिग की मौत पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। देर रात 4–5 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

एकतरफा प्रेम में दरिंदगी: युवती पर कटर से हमला, ICU में भर्ती

  दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम की सनक ने भयावह रूप ले लिया। महाशिवरात्रि के दिन मायके आई युवती पर एक युवक ने कटर से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक होने के कारण ICU में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसके शरीर पर लगभग 60 टांके लगाए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में रायपुर निवासी आशीष नवरंगे से विवाह के बाद युवती अपने पति के साथ रायपुर में रह रही थी। त्योहार पर वह शिवपारा स्टेशन मरोदा स्थित मायके आई थी। बैकुंठधाम मंदिर से लौटते समय इंदिरा चौक के पास गली में पहले से घात लगाए बैठे आरोपी योगेंद्र कुमार यादव ने उसे रोका और बातचीत का दबाव बनाया। मना करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवती की गर्दन, कलाई, गाल और पसलियों के पास गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से उसकी जान बच सकी। परिजनों के अनुसार आरोपी पिछले छह वर्षों से युवती को परेशान कर रहा था और पहले भी धमकियां दे चुका था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना ने एक बार फिर एकतरफा प्रेम की आड़ में बढ़ती आपराधिक मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

महाशिवरात्रि पर गुलमी वाटरफॉल में CISF जवान डूबा, तलाश जारी

✍️ भागीरथी यादव   छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर स्थित गुलमी वाटरफॉल में महाशिवरात्रि के दिन घूमने गए CISF के एक जवान के डूबने की घटना सामने आई है। रविवार दोपहर से उसकी तलाश जारी है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। मिली जानकारी के अनुसार, बस्तर जिले के नगरनार स्थित NMDC प्लांट में तैनात 5-6 जवान घूमने के लिए वाटरफॉल पहुंचे थे। भोजन के बाद 28 वर्षीय आकाश चौधरी नहाने के लिए पानी में उतरा, तभी वह गहरे हिस्से में चला गया और डूब गया। साथियों ने तत्काल खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना ओडिशा के कोटपाड़ थाना पुलिस को दी गई। पुलिस और स्थानीय प्रशासन गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।  

शराब घोटाला मामला: सौम्या चौरसिया की जमानत पर हाईकोर्ट सख्त, ED को 20 फरवरी तक जवाब देने का निर्देश

  कोयला घोटाले के बाद चर्चित शराब (आबकारी) घोटाला प्रकरण में गिरफ्तार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की डिप्टी सेक्रेटरी रहीं सौम्या चौरसिया ने हाईकोर्ट में दो अलग-अलग जमानत याचिकाएं दायर की हैं। सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) और राज्य शासन ने जवाब दाखिल करने के लिए 10 दिन का समय मांगा, जिसे कोर्ट ने सख्ती से अस्वीकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला जस्टिस अरविंद वर्मा की बेंच ने स्पष्ट कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मामले में दो सप्ताह के भीतर निर्णय लेने का निर्देश दिया है। ऐसे में जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय देना शीर्ष अदालत के आदेश का उल्लंघन होगा। हाईकोर्ट ने ED और राज्य शासन को 20 फरवरी से पहले अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। पहले कोयला घोटाले में हुई थी गिरफ्तारी सौम्या चौरसिया को पहले कथित कोयला घोटाले में गिरफ्तार किया गया था। लंबी न्यायिक हिरासत के बाद सुप्रीम कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई थी। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने उन्हें आबकारी घोटाले में फिर से गिरफ्तार किया। हाईकोर्ट से राहत नहीं, सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया गिरफ्तारी के बाद सौम्या चौरसिया ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। 9 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें पहले हाईकोर्ट जाने का निर्देश देते हुए कहा कि उनकी जमानत याचिका पर प्राथमिकता से सुनवाई की जाए। बार-बार गिरफ्तारी का आरोप सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान उनकी ओर से कहा गया कि केंद्र और राज्य की जांच एजेंसियां नई-नई FIR दर्ज कर लगातार गिरफ्तारी कर रही हैं, जो राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा है। याचिका में यह भी उल्लेख किया गया कि अब तक उन्हें छह बार हिरासत में लिया जा चुका है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इस चरण पर कोई सीधी राहत देने के बजाय हाईकोर्ट में विधिवत जमानत याचिका दायर करने का निर्देश दिया था। अब मामला फिर से हाईकोर्ट में विचाराधीन है और 20 फरवरी से पहले एजेंसियों को अपना पक्ष रखना होगा।

अन्य खबरे

प्रशासनिक फेरबदल, कई तहसीलदारों का तबादला
होटल की छत पर चल रहा था हुक्का बार, चकरभाठा पुलिस की रेड में संचालक गिरफ्तार
जादू-टोना के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, पति समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
बालोद जिला-सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मिली सूचना; कोर्ट परिसर खाली कराया गया
कोरबा अग्रसेन चौक ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो में भीषण आग, देखें VIDEO – मची अफरा-तफरी
अयोध्यापुरी के पार्षद व एमआईसी सदस्य बंटी सरोज शांडिल भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला मंत्री नियुक्त