रानीदाह जलप्रपात : हरियाली, इतिहास और रोमांच से भरा प्रकृति का अद्भुत नज़ारा

✍️ भागीरथी यादव जशपुर (छत्तीसगढ़)। प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक कथा और रोमांच का संगम यदि कहीं एक साथ देखने को मिले तो वह है रानीदाह जलप्रपात। जशपुर जिला मुख्यालय से लगभग 15 से 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह जलप्रपात छत्तीसगढ़ का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जो अपनी मनोहर हरियाली, विशाल चट्टानों से गिरती जलधारा और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध है।   मानसून में खिल उठती है प्राकृतिक सुंदरता   रानीदाह का सबसे आकर्षक रूप मानसून के मौसम में देखने को मिलता है। इस दौरान झरने का जलप्रवाह अपने चरम पर होता है, चारों ओर की घाटियाँ और वन क्षेत्र हरे रंग से लिपटे हुए दिखाई देते हैं। एडवेंचर, फोटोग्राफी और प्रकृति प्रेमियों के लिए यह स्थान एक अद्भुत अनुभव प्रदान करता है। झरने की गूंज, ताज़ी हवा और फुहारों की ठंडक हर आगंतुक को मंत्रमुग्ध कर देती है।   रानीदाह से जुड़ी किंवदंती   स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थल से एक रोचक ऐतिहासिक कथा जुड़ी है। कहा जाता है कि उड़ीसा की रानी शिरोमणि अपने प्रेमी के साथ जशपुर आ गई थीं और अपने भाइयों से बचने के लिए यही पर आत्मसमर्पण कर दिया। इसी वजह से इस स्थल का नाम “रानीदाह” पड़ा। आज भी यहाँ रानी की समाधि और ‘पंचमैया’ नामक स्थल, जो उनके पाँच भाइयों का प्रतीक है, देखने को मिलता है। झरने के पास बना शिव मंदिर इस स्थान को धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बनाता है।   पर्यटन की दृष्टि से आकर्षक   यह जलप्रपात वर्षभर सक्रिय रहता है, विशेष रूप से जून से फरवरी के बीच यहाँ भारी संख्या में सैलानी पहुँचते हैं। जशपुर-आरा मार्ग से करीब 18 किलोमीटर की दूरी पर और मुख्य सड़क से 5 किमी अंदर यह स्थल स्थित है। यहाँ तक पहुँचने के लिए सड़क, रेल और हवाई सभी सुविधाएँ उपलब्ध हैं —   रेलमार्ग: रांची और अंबिकापुर प्रमुख स्टेशन हैं।   हवाई मार्ग: रांची व रायपुर हवाई अड्डे से निकटतम पहुँच।     पर्यटकों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यू प्वाइंट, सीढ़ियाँ और पिकनिक स्थल विकसित किए गए हैं, जिससे यह स्थान और भी सुरक्षित व सुगम बन गया है।   प्रकृति और शांति का अद्भुत संगम   रानीदाह जलप्रपात न केवल छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र का प्रमुख आकर्षण है, बल्कि यह वह स्थान है जहाँ प्रकृति का शांत, पवित्र और रमणीय स्वरूप अपने पूरे सौंदर्य के साथ प्रकट होता है। यहाँ आकर हर व्यक्ति को प्रकृति के करीब होने का अनुभव और आत्मिक शांति मिलती है।  

पहाड़पुर स्कूल के पास युवक की गोली मारकर हत्या, छठ का सामान लेकर लौट रहा था घर

✍️ भागीरथी यादव   बलिगांव (वैशाली)। जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र के पहाड़पुर स्कूल के पास रविवार देर रात बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हनुमान नगर गांव निवासी राजेश महतो के पुत्र रविंद्र कुमार उर्फ बिल्ला (37) के रूप में हुई है।   मिली जानकारी के अनुसार, रविंद्र अपने भाई के साथ पातेपुर बाजार से छठ पर्व का सामान लेकर बाइक से घर लौट रहा था, तभी पहाड़पुर स्कूल के समीप पहले से घात लगाए बैठे दो अपराधियों ने उनकी बाइक को रोक लिया और रविंद्र को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।   घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल रविंद्र को पातेपुर पीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।   मृतक के भाई ने बताया कि वारदात के पीछे दशकूडवा गांव निवासी बबलू कुमार और विक्रम नामक युवक का हाथ है। आरोप है कि शराब की गाड़ी पकड़वाने के विवाद को लेकर विक्रम ने गोली चलाई।   इस संबंध में बलिगांव थाना अध्यक्ष रामनिवास कुमार ने बताया कि “पहाड़पुर स्कूल के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।” उन्होंने यह भी बताया कि मृतक पूर्व में शराब तस्करी के मामले में दो बार जेल जा चुका था।   घटना के बाद से क्षेत्र में संसनी फैल गई है, वहीं पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

बस की ठोकर से मासूम घायल — छठ की खुशियाँ मातम में बदलीं

सुशील जायसवाल, कोरबी     सरमा गांव बस स्टैंड की दर्दनाक घटना, ढाई साल की आब्या के दोनों पैर घायल   कोरबा (कोरबी)। रविवार 26 अक्टूबर की दोपहर सरमा गांव में हँसी-खुशी का माहौल कुछ ही पलों में चीख़-पुकार में बदल गया। छठ पर्व की तैयारी में जुटे निरज गुप्ता के घर अचानक मातम छा गया, जब उनकी ढाई वर्षीय मासूम बिटिया आब्या गुप्ता यात्री बस की चपेट में आ गई। बताया गया कि पेंड्रा रोड से बैकुंठपुर के बीच चलने वाली शिव ट्रैवेल्स की बस (क्रमांक CG 16 H 0209) गांव के बस स्टैंड के पास रुकी थी। परिवारजन बस चालक को कुछ सामान देने पहुँचे थे, तभी छोटी आब्या अनजाने में बस के सामने आ गई और उसका बायां पैर बस के पहिए तले कुचल गया। बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद बस स्टैंड पर अफरा-तफरी मच गई, लोग चीख़ते-चिल्लाते दौड़ पड़े। किसी ने मासूम को उठाया तो किसी ने बस चालक को रोक लिया। चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी और उनकी टीम ने तुरंत मौके पर पहुँचकर हालात संभाले, बस और चालक को कब्जे में लिया तथा घायल बच्ची को अस्पताल भेजा। आब्या को पहले कोरबा लाया गया, वहाँ से हालत गंभीर होने पर रायपुर के निजी अस्पताल में रिफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची का बायाँ पैर फैक्चर हुआ है और दायें पैर में भी गहरी चोटें हैं।   गाँव के लोग अब भी उस मासूम की करुण पुकार को भूल नहीं पा रहे। जो दिन घर में दीप जलाने और पर्व की तैयारी का था, वही दिन पूरे परिवार के लिए आँसुओं और दहशत से भरी रात बन गया।

शिक्षा ही सफल जीवन का आधार : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

✍️ भागीरथी यादव   मुख्यमंत्री ने मानिकपुरी पनिका समाज के शपथ ग्रहण एवं दीपावली मिलन समारोह में किया संबोधन   रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि सफल जीवन का मार्ग है। सामाजिक विकास का मूलमंत्र शिक्षा है। चाहे जीवन जीने की कला हो, व्यापार, कृषि या कोई अन्य क्षेत्र — प्रत्येक क्षेत्र में सफलता के लिए शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।   मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश मानिकपुरी पनिका समाज के शपथ ग्रहण एवं दीपावली मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उन्हें शुभकामनाएँ दीं।   मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। राज्य गठन के समय जहाँ केवल एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं आज प्रदेश में लगभग 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। साथ ही, आईआईटी, ट्रिपल-आईटी, आईआईएम, लॉ यूनिवर्सिटी, एम्स और सिपेट जैसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना से प्रदेश के विद्यार्थियों को शिक्षा और अवसर दोनों मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित होने की आवश्यकता है, क्योंकि संगठित समाज से ही राष्ट्र मजबूत बनता है। पनिका समाज का कला और साहित्य के क्षेत्र में आदिकाल से अतुलनीय योगदान रहा है। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के दौरान काछनदेवी रस्म में देवी माँ जिस कन्या पर अवतरित होती हैं, वह भी पनिका समाज की होती है — यह समाज के लिए गर्व की बात है।   मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र के अनुरूप राज्य सरकार पिछले 22 महीनों से सभी वर्गों के कल्याण के लिए सतत कार्य कर रही है। उन्होंने कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना और शिक्षक युक्तियुक्तकरण जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे राज्य के ग्रामीण और शैक्षणिक विकास को नई दिशा मिली है।   इस अवसर पर छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शम्भु नाथ चक्रवर्ती ने भी समारोह को संबोधित करते हुए सभी पदाधिकारियों को बधाई दी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश मानिकपुरी पनिका समाज के अध्यक्ष श्री भरत दास मानिकपुरी, समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।  

धारदार हथियार रखने या बेचने पर अब होगी सख्त कार्रवाई – मुंगेली पुलिस की चेतावनी

📍 मुंगेली, छत्तीसगढ़ ✍️ रिपोर्ट : अतुल श्रीवास्तव   मुंगेली। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुंगेली पुलिस ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित धारदार हथियार या वस्तु अपने पास न रखें। ऐसा पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।   पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति धारदार हथियार से किसी पर हमला करता है, तो उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत प्राणघातक हमले का मामला दर्ज किया जाएगा।   साथ ही, दुकानदारों और स्टेशनरी स्टोर संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को कटर, चाकू या अन्य धारदार वस्तुएं न बेचें। यदि बिक्री की जाती है, तो खरीदार के आधार कार्ड की प्रति अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखें।   पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इसके लिए निम्नलिखित नंबर जारी किए गए हैं — 📞 9479193044 📞 8319412724   मुंगेली पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। यदि किसी संदिग्ध की फोटो या वीडियो सोशल मीडिया या रील के माध्यम से उपलब्ध हो, तो उसे भी पुलिस के साथ साझा किया जा सकता है।   पुलिस का यह अभियान जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।  

प्रधानमंत्री मोदी के 127वें ‘मन की बात’ का मुंगेली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया सामूहिक श्रवण

✍️ रिपोर्ट : अतुल श्रीवास्तव, मुंगेली (छत्तीसगढ़)   मुंगेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसंपर्क कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 127वें संस्करण का आज जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशवानी के नेतृत्व में रामगढ़ स्थित महेश यादव के निवास पर किया गया।   इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा ली।   प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति, प्रकृति और समाज के गहरे संबंध का प्रतीक है। उन्होंने इसे भारतीय एकता और आस्था का अद्भुत उदाहरण बताया। प्रधानमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए सभी देशवासियों से 31 अक्टूबर को आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “सरदार पटेल का योगदान आधुनिक भारत की एकता और अखंडता की नींव है।”   उन्होंने आगामी ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 नवंबर से देशभर में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा, “वंदे मातरम् का उद्घोष 140 करोड़ भारतीयों को एकता की शक्ति देता है।”   इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हो रहे प्रयासों की चर्चा करते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनआंदोलन के रूप में जारी रखने की अपील की। उन्होंने छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में संचालित ‘गार्बेज कैफे’ की विशेष सराहना की, जो स्वच्छता के क्षेत्र में प्रेरणादायक उदाहरण बन चुका है।   इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशवानी, वरिष्ठ नेता द्वारिका प्रसाद जायसवाल, भागीरथी यादव, चमरू साहू, मन्नू लाल श्रीवास्तव, महावीर सिंह, शैलेन्द्र यादव, महेश यादव, रामशरण यादव, असलम खान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।   कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छपरा आमसभा की तैयारी को लेकर नैनी में हुई महत्वपूर्ण बैठक

✍️ भागीरथी यादव   सारण (बिहार)। देश के यशस्वी  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 30 अक्टूबर को छपरा विधानसभा, जिला सारण में होने वाली विशाल आमसभा को लेकर आज नैनी, छपरा में भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।   बैठक में सभा की तैयारियों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन, सारण लोकसभा प्रभारी अमित ठक्कर, मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक भावना बोहरा, विधायक रिकेश सेन सहित विधानसभा प्रभारी, मंडल अध्यक्षगण एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक में नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आमसभा ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सभी स्तरों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि आमसभा में भारी जनसैलाब उमड़े और प्रधानमंत्री का स्वागत भव्य और ऐतिहासिक रूप से किया जा सके।

आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने किया संग्रहालय निर्माण स्थल का निरीक्षण

✍️ भागीरथी यादव   50 करोड़ की लागत से बन रहा ‘शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक सह संग्रहालय’ राज्योत्सव पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी करेंगे लोकार्पण   रायपुर, नवा रायपुर अटल नगर में बन रहे भव्य शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक सह संग्रहालय के निर्माण कार्य का जायजा लेने शनिवार को आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण और साज-सज्जा से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।   यह भव्य संग्रहालय 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है, जिसमें कुल 14 गैलरियों में लगभग 650 मूर्तियां स्थापित की गई हैं। इन गैलरियों में अंग्रेजी शासन काल के दौरान हुए विभिन्न जनजातीय विद्रोहों, जंगल सत्याग्रह और झंडा सत्याग्रह के जीवंत दृश्य प्रदर्शित किए गए हैं। जनजातीय इतिहास को आमजन तक सहज रूप से पहुँचाने के लिए संग्रहालय में डिजिटल तकनीक का उपयोग भी किया गया है।   मंत्री श्री नेताम ने निरीक्षण के दौरान कहा कि—   > “यह संग्रहालय आदिवासी समाज के गौरव, शौर्य और बलिदान का प्रतीक बनेगा। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की परिकल्पना का साकार रूप है, जो आने वाली पीढ़ियों को हमारे पुरखों की वीर गाथाओं से प्रेरित करेगा।”       उन्होंने आगे कहा कि संग्रहालय का लोकार्पण 1 नवम्बर को राज्योत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जाएगा।   निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री नेताम ने संग्रहालय परिसर में डिजिटलीकरण कार्य, दिव्यांगजनों हेतु पृथक पार्किंग, सॉवेनियर शॉप, गार्डनिंग और जल आपूर्ति व्यवस्था का भी जायजा लिया और कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।   इस अवसर पर आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर, टीआरटीआई की संचालक श्रीमती हिना अनिमेष नेताम सहित विभागीय अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बस्तर की धरती पर गूंजा खेलों का उत्सव — उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ का शुभारंभ

✍️ भागीरथी यादव   नारायणपुर। परंपरागत खेलों को प्रोत्साहन और युवाओं की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ का शुभारंभ आज नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल ग्राम कच्चापाल में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के हाथों हुआ।   इस अवसर पर आयोजित रस्साकसी प्रतियोगिता में ईरकभट्टी और कच्चापाल की महिला टीमों ने दमखम दिखाया, जिसमें ईरकभट्टी की महिलाओं ने विजयी बाजी मारी। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने प्रतिभागियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और सभी खिलाड़ियों को ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ की टी-शर्ट प्रदान की। बस्तर ओलंपिक का आयोजन तीन चरणों — विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर किया जा रहा है। इसमें बस्तर संभाग के 3 लाख 80 हजार से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिनमें नारायणपुर जिले से 47 हजार से अधिक खिलाड़ी शामिल हैं।   उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “बस्तर ओलंपिक केवल खेल नहीं है, यह बस्तर की समरसता, बंधुत्व, विश्वास और एकता का प्रतीक है। यह आयोजन युवाओं की नैसर्गिक प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास जगाने का माध्यम बनेगा।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस ओलंपिक के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी प्रदेश से निकलेंगे, जो पूरे विश्व में बस्तर का नाम ऊंचा करेंगे।   इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह मंडावी, एडीजी श्री विवेकानंद सिन्हा, कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री सुंदरराज पी, कलेक्टर श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाईं, एसपी श्री रॉबिंसन गुड़िया, एसडीएम डॉ. सुमित गर्ग, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।   उल्लेखनीय है कि ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ का आयोजन 25 अक्टूबर से 30 नवम्बर तक किया जा रहा है। इसमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, हॉकी और वेटलिफ्टिंग जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें जूनियर वर्ग (14–17 वर्ष), सीनियर वर्ग (17 वर्ष से अधिक) के साथ दिव्यांग खिलाड़ी और आत्मसमर्पित नक्सली भी भाग ले रहे हैं, जो सीधे संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।

छत्तीसगढ़ में सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

✍️ भागीरथी यादव   रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि हर नागरिक को सस्ती और गुणवत्ता पूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री आज राजधानी नवा रायपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित क्रिटिकल केयर पर आधारित राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस ‘क्रिटिकॉन रायपुर-2025’ के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।   मुख्यमंत्री साय ने कहा कि क्रिटिकॉन रायपुर-2025 चिकित्सा विज्ञान विशेषकर क्रिटिकल केयर के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्टता का महत्वपूर्ण मंच है। यह देश-विदेश के विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं को एकजुट कर स्वास्थ्य सेवाओं में नई दिशाओं की रूपरेखा तैयार करने का अवसर प्रदान करता है।   उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अस्पतालों, क्रिटिकल केयर इकाइयों और मेडिकल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर अटल नगर में मेडिसिटी और फार्मा हब का निर्माण किया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ को चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाई पर ले जाएगा।   मुख्यमंत्री ने इस राष्ट्रीय आयोजन के लिए रामकृष्ण केयर ग्रुप की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अब देशभर में चिकित्सा उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है।     —   विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह बोले — नई तकनीक बदल रही है चिकित्सा की तस्वीर   कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि क्रिटिकल केयर जैसे महत्वपूर्ण विषय पर कॉन्फ्रेंस की मेजबानी रायपुर को मिलना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के विचार-विमर्श से ऐसे नवाचार सामने आएंगे, जो मानव स्वास्थ्य उपचार के लिए वरदान साबित होंगे।   डॉ. सिंह ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स के प्रयोग से उपचार की नई संभावनाएं खुल रही हैं और यही तकनीक “नए भारत की नई कहानी” लिख रही है। उन्होंने कहा कि हर जिले और बड़े अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट्स की स्थापना समय की आवश्यकता है।   उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए चल रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार आम जनता के लिए बड़ी राहत है।     —   1300 से अधिक डॉक्टरों की सहभागिता, उत्कृष्ट चिकित्सकों का सम्मान   कार्यक्रम में देश-विदेश और राज्य भर से आए 1300 से अधिक डॉक्टरों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों का मंच से सम्मान भी किया गया।   इस अवसर पर रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. संदीप दवे, केयर ग्रुप के सीईओ श्री वरुण खन्ना, तथा अनेक विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे।     —

अन्य खबरे

तिल्दा-नेवरा में 16 मार्च को चेट्रीचंड्र महोत्सव, वर्ल्ड फेमस नंबर वन सिंधी सिंगर मोहित लालवानी देंगे प्रस्तुति
खेत में युवक की संदिग्ध हालत में मिली लाश, सिर पर चोट के निशान — जांच में जुटी पुलिस
छेड़छाड़ से आहत नाबालिग ने लगाई फांसी, आरोपी युवक गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
चिरमिरी के जंगलों में आगजनी, वन संपदा पर मंडराया खतरा; संसाधनों की कमी से जूझ रहा वन विभाग
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के आरोप, 3000 रुपये तक वसूली की चर्चा; होटलों के सामने गैस संकट
बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, चार दिन में 72 वाहनों पर चालान