बस्तर की धरती पर गूंजा खेलों का उत्सव — उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ का शुभारंभ

✍️ भागीरथी यादव   नारायणपुर। परंपरागत खेलों को प्रोत्साहन और युवाओं की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ का शुभारंभ आज नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल ग्राम कच्चापाल में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के हाथों हुआ।   इस अवसर पर आयोजित रस्साकसी प्रतियोगिता में ईरकभट्टी और कच्चापाल की महिला टीमों ने दमखम दिखाया, जिसमें ईरकभट्टी की महिलाओं ने विजयी बाजी मारी। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने प्रतिभागियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और सभी खिलाड़ियों को ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ की टी-शर्ट प्रदान की। बस्तर ओलंपिक का आयोजन तीन चरणों — विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर किया जा रहा है। इसमें बस्तर संभाग के 3 लाख 80 हजार से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिनमें नारायणपुर जिले से 47 हजार से अधिक खिलाड़ी शामिल हैं।   उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “बस्तर ओलंपिक केवल खेल नहीं है, यह बस्तर की समरसता, बंधुत्व, विश्वास और एकता का प्रतीक है। यह आयोजन युवाओं की नैसर्गिक प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास जगाने का माध्यम बनेगा।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस ओलंपिक के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी प्रदेश से निकलेंगे, जो पूरे विश्व में बस्तर का नाम ऊंचा करेंगे।   इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह मंडावी, एडीजी श्री विवेकानंद सिन्हा, कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री सुंदरराज पी, कलेक्टर श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाईं, एसपी श्री रॉबिंसन गुड़िया, एसडीएम डॉ. सुमित गर्ग, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।   उल्लेखनीय है कि ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ का आयोजन 25 अक्टूबर से 30 नवम्बर तक किया जा रहा है। इसमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, हॉकी और वेटलिफ्टिंग जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें जूनियर वर्ग (14–17 वर्ष), सीनियर वर्ग (17 वर्ष से अधिक) के साथ दिव्यांग खिलाड़ी और आत्मसमर्पित नक्सली भी भाग ले रहे हैं, जो सीधे संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।

छत्तीसगढ़ में सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

✍️ भागीरथी यादव   रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि हर नागरिक को सस्ती और गुणवत्ता पूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री आज राजधानी नवा रायपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित क्रिटिकल केयर पर आधारित राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस ‘क्रिटिकॉन रायपुर-2025’ के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।   मुख्यमंत्री साय ने कहा कि क्रिटिकॉन रायपुर-2025 चिकित्सा विज्ञान विशेषकर क्रिटिकल केयर के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्टता का महत्वपूर्ण मंच है। यह देश-विदेश के विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं को एकजुट कर स्वास्थ्य सेवाओं में नई दिशाओं की रूपरेखा तैयार करने का अवसर प्रदान करता है।   उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अस्पतालों, क्रिटिकल केयर इकाइयों और मेडिकल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर अटल नगर में मेडिसिटी और फार्मा हब का निर्माण किया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ को चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाई पर ले जाएगा।   मुख्यमंत्री ने इस राष्ट्रीय आयोजन के लिए रामकृष्ण केयर ग्रुप की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अब देशभर में चिकित्सा उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है।     —   विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह बोले — नई तकनीक बदल रही है चिकित्सा की तस्वीर   कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि क्रिटिकल केयर जैसे महत्वपूर्ण विषय पर कॉन्फ्रेंस की मेजबानी रायपुर को मिलना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के विचार-विमर्श से ऐसे नवाचार सामने आएंगे, जो मानव स्वास्थ्य उपचार के लिए वरदान साबित होंगे।   डॉ. सिंह ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स के प्रयोग से उपचार की नई संभावनाएं खुल रही हैं और यही तकनीक “नए भारत की नई कहानी” लिख रही है। उन्होंने कहा कि हर जिले और बड़े अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट्स की स्थापना समय की आवश्यकता है।   उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए चल रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार आम जनता के लिए बड़ी राहत है।     —   1300 से अधिक डॉक्टरों की सहभागिता, उत्कृष्ट चिकित्सकों का सम्मान   कार्यक्रम में देश-विदेश और राज्य भर से आए 1300 से अधिक डॉक्टरों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों का मंच से सम्मान भी किया गया।   इस अवसर पर रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. संदीप दवे, केयर ग्रुप के सीईओ श्री वरुण खन्ना, तथा अनेक विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे।     —

26 अक्टूबर 2025 का राशिफल

✍️ भागीरथी यादव   मेष (Aries) आज आर्थिक तौर पर कुछ सीमितता महसूस हो सकती है। संसाधनों का प्रबंधन महत्वपूर्ण होगा। कार्यक्षेत्र में बढ़ती जिम्मेदारी मिल सकती है, परंतु सफलता का स्तर उतना सहज नहीं रहेगा।   वृषभ (Taurus) आज पारिवारिक सम्बन्धों में अच्छा समय है। स्वास्थ्य पर ध्यान दें — विशेष रूप से हृदय संबंधी मामलों में। पुराने बिल चुकाने और वित्तीय स्थिति सुधारने के अवसर मिल सकते हैं।   मिथुन (Gemini) आज सामाजिक रूप से सक्रिय रह सकते हैं। नई दोस्ती या रोमांटिक मोड़ संभव है। लंबी अवधि के निवेश में लाभ मिल सकता है। कुछ लोग खुद को अलग थलग महसूस कर सकते हैं — बाहर निकलना उपयोगी होगा।   कर्क (Cancer) उत्साह में वृद्धि होगी, कार्य तेजी से अग्रसर हो सकता है। नया वित्तीय समझौता लाभदायक हो सकता है। घर में बदलाव के लिये बड़े निर्णय लेने से पहले बुजुर्गों की सलाह लें।   सिंह (Leo) मित्रों के साथ शाम का समय आनंददायक रहेगा, लेकिन खर्चों पर नियंत्रण रखें। पुराने संपर्कों को फिर से जोड़ना लाभदायक हो सकता है। अपने प्रिय के साथ कुछ अधिक समय बिताना अच्छा रहेगा।   कन्या (Virgo) आज का दिन आराम और सामाजिक सहभागिता के लिए अच्छा है। परिवार में सौहार्द बना रहेगा। निवेश के संदर्भ में सोच-समझकर निर्णय करें। प्रेम-संबंधों में जुड़ाव बढ़ सकता है।   तुला (Libra) आपका मन प्रसन्न रहेगा, नयी आय के स्रोत मिल सकते हैं। रोमांटिक संबंधों में मिठास बनी रहेगी। आराम के लिए समय निकालना आज लाभदायक रहेगा।   वृश्चिक (Scorpio) उम्मीद रख सकते हैं कि आज आपके बच्चे या परिवार से खुशखबरी आएगी। प्रेम भावना प्रबल हो सकती है। परन्तु संवाद में लचीलापन बनाए रखें। किसी भी नए वित्तीय प्रस्ताव में सतर्क रहें।   धनु (Sagittarius) स्वास्थ्य में सुधार होगा और निवेश के लिए अवसर दिख सकते हैं। परिवार में कोई खुशखबरी मिलने की संभावना है। परन्तु सामाजिक समारोहों के बजाय थोड़ी शांति लेना बेहतर रहेगा।   मकर (Capricorn) साहस और सकारात्मक सोच आज आपके साथ होगी। परन्तु निवेश में जल्दबाजी न करें — विकल्पों पर सोच-विचार करें। निजी जानकारी साझा करते समय सतर्क रहें। आपके विचारों को पहचान मिल सकती है।   कुम्भ (Aquarius) आज सामाजिक कार्यक्रमों में जाना सुखद रहेगा। लेकिन व्यक्तिगत रिश्तों में विवाद हो सकता है — विशेष रूप से पारिवारिक। प्रेम संबंधों में उज्जवल अनुभव मिल सकते हैं। नई परियोजना से पहले अनुभवी लोगों से सलाह लें।   मीन (Pisces) स्वास्थ्य विशेष ध्यान मांग सकता है। बच्चे-परिवार से आर्थिक लाभ मिल सकता है। दूर के रिश्तेदारों से आश्चर्यजनक खबर मिल सकती है। नौकरी तलाश रहे हैं तो धैर्य रखें।

खरमोरा मरार पटेल समाज की बैठक कल सामुदायिक भवन में

  पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट   कोरबा। खरमोरा मरार पटेल समाज की बैठक रविवार दोपहर 12 बजे सामुदायिक भवन में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में जिले भर से समाज के सदस्य उपस्थित रहेंगे।   बैठक का मुख्य उद्देश्य सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श करना, समाज के विकास के मुद्दों पर चर्चा करना और सामाजिक तथा राजनैतिक क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाने के उपायों पर विचार करना है।   समाज के जिलाध्यक्ष उत्तम पटेल ने सभी सामाजिक बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया है, ताकि बैठक सार्थक और समाज हित में ठोस निर्णय लेने वाली साबित हो।   बैठक में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे और विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे।     —

संघ खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने और कबड्डी को नई दिशा देने में जुटा

पाली, ग्राम केराझरिया गौठान से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट   पाली। ग्राम केराझरिया गौठान में ब्लॉक कबड्डी संघ, पाली की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संघ के पदाधिकारी और खिलाड़ी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी खेल सत्र के लिए नई नियमावली और संगठनात्मक सुधारों पर विचार-विमर्श करना था।   बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कबड्डी संघ पाली के अध्यक्ष राजकुमार राज ने की। अध्यक्ष ने बताया कि यह बैठक जिला सचिव अनुज प्रताप के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि संघ लगातार खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करने, उनके खेल कौशल को निखारने और ग्रामीण स्तर से लेकर राज्य स्तर तक कबड्डी को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाने के लिए काम कर रहा है।   बैठक में संतोष टेकाम ने सुझाव दिया कि राज्य स्तरीय तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता को अब दो दिवसीय स्वरूप में आयोजित किया जाए, जिस पर सभी उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से सहमति जताई। इस अवसर पर रविंद्र यादव, जो बीजापुर में कोच रह चुके हैं, ने जानकारी दी कि वे अब कोरबा जिले में कबड्डी अकादमी शुरू कर रहे हैं। इससे न केवल कोरबा बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और खेल की नई तकनीकें सीखने का अवसर मिलेगा।   बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी सभी कबड्डी आयोजनों में ब्लॉक कबड्डी संघ की ओर से चार निर्णायक (रेफरी) उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि खेल की गुणवत्ता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।   साथ ही यह भी चर्चा हुई कि 30 अक्टूबर से पोटापानी में एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें ब्लॉक की सभी टीमों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।   बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी और सदस्य थे: शंकर दीवान, पुरुषोत्तम टेकाम, चंद्रभान, रिशेंद्र नेटी, गोकुल मरकाम, जोहित यादव, अनंथ राम, बंधन राज, धीरेंद्र पोर्ते, संतोष यादव, राजकुमार राज, अनिल एक्का, रामदास, पंचराम, राम भजन, मनीष, रामकुमार और योगेश राज।

मां काली की भव्य स्थापना से गूंजा मुंगेली शहर — परमेश्वरी चौक पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

  मुंगेली: दीपावली की पावन रात्रि को मुंगेली शहर का परमेश्वरी चौक भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। नगर पालिका परिषद मुंगेली के राजेन्द्र और विवेकानंद वार्ड के समीप स्थित माता परमेश्वरी चौक में मां काली की भव्य प्रतिमा का विधि-विधान के साथ स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा की गई।   दीपावली की मध्यरात्रि 12 बजे पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिला मंडल और समिति के सदस्य उपस्थित रहे। आरती प्रारंभ होते ही पूरा परिसर “जय मां काली” के जयकारों से गूंज उठा।   समिति के सदस्य राजा तिवारी ने बताया कि माता की भव्य सेवा, आराधना और पूजा एकादशी तक नियमित रूप से तीन बार — सुबह 9 बजे, दोपहर 1 बजे और रात्रि 7 बजे — की जाएगी। उन्होंने कहा कि मां काली का यह स्वरूप अत्यंत तेजस्वी और विकराल है, जिसके दर्शन के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंचे।   मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, दीपों और फूलों से सजाया गया। शाम के समय आरती के साथ ढोल-नगाड़े और भक्ति गीतों की गूंज ने पूरे चौक को दिव्य आभा से भर दिया। नगर के युवाओं एवं समिति के सदस्यों ने आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया।   श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए गए। यह वार्षिक स्थापना न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि मुंगेली शहर की सांस्कृतिक परंपरा का भी अभिन्न हिस्सा बन चुकी है।

भाजपा मुंगेली की रणनीतिक बैठक: पीएम मोदी के आगमन और सरदार पटेल मैराथन की तैयारियों पर जोर

  राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय आयोजनों के लिए स्वागत समितियां, रूट प्लानिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय   मुंगेली: मुंगेली जिले में भाजपा ने 25 अक्टूबर को संगठनात्मक और रणनीतिक बैठक आयोजित की, जिसमें 01 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रायपुर आगमन और 13 नवंबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल रन फॉर यूनिटी मैराथन की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई। बैठक का उद्देश्य कार्यकर्ताओं की भागीदारी, सुरक्षा प्रोटोकॉल और प्रचार अभियान को सुनिश्चित करना था। पूर्व में आयोजित बैठक में राज्य उत्सव और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू की नगर मंडल मुंगेली यात्रा की तैयारियों पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में स्वागत समितियां, मैराथन रूट प्लानिंग, स्वास्थ्य जांच स्टेशन, प्रचार सामग्री, युवा भागीदारी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर निर्णय लिए गए।   विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष वर्षा सिंह सहित सभी मंडल अध्यक्ष, नगर पार्षद और जिला पंचायत सदस्य बैठक में शामिल रहे। सभी ने जिम्मेदारियां बांटी और सफल आयोजन का संकल्प लिया।   भाजपा के अनुसार, ये आयोजन राष्ट्रीय एकता, विकास और पार्टी की वैचारिक प्रतिबद्धता को और मजबूत करेंगे।  

महिला स्व-सहायता समूह और युवाओं ने कोरबा की कृषि को नई दिशा दी

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा – छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती के अवसर पर कोरबा के कृषि विभाग ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था में अपने योगदान और उपलब्धियों का प्रदर्शन किया। महिला स्व-सहायता समूहों ने जैविक खाद निर्माण, सब्जी उत्पादन और बीज प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है, जिससे महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता बढ़ी और कृषि क्षेत्र में नवाचार को गति मिली। युवाओं ने कृषि आधारित स्टार्टअप, ड्रिप सिंचाई, फसल प्रसंस्करण और विपणन के माध्यम से नई संभावनाएँ खोली हैं। इनके प्रयासों ने न केवल उत्पादन में वृद्धि की है, बल्कि ग्रामीण रोजगार और आय के स्रोतों में भी सुधार किया है। कृषि विभाग का कहना है कि यह सफलता केवल सरकारी योजनाओं का परिणाम नहीं है, बल्कि किसानों की मेहनत, तकनीकी जागरूकता और प्रशासनिक प्रतिबद्धता की साझा उपलब्धि है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र को अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनाने के लिए उठाए गए ठोस कदमों का असर कोरबा की धरती पर स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।   कृषि विभाग ने यह भी कहा कि यह यात्रा केवल खेतों की हरियाली तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों के चेहरों पर आई मुस्कान, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का प्रतीक है।

छत्तीसगढ़ सरकार ने सात आईपीएस अधिकारियों का किया तबादला, रत्ना सिंह बनीं एमसीबी की पहली महिला पुलिस अधीक्षक

एम सी बी/रायपुर – छत्तीसगढ़ शासन के गृह विभाग ने शुक्रवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के सात अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए। इस सूची में 2019 बैच की आईपीएस रत्ना सिंह को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले (एमसीबी) की पुलिस अधीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है। इससे पहले रत्ना सिंह सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर के पद पर कार्यरत थीं।   2014 बैच के आईपीएस चंद्रमोहन सिंह को निदेशक (प्रशिक्षण/ऑपरेशन), रायपुर पदस्थ किया गया है। राज्य सरकार ने यह तबादला प्रशासनिक कारणों से किया है और संबंधित अधिकारियों को नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।   एमसीबी जिला 9 सितंबर 2022 को अस्तित्व में आया था। जिले में इससे पहले आर. कोशिमा, सिद्धार्थ तिवारी और चंद्रमोहन सिंह पुलिस अधीक्षक रहे हैं। रत्ना सिंह इस जिले की पहली महिला एसपी बन गई हैं।   रत्ना सिंह का सफर: तकनीकी पृष्ठभूमि से पुलिस सेवा तक इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से आने वाली रत्ना सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा उत्तीर्ण कर वर्ष 2019 में आईपीएस बनने के बाद पुलिस सेवा में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी से प्रशिक्षण पूरा किया और रायपुर में फील्ड ट्रेनिंग के दौरान विभिन्न थाना एवं विभागों में काम किया। इसके बाद महासमुंद जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑपरेशन) के पद पर कार्यरत रहीं।   व्यक्तिगत जीवन और नेतृत्व शैली रत्ना सिंह का विवाह झारखंड कैडर के आईएएस अधिकारी अमृतांशु से हुआ है। वे संवेदनशील नेतृत्व, अनुशासनप्रियता और जनता से संवाद की नीति के लिए जानी जाती हैं। उनका मानना है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और जनता का विश्वास बनाए रखना ही सच्ची पुलिस सेवा है।   स्थानीय नागरिक उम्मीद कर रहे हैं कि रत्ना सिंह के नेतृत्व में एमसीबी जिले में नशे, अवैध कारोबार और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण होगा तथा कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी।     —

बेमौसम बारिश से हुई फसल हानि पर किसानों को मिलेगी क्षतिपूर्ति राशि

जिलाधीश महासमुंद ने की स्वीकृति, किसानों में खुशी की लहर   महासमुंद, 25 अक्टूबर 2025। गर्मी के मौसम में हुई बेमौसम बारिश और तेज आंधी-तूफान के कारण महासमुंद जिले के किसानों की रवि फसल को भारी नुकसान हुआ था। अनुमानित रूप से जिले के लगभग 80 प्रतिशत किसानों की धान सहित अन्य फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई थीं। लंबे समय से किसान शासन-प्रशासन से आपदा सहायता राशि की मांग कर रहे थे, लेकिन तहसील स्तर पर उनकी कोई सुनवाई नहीं हो पा रही थी।   अंततः ग्राम छांदनपुर और खेमड़ा सहित आसपास के किसानों ने जिलाधीश महासमुंद से सीधे मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताईं और वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। किसानों की पीड़ा और उनकी जायज मांगों को देखते हुए जिलाधीश महासमुंद ने त्वरित निर्णय लेते हुए आपदा क्षतिपूर्ति राशि स्वीकृत करने का आदेश जारी किया। साथ ही जिले के सभी तहसीलदारों को राहत राशि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।   क्षतिपूर्ति स्वीकृति की खबर मिलते ही जिले के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। किसानों ने जिलाधीश महासमुंद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय उनके लिए राहत की सांस लेकर आया है।   इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष दुबे लाल साहू के मार्गदर्शन में, ग्रामीण महासमुंद मंडल अध्यक्ष दिग्विजय साहू के नेतृत्व में किसान प्रतिनिधि मंडल ने किसानों का पक्ष मजबूती से जिलाधीश के समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल में जगदीश पटेल (जिला उपाध्यक्ष, किसान मोर्चा), बलिराम पटेल, तुलसी प्रसाद पटेल, चित्रसेन पटेल, टीकाराम पटेल, लखेश्वर पटेल, कन्हैया पटेल, उदय राम पटेल, टेकलाल पटेल सहित कई किसान उपस्थित रहे।   किसानों ने कहा कि प्रशासन के इस त्वरित निर्णय से अब वे आगामी फसल चक्र के लिए तैयारियों में जुट सकेंगे। जिलेभर में इस निर्णय से किसानों में उत्साह और विश्वास का माहौल देखा जा रहा है।

अन्य खबरे

झाड़-फूंक के बहाने घर से पार किए थे सोने-चांदी के जेवर और नकदी, दो साल बाद महिला गिरफ्तार
जनकपुर काष्ठागार में लकड़ी घोटाले का खुलासा: टीपी में 150 की जगह ट्रक से निकली 208 नग लकड़ी, 58 नग अतिरिक्त मिलने से मचा हड़कंप
तिल्दा-नेवरा में 16 मार्च को चेट्रीचंड्र महोत्सव, वर्ल्ड फेमस नंबर वन सिंधी सिंगर मोहित लालवानी देंगे प्रस्तुति
खेत में युवक की संदिग्ध हालत में मिली लाश, सिर पर चोट के निशान — जांच में जुटी पुलिस
छेड़छाड़ से आहत नाबालिग ने लगाई फांसी, आरोपी युवक गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
चिरमिरी के जंगलों में आगजनी, वन संपदा पर मंडराया खतरा; संसाधनों की कमी से जूझ रहा वन विभाग