शराब घोटाला मामला: चैतन्य बघेल 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए, दिवाली वहीं मनाएंगे
✍️ भागीरथी यादव रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद आज उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसीबी-ईओडब्ल्यू की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया है। इस आदेश के अनुसार चैतन्य बघेल अब 29 अक्टूबर तक जेल में रहेंगे और इस बार दिवाली जेल में ही मनाएंगे। चैतन्य बघेल को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनके जन्मदिन 18 जुलाई को भिलाई स्थित निवास से धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत गिरफ्तार किया था। ईडी की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि इस घोटाले से राज्य को भारी वित्तीय नुकसान हुआ और लगभग 2,500 करोड़ रुपये की अवैध कमाई विभिन्न लाभार्थियों तक पहुंचाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि चैतन्य बघेल को 16.70 करोड़ रुपये की राशि शराब घोटाले से प्राप्त हुई। उन्होंने यह धन अपनी रियल एस्टेट कंपनियों के प्रोजेक्ट्स में निवेश किया और ठेकेदारों को नकद भुगतान किया। इसके अलावा उन्होंने त्रिलोक सिंह ढिल्लों के साथ मिलीभगत कर “विठ्ठलपुरम प्रोजेक्ट” में फ्लैट खरीद के नाम पर करीब 5 करोड़ रुपये अप्रत्यक्ष रूप से प्राप्त किए। इस मामले में पहले ही कई बड़े नाम गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा, अरविंद सिंह, त्रिलोक सिंह ढिल्लों, अनवर ढेबर, आईटीएस अरुण पति त्रिपाठी और पूर्व मंत्री व वर्तमान विधायक कवासी लखमा शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
कोरबा जिले में कोयला खदानों और बांगो बांध से विस्थापन का दर्द और भविष्य का संकट
कोरबा में आयोजित होगा प्रदेश स्तरीय विस्थापन पीड़ितों का महासम्मेलन छत्तीसगढ़ बचाव आंदोलन ने किया भू-विस्थापितों के आंदोलन का समर्थन कोरबा। कोरबा जिले में लगातार बढ़ रही कोयला खदानों की खुदाई, हसदेव अरण्य की कटाई और बांगो बांध से हुए विस्थापन ने हजारों परिवारों के जीवन को प्रभावित किया है। विस्थापन, आजीविका और पर्यावरणीय संकट आज जिले के सामने एक गंभीर चुनौती बनकर खड़ा है। प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि पांचवीं अनुसूची के तहत ग्रामसभा के अधिकारों का पालन, भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 के प्रावधानों को लागू करने और पूर्व में अधिग्रहित भूमि का वर्तमान बाजार दर पर मुआवजा देने की मांग को लेकर आवाज बुलंद की जाएगी। — 1960 के दशक से जारी विस्थापन की त्रासदी कोरबा जिले में 1960 के दशक से अब तक कोयला खदानों के विस्तार के चलते हजारों परिवार विस्थापित हो चुके हैं। यह संकट अब केवल जमीन छिनने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आने वाले वर्षों में लाखों निवासियों के जीवन और रोजगार पर गंभीर असर डालने जा रहा है। — कृषि भूमि का विनाश और खाद्य संकट लगातार खनन से जिले की उपजाऊ भूमि बर्बाद हो चुकी है। एसईसीएल के विस्तार के चलते विस्थापित परिवारों की जीविका छिन रही है। वहीं, हसदेव जंगल के विनाश से पर्यावरण और जल संकट गहराता जा रहा है। कृषि आधारित अर्थव्यवस्था पर इसका सीधा प्रभाव पड़ रहा है। वक्ताओं ने चेताया कि अगर यही हाल रहा, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए खाद्य सुरक्षा और जीवन-यापन का संकट खड़ा हो जाएगा। — रोजगार और खदान बंदी का दोहरा झटका वर्तमान में कोरबा क्षेत्र के लाखों लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कोयला उद्योग से जुड़े हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दो दशकों में कई खदानें बंद हो जाएंगी। ऐसे में प्रश्न उठता है कि जब न कृषि बचेगी, न खदानें, तब कोरबा के युवाओं का भविष्य क्या होगा? — भूमि अधिग्रहण अधिनियम का उल्लंघन वक्ताओं ने बताया कि भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और पुनर्स्थापन में उचित मुआवजा और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम 2013 की धारा 101 का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। इस धारा के अनुसार, अधिग्रहण के बाद यदि पांच वर्षों तक भूमि अनुपयोगी रहती है, तो उसे मूल किसान को वापस लौटाया जाना चाहिए। लेकिन, इसके विपरीत औद्योगिक संस्थानों को लाभ पहुंचाने के लिए किसानों को ही नुकसान झेलना पड़ रहा है। — छोटे खातेदारों के साथ अन्याय पहले हर खाते पर रोजगार देने का नियम था, जिसे बदलकर अब दो एकड़ भूमि के अनुपात में रोजगार देने का प्रावधान कर दिया गया है। इस वजह से छोटे और गरीब खातेदारों को रोजगार से वंचित होना पड़ रहा है। कई मामलों में तो उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भी एसईसीएल रोजगार देने से इंकार कर रहा है। अर्जन के बाद जन्मे युवाओं को भी रोजगार का अधिकार नहीं मिल पा रहा है। — अब संघर्ष ही अंतिम विकल्प वक्ताओं ने कहा कि यह लड़ाई केवल मुआवजे या नौकरी की नहीं, बल्कि कोरबा के अस्तित्व की लड़ाई है। अब समय आ गया है कि एसईसीएल को केवल मुनाफा नहीं, बल्कि अपनी सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी भी निभानी होगी। आगामी दिनों में कोरबा में प्रदेश स्तरीय विस्थापन पीड़ितों का महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के किसान आंदोलन से जुड़े नेता और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस सम्मेलन में आंदोलन की नई रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि विस्थापितों को उनका हक और न्याय मिल सके। छत्तीसगढ़ बचाव आंदोलन ने कोरबा जिले में भू-विस्थापितों की मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि “अब चुप बैठने का समय नहीं, संघर्ष की ज्वाला हर गांव और हर घर तक पहुँचानी होगी।”
शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर की पैरोल अवधि सात दिन बढ़ी
✍️ भागीरथी यादव रायपुर। बहुचर्चित शराब घोटाले के मुख्य आरोपी कारोबारी अनवर ढेबर को मिली पैरोल अवधि में सात दिन का विस्तार दिया गया है। पहले उन्हें चार दिन की पैरोल मंजूर हुई थी, जिसकी अवधि पूरी होने के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में विस्तार के लिए अर्जी लगाई थी। अदालत ने उनकी मां की गंभीर तबीयत को आधार मानते हुए राहत अवधि बढ़ाने का आदेश दिया। मंगलवार देर रात अनवर ढेबर पुलिस सुरक्षा के बीच रायपुर स्थित अपने निवास पहुंचे। उनके घर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और हर आने-जाने वाले व्यक्ति का विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह राहत सिर्फ मानवीय आधार पर दी गई है और अवधि समाप्त होते ही उन्हें फिर से जेल लौटना होगा। ईओडब्ल्यू-एसीबी की जांच में खुलासा हुआ है कि 60 लाख से अधिक पेटियों की अवैध बिक्री के जरिए लगभग 3200 करोड़ रुपये का शराब घोटाला हुआ है। पहले यह राशि 2161 करोड़ आंकी गई थी, लेकिन अब इसका आकार बढ़कर 3200 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। इस मामले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल, सेवानिवृत्त आईएएस अनिल टूटेजा और अनवर ढेबर सहित कुल 15 आरोपी रायपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं। अब तक 70 लोगों को आरोपित बनाया जा चुका है, जिनमें आठ डिस्टिलरी संचालक भी शामिल हैं। शेष संदिग्धों की भूमिका की जांच अभी जारी है।
शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर में मतदाता जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन
✍️ भागीरथी यादव बलरामपुर। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए जिले में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर में आज मतदाता जागरूकता विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार अभिनय के माध्यम से मतदान के महत्व का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को मतदान के प्रति सजग और उत्तरदायी नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. नंद कुमार देवांगन ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता सबसे बड़ी शक्ति है, इसलिए हर नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग कर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे मतदान की महत्ता को समझें और अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें। यह आयोजन जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन और स्वीप नोडल अधिकारी (जिला पंचायत सीईओ) के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना, नागरिक दायित्व और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
नवा रायपुर में मंत्री ओ.पी. चौधरी ने ली समीक्षा बैठक — 1000 करोड़ के पूंजीगत व्यय लक्ष्य के साथ विकास कार्यों में तेजी के निर्देश
✍️ भागीरथी यादव नवा रायपुर (छत्तीसगढ़)। नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में आज वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी की अध्यक्षता में निवेश, अधोसंरचना विकास और जनसुविधाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मंत्री श्री चौधरी ने अधिकारियों के साथ शहर के योजनाबद्ध और तीव्र विकास पर विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि नवा रायपुर का संतुलित, आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चल रही परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें। मंत्री श्री चौधरी ने बताया कि विकास कार्यों में गति लाने के लिए इस वर्ष राज्य शासन के बजट में पूंजीगत व्यय का लक्ष्य 1000 करोड़ रुपए निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी इस लक्ष्य को गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के लिए समर्पण भाव से कार्य करें। साथ ही उन्होंने शासकीय और निजी संस्थानों एवं बिल्डर्स को आवंटित भूमि पर चल रहे निर्माण कार्यों को समन्वयपूर्वक और शीघ्र गति से पूरा करने के निर्देश भी दिए, ताकि नवा रायपुर के इंफ्रास्ट्रक्चर को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। बैठक में निवेश को प्रोत्साहन देने, पर्यावरण संरक्षण, अधोसंरचना विकास और शहरी जनसुविधाओं के उन्नयन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर प्राधिकरण के चेयरमैन श्री अंकित आनंद, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चंदन कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
15 अक्टूबर 2025 (बुधवार) का राशिफल
✍️ भागीरथी यादव प्रेम, करियर, स्वास्थ्य और आर्थिक दृष्टि से दिन कैसा रहेगा 👇 — ♈ मेष (Aries) दिन अच्छा रहेगा। कार्यक्षेत्र में आपके विचारों की सराहना होगी। रुका हुआ पैसा वापस मिल सकता है। पारिवारिक माहौल खुशनुमा रहेगा। 👉 लकी रंग: लाल 👉 लकी नंबर: 9 — ♉ वृषभ (Taurus) काम में मन लगेगा और सफलता के योग बन रहे हैं। रिश्तों में मधुरता आएगी। खर्चों पर थोड़ा नियंत्रण रखें। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। 👉 लकी रंग: गुलाबी 👉 लकी नंबर: 6 — ♊ मिथुन (Gemini) नई जिम्मेदारी मिल सकती है। किसी यात्रा का योग है जो लाभदायक साबित होगा। किसी पुराने दोस्त से मुलाकात संभव है। 👉 लकी रंग: हरा 👉 लकी नंबर: 5 — ♋ कर्क (Cancer) भावनाओं पर नियंत्रण रखें। घर में कोई विवाद हो सकता है लेकिन शाम तक सब ठीक हो जाएगा। कार्यक्षेत्र में प्रयासों का फल देर से मिलेगा। 👉 लकी रंग: सफेद 👉 लकी नंबर: 2 — ♌ सिंह (Leo) आज आपकी नेतृत्व क्षमता उभर कर सामने आएगी। किसी बड़े प्रोजेक्ट में सफलता मिलेगी। प्रेम जीवन में भी मिठास बनी रहेगी। 👉 लकी रंग: सुनहरा 👉 लकी नंबर: 1 — ♍ कन्या (Virgo) दिन व्यस्त रहेगा। मेहनत अधिक करनी पड़ सकती है पर परिणाम सकारात्मक रहेंगे। स्वास्थ्य के मामले में थोड़ी सावधानी बरतें। 👉 लकी रंग: नीला 👉 लकी नंबर: 4 — ♎ तुला (Libra) रचनात्मक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। पुराने संबंध फिर से जुड़ सकते हैं। मन में उत्साह रहेगा। 👉 लकी रंग: आसमानी 👉 लकी नंबर: 7 — ♏ वृश्चिक (Scorpio) आत्मविश्वास बढ़ेगा। कोई महत्वपूर्ण निर्णय ले सकते हैं। परिवार में सम्मान बढ़ेगा। किसी वरिष्ठ का मार्गदर्शन मिलेगा। 👉 लकी रंग: मैरून 👉 लकी नंबर: 3 — ♐ धनु (Sagittarius) यात्रा के योग बन रहे हैं। करियर से जुड़ी चिंता दूर होगी। मित्रों से सहयोग मिलेगा। अनावश्यक खर्चों से बचें। 👉 लकी रंग: पीला 👉 लकी नंबर: 8 — ♑ मकर (Capricorn) कार्यस्थल पर सफलता के नए अवसर मिलेंगे। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। स्वास्थ्य में थोड़ी थकान महसूस हो सकती है। 👉 लकी रंग: ग्रे 👉 लकी नंबर: 10 — ♒ कुंभ (Aquarius) नई शुरुआत के लिए दिन शुभ है। बिजनेस में लाभ होगा। प्रेम संबंधों में विश्वास बढ़ेगा। परिवार में खुशियां आएंगी। 👉 लकी रंग: बैंगनी 👉 लकी नंबर: 11 — ♓ मीन (Pisces) धैर्य और संयम से काम लें। किसी जरूरी व्यक्ति से मुलाकात लाभदायक रहेगी। विद्यार्थियों के लिए दिन अनुकूल है। 👉 लकी रंग: हल्का नीला 👉 लकी नंबर: 12 —
दिवाली से पहले अवैध महुआ शराब पर आबकारी विभाग वृत्त दीपका की बड़ी कार्रवाई
सवांददाता – ज्ञान शंकर तिवारी कोरबा (छत्तीसगढ़ न्यूज़)। दिवाली से पहले जिले में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर अजीत बसंत के निर्देश एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्रीमती आशा सिंह के मार्गदर्शन में आज दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को आबकारी उपनिरीक्षक डॉ. सुकांत पांडे (वृत्त दीपका) ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम लिमघाट पोंडी, थाना पाली क्षेत्र में छापा मारा। कार्यवाही के दौरान आरोपी रामलाल से एक क्रेता के माध्यम से टेस्ट पर्चेज कराया गया, जिससे यह पुष्टि हुई कि वह अवैध रूप से महुआ शराब की बिक्री कर रहा था। इसके बाद उसके मकान और बाड़ी की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 8.2 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क,ख), 34(2), एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय जेएमएफसी कटघोरा में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्यवाही में आबकारी मुख्य आरक्षक सिमोन मिंज एवं नगर सैनिक रंजीता बघेल का सराहनीय योगदान रहा। 👉 यह कार्रवाई आगामी त्योहारी सीजन में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई है।
कोरबी (रोदे): संजय सुरीला स्टार नाइट शो में झूम उठे दर्शक, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पंडाल!
सुशील जायसवाल की रिपोर्ट कोरबी चोटिया। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत रोदे में रविवार, 12 अक्टूबर की रात्रि को गांधी स्टेडियम में आयोजित “संजय सुरीला एंड ग्रुप सरगुजा, छत्तीसगढ़ स्टार नाइट शो” ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया और हर गीत पर झूमते नजर आए। कार्यक्रम से पहले महाकाल नवयुवक दशहरा उत्सव समिति, रोदे द्वारा भव्य रावण दहन का आयोजन किया गया। आतिशबाजी के बीच रावण दहन के पश्चात मुख्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. पवन कुमार सिंह (अध्यक्ष, जिला पंचायत कोरबा) एवं क्षेत्रीय विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम थे। मुख्य अतिथियों ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि “दशहरा बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक पर्व है, जो हमें सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।” इस अवसर पर विधायक मरकाम ने समिति को लिफाफा बंद सहयोग राशि भेंट की। 🎤 मंच पर राजनीति और दर्शकों की नाराजगी सांस्कृतिक कार्यक्रम से पहले स्वागत और भाषण का दौर लंबा खिंच गया, जिससे मंच कुछ समय के लिए राजनैतिक रंग ले बैठा। दर्शकों ने नाराजगी जताई और कहा कि कार्यक्रम का माहौल बिगड़ गया। इसी कारण संजय सुरीला एंड ग्रुप का प्रदर्शन लगभग दो घंटे देरी से शुरू हो पाया। 🌟 संजय सुरीला के गीतों पर झूम उठा जनसमूह रात्रि लगभग साढ़े ग्यारह बजे जब मंच से गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम आरंभ हुआ, तो “जय श्रीराम” के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। महिला, पुरुष और युवा वर्ग की भारी भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का स्वागत किया। कार्यक्रम की शानदार सफलता में महाकाल नवयुवक समिति एवं समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन समिति सदस्यों द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रताप सिंह मरावी (अध्यक्ष, सरपंच संघ), मुरारीलाल जायसवाल, हार सिंह कंवर (सर्पंच प्रतिनिधि रोदे), राकेश जायसवाल, प्रहलाद सिंह, एवं चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी अपने दल-बल सहित उपस्थित रहे। अंत में सरपंच श्रीमती सुशीला कंवर ने सभी अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
बीजापुर: नेशनल पार्क क्षेत्र में आईईडी ब्लास्ट, तीन जवान घायल
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार सुबह नक्सल प्रभावित नेशनल पार्क क्षेत्र के कांडलापर्ती जंगल में आईईडी ब्लास्ट हुआ। इस विस्फोट में सुरक्षा बल के तीन जवान घायल हो गए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जवान एरिया डॉमिनेशन अभियान पर निकले हुए थे, तभी भोपालपटनम थाना क्षेत्र में यह विस्फोट हुआ। घटना के बाद घायल जवानों को मौके पर प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी जवानों को हाथ और पैर में चोटें आई हैं। ब्लास्ट की सूचना मिलते ही अतिरिक्त सुरक्षा बल को घटनास्थल पर भेजा गया है। साथ ही आसपास के जंगलों में सर्च अभियान तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आईईडी विस्फोट किस नक्सली संगठन द्वारा लगाया गया था। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और घायल जवानों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
देश की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा, मतदान 11 नवंबर को होगा
✍️ भागीरथी यादव नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने सोमवार को देश की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। इन सभी सीटों पर मतदान 11 नवंबर को होगा और मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। ओडिशा की 71-नुआपाड़ा विधानसभा सीट: इस सीट पर उपचुनाव की अधिसूचना के अनुसार नामांकन 20 अक्टूबर से दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 22 अक्टूबर को होगी और 24 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। यह सीट बीजद विधायक राजेंद्र ढोलकिया के 8 सितंबर को चेन्नई में इलाज के दौरान निधन के बाद रिक्त हुई थी। पंजाब की 21-तरनतारन विधानसभा सीट: तरनतारन सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया 21 अक्टूबर से शुरू होगी। 22 अक्टूबर को नामांकन की जांच और 24 अक्टूबर तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी। मतदान 11 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। यह उपचुनाव ‘आप’ विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के कारण आवश्यक हो गया है। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में अकाली दल के हरमीत सिंह संधू को 52,935 मतों से हराया था। राजस्थान की 193-अंता विधानसभा सीट: अंता सीट 23 मई को विधायक कंवर लाल मीणा की अयोग्यता के बाद खाली हुई थी। निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना जारी कर बताया कि नामांकन 21 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे, 23 अक्टूबर को जांच होगी और 27 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। यह उपचुनाव जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 150(1), 30 और 56 के तहत कराया जाएगा। जम्मू-कश्मीर की नगरोटा और बडगाम विधानसभा सीटें: जम्मू-कश्मीर के 77-नगरोटा और 27-बडगाम विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी अधिसूचना जारी कर दी गई है। दोनों सीटों के लिए नामांकन 20 अक्टूबर से शुरू होंगे, 22 अक्टूबर को जांच होगी, 24 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे और मतदान 11 नवंबर को होगा। इन पांचों सीटों पर उपचुनाव के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि सभी चरणों में चुनाव आचार संहिता लागू रहेगी।
















